वरिष्ठ कवि। महत्वपूर्ण पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित। कविता, कहानी और आलोचना की एक दर्जन से अधिक पुस्तकें।

सावधान लड़कियो

फूलों, पत्तियों, वनस्पतियों को निचोड़कर
जब से रंगों को हाटों के हवाले किया गया है
रंगों में अफरातफरी है

संविधान की धाराओं से बांध कर
आपातकाल की घोषणा के साथ
रंगों को अनुशासित कर दिया गया है

लड़कियों को पसंद नहीं
रंगों का अनुशासित होना
रंगों का अनुशासन तोड़ने के लिए
लड़कियां खुद रंगों में तब्दील हो रही हैं

सावधान रंग-बिरंगी लड़कियो!
अब तुम्हें भी हाटों के हवाले करने की
कोशिश होगी
संविधान की नई-नई जंजीरों से बांध कर
अब तुम्हें भी अनुशासित कर दिया जाएगा।

आग, हाथ और पत्थर

हर पत्थर के भीतर आग होती है
पत्थर यह सच नहीं जानते

पत्थर अपनी आग के बारे में नहीं जानते
इसलिए पत्थरों को
आग की जरूरत महसूस नहीं होती

पत्थरों को आग की
जरूरत नहीं महसूस होती
इसलिए पत्थरों के हाथ भी नहीं होते

पत्थरों के हाथ नहीं होते
इसीलिए स्वयं को घिसकर उन्हें
आग पैदा करना भी नहीं आता
स्वयं को घिसकर
आग पैदा करना जिन्हें आता है
हाथ उनकी देह में खुद-ब-खुद होते हैं

जिनकी देह में हाथ नहीं निकलते
घर्षण के अभाव में पड़े-पड़े
उनका क्षय हो जाता है

जिनका क्षय नहीं होता
वे देर-सबेर पीस दिए जाते हैं।

न मैं कुछ बोला
न मेरे साथी कुछ बोले

न मैं कुछ बोला
न मेरे साथी कुछ बोले
हवा हमारे कानों में
सनसनाती रही
हमने दरख्तों को तोड़ा है
मकान ढहाए हैं
बस्तियां उजाड़ी हैं
समुद्री बेड़ों का रुख मोड़ा है
तरह-तरह से
अपनी यशगाथा सुनाती रही

न मैं रुका
न मेरे साथी रुके
कुछ देर बाद
कुछ दूरी पर
एक कोने में
हमने
लस्त-पस्त एक अस्थिपंजर देखा
पता चला
हवा थी
अभी-अभी
मैदान में
अनायास उग आई घास से
लड़ कर आई है

न मैं कुछ बोला
न मेरे साथी कुछ बोले।

नदियां और पनिहारिनें

पनिहारिनें अब पानी भरने नदियों तक नहीं आतीं
पानी उन्हें बंबे से मिल जाता है
उनके घर

नदियों से पनिहारिनों का रिश्ता टूट चुका है
इस टूटने से नदियां बूढ़ी हो चली हैं

नदियों की चीखें सुनाई नहीं देतीं
पनिहारिनों को
वे बहुत खुश हैं
बंबे से पानी भर कर

नदियों के तट पर अब सन्नाटा है
कहीं कोई कोरस नहीं सुनाई देता
न कोई पदचिह्न
सन्नाटे का घेरा अपने आगोश में लेता जा रहा है
नदियों के किनारे बसी आबादियों को

किसी को कुछ पता नहीं
नदियों के साथ हुई दुर्घटना के विषय में
सन्नाटों के नीचे दबी नदी की चीख के विषय में
किसी को कुछ पता नहीं।

पसीना

धोबी पत्थर पर कपड़ा पछाड़ते हुए रुका
गहरी सांस ली
उंगलियों से माथे का पसीना छिड़का
फिर कपड़े धोने लगा
तालाब का पानी और मीठा हो गया

लकड़हारे का पसीना
कुल्हाड़ी की बेंत से होते हुए
जमीन तक पहुंचा
मिट्टी और सुगंधित हो गई

मां ने आटा गूंथा
पानी और पसीने के मिश्रित घोल से तैयार रोटी
और पौष्टिक हो गई
पसीने में जाने क्या-क्या छिपा होता है
यह रहस्य सारे जलचर जानते हैं
भूतल जानता है

परास्त होती भूख जानती है
पसीने का रहस्य वे नहीं जानते
जिन्हें पसीने से दुर्गंध आती है।

संपर्क :बी/7, आनंद बंगलॉज़, गायत्री मंदिर रोड, महावीर नगर हिम्मतनगर, गुजरात–383001 मो.9426379499