नेपाली में दो कविता संकलन प्रकाशित। हिंदी व नेपाली में लेखन।

 

जंगल

जंगल को कहां होता होगा
जंगल होने का बोध!

किस फूल की गंध से आती है मूर्च्छा
किस पेड़ के फल में होता है प्राणघातक विष
किस पौधे की जड़ में होती है
अमरत्व प्रदान करने वाली औषधि
जंगल को क्योंकर होगा ज्ञात

किस तृण के स्पर्श मात्र से
बाट बिसरकर भटक जाता है बटोही
कौन-सी लता जकड़कर हर लेती है
निकट आनेवाले पशु-पक्षियों के प्राण
किस चिड़िए की कुहक में होती है
आसन्न संकट की चेतावनी
जंगल को क्या मालूम!

जंगल जंगल विचरने वाले को होता है
जंगल की भयावहता का
जंगल की आदिम रहस्यात्मकता का
जंगल की नीरवता, निविड़ता का
जंगल की अतुल्य सुंदरता का ज्ञान

जंगलमय हुए बिना कहां सुनाई देती है
जंगल की करुण सिसकियां
जंगल की मर्मभेदी चीत्कार
जंगल तो मुग्ध है
अपने ही अबोधगम्य जंगलपन पर
गौरवान्वित है
जंगल होने की अनभिज्ञता में।

सत्य

अत्यंत अ-समय होता जा रहा है
समय आजकल
चारों ओर हो रही है केवल अनहोनी

स्वप्न के भीतर का स्वप्न स्वप्न जैसा नहीं है
मन जैसा नहीं है मन के भीतर का मन
विलुप्त हो रही है थिर के भीतर की ठिठुरन
न उष्णता है आंच में, न तपन में है ताप
है तो केवल संताप

मकड़ी जैसा समय
बुन रहा है मनुष्य के लिए
प्रपंच का जाल
मनुष्य भी कहां रहा मनुष्य जैसा

बढ़ता जा रहा है आक्रोश का तापमान
युग के बैरोमीटर पर

इतना अधिक असत्य प्रतीत होने लगा है
सत्य के भीतर का सत्य
कि सत्य भी लगने लगा है आजकल
घोर असत्य

उखम

असह गर्मी है
उखम है, उखम

कभी उष्ण हवा चलती है
मानों ईंट के भट्टे से निकली हो
कभी धधक रहे आकाश से बरसता है
उबला हुआ पानी

एक भी पत्ता हिला हो तो क्या
झुलस कर निष्प्राण पड़े हैं पेड़-पौधे, खर-पतवार
अलकतरा पिघलकर लिसलिसी हो गई है सड़क
मच्छर रह-रहकर भिनभिनाते हैं कान के आसपास
बयार का एक शीतल झोंका ही आ जाता
ठंडी फुहार ही पड़ जाती
तनिक राहत तो मिलती घुटनभरी इस दुपहरी में

रौरव तो बन ही रही है यह धरती
अंधाधुंध वन विनाश व वन दहन से
कहीं फट पड़ा हो ज्वालामुखी भी
और हो रही हो उत्तप्त लावे की बौछार
या फटकर तार-तार हो चुकी हो
ओजोन की पतली चादर
इसीलिए हो रही हो इतनी भीषण गर्मी

असह गर्मी है
उखम है, उखम।