सेराज खान बातिश, कोलकाता :‘वागर्थ’ मार्च अंक का संपादकीय बहुत कठिन और अचर्चित विषय पर है। इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति-सभ्यता, व्यापार और इतिहास पर चर्चा और अंग्रेजी लेखकों के विचार भी हैं।

‘वागर्थ’ मार्च अंक में नरेश कौशिक की कहानी ‘मुआवजा’ कनाडा में जा कर फंसे भारतीय युवकों की पीड़ा की कहानी है और शायद कनाडा में नागरिकता की चाह रखने वाले संघर्षरत युवकों पर हिंदी में यह पहली कहानी है । कविताओं में इस बार ज्योति मिश्रा की एक अच्छी ग़ज़ल है,जो रदीफ़, काफिया, मीटर, वज़न से चुस्त-व-दुरुस्त व चाक-चौबंद है। प्रायः हिंदी से आने वाली ग़ज़लें ठोकर मारती हुई लगती हैं। यह सच है कि दुष्यंत के बाद मंचीय लोकप्रियता के कारण ग़ज़ल में एक फौज उतर आई है। कई गद्यकार कवि भी ग़ज़ल कहने पर बाध्य हुए हैं।

आदित्य गिरी ने ‘सोशल मीडिया और घृणा की भाषा’ विषय पर परिचर्चा में अपनी बात रखी है, बहुत सुंदर प्रस्तुति है। इस अंक में बाल कृष्ण काबरा ‘ऐतेश’ द्वारा अनूदित परंद की छोटी-सी अफ़गानी कहानी ‘बिखरा सपना’ है, जिसे पढ़कर पता चलता है कि पढ़ना लड़ना है।

इस अंक में बतरस के तहत डा. कुसुम खेमानी की एक अद्भुत कहानी ‘पुरुष सती’ ज़रूर पढ़ी जानी चाहिए।

कुलदीप सिंह भाटी, जोधपुर: मार्च के अंक में शांति नायर ने अहल्या को केंद्र में रखकर स्त्री विमर्श पर बेहतरीन कविताएँ लिखी हैं। स्त्री-मन को पाषाण मन का दर्जा ही नहीं दिया, बल्कि हम पुरुषों ने स्वयं पाषाण हृदय धारण कर लिया है। स्त्रियों के प्रति हमारी संवेदना मर चुकी है। एक पौराणिक पात्र और घटना को संकेत कर बेहतरीन सृजन किया गया है।

आदमी की वासनाओं और कामुकता के आवेग में आकर बलात किए जाने वाले कुकृत्यों से आज हर स्त्री, बालिका डरी सहमी है। अपनों से मिल रहे धोखे से वह डरी हुई सोच रही है, अब किस पर विश्वास करे। आज के हालातों पर स्त्री मन में उपजे भय की स्थिति को स्वर देता गीत है गरिमा सक्सेना का ‘प्रतिरोध खड़ा निर्बल’।

नीलम राकेश:‘वागर्थ’ के मार्च 2025 अंक में विनीता शुक्ला ने अपनी कहानी ‘रहस्य’ में स्त्री मन की गहराई को पकड़ा है। इसे संवेदना के साथ लेखिका ने इस कहानी में उड़ेल दिया है।

प्रीति राय: मार्च 2025 के अंक में अज्ञेय पर एम.एन. रॉय के प्रभाव को विजय लक्ष्मी राय ने बहुत ही रोचक ढंग से अपने आलेख में प्रस्तुत किया है। सुंदर और गहन विश्लेषण! पढ़कर नई दृष्टि मिली।

सुधा तिवारी, चंडीगढ़: संस्कृति नगरी कोलकाता से निकलने वाली साहित्यिक पत्रिका ‘वागर्थ’ अपनी प्रभावशाली उपस्थिति लंबे समय से दर्ज करती आ रही है। ‘वागर्थ’ के फरवरी अंक में वासुदेवन नायर पर विशेष सामग्री है। श्रीप्रकाश शुक्ल की ‘काशी के राम’ और बनारस’ दो शानदार कविताए प्रकाशित हुई हैं, जो बनारस की सहज मस्ती के साथ इसके साधक रूप से पाठकों को परिचित कराता है। इसके साथ सत्येंद्र कुमार रघुवंशी, बिर्ख खडका डुवर्सेली, सुदर्शन वशिष्ठ, आशी अग्निहोत्री, संजय राय, हबीब कैफी, ज्योति रीता, योगेंद्र पांडेय आदि कवियों की कविताएं भी पढ़ने को मिलीं।

आवरण पृष्ठ पर अंडाल की कविता का अच्छा भावानुवाद सुभाष राय ने किया है। यात्रा के सेगमेंट में कुसुम खेमानी का ‘एक अनोखा शहर  : वैनकुवर’ भी शामिल है। ‘वागर्थ’ पत्रिका प्रिंट के साथ ऑनलाइन भी उपलब्ध है और इसका मल्टीमीडिया वर्जन भी निकलता है।

चमन लाल शर्मा, वाराणसी: पठनीय तथा ज्ञानपूर्ण सामग्री से भरपूर है फरवरी का अंक। उर्मिला शिरीष की कहानी ‘झूठ की चादर’ कट्टरपंथियों की छोटी सोच पर बड़ी चोट है। अच्छाई औऱ बुराई हर तबके में व्याप्त हैं। जरूरत है कि सभी पक्ष को अंतर्मन की आंख से औऱ संपूर्णता में समाज को समझने की। नारों से निशाचर ही निर्मित हो सकते हैं नारायण नहीं।

जयनंदन की कहानी ‘चोलाधारी’ वर्तमान संदर्भ में सत्य को उजागर करती, धर्मांधता को धता बताती और पाखंड के परखचे उड़ाती कहानी  है।

क्रांति नौटियाल की ‘लछमा’ पहाड़ी जीवन की दुस्वारियों, दुविधाओं, दर्द और दूर खड़ी दवाओं को शब्द देती कहानी है। श्रेष्ठ  कहानियों के लेखकों औ ‘वागर्थ’ को इसके लिए साधुवाद।

नीरा जैन, मुंबई: नव वर्ष का नया अंक (जनवरी 2025) कई मामलों में विशेष है। खोलते ही भवानीप्रसाद की कविता और बापू की स्मृति मोहित कर देती है। शोषण के विभिन्न आयामों को उजागर  करती नीरज नीर एवं सिद्धार्थ  वाजपेयी की कहानियां आज का सच बयान करती हैं।

‘आसमान में सुराख’ (धनेश दत्त पांडेय) कहानी तो गजब है। पुरुषार्थ का ऐसा रूप जो संपूर्ण  गांव की जिंदगी बदल सके, ऐसी सोच और ऐसे लोगों को सलाम। अपनी अभावग्रस्त जिंदगी की चिंता छोड़, सबके ताने व अपशब्द सुनकर भी नायक अपने ध्येय से जरा भी विचलित नहीं होता। शायद यह माद्दा सभी में है, पर हम सुविधाभोगी लोग भयभीत हो जाते हैं। एक अच्छी बात यह भी रही कि उसकी पत्नी ग्रामीण महिला होकर भी ओझाओं की गिरफ्त में नहीं आती और पति का साथ देती है।

प्रदीप मिश्र की मां पर कुछ कविताएं अच्छी लगीं, कृष्ण नीरज की कविता टटकी-सी लगी।

इस अंक का सर्वाधिक आनंदित  करने वाला अंश है- बतरस में ‘ऑरोरा बोरियालिस : धरती के बर्फीले शिखर पर परी-नाच’। कुसुम खेमानी के बतरस का सदा ही आनंद लिया है, पर इस बार तो उन्होंने दिव्य आनंद की अनुभूति करवा दी। ऐसी चित्रात्मक भाषा कि सब कुछ जैसे समक्ष ही दृष्टिगत हो रहा है। उन्होंने ऐसा चित्र और भाव-भरा वर्णन किया है कि हमें भी उत्तरी ध्रुव की यात्रा करवा दी है। हार्दिक आभार।

कनक किशोर, रांची:‘वागर्थ’ फरवरी  2025 अंक में संकलित कविताएं एवं कहानियां अच्छी लगीं। कहानी ‘झूठ की चादर’ एवं ‘चोलाधारी’ ने विशेष प्रभावित की। जयनंदन ने ‘चोलाधारी’ में कई सामाजिक विद्रूपताओं पर एक साथ प्रहार किया है। श्रीप्रकाश शुक्ल एवं संजय राय की कविताओं में आज की आवाज की गूंज-अनुगूंज सुनाई पड़ रही है। ‘भारतीय भाषाओं के सामने चुनौतियां’ आलेख सामयिक है, जिसमें एक आलेख को छोड़ सभी आलेखों में गहराई से बात की गई है। कुल मिलाकर एक बेहतरीन अंक।