आनंद भारती : ‘वागर्थ’ जुलाई 2025 अंक में छपी वीरेंद्र प्रताप यादव की पुस्तक ‘नीला कॉर्नफ्लावर’ पर अनामिका की समीक्षा पढ़ी। महीनों से सोचता ही रह गया कि मैं भी इस उपन्यास की समीक्षा करूं। कोशिश बहुत की, लेकिन कर नहीं पाया। यह स्वीकार करने में कोई शर्म नहीं है कि मुझे इस उपन्यास की थीम, भाव भाषा, भूगोल, आदिवासी जीवन, पर्यावरण को समझने की ताकत का अभाव महसूस हुआ। तब तक अमित राय सहित कुछ और विद्वानों की समीक्षा आ गई। मैं संकोच में पड़ गया। अगर लिखूं और वह कमजोर साबित हुई तो? इससे उबरने वाला ही था कि अनामिका जी का लिखा सामने आ गया। इतनी बेहतरीन समीक्षा के लिए अनामिका जी की प्रशंसा के लिए भी शब्द मेरे पास नहीं हैं। मैं उनको पढ़ता रहा हूं। प्रिय रचनाकार हैं मेरी। अगर उन्होंने किसी कृति पर लिखने का निर्णय लिया है तो पाठकों का ध्यान बरबस कृतिकार पर भी जाएगा। उपन्यास ने विषय, देशकाल और पात्रों से परिचय कराया, मगर अनामिका जी ने समझाया कि यह लिखना क्यों महत्वपूर्ण है। लेखक और समीक्षक, दोनों का आभार।

 जितेंद्र कुमार, आरा : ‘वागर्थ’ का जुलाई ’25 अंक। युवा लेखक आदित्य कुमार गिरि द्वारा सिद्ध-नाथ साहित्य पर प्रस्तुत परिचर्चा विचारोत्तेजक और मौजूं है। उभरता है कि आज के शिष्ट हिंदी साहित्य में लोक जीवन कितना है और वह लोक के पक्ष में कितना है? एक समय जिस हिंदी क्षेत्र में जातिवाद और पाखंड-विरोधी नाथ पंथ और गोरखनाथ की मजबूत परंपरा थी, वही हिंदी क्षेत्र आज जातिवाद और कर्मकांड का इतना बड़ा गढ़ कैसे बन गया? आलोचक माधव हाड़ा वर्तमान राजनीतिक रूपों को इसके लिए दोषी मानते हैं। प्रोफेसर अनिल कुमार राय कहते हैं कि ‘हिंदी क्षेत्र क्या, आज पूरी दुनिया के ही ध्वंस पर आमादा शक्तियों की हजार -हजार राक्षसी बाहों का मुकाबला भला कैसे किया जा सकता है?’ यह कथन भी महत्वपूर्ण है कि ‘हिंदी साहित्य मुख्यतः प्रतिवाद का साहित्य है।’

कुलदीप सिंह भाटी : ‘वागर्थ’ के जुलाई 2025 अंक में अनिल विभाकर की कविता वाकई कमाल की है। कविताओं की भीड़ में यह एक अलग पंक्ति में खड़ी है। इसमें संवेदना, व्यंग्य, संदेश, चेतावनी सब है। शुक्रिया ‘वागर्थ’ की संपादकीय टीम को जो हम पाठकों के लिए साहित्य के अथाह सागर से हमारे लिए अनमोल मोती निकाल कर रखते हैं।

अर्जुन प्रसाद सिंह, नालंदा : ‘वागर्थ’ के जुलाई अंक की सभी कहानियां पढ़ गया। कहानी ‘बेबी सूट’ अभी के भारत की जरूरत है। आज भारत को ढाहने वाले के खिलाफ कहानी लेखक शंकर अपने पात्र राजीव के संवाद के माध्यम से यह कथन ‘बहन, शाबास… यह औलाद इंसानियत की बहुत ऊंची मीनार होगी’ के रूप में विजय दुदंभी है। बानू मुश्ताक की कन्नड़ कहानी ‘अरबी के उस्ताद और गोभी मंचूरियन’ एक बेहतरीन कहानी है। हिंदी अनुवादक की टिप्पणी जानदार है।

एक कविता के बारे में चंद शब्द लिखना चाहता हूँ, राजेंद्र कुमार विरचित ‘वह’ कविता। कवि बतलाने की आवश्यकता नहीं समझता ‘वह’ कौन है, पर ‘वागर्थ’ के हर पाठक के समने ‘वह’ का बिंब आ जाता है और पाठकों को कवि की चित्रात्मकता से बहुत संतुष्टि मिलती है।

शेफालिका सिन्हा, रांची : ‘वागर्थ’ में प्रकाशित कहानियां विशिष्ट होती हैं। हर अंक के बाद सोचती हूँ कि प्रतिक्रिया लिखूं, फिर दूसरे अंक को पढ़ने में व्यस्त हो जाती हूं । हालांकि पुराने अंक की भी कुछ कहानियां चलचित्र की भांति चलती रहती हैं।

मई अंक की शोभनाथ शुक्ल की कहानी ‘शनीचरी, सायरा बानो और सुजाता क्रिस्टी’ उनमें एक है। शीर्षक जितना आकर्षित करता है,कथानक उतना ही दिलचस्प है।

जून अंक की सभी कहानियां एक से बढ़कर एक हैं। सत्यनारायण पटेल की कहानी ‘ठग का मौसेरा भाई ठग’ अच्छी कहानी है। किस्सा और स्वप्न के भेड़िए-ठग के माध्यम से राजनीति पर करारा प्रहार है। इसी अंक में देवांशु पाल की कहानी ‘एकाकीपन’ मन को छू लेती है। कमलेश की कहानी ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ बहुत अच्छी लगी। गांव के सरकारी स्कूल में पदस्थापित शिक्षक के माध्यम से गांव के विद्यालय की स्थिति, लड़कियों की समस्या के बीच वहां के टोलों की जातीय वैमनस्यता, पुलिस की असमर्थता  के बावजूद समस्या के समाधान के लिए शिक्षक ओमप्रकाश केसरी की कोशिश बहुत ही रोचक बन पड़ी है।

जुलाई अंक में प्रिया राणा की कहानी ‘सुक्खो देवी’ एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द है जो पति के जाने के बाद भरे पूरे घर में अकेलापन महसूस करती है। कहानी का अंत एक बड़ी बात कह जाता है, सुक्खो जीते जी अकेले घर के बाहर न ठहरी थी। यह पहला मौका था जब उसने पूरी रात बिना परिवार के अस्पताल के शवगृह में गुजारी थी।

उपमा ॠचा का अनुवाद प्रकाशित करने के लिए बहुत शुक्रिया!

एकांकिनी, मुजफ्फरनगर : ‘वागर्थ’ मई अंक में शोभनाथ शुक्ल की मारक कहानी ‘शनीचरी, सायराबानों और सुजातो क्रिस्टी’ पढ़ी़।  इसने ग्रामीण लोगों की मूलभूत असुविधाओं की दुखती रग ही नहीं छेड़ी बल्कि शहर की विकृत अव्यवस्था का भी संवेदनशीलता से वर्णन किया है। यह लगभग हर दूर-दराज बसे गांव की नंगधड़ंग सच्चाई है।

अमरीक सिंह दीप, कानुपर : वागर्थ जून 2025 की सभी कहानियां अच्छी रहीं, पर दो कहानियों ने दिल को गहरे तक छुआ।

पहली कहानी है कमलेश की ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’। बीहड़ ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों की शिक्षा की दुश्वारियों पर लिखी गई यह एक मार्मिक कहानी है। कहानी एक ओर जहां ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ नारे को नंगा करके रख देती है, वहीं पुराने आदर्शवाद के प्रत्यागमन की आहट भी  है कहानी में। दूसरी कहानी सत्यनारायण   पटेल की ‘ठग का मौसेरा भाई ठग’ वर्तमान राजनीति के पिसान की बहुत महीन पिसाई है।

बिर्ख खडका डुवर्सेली, दार्जीलिंग : ‘नई सदी के नए कवि’ समीक्षा संवाद में समीक्षक आनंद गुप्ता ने नए कवियों की कृतियों  की नई दुनिया से परिचय कराया है जहां परिवेश, फल-फूल-पत्ते सब नए हैं, विचार नए हैं और संवाद भी नया है। भूमंडलीकृत  बाजार-व्यवस्था में हो रहे बदलाव में कवियों ने मनुष्यता की खोज की है और संवेदनाओं को जोड़ने की कोशिश की है। आज सब लोग संवेदनहीन हो रहे हैं, प्रकृति  की प्रवृत्ति बदल रही है तो कवियों ने बदलाव के स्वरूप को पहचानने की कोशिश भी है।