
वरिष्ठ कवयित्री, कथाकार और आलोचक। चार कविता संग्रह, पांच आलोचना पुस्तकें और कहानी संग्रह ‘कोई तीसरा’, ‘कस्तूरीगंध तथा अन्य कहानियां’, ‘सुलगती ईंटों का धुआं’ और ‘खरपतवार’ प्रकाशित।

गिरधर महतो के पास पुरखों की अर्जित दस बीघा जमीन एक ऐसी थाती थी, जिसपर उसकी हैसियत लिखी थी और उस हैसियत पर वह गर्व करता था। उस जमीन पर केले की खेती से उसे अच्छी आमदनी होती थी। थोड़ी जमीन पर वह खाने-पीने लायक धान गेहूं भी उपजा लेता था, जिससे वर्ष भर पूरा परिवार सुख से खाता-पीता था। अपनी पत्नी झुनिया के चेहरे पर हर समय अगहन का उल्लास देखकर गिरधर को काम करने की करिश्माई उर्जा मिलती थी। दुआर पर बंधे माल-मवेशियों की देखभाल करती झुनिया को देखकर उसका मन हमेशा गदगद रहता- ‘कितना खटती है यह सारा दिन। मेरी अपाहिज बूढ़ी मां की सेवा-टहल, चौका-चूल्हा और बाल-बच्चों की देखभाल के साथ अबोले जानवरों का भी सारा जिम्मा अकेली वही उठाती है। कभी झुंझलाहट-बौखलाहट इसके चेहरे पर नहीं दिखता। बसंती झोंका है मेरे जीवन की मेरी झुनिया…।’
गिरधर उसे लालसा भरी आंखों से देखता हुआ प्रफुल्लित मन से हर दिन सुबह काम पर निकल जाता और शाम ढले हसीन सपनों की तरह मुनिया को बांहों में भरकर चैन की नींद सो जाता था। उसके जीवन में पत्नी का प्रेम और मेहनत की कमाई का ऐसा मीठा सुख था, जिसे वह ईश्वर की सबसे बड़ी कृपा कहता था।
पूरा सीजन उसके केले की बाड़ी के आगे ट्रकों की लंबी जमात खड़ी रहती और दिनभर केले के घौद लादते पैकारों की भीड़ लगी रहती। उसके बूढ़े पिता वहां बैठकर हर खेप की गिनती रखते और वह उस ओर से पूरी तरह निश्चिंत होकर अपने खेत खलिहान में पसीना बहाता खुश रहता। लेकिन इस खुशी को ग्रहण तब लग गया जब कोसी मैया प्रलयंकारी रूप धारण कर अपना गतिपथ बदल कुसहा बांध तोड़ती उसके मणिकपुर गांव से होकर गुजरी और उसे दर-बदर कर गई। उसके जीवन की कालरात्रि थी वह जिसमें खेत खलिहान, दुआर बथान, छप्पर-छाजन तक कोसी मैया बहा ले गई। केले की लहलहाती फसल का नामोनिशान मिट गया। जमीन का आधा से अधिक भाग हमेशा के लिए कोसी के पेट में समा गया। पानी उतरने पर जो थोड़ी जमीन बची वह पूंजी के अभाव में फिर कभी आबाद नहीं हो पाई। उस डूब के बाद गिरधर फिर कभी तन कर खड़ा नहीं हो पाया। लेकिन गिरधर में जूझने और सब्र करने का हौसला तब भी शेष रहा इसलिए धाराशायी होकर भी वह खड़ा होने की हिम्मत जुटाता रहा। कर्मठ और मेहनती होने के कारण वह हर तरह का काम कर लेता था। कभी बड़े किसानों के खेत में खटता तो कभी मणिकपुर चौक पर नए बन रहे ठाकुर भूप सिंह के महाबीर मंदिर में राज मिस्त्रियों के साथ मार्बल काटने का काम भी कर लेता। कमर तोड़ मेहनत के बाद भी कुछ बचता नहीं था। घर के सभी हिस्से मुंह खोले रहते थे। वह एक की ओर बढ़ता तो दूसरा आवाज देकर उसे बुलाने लगता। पल भर के लिए वह ठिठक जाता फिर दुख के एक कातर निःश्वास की तरह उनके बीच से चुपचाप गुजर जाता।
हारी बीमारी और उजड़े डीह की अंधियारी में चारो ओर से घिरा गिरिधर केले की किसानी और व्यापारी से अनायास कामगार मजदूर हो गया था। यह दर्द उसे हर पल सालता रहता था। दिन भर की मेहनत से थककर जब वह घर लौटता तो साग सब्जी के झोले में एक चुप-सी उदासी भी झुनिया को मिलती। न होठों पर पहले वाली मुस्कान होती, न चेहरे पर पहले वाले श्रम सौंदर्य की ताजगी। निढाल शरीर और मायूस मन लिए वह पहले अपनी अम्मा के खाट के पास जाता, उसका कुशल क्षेम पूछता। फिर तन और मन से पूरी तरह टूट गए पिता की चेतना को झकझोरता हुआ कहता- ‘बलराम काका के पास कुछ देर चले जाया करो बाबू, मन बहलेगा। पूरा दिन घर में बंद रहते हो इसलिए मन सुस्त रहता है तुम्हारा।’
बिना कुछ बोले पिता संज्ञाशून्य-से उसकी ओर देखते रहते और वह पिता की थरथराती उंगलियों की ओर देखता रहता जहां अदृश्य में कोई गिनती चलती रहती और उंगलियां हिलती -डोलती एक-दूसरे से टकराती रहतीं। हर दिन उस घर में ढलती शाम का यह एक स्थाई चित्र था। झुनिया इसे दूर तक महसूसती पर कुछ कह नहीं पाती। पति का उल्लसित चेहरा देखे उसे जमाना हो गया था।
एक दिन भीतर की हताशा और निराशा से विह्वल होकर झुनिया फूट पड़ी- ‘चंदर के बाबू! अब सहा नहीं जाता- तुम्हारी ओर देखा भी नहीं जाता। तुम्हारी उदास हँसी मुझे रुला देती है।’
गिरधर ने आंख उठाकर उसकी ओर गौर से देखा तो वह फूट पड़ी- ‘जीवन का यह पतझड़ कब बीतेगा? लगता नहीं अपनी परती जमीन पर अब कभी हम लहलहाती फसल देख पाएंगे? न जाने किसकी हाय लग गई। जिनगी दर-बदर हो गया हमारा। कलेजा फटता है चंदर के बाबू अपनी परती माटी देखकर। कोसी माई तो आधा से अधिक लील गई। जो मुंह से उगल कर गई उसे भी हम आबाद नहीं कर पाए। हाय! कैसी रॉड़ हो गई हमारी धरती!’
उसके रूंधे कंठ में खुशहाल अतीत की यादें कराह रही थीं। गिरधर की आंखें भी पनीली हो गईं। वह बीते समय को बिसूरता हुआ कहने लगा- ‘बाप दादा कोसी घाट की ठिकेदारी करके ही जमीन अरजे थे, अपनी हैसियत बनाए थे। उसी का दिया सबकुछ था- आज छीन ले गई वह। नदी उस समय सबकी मैया थी झुनिया, सबका भरण-पोषण करती थी और अपनी मौज में बहती थी। आज बड़े-बड़े बांध बनाकर बंदी बना दिया नदी को तो प्रलय मचाएगी न। पूरा इलाका डूब गया। विकास के नाम पर विनाश का मंजर है यह। मुआवजे का पिटारा खोलकर सरकार हमेशा मगरमच्छों की बस्ती बसाती है लेकिन डूब के बाहर हमेशा भीषण सुखाड़ ही रहता है झुनिया! यह इस इलाके का साझा दुख है – सबर करो।’
गिरधर शून्य में देखता हुआ कहीं अपने सब्र को भी थाह रहा था। कुछ देर बाद झुनिया के कंधे पर हाथ रखकर वह भारी मन से बोला, ‘परती जमीन देखकर मेरा कलेजा भी फटता है लेकिन कहां से लाऊं पूंजी तुम्हीं बोलो? उजड़े घर को फिर से खड़ा करने में जो करजा लिया वह तो चुकता हुआ नहीं, अब खेती के लिए बैंक से लोन लूंगा तो पसर जाऊंगा। अम्मा बाबूजी की बर-बीमारी में भी कितना पैसा जा रहा है। बच्चों का भविष्य भी अंधकार ही दिख रहा है। चंदर मैट्रिक कर लेगा अगले साल। बाहर भेज कर पढ़ाने का सपना पाला था। अब कैसे पढ़ाऊंगा, क्या कर पाऊंगा नहीं पता। दोनों बेटियां एक सम बाढ़ लिए बढ़ रही हैं। जुड़वा बेटियों का ब्याह कितना कठिन होगा मेरे लिए, सोच कर कलेजा बैठ जाता है। क्या करूं कि दिन फिरे हमारे, नहीं समझ पाता।’
गिरधर का स्वर भारी हो गया था। आंखें डबडबा गई थीं जिसे देखकर झुनिया ने संयत स्वर में कहा- ‘एक बात कहूं, मानोगे?’
‘क्या?’ गिरधर उसे प्रश्नवाचक दृष्टि से देखने लगा।
‘लाल कोठी वाले ठाकुर यशवंत सिंह से एक बार मिलो न। बहुत पहले कभी अपनी कामत वाली जमीन की मैनेजरी का काम वे तुम्हें देना चाहते थे। लेकिन उस समय अपने खेत खलिहान, केलाबाड़ी से तुम्हें फुर्सत ही नहीं थी। तुम नहीं रख पाए उनकी बात। फिर भी उन्होंने कई बार तुम्हें संवाद भेजा था। फिर ठकुराइन की बीमारी को लेकर दिल्ली, बंबई की दौड़ लग गई उनकी। पैसा पानी की तरह बहाकर भी पत्नी को नहीं बचा पाए। छोटा बेटा सिनेमा बनाने का नशा लेकर बंबई भाग गया। कितना पैसा वह भी फूंका। उसी समय कामत की जमीन पर भी संथालों ने लाल झंडा गाड़ दिया था, याद है न तुम्हें? ठाकुर साहब की गोली से एक मारा भी गया था। तभी बड़ा बेटा अमेरिका से आकर उन्हें ले गया था और दरोगा सिपाही को पैसा कौड़ी देकर मामला रफा-दफा किया गया था। सब याद है न तुम्हें?’
गिरधर पुरानी कहानी सुनता हुआ सिर डुलाता चुपचाप झुनिया की ओर देख रहा था।
वह फिर कहने लगी- ‘आज मुखिया चाची आई थीं। कह रही थीं, ठाकुर यशवंत सिंह अमेरिका से लौट आए हैं। अब गांव में ही रहेंगे। अमेरिका में मन नहीं लगा उनका। सिनेमा में काम करने वाला उनका छोटा बेटा भी बंबई से उन्हीं के साथ आया है। अब यहीं रहेगा उनके साथ। कोई फैक्ट्री, कोई बड़ा कारखाना लगाएगा यहां। मुखिया चाची ही बता रही थीं, जमीन को लेकर फरीक के बीच बंटवारे का बड़ा मामला भी चल रहा है। यशवंत सिंह के बड़े भाई भूप सिंह के बेटों ने चाचा की बहुत सारी जमीन चोरी-छिपे उनके पीछे बेच दी है जिसे लेकर कोर्ट कचहरी का बड़ा लफड़ा लग गया है। ठाकुर यशवंत सिंह अपने हिस्से की जमीन की देखभाल के लिए कोई ईमानदार और कर्मठ आदमी तलाश रहे हैं। मुखिया चाची ने तुम्हारा नाम बताते हुए हमारी बर्बादी की कहानी भी उन्हें बताईं हैं। वे कह रही थीं, एक बार तुम उनके पास जाकर मिलो। वे वर्षों पहले भी अपनी जमीन की मैनेजरी तुम्हें देना चाहते थे। वे गाढ़े वक्त में जरूर हमारी मदद करेंगे।’
‘तुम कहती हो तो कल जाऊंगा झुनिया। लेकिन बहुत भरोसा नहीं है।’ गिरधर ने ठंडे स्वर में कहा।
आशंका और उम्मीद की संभ्रम-सी स्थिति में दोनों पति-पत्नी मौन साधे करवट बदल कर सो गए।
अगले ही दिन झुनिया के दबाव में गिरधर महतो ठाकुर यशवंत सिंह से मिलने गया और ठाकुर साहब ने जिस तरह उसकी अगुआनी की वह उसके लिए अप्रत्याशित था। वह भीतर तक खुशी से झुरझुरा गया।
उसके दुख–दर्द की लंबी दास्तान सुने बिना ठाकुर साहब ने आगे बढ़कर गिरधर की अगुआनी की– ‘आओ भाई गिरधर लाल। कैसे याद किया हमें? हम तो तुम्हें परदेश में भी बिसूरते थे।’
‘मालिक!’ गिरधर ने हकलाते हुए छोटा-सा संबोधन किया तो ठाकुर साहब बोल उठे-
‘अरे मालिक वालिक क्यों कहते हो भाई। पहले तो तुम हमेशा मुझे ठाकुर दा ही बुलाते थे। मैं तो तुम्हारा वही ठाकुर दा हूँ। तुम मेहनती और खुद्दार आदमी हो। मैं तुम्हें छोटे भाई की तरह बहुत स्नेह से देखता हूँ। कहो, आना कैसे हुआ?’
गिरधर ने झिझकते हुए कहा- ‘ठाकुर दा! मदद चाहिए आपकी। कोसी मैया के कहर के बाद अभी तक खड़ा नहीं हो पाया। केला बाड़ी की सारी जमीन तो कोसी मैया निगल गई। बची हुई धार वाली दलदल जमीन भी बर्षों से परती पड़ी है। दूसरे के खेत में मजदूरी करता हूँ ठाकुर दा। कभी सोचा नहीं था खेत मजदूर बन जाऊंगा। सब तकदीर का खेला है- बाबूजी इस आपदा से पथरा गए। माई वर्षों से खाट पर पड़ी है। बच्चों का भविष्य भी अंधकारमय ही दिखता है।’
आगे वह विह्वल होकर गमछे से आंखें पोंछने लगा तो ठाकुर यशवंत सिंह कुर्सी से उठकर उसके पास चले गए- ‘घबराओ मत। मैं हूँ न। सब हो जाएगा।’
गिरधर ने दोनों हाथ जोड़ते हुए कहा- ‘मैं आपके कामत की उस जमीन को जोतने-बोने और अगोरने का पूरा जिम्मा ले लूंगा ठाकुर दा जो संथालों के कब्जे से छूटने के बाद भी आज तक परती ही पड़ी हुई है।
अचानक ठाकुर साहब के चेहरे पर उल्लास की एक गुलाबी आभा बिखर गई। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि गिरधर जैसा कर्मठ और जीवट का आदमी खिदमतगार के रूप में उन्हें अचानक इस तरह मिल जाएगा।
उन्होंने दिलकश मुस्कान के साथ सहर्ष हामी भरी और उसी समय बीस हजार रुपए देकर उसे अपने पैरों पर खड़ा होने का भरोसा दिया। गिरधर के लिए इतना स्नेह अप्रत्याशित था। वह खुशी में बौराया हुआ घर लौटा।
धीरे-धीरे ठाकुर यशवंत सिंह का अनुग्रह गिरधर के परिवार पर कुछ इस तरह होने लगा कि वह उस उपकार के नीचे दबता चला गया। ठाकुर दा ने गिरधर महतो के पूरे परिवार को मड़ई से उठाकर कोठी के पिछले भाग में बने स्टाफ क्वार्टर में बुलवा लिया था। सबके सामने ठाकुर साहब जब उसे ‘गिरधर भाई’ कहकर संबोधित करते तो उसकी छाती गज भर चौड़ी हो जाती। अपनी छोटी-सी धरती की बड़ी-सी खुद्दारी उसे धीरे-धीरे विस्मृत होने लगी। अपनी जमीन, अपनी फसल का ख्वाब अब उसे बेचैन नहीं करता। वह ठाकुर दा की परती जमीन पर सोना उगाने का संकल्प लेकर दिन रात अपना खून-पसीना उनकी बंजर जमीन पर बहाने लगा। देखते-देखते हर मौसम की फसलें वहां लहलहाने लगीं। अपनी दलदल जमीन पर वह बेमन से कुछ बिचड़े गिरा देता या कभी खरबूजा, लालमी या ककड़ी उगा लेता। उसे अपनी जमीन से अधिक चिंता ठाकुर दा को दी हुई जुबान को लेकर होती।
गांव में जब नीलगाय का उपद्रव अचानक शुरू हुआ तो गिरधर महतो ठाकुर दा के खेतों की रखवाली में मचान पर अकेले पड़ा पूरी रात जागता और दिन भर पूरे मौजे की परिक्रमा करता हुआ मजदूरों के साथ मिलकर पटवन और कमौनी में लगा रहता। संथालों से मुक्त हुई दस एकड़ परती जमीन उसकी मेहनत से एक नजीर बन गई थी। खुद से ट्रैक्टर चलाकर उसने उस जमीन को आबाद किया था। ठाकुर दा गदगद होकर कहते- ‘गिरधर भाई! तुम्हें जेठ की तपती दोपहरी में मृग शावक-सा अपने खेतों पर कुलांचे भरते देखकर मैं भीतर से दहल जाता हूँ। अपने कमरे में एसी की हवा मुझे बेचैन करती है। अपना खयाल भी रखो भाई, लू लग जाएगी तुम्हें। अमझोरा का शरबत भी रोटी के साथ लेकर जाया करो खेत पर।’
रसोई में खाना पकाती हुई झुनिया तक यह आवाज पहुंती तो वह भी एक आह्लाद से भर जाती थी। बातों के इस स्नेहिल स्पर्श से गिरधर के भीतर ठंडी नदी की कोई ऐसी धार गुजर जाती जिससे उसकी सारी थकान काफूर हो जाती थी। जुते बैल की नकेल अपने हाथों में थामकर ठाकुर दा मंद-मंद मुस्काते अपनी हवेली में चले जाते और गिरधर अपनी खोली की ओर।
गतिमान समय के प्रवाह में दिन महीने साल गुजरते गए। ठाकुर दा के उपकारों के सम्मोहक पिंजरे में गिरधर का पूरा परिवार धीरे-धीरे कैद होता चला गया। इस बीच गिरधर की अपाहिज मां और समय की मार से पथरा गए पिता भी एक दिन इस दुनिया से चुपचाप कूच कर गए। उन दोनों की मौत एक मार्मिक हादसे की तरह घटित हुई थी। हवेली के पिछवाड़े स्टाफ क्वार्टर में एक दिन खाट से उतरने की कोशिश में माई मुंह के बल गिर गई थी और उसका सिर फट गया। उसे उठाने के उपक्रम में पिता भी लड़खड़ा कर उसी की देह पर ढेर हो गए थे। उस समय कमरे में कोई नहीं था। झुनिया और उसकी दोनों बेटियां पूरे दिन हवेली के भीतर ही रहती थीं। ठाकुर साहब के बेटे आयुष की शादी सूबे के दबंग नेता ठाकुर महिपाल सिंह की बेटी से तय हो चुकी थी। ब्याह छह महीने बाद होना सुनिश्चित हुआ था लेकिन हवेली की रिमॉडलिंग और रंग रोशन का काम अभी से शुरू हो गया था। उतनी बड़ी हवेली में झुनिया ऊपर से नीचे तक फिरकी की तरह नाचती रहती थी। घर के भीतर रसोई-पानी, साफ-सफाई, आए-गए मेहमानों की आवभगत सब झुनिया के जिम्मे ही था। सास-ससुर की बूढ़ी आंखें द्वार पर टकटकी लगाए रहतीं। झुनिया को जब फुर्सत मिलती, उनके लिए खाना-पानी रख जाती लेकिन उनकी तीमारदारी करने की फुर्सत अब उसके पास नहीं थी।
गिरधर का भी वही हाल था। उसका पूरा समय ठाकुर दा के खेत-खलिहान और कोसी की धार में शुरू की गई मखाना की खेती के प्रबंधन में बीतता था। छोटे ठाकुर आयुष ‘फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री’ की एक बड़ी योजना लेकर मुंबई से गांव लौटे थे और अपना काम जोर-शोर से शुरू कर चुके थे। इस योजना के तहत उसने सबसे पहले तराई वाली दलदल जमीन पर मखाने की खेती बड़े पैमाने पर शुरू कर दी थी।
प्रोसेसिंग इंडस्ट्री का काम जोर-शोर से शुरू हो गया था। मखाना के चिप्स, मखाना के पाउडर, गुड़ और तिल वाले मखाना के लड्डू तथा कस्तूरी मेथी, मैगी मसाला के फ्लेवर वाले रोस्टेड मखाना के कई-कई व्यंजन तैयार करने वाली बड़ी-बड़ी मशीने इंस्टॉल की जा रही थीं।
गिरधर का काम लगातार बढ़ता जा रहा था। नदी से मखाने तुड़वाने, पौधे के सोर से काले-काले बीजों को छुड़ाकर पानी से छानने और धुलवाने, कड़ाहों में उसे भुनवाने और बीज को फोड़कर मखाना निकलवाने तक का सारा काम उसकी निगरानी में होता था। कामों में लगे लोगों को प्रशिक्षण देने के लिए बाहर से ट्रेनर आए हुए थे। फैक्ट्री का उद्घाटन राज्य के उद्योग मंत्री (ठाकुर दा के भावी समधी) महिपाल सिंह अगले महीने करने वाले थे और गिरधर को दम मारने की फुर्सत नहीं थी।
माई-बाबूजी जिस दिन गुजरे उस दिन भी गिरधर ‘रोटरिंग ऑभेन’ मशीन और ‘टंबलर’ इंस्टॉल करने वाले टैकनिशियन के साथ सुबह से कारखाने पर ही था। उसका बेटा चंदन भागता हुआ यह खबर लाया था। गिरधर जब पहुंचा, उसके असहाय माता-पिता एक-दूसरे को थाम कर पथराई आंखों से उसकी ओर देख रहे थे। उन निर्जीव आंखों को देखकर उसका भीतर हाहाकार कर उठा। उसे याद आ रहा था- हवेली के पिछवाड़े इस घर की दीवारों को देखते हुए एक दिन बाबूजी ने रेत भरे गले से कहा था- ‘अपने धरान से उठकर कोसी की धार तक जाना था मुझे बबुआ, अब दूसरे के दुआर से यह माटी उठेगी…।’ बाबूजी की वह आवाज किसी सुरंग से आती हुई गिरधर को झकझोर गई थी। गिरधर के लिए एक साथ दो अर्थियों को उठाना और जलाना उसके जीवन की एक अविस्मरणीय पीड़ा बन गई। एक हूक की लहर बनकर वह दर्द उठता और शांत हो जाता।
समय बहुत तेजी से बदल रहा था। विकसित होते देश के बड़े होते नक्शे में मणिकपुर गांव की चौहद्दी भी लगातार बड़ी होती जा रही थी। यह गांव शहर के पंजरे से सटा और कोसी सेतु से जुड़ा उत्तर बिहार का ऐसा इलाका था जहां बाजार के विस्तारीकरण की संभावना सबसे अधिक थी। दो वर्ष में गांव की सारी सड़कें पक्की हो गई थीं। गांव में पेट्रोल पंप, अंग्रेजी माध्यम के स्कूल, पार्लर और फास्ट फूड की कई दुकानें भी खुल गई थीं। कोसी की तराई में एक नया शहर बसने लगा था और नहर के बांध पर बनी झोपड़ियां लगातार विस्थापित हो रही थीं।
उद्योग मंत्री के दामाद बनने के बाद से छोटे ठाकुर पूरे गांव के लिए विकास पुरुष बन गए थे। उनके मखाना की खेती और उनकी फूड प्रोसेसिंग का व्यापार विदेश तक फैल गया था और अब उन्होंने मणिकपुर गांव की सीरत और सूरत बदलने के लिए जैसे एक मुहिम छेड़ दी थी। हर दिन एक नए प्रोजेक्ट की योजना लेकर शहर से कुछ लोग आते, खाने-पीने का दौर चलता और उनके बीच स्टार्टअप का नया मॉडल तय होता। आयुष सिंह ने अपनी 30 बीघा जमीन कुछ दिन पहले ही ‘मेगा फूड पार्क’ के निवेशकों को लीज पर दी थी। जिसमें बिस्कुट, मसाला, सत्तू, बेसन, अचार आदि उत्पाद तैयार होने लगा था। फूड पार्क में ही मुर्गी दाना के लिए एक कंपनी ने हाल में ही अपना स्टार्टअप शुरू किया था।
ठाकुर दा अपने नुमाइंदों के बीच घिरे बड़े गर्व से कहते, ‘हमारे समधी इस इलाके को इंडस्ट्रीयल जोन बनाने जा रहे हैं। स्मार्ट सिटी का छोर हमारे गांव से जोड़ा जा रहा है। फैशन डिजाइनिंग में मैनेजमेंट की हुई हमारी बहू अब महिलाओं की बनाई चीजों की स्थाई हाट अपने गांव में शुरू करवा रही है। वीरान पड़ी ‘अनौपचारिक शिक्षा केंद्र’ की बिल्डिंग में इसी महीने से रिमॉडलिंग का काम शुरू होगा। ‘महिला आर्ट हाट’ के नाम से नए बिल्डिंग का शिलान्यास समधी साहब करेंगे। स्त्रियों के हुनर का इतना बड़ा कारोबार अपने गांव में विकसित होगा, क्या आपने कभी सोचा था?’
ठाकुर दा की आंखों में कामनाओं की गिलहरियां दौड़ रही थीं। उन आंखों की चमक और बातों की खनक से उत्साहित होकर दालान पर बैठे सभी लोग ठाकुर दा की हां में हां मिला रहे थे। गिरधर चुपचाप सुन रहा था। ‘अनौपचारिक शिक्षा केंद्र’ का महिला हाट में तब्दील होना उसे कहीं व्यथित कर रहा था क्योंकि उसके बाबूजी ने इस केंद्र में बहुत दिनों तक ट्रेनर के रूप में काम किया था और कामगार लोगों को रात्रि में पढ़ाकर उन्हें साक्षर बनाया था। गिरधर का यह दुःख अबूझ था सबके लिए।
तीन महीने बाद ही ‘महिला आर्ट हाट’ का उद्घाटन बहुत तामझाम से ठाकुर दा के समधी उद्योग मंत्री महिपाल सिंह के कर कमलों द्वारा हुआ। सेल्स गर्ल के सुंदर सलोने चेहरे हर काउंटर पर स्वागत के लिए खड़े हो गए। कपड़ों पर उकेरी गई लोक कथाएं, बुनकरों के धागे से काढ़े गए बेलबूटे, बांस दौरी और मिट्टी के बर्तनों पर चित्रित किए गए हुनर का उजास बसंत की धूप बनकर शहर तक फैल गया। छुट्टियों के दिन शहर के लिपे-पुते चेहरे भीड़ की शक्ल में वहां उमड़ने लगीं लेकिन जनपद के हुनर का यह उजास कब व्यापारियों और उद्योगपतियों की तिजोरी में अलाउद्दीन का चिराग बनकर समा गया, किसी को कानों-कान इसकी खबर नहीं हुई। कलाकारों के जीवन में भूख, गरीबी, बीमारी, उदासी बरकरार रही लेकिन कोसी की तराई का ‘महिला आर्ट हाट’ देखते-देखते पूंजिपतियों का ‘अंतर्राष्ट्रीय मार्ट’ बन गया।
गांव में अब देहाती पांवों से चलने वाले लोग बहुत कम दिखाई देते थे। विकास के बेलगाम घोड़े पर हर कोई सवार होना चाह रहा था। बाजार के तिलिस्म और उसकी चकाचौंध में बौराई युवा पीढ़ी जीवन को रंगों में घोलकर पी जाने को बेताब थी। विकासमान भावी संभावनाओं का स्याह पक्ष तेज रोशनी में किसी को दिखाई नहीं दे रहा था। ठाकुर दा के बेटे आयुष सिंह हर बार कुछ नया रचने की कोशिश में अब कोसी की तराई में ‘वाटर पार्क’ बनवा रहे थे। गांव के लिए यह एक नायाब तोहफा था।
ठाकुर दा अपनी मित्र मंडलियों के बीच बेटे की यशर्कीति फैलाते हुए बड़ी खनक से सबको यह खुशखबरी सुना रहे थे। कोसी की धार में अब ‘वाटर पार्क’ बनेगा, ‘रेन डांस’ होगा, ‘वाटर वेव’ में लोग समुद्री लहर का लुफ्त उठाएंगे। आयुष कोसी की तराई को मुंबई का ‘मेरीन ड्राइव’ बना रहा है बलभद्र बाबू। कभी मुंबई के ‘मेरीन ड्राइव’ की सैर किए हैं आप?
स्कूल से सेवानिवृत बलभद्र बाबू जोर-जोर से हँसने लगे। ‘बुढ़ापे में ‘पानी के बगीचे’ की सैर अब आपका बेटा कराएगा हा-हा-हा…।’ पूरा दालान ठहाकों से गूंज उठा।
‘वाटर पार्क’ का बनना मणिकपुर गांव की गति-प्रगति का एक नया कथानक था। इस परियोजना ने कोसी की सुषुप्त धार में सतरंगी पाल वाली नाव उतारकर सबकी आंखों में एक रोमांच और कौतूहल भर दिया था। रेत के मैदान में बड़ी-बड़ी दैत्याकार मशीनें अपने विकराल पंजे उठाए तुमुल नाद करती जनपद के विकास को नए रूप में देखने का आमंत्रण दे रही थी। मेरीन ड्राइव की सर्पीली लतरें कोसी की सिहरती देह पर रोशनी का वृत बनाती मणिकपुर गांव का नक्शा बदल चुकी थीं। ‘वाटर पार्क’ का विशाल घेरा अपने आगोश में रेत, खेत, जंगल, निर्जन सबको लपेटता हुआ कोसी की धार के मायने बदल चुका था। धुएं की चादर लपेटकर अपनी बांहों में कसमसाती कोसी निढाल पड़ी थी। विशालकाय मशीनों से खनन होती अपनी माटी, अपनी धरती की खुदाई और लहलहाते फसलों और पेड़ों की कटाई को देखकर गिरधर भीतर-ही-भीतर दहल रहा था लेकिन किसी से कुछ कह नहीं पाता था।
मणिकपुर का भूगोल बहुत तेजी से बदल रहा था। गांव के शहरीकरण के कारण वहां जमीन की खरीद फरोख्त के लिए दलालों और सत्ता के नुमाइंदों की भीड़ अचानक बढ़ने लगी थी। रूमानी सपने देखने वाले बेरोजगार नवयुवकों की टोली दिन-रात आयुष सिंह के पीछे लगी रहती थी, जिसमें गिरधर का बेटा चंदन भी अपनी पढ़ाई-लिखाई छोड़कर उनके साथ डोलता रहता था। उसे नई हवा के हुजुम में हवाखोरी करते देख गिरधर बहुत बेचैन था। जिस बेटे को पढ़ा-लिखाकर वह बड़ा आदमी बनाने का सपना देख रहा था, उसकी दिशा बदल गई थी।
बेटे के मैट्रिक करने के बाद उसने ठाकुर दा के भरोसे उसके लिए एक नई उम्मीद पाल ली थी। उसका बेटा भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई करेगा, साहब बनेगा। उसके सपनों को पंख देते हुए ठाकुर दा ने कहा था- ‘इसकी पढ़ाई की चिंता तुम क्यों करते हो गिरधर? मैं हूँ न। मेरा एक बेटा अमेरिका में है। दूसरा इतना बड़ा कारोबार खड़ा कर चुका है। फिर तुम्हारा बेटा क्या हरवाही करेगा? उसे इंटर करने दो फिर इंजीनियरिंग की कोचिंग के लिए मैं उसे पटना भेज दूँगा।’ अपनी चासनी लगी बातों से ठाकुर दा हमेशा गिरधर को अपने वश में कर लेते थे। फिर वह सुबह से ढलती शाम तक अपना खून पसीना उनकी जमीन पर ढलकाता नई उर्जा से लबरेज रहता। लेकिन इन दिनों उसके सपने अनुत्तरित सवाल की तरह उसके सामने खड़े हो जाते थे। उन अनुत्तरित सवालों को लेकर गिरधर के भीतर एक हलचल मची हुई थी।
वह ठाकुर दा से बहुत कुछ कहना और पूछना चाहता था- ‘ठाकुर दा! आयुष बाबू किसी कागज पर कल हमसे हस्ताक्षर करवाते हुए कह रहे थे, कोसी की बदहाल सूरत को खुशहाल बनाने जा रहे हैं गिरधर काका, आपका भी आशीर्वाद चाहिए।’
‘कई दिनों से मेरी बलुआही जमीन पर दैत्याकार मशीनें दौड़ रही हैं। बाप दादाओं की धरती की छाती दरक रही है। क्या मेरी वह पुश्तैनी जमीन भी ‘मेरीन ड्राइव’ में तब्दील हो जाएगी ठाकुर दा…? क्या मेरा गांव-मेरा ठांव अब कुछ भी मेरे हिस्से में नहीं रहेगा ठाकुर दा?’
उसके भीतर का निःशब्द हाहाकार उसके कंठ में ही घुट कर रह गया था। पथराए शब्द उसकी छाती पर मुक्के मार रहे थे लेकिन वह न जाने किस जड़ता से बंधा ठाकुर दा के सामने स्थिर और अवाक खड़ा था। उसकी आंखों के पानी में पिता की परछाईं झिलमिला रही थी। वह परछाईं धीरे-धीरे पुरानी पगडंडियों पर चलती हुई कोसी की धार में समाती चली गई।
देखते-देखते वहां ऑक्टोपस की डिजाइन वाला ‘रेन डांस पोडियम’ का बड़ा-सा र्होडिंग दिखाई देने लगा। मेरीन ड्राइव की जगमग बत्तियों के बीच चंदोवे की तरह घूमता ‘रेन डांस पोडियम’ और उसपर तैरती अलमस्त परछाईयां!
एक छोर से दूसरे छोर तक रोशनी के बहते झरने में वेवपुल पर सेल्फी में अपनी अदाओं को कैद करने का उतावलापन, जश्न मनाने का भीषण उन्मादी युद्ध!
गिरधर एक अनहोना दृश्य देखता हुआ अपने भीतर के अंधेरे में कहीं अपनी बासभूमि के सपनों के साथ अपना गांव, अपना ठांव तलाश रहा था। सहसा उसे लगा जैसे निर्वासन की शर्त पर उसका वजूद कोसी की धार में रेत का टीला बनकर खड़ा है- स्मृतिजिव्या होकर भी अपनी आत्मा के प्रकाश से आलोकित और उदात्त।
संपर्क :चतुर्भुज ठाकुर मार्ग, गन्नीपुर, पोस्टः रमना, मुजफ्फरपुर, बिहार-842002 मो. 9431281949


