
युवा कवि। हैदराबाद विश्वविद्यालय में शोधार्थी।
जो मारे जा रहे जंग में
वे बच्चे
जो मारे जा रहे जंग में
बंदूक का मतलब भी समझते होंगे
जानते होंगे कि हवाई हमले क्या होते हैं
फिर भी मारे जा रहे जंग में
स्कूल भी गए होंगे
दोस्त भी बना पाए होंगे दो-चार से ज्यादा
सबक के रूप में कोई कहानी या कविता
याद रही होगी उन्हें
जो मारे जा रहे जंग में
दशक भी नहीं गुजरा होगा उनके जन्म का
अभी टूटे नहीं होंगे दूधिया दांत
भूले नहीं होंगे
मां के स्तन के कच्चे दूध का स्वाद
हजार से ज्यादा
सूर्योदय नहीं देख पाए होंगे वे बच्चे
जो मारे जा रहे जंग में
कौन बहस करे इस बात पर
कि उन्हें याद होगा या नहीं
किसी फिल्म का कोई पसंदीदा दृश्य
मन को उमगा देने वाला कोई जादुई गीत
या किसी डांस का कोई फेमस स्टेप
सपने देख भी पाए होंगे या नहीं
जद्दोजहद कर पाए होंगे कि नहीं
किसी चीज़ को पाने के लिए
वे बच्चे
जो मारे जा रहे जंग में
रात देख पाए होंगे
पर आसमान के
सभी तारे नहीं देख पाए होंगे
उनकी कम रोशनी वाली नई आंखों को
झिलमिला कर भाग जाते होंगे तारे
एकदम नीला या लाल भभक्का
शायद ही देख पाए होंगे आसमान
वे बच्चे
जो मारे जा रहे जंग में
जंग कितनी क्रूर है
सीधा कर ही पा रहे होंगे अपना पांव
जमीन पर
मनमाफिक डग भर भी नहीं पाए होंगे
बिन अपराध क्यों सजा पा रहे हैं
वे बच्चे
जो मारे जा रहे जंग में
दुनिया के हितैषियो! शांति के पक्षधरो!
मूकदर्शक-सा चुपचाप तुम्हें देख घूर रहे हैं
फिलिस्तीन के वे बच्चे
जो मारे जा रहे जंग में।
संपर्क : ग्राम+पोस्ट– महेशपुर, जिला–बेगूसराय, बिहार-851133, मो.- 6201667177

