
युवा कवि। शोध छात्र, काशी हिंदू विश्वविद्यालय।
मामूली आदमी
वह जो समय की पीठ पर
सवार होकर चलता था
हँसता था गाता था नाचता था
मिलता था दिल खोलकर
जानता था दुनियादारी
आदमी को पहचान लेता था उसकी नीयत से
एक दिन अविश्वास की नदी में
कूदकर मर गया
मरने से पहले वह
किसी का बेटा था
किसी का भाई था
किसी का प्रेमी था
किसी का दोस्त था
हालांकि वह एक मामूली आदमी था
मरने से पहले मैंने उसे
पत्थर होते हुए देखा था।
हम उकताए हुए लोग
हम उकताए हुए लोग
कहां टिक पाते हैं एक जगह
हमारे हिस्से में रात भर भटकना है
सड़क के गड्ढों-सी जिंदगी में
चलने का शऊर कहां सीख पाए
प्रेम के नाम पर की गईं
सारी यात्राएं प्रेम विहीन रह गई
हर दावा हर भरोसा हर वचन
समय के साथ समय के हाथ मारा गया
घास के जिन खाली मैदानों में
खाई गई थीं सात जनम की कसमें
वहां खुल गई है बीयर की दुकान
जवानी के सिलेबस में
रोटी का सवाल कब प्रवेश कर गया
पता ही नहीं चला
माथे पर डिग्रियों का भार लिए भागता रहा मैं
तलाशता रहा कोई जगह, कोई कंधा
अपेक्षाओं के भार से दबा आदमी
आदमी नहीं रह जाता
मन की जेब का बटन
गुम हो जाता है समय के रेगिस्तान में
जिसकी तलाश में भटकता है वह
शहर-दर-शहर।
संपर्क : केसरी स्वीट हाउस हैदराबाद गेट, नाशीरपुर, वाराणसी–221005 (यूपी) मो.9450916312

