
युव कवि। संप्रति शांतिनिकेतन में अध्ययन।

प्रेम कभी अकेला नहीं होता
प्रेम से भरा व्यक्ति
कभी अकेला नहीं होता
प्रेम से भरा हृदय
कभी खाली नहीं होता
प्रेम हरसिंगार होकर खिलता है
बिछ जाता है स्वागत में
प्रेम दूब होकर फैलता है
ऊसर भूमि हो जाती है हरितिम
प्रेम मेघ होकर बरसता है
राग मल्हार होकर भिंगोता है
प्रेम जाड़े की धूप जैसी सेंक है
तन-मन में भर देता है सुकून
प्रेम बाउल गीतों में बिलखता है
अहोभाव के अश्रु से भिंगोता है
प्रेम कहीं कबीर जैसा मस्तमौला
कहीं रैदास जैसा है भोलाभाला
प्रेम कहीं सूर है कहीं है रसखान
प्रेम कहीं मीरा है कहीं नानक नाम
प्रेम रवींद्र का गीत है कविता है
प्रेम बुद्ध की करुणा की सरिता है
प्रेम महादेवी की प्रतीक्षा है मनुहार है
प्रेम विरह की वेदना का ज्वार है
सदियों से कायम रहा है
प्रेम का साम्राज्य
प्रेम कभी अकेला नहीं होता
सबका होकर सबके साथ होता है
हर हृदय में उल्लास के बीज बोता है।
संपर्क :स्नाकोत्तर द्वितीय वर्ष, श्री सदन छात्रावास, हिंदी विभाग, विश्व भारती, शांतिनिकेतन-731235
