कुछ अखबारों के साहित्य-पृष्ठ और पत्रिकाओं के अंकों का संपादन। कविता संग्रह ‘फिर कभी’ और ‘उम्मीद’। उपन्यास ‘अंतरिक्षनगर’ तथा बाल उपन्यास ‘मुट्ठी में किस्मत’ प्रकाशित। संप्रति वैज्ञानिक अधिकारी के पद पर कार्यरत।

आतंकवादी का आत्मकथ्य

वह मुझे देखकर मुस्कराया
जैसे मेमने को देखकर
शेर मुस्कराता है
उसने मेरी तरफ हाथ बढ़ाया
मेरे पास सिर्फ हाथ था
मैंने भी अपना हाथ बढ़ा दिया
उसने मेरे हाथ में हथकड़ी डाल दी

मेरे पास एक और हाथ था
दूसरे हाथ से
उसको छुड़ाने की कोशिश की
दूसरे पर भी हथकड़ी पड़ गई

अब मेरे दोनों हाथ
उसके कब्जे में थे

वह जो कहता था
हाथ वही करते थे

मैंने अपने दोनों पांवों को
चुपके से जेब में छुपाकर
अपने घर की तरफ चल दिया
लेकिन अब मेरा घर
कहीं नहीं था
जिस घर के लिए
मैं बिका था
वह घर भी बिक गया था
अब मेरी कोई पहचान नहीं थी
न ही कोई रिश्ता बचा था
मैं एक अंधे कूएं में गिर गया था
जहां सिर्फ मौत की बजबजाहट थी
और मैं जीवित था

उसने मेरे झोले से
मेरे ही पांव को निकालकर
एक लंगड़े को दान दे दिया

मेरी आंखों को कुछ अंधों में बांट दिया
दिल में से खून निचोड़कर
उसे सूखने के लिए अलगनी पर टांग दिया
मेरे मस्तिष्क को परोस दिया
चींटियों के महाभोज के लिए

मैं खुद की तलाश में
बारूद की नशैनी लिए भटक रहा हूँ
मृत्यु से खेल रहा हूँ
मृत्यु बांट रहा हूँ

जबकि मैंने हाथ बढ़ाया था
जीवन को बचाने के लिए।

न ही पढ़े कोई इतिहास

आम, इमली, बरगद, जामुन
सब दब गए थे, खरपतवारों में
मशीनें उगल रही थीं
धान और गेंहूं की फसलें

अपने अंदर घुले
विषाक्त रसायनों की जलन से
कराह रही थी धरती

शुद्ध हवा सिर्फ
नथुनों में बची थी

सुगंध स्खलन के इस युग में
खिलने से पहले कुम्हला रहे थे फूल

तितलियां शर्म से
पत्तों की ओट में छुप गई थीं
झड़ गए थे उनके पंखों से सारे रंग

चिड़ियां लुप्त हो रही थीं
उनके घोंसले माफियाओं के चंगुल में थे

संहारक सफल हो गए थे
आसमान को घुटनों के बल करने में

मृत्यु के महातांडव को
बरदास्त नहीं कर पा रही थी
पृथ्वी सिकुड़ कर नारंगी हुई जा रही थी

ऐसा ही कुछ दर्ज हो रहा है
वर्तमान के पन्नों पर
जिसे इतिहास की तरह पढ़ेगा
भविष्य
तब सिर्फ संग्रहालयों में बचे होंगे
आम-अमरूद-पीपल-बरगद
झूलों के साथ झूमती हुई डालियां
तो सिर्फ स्मृतियों के स्वप्न में दिखेंगी
कभी-कभार

और तितलियों के पंखों का रंग खरीदने
लोग पहुंच जाएंगे दुकानों पर

भौंरे और चिड़ियां
रोबोट की तरह दर्ज होंगे
कल्पनाओं में

कोई बच्चा यह भी पूछ लेगा कि
गौरैया को परिजनों की तरह
आंगन में दाना चुगने की अनुमति
कौन देता था

पूछ तो यह भी सकता है कि
जीवन की चिंता जला कर जब
लौट रहे थे सब और
पृथ्वी बदल रही थी लोहे में
तब हमारे पूर्वजों में दिल की जगह
क्या धड़क रहा था
दिमाग पर कौन-सा फंगस लग गया था
किसके लिए शांति प्रार्थनाएं हो रही थीं

यह भी हो सकता है
तब तक सवाल पूछने की परंपरा
ही न बचे
न ही पढ़े कोई इतिहास।

उम्मीद की ओट

पेड़ पर बचे आखिरी पत्ते का
अंतस अभी हरा है

किसानों के सपनों में खेत
बंजर नहीं हुए हैं

सड़ांध और गाद से भरी
नदियों में बहाव बचा है

आकाश में बिछे हुए हैं
अदृश्य तरंगों के जाल
फिर भी उड़ान भर रही हैं चिड़ियां

धूम-धड़ाक डीजे के शोर में भी
कूक रही है कोयल
उम्मीद की ओट में
जल रहा है
एक दिया
जिसमें बाती की जगह सपने हैं
और तेल की जगह पसीना

दिए की मद्धम रोशनी में
बैठी हुई मां के गर्भ में
एक बच्चा
करवट बदल रहा है
मृत्यु और जन्म के बीच
की कहानी पढ़ रहा है।

दिव्यांश, 72ए सुदर्शन नगर, अन्नपूर्णा रोड, पो.-सुदामा नगर, इंदौर-452009 (म.प्र.) मो. 9425314126

​