चमन लाल शर्मा, वाराणसी: ‘वागर्थ’ के अप्रैल 2025 अंक में हिम्मत शाह की कविता में श्रद्धांजलि एक नवीन प्रयोग है जो मर्मस्पर्शी व अंतरग्राही है।

‘राजा ननकू, रानी गनी और आदमखोर’ अनुरोध शर्मा की सफल कहानी है। प्रकृति, प्रेम और पर्यावरण के पैरों पर व्यवस्था की कुल्हाड़ी चलाती एक पैनी कहानी। कहानी का प्रवाह, भाषा की चपलता और झन्नाटे से, छोटे छोटे वाक्य पाठक को चौकाते चलते हैं। ताजा बयार-सी सकून देती नई उम्र की कहानी के लिए साधुवाद।

‘अम्मा का बक्सा’ तीर्थराज शर्मा की संबंधों के भ्रम जाल को तोड़ती एक सुंदर कहानी। धन का धर्म पर हावी होना और उसके बाद की मनःस्थिति का सटीक दर्शन कराती कहानी के लिए ‘वागर्थ’ और लेखक दोनों को बधाई।

‘डर’ उत्तम कांबले की छिटकते आत्मविश्वास को समेटती सुंदर कहानी रही। वास्तव में डर की कल्पना वास्तविकता से अधिक हानि देती है। अनुवाद ने कहानी की आत्मा को जीवित रखा है।

कविताओं ने अपने मापदंडों को बखूबी निभाया है। कुलदीप सिंह भाटी की कविताओं में नए प्रतीकों से गहरे अर्थ का आभास हुआ है। कह सकते है भाषाएं हैं तो आशाएं हैं।

प्रकाश मनु की कविताओं में दर्शन है, दया है और मानव के लिए आशा रूपी दवा है।

अमरेंद्र कुमार शर्मा की कविताएं युद्धभूमि पर करुणा की लहर लाने में प्रयासरत जान पड़ीं। जसवीर त्यागी की छोटे-छोटे पुष्प-सी सुंदर कविताएं बस पढ़ते जाओ और सुगंध में नहाते जाओ! अन्य कविताओं का स्वाद भी मधुर रहा। इसबार का कविता पक्ष सशक्त जान पड़ा।

दोनों ग़ज़लें गंभीर तेवर को व्यंग्य के बाण पर साधती हुई सफल रहीं।

‘वागर्थ’ के मार्च अंक में महिला दिवस पर कुसुम खेमानी की कहानी ‘पुरुष-सती’ पढ़ कर मन मयूर मतवाला हो गया। पुरुष की इतनी गहरी सोच औऱ उस सोच का व्यवहार में लाने का सपना युगों से बेताल के कंधों पर लदा चला आ रहा है पर दूसरा बिशू न-जनमने को अभिशप्त लगता है। इस ईर्ष्यालु समय में ईख-सी मीठी कहानी के लिए कुसुम खेमानी जी को बधाई।

‘एक सौ बयासी साल की कैद’ आदिवासी आक्रोश के आंगन में नृशंसता की कहानी सुनाती है, एक मज़बूरी जो मर के भी अमर हो गई। देशज शब्दों के शृंगार ने कहानी को मनमोहनी बनाया है। आदिवासी विश्वास औऱ परंपराओं में पगी पत्तल पर भाषा के व्यंजन ने अनूठी खुशबू बिखेरी है। रजनी शर्मा बस्तरिया व ‘वागर्थ’ को आभार।

आशा शर्मा अंशु, जयपुर:  ‘वागर्थ’ मार्च 2025 में रजनी शर्मा की आंचलिक भाषा में सृजित कहानी अनूठे कथ्य और रोचक संक्षिप्त संवादों से गतिमान होती है। सटीक एवं समसामयिक घटनाचक्र सुदूर आदिवासी ग्राम्य जीवन की सचाई बयां कर चकित करने में समर्थ है।

शरद गुप्त ‘शरद’, आगरा: ऐतिहासिक पत्रिका ‘वागर्थ’ का मार्च 2025 का अंक प्राप्त होते ही पढ़ने की जिज्ञासा हुई।

कथाकार नरेश कौशिक की ‘मुआवजा’  कहानी आधुनिकता से पीड़ित युवाओं के माता-पिता को पिछड़ा कहकर विदेश जाने और पैसा कमाने की जीवंत कथा है। अनुजीत इकबाल की ‘शालोम ब्रू’ कहानी में इजरायली डेनियल एवं अवंतिका के परस्पर प्रेम प्रवाह से पाठक के दिल में भी प्रेम की लहरें हिलोरें मारने लगीं। संवाद रुचिकर हैं।  विनीता शुक्ला की कहानी ‘रहस्य’ में पुरानी पीढ़ी के लिए एक कसक स्पष्ट दिखाई पड़ती है।

युवा कवयित्री प्रतिभा चौहान की काव्य रचना ‘हथेली पर सूरज’ एक ऊर्जावान संदेशपरक रचना है जिसमें ‘वक्त के सान्निध्य में सोने नहीं देंगे स्वप्न’ पाठक को चिंतनशील भाव में छोड़ देते हैं। केरल की प्रो़फेसर शांति नायर की ‘अहल्या’  की नई काव्यात्मक व्याख्या मार्मिक एवं भावपूर्ण है।

रुचि भल्ला की कविता लोकतंत्र के प्रति सकारात्मक भाव को प्रकट करती है। आदिवासी कवयित्री सावित्री बड़ाईक की कविता में अस्तित्व को लेकर चिंता है। ज्योति मिश्रा की गजल अच्छी है।

आदित्य गिरी ने परिचर्चा में ‘अब अबोला-कुबोला हो गया है’ के माध्यम से पीड़ा के बावजूद जोश दिखाया है कि ‘हम इसे सड़ने नहीं देंगे!’ लेखकों की टिप्पणियां समझदारी से भरी और चुनौतिपूर्ण हैं।

परिचर्चा में प्रियदर्शन विविधता और समरसता की दरकती जमीन पर चिंता जाहिर करते हुए लिखते हैं-‘टार्गेटेड और पेड-कंटेंट ने समाज की दीवारों को बड़ा बना दिया है।’ अफगानी कथाकार परंद की हिंदी में अनूदति कहानी ‘बिखरा सपना’ का बालकृष्ण काबरा ऐतेश ने अच्छा अनुवाद किया है। ‘बतरस’ में कुसुम खेमानी की कहानी ‘पुरुष-सती’ में व्यंगात्मक संवाद प्रभावशाली है।