राष्ट्रीय काव्यधारा की चर्चा में विस्मृत अध्याय
सुधीर विद्यार्थी
‘वागर्थ’ के जून, 2025 के अंक में छपी ‘राष्ट्रीय काव्यधारा में क्रांतिकारी देशप्रेम’ परिचर्चा में पांच प्रश्न हैं और हिस्सेदारी करने वाले हिंदी के चार विद्वान हैं भाई अवधेश प्रधान, देवेंद्र चौबे, प्रभाकर सिंह और वैभव सिंह। प्रायः सभी साहित्यकारों/लेखकों के उत्तर पढ़कर निराशा हुई। वे राष्ट्रीय काव्यधारा और उनके कवियों में माखनलाल चतुर्वेदी, बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’, सुभद्रा कुमारी चौहान, रामधारी सिंह ‘दिनकर’, गया प्रसाद शुक्ल ‘सनेही’, श्याम नारायण पांडेय, राय देवी प्रसाद ‘पूर्ण’ आदि सुपरिचित पाठ्यक्रमों में पढ़ाए जा रहे नामों से आगे जाकर राष्ट्रीय काव्यधारा की उस गहराई में उतर ही नहीं पाए और न ही उस बने-बनाए घेरे का अतिक्रमण कर सके, जहां अनेक कविताओं ने अपने समय में इतिहास के पहिए और मुक्ति-युद्ध की धारा को आगे ले जाने में ही नहीं, बल्कि उन कठिन दिनों में जनचेतना को संघर्षमय बनाने में अपनी ऐतिहासिक भूमिका अदा की है।
कहना न होगा कि हमें सबसे पहले सत्तावनी क्रांति में अज़ीमुल्ला के उस गीत को विस्मृत नहीं करना चाहिए जो ‘पयामे-आज़ादी’ में प्रकाशित हुआ था। इसके बोल थे- ‘हम हैं इसके मालिक हिंदुस्तान हमारा।’ इस रचना में पहली बात हिंदुस्तानियों ने डंके की चोट पर हिंदुस्तान पर अपना हक़ जाहिर किया था। आश्चर्य होता है कि इस परिचर्चा में किसी ने भी शायर ‘बिस्मिल’ अज़ीमाबादी की ग़ज़ल ‘सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है ज़ोर कितना बाजुए कातिल में है’ तथा लाला बांके दयाल का ‘पगड़ी संभाल जट्टा’ का नामोल्लेख तक नहीं किया जिसे गाते हुए न जाने कितने लोग साम्राज्यवाद के दमन का शिकार हुए और फांसियों पर झूले।
मैं यहां बहुत विस्तार में न जाकर मात्र उन चार-छह ऐसी ही रचनाओं को रेखांकित करना चाहूंगा, जिनमें ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’, ‘शहीदों की चिंताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा’, श्यामलाल गुप्त ‘पार्षद’ के जुलूसों में गाया जाने वाला जनप्रिय प्रयाण-गीत ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा’ (जिसे गणेश शंकर विद्यार्थी ने आग्रहपूर्वक उनसे लिखवाया था) या ‘मां कर विदा आज जाने दे’ तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की ‘आज़ाद हिंद फौज़’ के तराने ‘कदम कदम बढ़ाए जा, खुशी के गीत गाए जा’ जैस गीत हैं और उनकी चर्चा तक नहीं की गई। इसके साथ ही रवींद्रनाथ ठाकुर का गीत ‘एकला चलो रे’ तो अविस्मरणीय है ही। कवि वंशीधर शुक्ल का स्वतंत्रता संग्राम की प्रभात-फेरियों में सर्वाधिक गुंजाए जाने वाला गीत ‘उठ जाग मुसाफ़िर भोर भई, अब रैन कहां जो सोवत है’ को यहां सभी ने विस्मृत कर दिया।
मैं अपनी बात के अंत में इलाहाबाद से प्रकाशित होने वाले उर्दू साप्ताहिक ‘स्वराज्य’ की भूमिका को भी जरूर रेखांकित करना चाहूंगा जिसके लगातार आठ संपादक काला पानी भेजे गए, जिसमें कविताएं लिखने की भी सजा थी। इसमें बाबूराम हरी इस पत्र के ऐसे ही एक संपादक थे जिनकी इस कविता के लिए उन्हें अंडमान भेजा गया- ‘तू क्यों हिंद रोता व क्या चाहता है, कोई दिन में झगड़ा मिटा चाहता है/बदलने को है जालिमों की हुकूमत, नहूसत का कौआ उड़ा चाहता है/हरी क्यों न रम जाए आज़ादियों में, कि आज़ाद भारत हुआ चाहता है।’
नरेश कौशिक : ‘वागर्थ’ के जून 2025 के अंक में हंसा दीप की कहानी ‘गाढ़े दिन’ बहुत समीचीन है। युवा होते बच्चों के मन की गांठें खोलना बहुत मुश्किल होता है। हमउम्र दोस्त का साथ बहुत जरूरी है।
चमन लाल शर्मा, वाराणसी : ‘वागर्थ’ जून 2025 अंक में सत्यनारायण पटेल की कहानी ‘ठग का मौसेरा भाई ठग’ में छिपा व्यंग्य जब छलांग लगाता है तो पाठक ठगे से कहानी को समाप्त करके ही आंखों को विश्राम दे पाता है।
हंसा दीप की कहानी ‘गाढ़े दिन’ जलते दीप सी उजली कहानी है। जीवन के खेल में हारती बाजी को जिताने में दो शब्द या सुखद संयोग चमत्कार कर सकते हैं। यह आशान्वित करती कहानी है?
देवांशु पाल की कहानी अकेलेपन का दर्द बांचती एक सफल कहानी है। विशेषत: जीवन साथी के विदा होने के बाद का अकेलापन अधिक चुभता है जब समर्थ औलाद यांत्रिक व्यवहार की अभ्यस्त हो जाती है।
अशोक शाह की कहानी ‘केरलमित्र’ युद्ध की विनाशकारी आवश्यकता समझाने वाले किसी भी धर्म को अनैतिक बताती एक साहसी कहानी है। सभी कविताएं नए प्रतीकों से सजी और भली लगीं। लालटू का अलग अंदाज रहा! रामबहादुर की ग़ज़ल और गुड़िया तबस्सुम की कविता का अंदर तक असर रहा। परिचर्चा प्रभावी है। विश्वदृष्टि है मानो दृष्टि का अनंत विस्तार।
मई 2025 अकं में शोभनाथ शुक्ल की कहानी ‘शनीचरी, सायराबानो और सुजातो क्रिस्टी’ पिछड़ों, दलितों व आदिवासियों के प्रति उदासीनता के कारपेट पर पसरी अक्खड़ कहानी है।
‘गुदना’ अर्चना नेमा की आदिवासी प्रेम की लरजती, शर्माती कोमल कहानी है। आदिवासी रीति रिवाज तथा परंपराओं का परिचय कराती एक गठी कहानी मानो पुरुष से पूछ रही है कि वह स्त्री के निश्छल स्नेह को पहचानने में विलंब क्यों कर देता है?
मनमोहन बावा की पंजाबी कहानी ‘काले क्रास’ जातीय घृणा की जीवित कहानी है। 1984 देखकर नहीं लगा कि अब तक हम मानव बन पाए हैं? दुर्भाग्य ही रहा होगा कि मैं स्वयं 1984 के सबसे वीभत्स दृश्यों को देखने को राजधानी में टिकने को अभिशप्त था। प्रेम जातियों में न बंटे के धरातल पर उकेरी गई एक गुमसुम कहानी। मनमोहन बावा तथा अनुवादक अमरीक सिंह दीप का आभार।
छत्रपाल की डोगरी कहानी ‘नमक का पुतला’ मानव की अंतहीन तलाश के अधूरा रह जाने की कहानी है। ‘वागर्थ’ को आभार कि पाठकों को हिंदी के साथ अन्य भाषाओं के साहित्य का भी दर्शन कराया जाता है।
‘धर्मरक्षा’ कट्टरपंथ के धर्म बन जाने के षड्यंत्र की यथार्थ कहानी है। कदमताल करती लहूलुहान कहानी। पर अंत में जीत मानवता की ही होती है।
देवेंद्र आर्य की कविताएं नए ढंग की और सशक्त कविताएं हैं। ‘वागर्थ’ का कविता क्षेत्र व्यापक ही नहीं विविध भी है। अविनाश भारती व पवन कुमार की ग़ज़ल मार्मिक मार करने में सफल हुई हैं।
राजेंद्र सिंह गहलौत, शहडोल : वागर्थ का मई 2025 का अंक प्राप्त हुआ। उक्त अंक की लंबी कहानी ‘शनीचरी, सायराबानो और सुजातो क्रिस्टी’ ने विशेष रूप से प्रभावित किया। यह कहानी अभी हाल में कथारंग द्वारा पुरस्कृत की गई है।
