
वरिष्ठ लेखक। आठ कथा संग्रह, तीन उपन्यास सहित संस्मरण, नाटक, जीवनी एवं बाल कथा संग्रह प्रकाशित।

अजीब गांव की कहानी है यह। नाम है इसका खरखरा तो उसी के अनुरूप यहां के ग्रामीण भी खरखारते रहते हैं। आसपास के गांवों में खरखरा एक झगड़े वाला गांव है, जहां हर दस साल में बलवा हो जाता है। एक सौ सात सत्रह क्या धारा है उसे यहां का बच्चा-बच्चा जानता है।
खरखरा अच्छी खेती किसानी वाले पिछड़ों और दलितों का गांव है। मजे की बात है कि पिछड़ों के पास जितनी जमीन है उससे कम दलितों के पास नहीं है। छत्तीसगढ़ इसीलिए अनोखा प्रांत कहलाता है। यहां ऊंच-नीच, दलितों के शोषण की कथाएं उत्तर भारत की तरह सामने नहीं आतीं। इसलिए प्रेमचंद की कहानी के फिल्मांकन का विरोध हुआ था कि यह हमारे इलाके की कथा नहीं है। जहां की है वहां फिल्माएं। मैं अपनी उम्र के हिसाब से आपको एक-एक घटना बताऊं तो कई घटनाएं बतानी पड़ जाएंगी खरखरा को जानने के लिए। जबकि खरखरा के बारे में सब कुछ जानने के लिए केवल दो घटनाओं को जान लेना काफी है।
चलिए पहली घटना जानिए।
बात सत्तर वर्ष पहले की है। तब देश को आजाद हुए कुछ ही बरस हुए थे। सोहन सतनामी ने दलित मुहल्ले के लोगों को अपने घर बुलाकर बताया कि एक बड़ी घटना घटने वाली है। मेरी जो पचीस एकड़ की खेती है उससे लगी समेलाल दाऊ की भी जमीन है। पानी बड़े तालाब से हम दोनों ही लेते हैं। चकबंदी हुई उसके पहले से यही व्यवस्था है। तालाब हमारे बाबा जी और बड़े दाऊ के पिता जी ने अपनी चार-चार एकड़ जमीन देखकर खुदवाया।
दो कुलापा लगा। एक को सब कुरमी कुलापा कहते हैं। दूसरा है सतनामी कुलापा। कुरमी कुलापे से समेलाल दाऊ की खेती में पानी जाता है। सतनामी कुलापे से पानी पाकर मेरे तथा पोसूदास और अन्य सतनामतिमयों के खेत धान उगलते हैं।
चारों ओर के गांवों के लोग जानते हैं कि छत्तीसगढ़ के हर तालाब में खंभा हमारे सतनामी समाज के लोगों की सहयोग से लगता है। हमारे बाबा जी ने गांव के तालाब में खंभा लगाया था। असल सरई से बना खंभा जो आज भी तालाब में है।
दाऊ की घरवाली खुद बटकी में बासी लेकर दिन भर के लिए खेत आ जाती है। वह पड़ोसन है हमारी। जब तब मुझे कोई काम भी बता देती है तो मैं इंकार नहीं करता।
मजदूरों पर निगरानी रखने के लिए बासी चटनी लेकर वह बिला नागा रोज खेत में आ जाती है। मैं भी अपने खेत में अपने नौकर, मजदूरों के साथ दिन भर काम करता हूँ। शुरू में तो मुझे भरोसा नहीं हुआ मगर एक दिन समेलाल दाऊ की घरवाली ने अपनी बासी चटनी मेरे लिए भिजवा दी। यही समारु लाया था।
‘क्यों रे, समारु लाया था कि नहीं?’ प्रेम मिली झिड़की के साथ सोहन ने पूछा। समारु ने कहा- ‘मुझे हफ्ते भर से पूछ रही थी जमुना गौटनिन कि तुम्हारा मालिक मेरा बासी खाएगा कि नहीं। मैंने कहा, हम लोगों की जाति अलग, आपकी अलग, मैं कैसे कह सकता हूँ कि वे आपका बासी खाएंगे कि नहीं।’
जमुना गौटनिन ने कहा, ‘तुम कल पूछकर बताना अपने मालिक को, यहां कहां दलित और पिछड़े समाज की बात है। यह तो प्रेम का सौदा है।’
आखिर प्रेम के कारण मैं बासी खाने पर मजबूर हो गया। जमुना गौटनिन उसके बाद खुद बासी लेकर आने लगी। कभी-कभी डौका रोटी में घी लगाकर लाने लगी। उसके मंडल समेलाल ने जब जाना तो वे बहुत बिगड़े।
पास में बैठे पोसूदास ने पूछा, ‘बिगड़ना ही है। तुम उसकी जवान औरत की बासी और रोटी ही नहीं खाए होगे। देखने में जमुना तो जगाजग है। ठाड़ मोटियारी। एक बच्चे की माँ है पर अटल कुंवारी दिखती है।’
सोहन ने उसे चुप कराते हुए कहा- ‘पोसूदास मेरा सदा का मितान है। इसे सब पता है। मेरी घरवाली पांच साल के मेरे बिजलाल बेटे को छोड़कर मरी तब से मैंने विवाह नहीं किया। अभी जवान हूँ। चार डौकी रख संकता हूँ। जमुना बाई मेरे बल से मोहा गई। उसका आदमी समेलाल खुद अपनी पड़ोसन भौजी के साथ फंसा है। तुम सब जानते हो। समेलाल है डरपोक। रात को पेशाब भी उठता है तो जमुना उसे आंगन में लेकर जाती है। तब वह पेशाब करता है। जमुना कहती है ऐसे आदमी के साथ रहने का क्या सुख है। वह कल मेरे घर में पैठू घुसना चाहती है। मेरी पत्नी बनने के लिए चूड़ी पहनना चाहती है। मैं तुम लोगों से पूछता हूँ कि उसे अपने घर में घुसा लूं कि नहीं।’ पोसूदास ने कहा- ‘जब वह खुद तुम्हारे घर में घुसना चाहती है तो डरते क्यों हो। हमारे समाज में सब जाति की औरत को हम प्रेम से मिला लेते हैं। तुम्हारी बाई भी नहीं है। तुम्हारा बेटा अब तीसरी कक्षा में पढ़ रहा है। उसे नई दाई मिल जाएगी। चूड़ी पहना लेना। डौका-डौकी मजे से रहना।’
पोसूदास को रोककर भकाड़ू ने तनियाते हुए कहा, ‘यह इतना आसान मामला नहीं है। वे लोग पिछड़े समाज के लोग हैं। सब कुरमी, तेली, पटेल, मरार, धोबी एक हो जाते हैं लड़ने के समय। हमलोग बीस घर के सतनामी हैं। लड़ाई होगी तो सोहन के साथ कौन-कौन उतरेगा मैदान में। बरवट में बैठे सभी लोग एक स्वर में बोले हम सब साथ देंगे। यह रजामंदी की बात है। प्रेम का सौदा है।’
दूसरे दिन सतनमी मुहल्ले में सभी चौकन्ने थे। दिन तनाव में बीता। शाम को अपनी भैंस को पानी पिलाने के लिए जमुना बाई बड़े तालाब में आई। यही समय तय हुआ था पैठू घुसने के लिए। सोहन ने हाथ हिलाकर इशारा कर दिया। भैंस को घर की ओर हकालकर जमुना लगभग दौड़ते हुए सतनामी मुहल्ले के बड़े करन पेड़ के पास गई। वहां सोहन उसकी प्रतीक्षा कर रहा था। मिलते ही सोहन ने उसका हाथ थाम लिया और दोनों घर में जा घुसे। सोहन का बेटा गली में साथियों के साथ सूर खेल रहा था।
सोहन ने उसे आवाज देकर घर के भीतर बुलवा लिया। उसने अपने बेटे बिजलाल को समझाया। ‘बेटा, यह जमुना अब तुम्हारी नई मां है। तुम अब रिंगनी में अपने चाचा के पास रहकर पढ़ना। अभी कापी-किताब धर लो। पोसूदास तुम्हें रिंगनी छोड़कर आएगा।’ बिजलाल इस निर्णय के कारणों को समझ रहा था। वह इतना सज्ञान हो चुका था। बिजलाल ने कहा, ‘ददा, रिंगनी से हमारा गांव खरखरा पास में ही तो है। पढ़ लूंगा। आप चिंता मत करो।’ कहते हुए उसने जमुना को पांव छूकर प्रणाम कर लिया। कुछ देर बाद पोसूदास उसे लेकर रिंगनी गांव चल गया। और जल्दी ही सब बताकर वापस खरखरा आ गया। रात जैसी रात थी। सोहन और जमुना की यह रात अनोखी भी थी और जानी-पहचानी भी। सोहन को पल-पल की खबर मिल रही थी। यह रात जमुना के साथ सुख उठाने की रात नहीं थी। यह रात आने वाले दिनों की चुनौतियों के बारे में विचारते हुए गुजारने की रात थी।
सहसा दरवाजे का सांकल बजा। पोसूदास ही था। सोहन ने उसे घर के भीतर आने को कहा। सोहन को पोसू ने बताया, ‘सबको पता चल गया है कि जमुना बाई तुम्हारे लिए पैठू घुस गई है। आग लग गई है खरखरा गांव में। हमलोग भी तैयार हैं। लाठी, बल्लम, चतवार, सब्बल सब इकट्ठा कर लिए हैं। वे लोग गांव में बैठक कर चुके। बैठक में बड़े दाऊ ने सबसे पूछा कि हमारी जाति की औरत को सतनामी ने घर में घुसा लिया। उसे जिंदा काटना है।’
सब तो चुपचाप सर नीचा किए बैठे रहे मगर रामा मंडल ने साफ कह दिया कि औरत को सतनामी ने घुसाया नहीं है। यह प्रेम का मामला है। औरत खुद घुसी है। मैं प्रेम में बाधा डालने का पाप नहीं करूंगा। मैं तुम्हारे साथ लड़ने नहीं जाऊंगा।
चारों ओर से रामा मंडल को लोगों ने घेर लिया। बड़े दाऊ ने कहा- ‘तुम प्रेमवाले हो इसका मतलब तुम सतनामियों के मित्र हो। अपनी जाति वाले की इज्जत तुम्हें प्यारी नहीं है।’
रामा ने कहा- ‘औरत और मर्द की दुनिया में बस दो ही जाति है। जाति बड़ी होती तो जमुना बाई क्यों भागकर चली जाती, सोहन सतनामी के घर।’ रामा का इतना कहना था कि बड़े दाऊ ने फैसला सुना दिया कि रामा या तो सोहन को मारने हमारे साथ चले या अभी इसी समय गांव छोड़कर कहीं आन गांव चला जाए। रामा ने कहा- ‘गांव छोड़ दूंगा, मगर गलत करने वालों का साथ नहीं दूंगा।’
उसी समय इधर रामा गांव से निकलकर अपने ननिहाल नदौरी गांव की ओर निकला और बड़े दाऊ की ललकार पर सब वहीं बीच गांव में रुक गए।
पोसूदास ने बताया, ‘सोहन, तुम्हें जान से मारकर जमुना को घसीटते हुए ले जाने की योजना बनी है इसलिए हम मुहल्ले भर के लोग रात भर पहरा देंगे। लाठी सब्बल लेकर।’ सोहन की सुरक्षा की खबर से बड़े दाऊ का दल अपने-अपने घरों में वापस चला गया। लेकिन तीसरे दिन घर में घुसकर सोहन सतनामी को इतना मारा गया कि उसके हाथ पांव सब टूट गए और चार दिन बाद वह गुजर गया। जमुना को घसीटते हुए तालाब के पास के मरीकटान के पास शमशान में ले जाकर जिंदा जला दिया गया।
बिजलाल अनाथ हो गया मगर रिंगनी वाले चाचा सुबलू ने उसे चौथी तक पढ़ने के लिए तैयार किया। चौथी पढ़ लेने के बाद बिजलाल गोढ़ी के मिडिल स्कूल में दो साल पढ़ा। फिर रिंगनी वाले कलाकार बुलवाराम यादव से प्रभावित होकर नाच पेखन करने लगा। वह लोरिक चंदा नाटक दल बनाकर गांव-गांव जाने लगा। पंथी दल भी उसका बहुत लोकप्रिय था। इस वजह से बिजलाल की पढ़ाई छूट गई। कुछ दिन बाद समेलाल दाऊ ने बाना गांव की एक विधवा को चूड़ी पहना लिया था। बाना गांव की सजातीय विधवा रमौतिन बाई तब पचीस बरस की थी। समेलाल दाऊ पचास पार कर रहे थे। रमौतिन का एक बेटा पहले पति से भी था। समेलाल दाऊ की पहले पत्नी का बेटा सुकलू अब पंद्रह बरस का हो गया था ।
समेलाल ने उसके पहले बिहाता से जन्मे बेटे के साथ रमौतिन को स्वीकार किया। दस एकड़ जमीन रमौतिन के दस साल के मुरहा पोटरा बेटा कुंजलाल के नाम समेलाल ने लिख दिया। अब समेलाल के दो बेटे हो गए सुकलू और कुंजलाल। रमौतिन के आने के बाद समे दाऊ के घर में रौनक लौट आई। नौकर चाकर सब रमौतिन से हुकूम लेकर ढंग से काम करने लगे।
रमौतिन ने एक दिन ढाबा गांव में रिंगनी वाले कलाकार बिजलाल का नाच देखा। रमौतिन के साथ समेलाल दाऊ और खरखरा के बहुत सारे लोग नाच देखने ढाबा गए। लोरिक के रूप में 20 बरस के बिजलाल की कला देखकर वह बहुत प्रभावित हो गई। समेलाल को मंच में जाकर दो सौ रुपया ईनाम में देने के लिए रमौतिन ने कहा। समेलाल दाऊ रमौतिन का कहा काट नहीं पाते थे। मन मारकर मंच पर गए और बिजलाल को 200 रु का ईनाम देकर लौट रहे थे कि बिजलाल के दल की नर्तकी ने गीत गाकर उनका आभार माना-
खरखरा के रहइया ये
समेलाल दाऊ ओकर नाव है गा
आके बिजलाल ल सनमान दीस
कतेक सुंदर ओकर भाव है ग।
अर्थात समेलाल दाऊ खरखरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने दो सौ रुपया कलाकार बिजलाल को पुरस्कार स्वरूप दिया। धन्य हैं ऐसे पारखी दाऊ उनका हृदय भाव से भरा हुआ है।
इस आशीष को सुनकर गांव भर के लोग ताली बजाने लगे। समेलाल दाऊ थोड़े लड़खड़ा-से गए। लेकिन कार्यक्रम रात भर चला। नाच देखकर अपने गांव लौटते हुए रमौतिन ने बिजलाल को सुबह खरखरा आकर चाय पीकर जाने का न्यौता दिया।
सुबह बिजलाल अपने साथियों के साथ रमौतिन गौटनिन के घर गया। गौटनिन ने अपने हाथ से भजिया बनाकर खिलाया। सबको चाय पिलाने के बाद रमौतिन ने कहा- ‘बिजलाल, तुम मेरे बेटे के समान हो। तुम्हारे बाप की हत्या हुई मैं जानती हूँ। मगर वह सब विधाता ने लिख दिया था। मेरी पहली सौत अगर तुम्हारे बाप के घर नहीं घुसती तो वह कांड नहीं होता। यहां हमारे खेतों से लगी तुम्हारी जमीन है। तुम रिंगनी से खरखरा आ जाओ। यहां बेटा अपनी खेती बाड़ी सम्हालो। मैं तुम्हारा दुख जान सकती हूँ बेटा। हमें दुख से लड़कर जीना और जीतना चाहिए। तुम बिजलाल खरखरा के लाल हो। तुम ऐसे मर्द की औलाद हो जिसने प्रेम को मान देने के लिए जान दे दी। मेरी सौत मर गई मगर उसने भी मन के खिलाफ जीना स्वीकार नहीं किया। तुम अपने गांव से प्रेम करते हो तभी तो यहां नाचने आए। अब यहीं आ जाओ। राज रसियत सम्हालो। डरकर भागने से बेहतर है लड़कर जीना। तुन तो वीर लोरिक बनते हो। मंच पर जिसका जीवन जीते हो उसी की तरह बनो भी। मेरा आशीर्वाद सदा तुम्हारे साथ है बेटा।
बिजलाल ने कहा, ‘न न।’ वह सबसे जय जोहार कर रिंगनी के लिए निकल पड़ा। लेकिन रमौतिन की बात वह भूल नहीं पाया। अपने चाचा के कहने पर उसने वही किया जो रमौतिन गौटनिन ने कहा था। चाचा के परिवार के साथ वह अपने मूल गांव खरखरा आ गया। पूरे आत्मविश्वास और तैयारी के साथ मुहल्ले वालों ने उसका स्वागत किया। खेती बाड़ी की सार सम्हाल दूसरों के सहारे अधिया में होती थी। अब बिजलाल ने स्वयं नौकर लगाकर खेती करना प्रारंभ कर दिया।
उस साल फसल भी खूब हुई। नवंबर में चार गांवों के सतनामियों को बुलाकर बिजलाल ने अपने मुहल्ले में जयस्तंभ अर्थात जैतखंभ स्थापित करने का संकल्प लिया। रमौतिन को उसने एक साड़ी भी भेंट की। साड़ी भेंट कर उसने आशीष मांगते हुए कहा, ‘दाई, छाहित रहिबे सदा।’ रमौतिन उससे आदर पाकर रो उठी। जमीन मुहल्ले के मुख्य चौक में थी ही। दस गांव के पंथी कालाकारों को आमंत्रित कर स्थापना समारोह संपन्न कराया गया। जोड़ा जय स्तंभ की स्थापना हुई थी।
खरखरा गांव के लिए यह नई बात थी। सतनामी तो सदा से गांव में थे लेकिन जय स्तंभ पहली बार स्थापित हुआ था। वह भी बिजलाल के संकल्प के कारण। गांव के पिछड़े समूह में थोड़ी चिंता भी हुई कि अगर ऐसा ही सब चला तो जाने आगे क्या हो!
कहीं बिजलाल अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए तो यह सब नहीं कर रहा है। बिजलाल तक भी उनकी चिंता की खबरें पहुंचती थीं। मगर उसका ब्याह तय हो गया था। ढाबा गांव के भक्कल दास की बेटी बिराजो के साथ उसका ब्याह हो गया।
चाचा ने कहा, ‘बेटा, अब तुम मुझे अपने गांव रिंगनी में जाने की इजाजत दो। तुम दोनों परानी घर सम्हालो।’ बिजलाल ने कहा, ‘चाचा, एक साल और रुक जाओ। फिर चले जाना।’
‘एक साल में क्या हो जाएगा बेटा?’ चाचा ने पूछा।
‘बाबा जी की कृपा से एक पल में बहुत कुछ हो जाता है काका। इस साल 18 दिसंबर को गुरु बाबा घासीदास की जयंती धूमधाम से मना लें फिर अगले बरस आप चल देना।’ चाचा ने सहमति दे दी।
अट्ठारह दिसंबर को छत्तीसगढ़ में अमर संत गुरु घासीदास जी की जयंती का महापर्व मनाया जाता है। गांव-गांव में जयस्तंभ में पालो चढ़ाया जाता है। रोंठ और पूजा की रोटियां चढ़ाई जाती हैं, जिसे प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। बाबा जी के संदेशों को पंथी गीत के माध्यम से कलाकार जन-जन तक नाच गाकर पहुंचाते हैं।
समय पर सब वैसा ही हुआ और अट्ठारह दिसंबर को खरखरा में मेला लग गया। बीस गांव के पंथी दलों के कलाकार आए। जब से देवदास बंजारे ने हबीब तनवीर के नाटक ‘चरणदास चोर’ में पंथी गीत गाकर नृत्य किया है गावों में पंथी दलों को नई ऊर्जा मिल गई है। देवदास के दल के द्वारा गाया गया गीत ‘चरणदास धन के चोरी तॅय झन करवे’ लोकप्रिय है।
खरखरा का बिजलाल गांव-गांव पंथी नाचने के लिए बुलाया जाने लगा। उसकी खेती बाड़ी शानदार थी ही। अपनी जीवन संगिनी बिराजो और पोसूदास काका के ऊपर उसने खेती का भार दे दिया। स्वयं कला साधना में लगातार डूबता चला गया। सब ठीक चल रहा था। एक साल यूं ही बीत गया।
अगले साल पानी कम गिरा। खरखरा के बड़े किसान और मजदूर भी इस आफत को ताड़ गए। पोसुदास ने कहा कि बिजलाल पानी अब नहीं गिरेगा। खेत में धान धीरे-धीरे सूखकर अइला रहा है। तुम थोड़ा लोगों को बुला लाओ। बातचीत करेंगे।
शाम को सतनामी पारा में बैठक हुई। सभी ने कहा कि बड़े तालाब के एक कुलापे से पानी लेकर समेलाल दाऊ और कुरमी किसान अपनी फसल बचा रहे हैं। समेलाल के साथ दर्जन भर लोग दिन-रात दोनों कुलापों पर पहरा दे रहे हैं। हमारे कुलापे को उन्होंने पत्थर-मिट्टी से बंद कर दिया है। कहते हैं जान भले चली जाए पर सतनामियों को पानी ले जाने नहीं देंगे।
बिजलाल ने कहा कि सब कल सवेरे मेरे साथ चलो बड़े तरिया। पानी पर हमारा भी हक है। दो कुलापे हैं खेत में पानी ले जाने के लिए। हमारे पुरखों का है वह एक कुलापा। हम भी अपनी फसल बचाने के लिए पानी ले जाएंगे।
दूसरे दिन दोनों दल के लोग तालाब में जा पहुंचे। बिजलाल और पोसूदास ने अपने कुलापे में पहुंचकर मिट्टी हटाना शुरू किया था कि समेलाल ने ललकारा- ‘अरे बेईमान, तुम्हारे बाप का तालाब नहीं है। यह हमारा तालाब है। रुक जा नहीं तो बाप के पास पहुंचा देंगे।’
उसका इतना कहना था कि बिजलाल अपनी लाठी लेकर सामने जा खड़ा हुआ। दोनों तरफ के लोग लाठी बल्लभ लेकर सामने आ गए।
समेलाल ने अपने नौकर से कहा, ‘मारो रे साले को।’ इतना सुनना था कि बिजलाल ने घुमाकर अपनी लाठी समेलाल के हाथ पर धरना चाहा।
सतनामी पारा के सुरित ने बिजलाल की लाठी को पकड़ लिया और समेलाल पीछे हटकर बच गया। दोनों ओर के लोग सन्न रह गए। सहसा समेलाल की घरवाली रमौतिन अपने लड़के के साथ दौड़कर आई और बीचों बीच लेट गई।
बिजलाल का हाथ भी रुक गया। रमौतिन ने कहा, ‘बेटा बिजलाल, अब सबकी इज्जत तुम्हारे हाथों है। जो हो गया हो गया। अब आगे मत बढ़। बात मान लो।’ उसकी एक बात से बिजलाल अपने साथियों सहित सर झुकाकर वापस चला गया।
शाम तक गांव में कुम्हारी थाने का अमला आ गया। भिलाई से एक बड़ा पुलिस अधिकारी भी आ पहुंचा। गांव भर के लोगों को बीच गुंडी में बुलवाया गया। आसपास के गांव के लोग भी आए। खरखरा में मेला जैसा नया तमाशा शुरू हो गया। समेलाल, पोसूदास, बिजलाल, रमौतिन के साथ सभी बड़े-छोटे किसानों के सामने पुलिस के हाकिम ने कहा, ‘सब लोग सुन लो, आधा गांव बंधा जाएगा। मैं केवल समझाने के लिए ऊपर से भेजा गया हूँ। साफ-साफ बताओ चाहते क्या हो।’
समेलाल अपने मुहल्ले के लोगों के साथ बैठा सुन रहा था कि सहसा धुनष पटेल ने उठकर कहा, ‘साहब, बिजलाल अपने बाप का बदला लेने के लिए कमर कस चुका है। हम लोग भी चूड़ी नहीं पहने हैं। अब गांव में लड़ाई होकर रहेगी।’ सहसा रमौतिन उठकर खड़ी हो गई। उसने कहा, ‘चूड़ी नहीं पहने हो तो जब बिजलाल की लाठी उठी तब तुम क्यों सामने नहीं आए। अगर सतनामी पारा के सुरित आई ने सम्हाला न होता तो लाश तो गिर चुकी होती।’ उसने बिजलाल से कहा, ‘बेटा बिजलाल, अब तुम उठकर साफ बताओ।’
बिजलाल ने हाथ जोड़कर नमस्कार करने के बाद आकर कहा, ‘साहब बदला वाली बात नहीं है। पहले जो कुछ हुआ उस कहानी को हम सब भूल चुके हैं। लेकिन वह मेरे बाप सोहन सतनामी का समय था। आज का समय हमारा है। बाप की जान मार से चली गई। एक जवान औरत को इन लोगों ने जला दिया। कानों कान आपके महकमें को तब खबर नहीं हुई। हम गड़े मुर्दे नहीं उखाड़ते। लेकिन मुझे रमौतिन गौटनिन ने मां की तरह मया दुलार देकर इस गांव में फिर बुलाया। हत्या करने से मैं बच गया साहब, केवल रमौतिन दाई के टोकने से ही। पानी का हमारा कुलापा बंद है। पानी सबका है साहब। धान बचेगा तो हम बचेंगे। धान तब बचेगा जब हक का पानी हमें मिलेगा और हम भी तालाब का पानी अपने सतनामी कुलापे से खेतों में ले जाएंगे।
‘यह लड़ाई का असली कारण है साहब। असल कारण है हक के लिए हमारा उठ खड़ा होना। बदला-सदला का यह ड्रामा असल समस्या से ध्यान हटाने के लिए किया जा रहा है। ये बात जरूर है कि या तो हम भी अपने हक का पानी लेकर रहेंगे या फिर जो होना होगा उसे भुगत लेंगे। लेकिन सर झुकाकर हम मरते हुए अपनी फसल की बरबादी जीते जी देख नहीं सकते।’ उसकी बात पर मुहर लगाने के लिए सतनामी मुहल्ले के सभी लोग जय सतनाम कहते हुए उठ खड़े हुए ।
बड़े पुलिस अधिकारी ने पांच-पांच आदमी दोनों दलों से लिया और अपने महकमें के साथ तालाब में जाकर उसने कुलापा खोलने के लिए सबसे कहा। सतनामी कुलापे को खोलने के लिए पहला हाथ रमौतिन ने लगाया और देखते ही देखते पानी अपने पूरे वेग से बिजलाल के खेतों की ओर बहने लगा।
संपर्क एल.आई.जी.-18, आमदी नगर, हुडको, भिलाई– 490009 (छ.ग.) मो.9827993494

