
वरिष्ठ लेखिका। कविता संग्रह ‘जंगलों में पगडंडियाँ’, ‘पेड़ों पर हैं मछलियाँ’, ‘बारहखड़ी से बाहर’। संप्रति न्यायाधीश, बिहार न्यायिक सेवा।

सुबह के साढ़े छह बज रहे हैं। मौसम की ताजगी माहौल को खुशनुमा बना रही है। फूलों की डालियां ताजे खिले फूलों के वजन से झुकी जा रही हैं। सूर्योदय के साथ बिखरी स्वर्णिम छटा को देखकर ऐसा लग रहा है मानो सुबह की लालिमा में सोना बरस रहा हो। ऐसी ताजगी भरी सुबह हर दिन आती है, पर मन आज कुछ ज्यादा ही रोमांचित हो रहा है, क्योंकि आज कर्मा को छुट्टी मिलने वाली है। काफी दिनों से घर नहीं गया। आज तो उसके काम में गजब की फुर्ती है, सारे काम दौड़ भाग के कर रहा है। खिली-खिली सुबह में ठंडी हवा का वेग दिलों दिमाग को ताजगी भरने में काफी है। साफ सुथरा मैदान, हरी-हरी घास पर बैडमिंटन खेलते बच्चे शोर मचा रहे हैं। कर्मा के लिए मौसम आज अपनी पूरी शोखी दिखा रहा है। मन बहुत हल्का है। हालांकि पुराने पसंदीदा अधिकारी के ट्रांसफर और उनके स्थान पर धीर-गंभीर अधिकारी के आगमन से थोड़ी देर के लिए मन विचलित तो हुआ था, लेकिन सब चलता है भाई। पिछले पचीस सालों में वह न जाने कितने अधिकारी देख चुका है, कितने आए और कितने गए। भारी भरकम दमखम वाले अधिकारी, सूखे साखे चिड़चिड़े अधिकारी, सुंदर सलोने कम उम्र वाले अधिकारी, अपना समय काटते बुजुर्ग अधिकारी, कुछ कड़क मिजाज तो कुछ हल्के फुल्के मिजाज वाले खिलखिलाते हुए अधिकारी, कुछ ऐसे भी आए जिनके आने भर से ही मानों कि सरकारी मकान की रौनक ही चली गई, कुछ ऐसे आए कि कर्मा के गांव घर तक दावत में भी चले गए।
आज उसे बहुत जल्दी है, पूजा के लिए फूल तोड़ना है और साहब का खाना बनाकर दोपहर दो बजे वाली बस से ही घर के लिए निकलना है। शहर से कुछ खरीदारी भी करनी है, पिछले तीन वर्षों से पत्नी को एक भी साड़ी खरीद कर नहीं दे पाया, मां की बीमारी और बच्चों की पढ़ाई व बहनों के पीपीएफ में पैसा डालते डालते इतना कभी बचा ही नहीं कि बीबी के लिए साड़ी भी ले ले। इस बार पत्नी का भी अल्टिमेटम मिल चुका था अगर साड़ी नहीं लाए तो घर मत आना। कर्मा बीवी को बहुत प्यार करता है, पर खाली प्यार से क्या होता है, साड़ी के लिए पैसा चाहिए। हर काम पैसे से ही होता है। इस बार वह पत्नी की इच्छा जरूर पूरी करेगा। एक वही तो है जो उसके लिए आखें बिछाए हुए बैठी है, बिना किसी शिकवा शिकायत के, बाकी रही मां तो उसे बेटे का इंतजार तो है, लेकिन साथ ही साथ उसे अपनी दवाइयों की भी चिंता है, बच्चों को खिलौने चाहिए तो बहनों को अपनी फर्माईश के साजो सामान। बाकी तो सब मतलबी दुनिया के रिश्तेदार हैं। फिलहाल कर्मा ने जल्दी जल्दी फूल तोड़े और घर की तरफ भागा।
नए नवेले आईएएस अधिकारी के सरकारी आवास के अहाते के बाईं तरफ बॉउंड्री के बाहर की ओर पीले गुलाबी गुलहड़ के फूलों की लटकती हुई डालियां बड़ी ही खूबसूरती बिखेरती हैं, जितनी वे बाहर की तरफ लटकी रहती हैं उससे ज्यादा भीतर की ओर झुकी हुई हैं और साहब का चपरासी कर्मा रोज सुबह-सुबह उन पीले गुलाबी फूलों को कभी बाहर से तो कभी अंदर घुसकर तोड़ता रहता जबतक कि कोई उसे दुत्कारकर भगा नहीं देता। वह यहां की भाषा में नालायक लतखोर हो चुका था। जिसके कंपाउंड में घुसकर फूल तोड़ा करता उसी के यहां से लताड़ पड़ती, लेकिन कर्मा मुसकराता हुआ ही निकलता जोर से सिर हिलाते हुए कान पकड़ते हुए, ‘हमनी के अब न आबो, माफ करीं।’ यही रटा-रटाया वाक्य बोलकर चलता बनता। दिन भर मुस्कराता हुआ लगभग सभी घरों में जो भी काम बताया जाता वह मन लगाकर करता। हालांकि वह चपरासी सिर्फ एक का था, लेकिन सबकी बात सुनता। किसी को उससे कोई शिकायत नहीं है, काम ने उसको सबका लाड़ला बना दिया है। किसी के बच्चे को स्कूल पहुंचाना हो या कोई समान लाना हो, कर्मा ने कभी न नहीं किया और बदले में कुछ नहीं। अगल-बगल की दावतों में बिना बुलाए चला जाता और चार हलवाइयों के बराबर अकेले काम निबटा देता। कालोनी में किसी के यहां भी रिश्तेदार आते, तो वह बैरा बनकर खिदमतदारी करते हुए घरों में घुसा रहता, किसी को कोई आपत्ति नहीं थी, क्योंकि उसका चरित्र किसी भी शंका से परे था। वैसे भी आजकल मुफ्त में काम करने वाले मिलते कहां हैं।
उसे लाल गुलहड़ बहुत पसंद है लिहाजा साहब की कालोनी में बिना परमिशन के ही घुस जाता है, न जाने कितनी बार झिड़कियां मिलीं, लेकिन उसने अंदर जाना नहीं छोड़ा। उस अहाते में अन्य भी कई अधिकारी रह रहे थे। इससे पहले भी वह उनके कंपाउंड में घुसकर ही फूल तोड़ा करता था। एक दिन यहां पर पुराने ऑफिसर से काफी डांट लगाने के बाद उसे समझ में आया कि वहां से फूल नहीं तोड़ना है। वह निरा बेवकूफ था, आदतन मजबूर सौ बार डांट खाकर एक बार सुधरता था, वह भी कुछ समय के लिए। स्थायी सुधार होता भी नहीं था।
आज फिर कालोनी में घुसकर फूल तोड़ने पहुंच गया। वही होना था जिसका डर था, फिर से एक डांट लेकिन फिर भी भागते-भागते उसने कुछ फूल तोड़ ही लिए। हमेशा नंगे पांव चलने वाला आदमी, टीशर्ट गाहे बगाहे पहनी तो पहनी, नहीं तो नहीं। जब-जब उससे कहा गया कि वह वर्दी में रहा करे, तो हर बार उसकी वर्दी धुलने गई होती। इतने दिनों में शायद उसको एक बार भी वर्दी में नहीं देखा गया था। पहले साहब बड़े गरम मिजाज आदमी थे, बहुत जबरदस्त डांट लगाते थे, लेकिन गुस्सा उतरते ही फिर मामला ज्यों का त्यों हो जाता। पहले डांटते थे, फिर प्यार से पुचकार लेते थे। यही वजह थी कि वह कभी नहीं सुधरा। उसका वही हाल रहा, क्योंकि वह जानता था कि साहब एक बार बुलाएंगे, डांट खिलाएंगे और फिर नरम होकर स्नेह भरा बर्ताव करने लगेंगे। वह साहब के व्यवहार से बखूबी परिचित था लिहाजा उनके कार्यकाल में इसका भरपूर फायदा उठाया। समय बीता, कर्मा कभी न सुधारने वाला जीव था, सो न सुधरा, बल्कि पुराने साहब का ट्रांस्फर होने के कारण उसकी आजादी में इजाफा ही हुआ।
लगभग एक माह के बाद नए साहब ने मंगलवार की शाम पदभार संभाला। अभी कुल मिलाकर चार दिन ही हुए हैं नए साहब को जिनके मिजाज का अभी अता पता नहीं है। नरम भी हो सकते हैं और पुराने साहब की तरह गरम मिजाज भी। देखने में तो रौब व दर्प में डूबे हुए गंभीर मिजाज लगते हैं। परंतु जब से नए साहब आए हैं वह थोड़ा सुस्त व उदास हो गया है, सबसे उस चहक के साथ नहीं मिलता। बात क्या है कौन जाने, अंदर की बातें कर्मा ही जनता है। चूंकि आज उसे जाना है तो थोड़ा खुश है। वह उसी लटकती हुई डाली से फूल तोड़ रहा है, वह भी उसी कैंपस की दीवार से लटकी डाली से, जहां जाना मना किया गया था। लगभग गुनगुनाते हुए धीमी आवाज में धीरे-धीरे कर्मा अपना काम किए जा रहा है। तभी जोर से तड़ाक सी बोली सुनाई दी जो सारे वातावरण में बारुद की गंध सी गूंज गई। बोली की गोली कर्मा के कान के परदे से टकराई। ‘अबे कर्मा की औलाद, कहां मर गया तू’। पहली बार एक झनझनाती नई बोली से कर्मा कुछ असहज सा हो गया। वह इस तरह के संबोधन का आदी न था। आधे फूल हाथों में और आधे गिराते हुए कर्मा नंगे पांव उल्टे भागा। गिरते पड़ते किसी तरीके से साहब के दरवाजे तक पहुंचा, ‘जी हुजूर… जी आ गया, फूल तोड़ रहा था, बगल से’। ‘नालायक! तुझे पता नहीं कि यह मेरे वाकिंग का समय है और मेरे जूते कहां रखे हैं? न जूते हैं न उस में लेस पड़ी हुई है। और मोजों का तो अता पता ही नहीं’
‘जूते अभी तुरंत देता हूँ साहब, मोजे पिछली बालकनी में सूख रहे हैं, अभी लाता हूँ, साहब बस एक मिनट।’
‘अबे साहब के बच्चे, तुरंत नहीं लाया तो नौकरी से बैठा दूंगा।’
कर्मा झट से एक साइड में फूल रख कर भागा और एक मिनट के भीतर जूते लाया, जल्द से जल्द साहब को मोजे दिए ‘ठीक है ठीक है अपना काम कर।’
इतने में ही साहब की निगाह शू-रेक पर पड़े फूलों पर पड़ गई। एक बार फिर साहब गरजने लगे। ‘अबे नालायक, पूजा में फूल चढ़ेंगे या किसी की मातम पुर्सी में चढ़ाने हैं। फूलों को इतनी गंदी जगह रखता है, तुझे आज तक यही नहीं पता चला कि पूजा के फूल कहां रखे जाते हैं?’
‘माफ करना साहब, गलती हो गई।’
‘क्या माफ करना, माफ करना लगा रखा है। गधे की औलाद, तुझे तो कभी कुछ करना आएगा ही नहीं।’ जूते की लेस बांधते हुए, ‘अच्छा ये बता, कल सुबह क्या बात हुई थी?’
‘कौन सी बात हुजूर?’
‘कौन सी बात! बताता है या…’ कर्मा डर के मारे टेप रिकार्डर-सा चालू हो गया, ‘साहब कल सुबह फूल तोड़ने गया था सामने वाले कैम्पस में तो सामने वाले साहब की मेमसाहब बोली कि हमारे यहां से फूल मत ले जाया करो’, ‘बाकी लोग कहां से ले जाते हैं?’ ‘पता नहीं हुजूर, फिर वह बोली कि तुम ही सारे फूल ले जाओगे तो हम पूजा कैसे करेंगे, इतनी सी बात हुई थी साहब और कोई बात नहीं, वैसे भी गलती उन्हीं की है।’
‘पगला है क्या तू? मैंने तुझसे मना किया था न।’
‘जी साहब।’
‘तो फिर तू क्यों गया? सामने वाले की गलती कैसे हुई, जब तुझे मना कर दिया था उसके पास नहीं जाना है, किससे पूछ कर गया था?’
‘माफ कर दीजिए हुजूर।’
‘मैंने आज तक किसी को दोबारा गलती पर माफ नहीं किया समझे। आज तक न जाने कितने लोगों को सस्पेंड करवा चुका हूँ।’
साहब तो साहब ठहरे, कहां मानने वाले थे। अभी तो बैडमिंटन खेलने के लिए निकल चुके थे पर कर्मा के मन के भीतर खलबली मची हुई थी। क्या कोई इतना भी वेशील हो सकता है कि जरा सी बात पर पेट पर लात मार दे। उसका दिमाग बूढ़ी मां का इलाज, बिन बियाही दो बहनें के लिए शादी का इंतजाम और दो मासूम बच्चों की पढ़ाई लिखाई के इर्द गिर्द घूमने लगा। खैर, पत्नी की तो कोई खास फरमाइश ही न थी और अगर होती तो भी वह इकलौती तनख्वाह में नहीं कर पाता।
इधर कर्मा आदतन आवास की चहारदीवारी के सट कर खड़ा हो गया और अगल बगल की खैर खबर लेने लगा। बातों-बातों में एक घंटा यूं ही गुजर गया। इसी बीच बैडमिंटन खेल कर आए पसीने में तर-बतर साहब कर्मा को चार गालियां देते हुए भीतर घुसे और घुसते ही अखबार टटोलने लगे। अखबार न पाकर आग बबूला हो उठे साहब ने जोर से एक आवाज दी, ‘अखबार कहां है, क्या अखबार को टेबल पर नहीं होना चाहिए? क्या तुझे नहीं पता कि यह अखबार पढ़ने का समय है?’ ‘जी सरकार मैं अभी लेकर आता हूँ’, कर्मा बाहर की ओर दौड़ता हुआ बाहर गया, चारों घर के कोने छान मारे, लेकिन उसे अखबार नहीं मिला। बेचारा कर्मा मायूसी से मुंह लटका कर खड़ा हो गया।
‘सरकार नहीं मिल रहा’ – जबाब सुनते ही साहब ने सामने रखा भरा हुआ पानी का गिलास उठा कर फेंक दिया- ‘अबे नालायक, तुझे पता है, मैं रोज अखबार पढ़ता हूँ।’
कर्मा बेचारा डर के साथ कांपने लगा। सांसें ऊपर की ऊपर नीचे की नीचे अटक रही थी। मन में तरह तरह के सवाल उपजे, कैसा आदमी है ये! इतना गुस्सैल, क्या ऐसे लोग भी हैं दुनिया में। ऐसा लगा मानों आज ही उसका सस्पेंशन का आर्डर आने वाला है, परंतु इतनी देर में बाहर गेट पर घंटी बजी और देखा कि अखबार वाला बाहर खड़ा था, पैसे लेने आया है। उसने बताया कि आज अखबार नहीं डाला है। जैसे ही यह बात उन्हें पता चली ‘अबे नालायक, तू यह बता नहीं सकता था कि आज अखबार नहीं आया था’ फिर से एक क्लास लगी। हड़बड़ी में कर्मा के दिमाग से उतर गया था कि अखबार वाले ने अखबार नहीं डाला अन्यथा वह रोज की तरह उससे गपशप किए बिना नहीं रहता था।
आजकल दिमाग में पहले जैसी बात नहीं है, कुछ ज्यादा ही भुलक्कड़ हो रहा है। तनाव सिर चढ़कर बोल रहा है। इतना तनाव उसके मस्तिष्क में भर चुका है कि वह सीधी बातों को उल्टी और उल्टी बातों को सीधी समझ लेता है, काम में मन भी कम ही लगता है। बड़ी शिद्दत से पुराने ऑफिसर को याद किया, हे भगवान! मेरे मालिक! जहां भी रहें उन्हें खुश रखे। लंबी आयु मिले, बाल बच्चे सफल हों। उनके समय में कितने आराम से काम किया। कितना उनको परेशानी होता था लेकिन पेट पे लात नहीं मारे साहब। न जाने कितनी बार उनका काम बिगड़ा, लेकिन साहब तो भगवान की तरह थे, कभी इस तरह नहीं डांटा। कर्मा ने ऊपर आकाश की तरफ देखा, मानों पुराने साहब की सलामती की दुआ मांग रहा हो। कर्मा नए साहब को दिन-रात कोसता है। आज हुए वाकये से वह पूरी तरह समझ चुका था कि अब उसे कोई छुट्टी नहीं मिलने वाली है। पूछना भी बेकार है। उसने साहब से कुछ नहीं पूछा, और खाना बनाने में जुट गया। पर आज उसका दिमाग यहां नहीं था, दूर अपने गांव में कहीं घूम रहा था। रोटियां जल गईं, सब्जी में नमक ज्यादा हो गया। भगवान का लाख-लाख शुक्र था कि बाहर से एक न्योता आ जाने की बजह से साहब किसी के यहां खाने पर चले गए। आज तो भगवान ने ही उसे बचाया। पूरा दिन इसी तरह बेचैनी में गुजर गया पत्थर का बुत बना हुआ। मानों धड़कन समाप्त हो चुकी हों। आसपास की हलचल से एकदम बेखबर। उसे घर की याद के साथ-साथ मां की बीमारी, पत्नी की शांत आंखों की इच्छाएं, बच्चों की फीस और खिलौने, बहनों की आस, सब कुछ बिखरता नजर आ रहा था। उसमें अब इतनी सामर्थ्य नहीं बची थी कि वह कुछ और सोच सके सिवाय रात का खाना बनाने के।
दिन के उजाले का आखिरी सिरा पकड़े हुए शाम कब खिसक आई, पता ही न चल सका। पक्षी झूलते, हिलोरें लेते झुंड बना कर अपने घरों की ओर चहचहाते हुए वापस लौट रहे थे। उन्हें आकाश में हिलोरें लेते और अटखेलियां करते हुए देखना दिल को तसल्ली देने जैसा था। काश मैं पक्षी होता, मस्त गगन में पंख पसार उड़ता रहता और न किसी की डांट का डर न आदेश की अवहेलना का डर। शायद इससे खूबसूरत जीवन कोई और हो ही नहीं सकता। अभी ये सब सोच ही रहा था कि अचानक से बहुत तेज आवाज आई, ‘कर्मा… कर्मा…’। कर्मा झटपट कूद कर भागा। जल्दबाजी में कमीज पहनना भूल गया, साहब के सामने जाकर, ‘जी हुजूर मालिक, बोला जाए’ कर्मा को अर्धनग्न अवस्था में देखकर साहब का पारा सातवें आसमान पर जा पहुंचा।
‘अबे नालायक, अधिकारी के सामने कैसे खड़े होते हैं तुझे आज तक किसी ने सिखाया नहीं। कमबख्त तुझे सस्पेंड करना जरूरी है, ताकि अक्ल आ सके कि अधिकारियों के साथ कैसे रहा जाता है।’
कर्मा हाथ जोड़ कर बैठ गया, वह अपनी सफाई देना चाहता था। पर साहब कहां सुनने वाले थे, कर्मा हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, साहब टस से मस न हुए। तो कर्मा दो मिनट के बाद उठकर जाने लगा। ‘कहां जा रहा है, तुझे नहीं पता कि यह कौन सा समय है, किस काम का वक्त है’।
शाम के समय ऑफिसर्स क्लब में शहर के सभी आला अफसर बैडमिंटन खेल कर अपने शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखते थे। यह याद आते ही उल्टे पांव भागा कर्मा और झट से जूते मोजे और रैकेट उठा लाया। मालकिन के मोजे देखकर साहब को हँसी आ गई। इस बार कुछ न हुआ, कोई क्लास नहीं।
साहब के गुस्से का दबाव इस कदर उसके ऊपर हावी था कि वह सोचता कुछ और करता कुछ। कुछ देखता कहीं चल देता, कहीं जाना होता और किधर मुड़ जाता। बड़ी समस्या और उलझनों का सामना कर रहा था कर्मा आज तक उसने इस तरह के साहब का रौब अथवा धमक नहीं देखी थी। वह लगभग आधा पागल हो चुका था और दिन रात अपने घर में ही खोया रहता। घर में बुजुर्ग मां और छोटे–छोटे बच्चे, जो सिर्फ उसकी तनख्वाह पर ही पल रहे थे। मां की दवाई और छोटी बिनब्याही बहनों के हाथ पीले करने की उम्मीद उसकी तनख्वाह पर ही टिकी थी। दिन रात वह अपनी नौकरी के बारे में ही सोचता रहता।
स्वाभाविक रूप से फक्कड़ और मस्त आदमी की हालत एक निरीह प्राणी के रूप में तब्दील हो चुकी थी। एक अज्ञात भय उसके सपनों में भी उसे डराता रहता। वह सोचता, अगर वह सस्पेंड हो गया तो घर में फांकों की नौबत आ जाएगी। वह नहीं चाहता कि घर की औरतें या लड़कियां बाहर कमाने जाएं। पत्नी कुछ आमदनी के लालच में अगल-बगल की औरतों के ब्लाउज और पेटीकोट सिलती थी। पत्नी का कमाना कर्मा को स्वाभिमान के खिलाफ़ लगता था। यही वजह थी कि उसे कभी भी यह पसंद नहीं आया और घर में क्लेश से बचने के लिए पत्नी ने सिलाई छोड़ दी, अब वह पूरी तरह से कर्मा पर ही निर्भर थी। अगर नौकरी चली गई तो… इतना सोचते ही वह ग्लानि से भर उठता।
यूं ही किसी तरह दिन गुजर रहे थे, उसने पैसा किसी तरह घर भिजवा दिया था, भले ही जा नहीं पाया, परंतु इस बात की तसल्ली थी कि पैसा पहुंच गया। कम से कम मां का इलाज चलता रहेगा। एक दिन अचानक कर्मा के घर से फोन आया कि उसकी अस्सी साला बुजुर्ग मां नल के पास फिसल कर गिर गई, कूल्हे की हड्डी टूट गई है। डॉक्टर ने ऑपरेशन बताया है। वह एक बार ऐसी गिरी कि दोबारा उठ ही न सकी। फोन से ही पता चला कि वह लगभग बिस्तर पकड़ चुकी है और अपने बेटे का आसरा देख रही है। ऐसी परिस्थिति में भी अगर कर्मा न जाए तो लानत है ऐसे बेटे पर। आज उसने सोच लिया, या तो मालिक छुट्टी देगा या वह सस्पेंड होगा। मालिक से छुट्टी मांगने के लिए सिर उठाकर बड़े ताव से साहब के कमरे में पहुंचा, लेकिन ठिठक कर पावं रुक गए। क्या क्या सोचा था बोलने के लिए, पर हिम्मत कहां जो छुट्टी मांगता। फिर भी हिम्मत जुटा कर एक सांस में उसने साहब से पूछ ही लिया। ‘साहब आपसे कुछ कहना है।’ बड़े ही दंभ और तेजी में मस्तिष्क ऊपर उठाकर साहब ने त्योरी चढ़ाते हुए पूछा- ‘हां बोल, क्या चाहिए?’ बड़ी विनम्रता से कर्मा ने कहा, ‘सरकार पांच दिन की छुट्टी चाहिए।’ ‘पांच दिन…! साहब इतनी जोर से चीखे कि कर्मा के कान में सीटी बजने लगी, उसके बाद के शब्द सुनाई ही न दिए। थोड़ी देर सिर झुकाए खड़े रहने के बाद उसने बड़ी विनम्रता से कहा, ‘सरकार मां बीमार है।’ ‘क्या तुम्हारे अलावा और कोई नहीं है, जो उसको देख सके।’
‘जी नहीं।’
‘तुम्हारे घर में कौन-कौन है?’
‘दो बहनें, बच्चे और पत्नी।’
‘अच्छा, तो भरा-पूरा परिवार है।’ बड़ी जोर से हामी भरते हुए साहब ने अपना चिंताजनक मुद्रा में अपने गालों को फुलाया और बोले, ‘ये कहो, तुमको छुट्टियां बिताने के लिए कहीं घूमने जाना है और घूमने के लिए समय चाहिए। मां की बीमारी का बहाना लेने की क्या जरूरत है।’
‘किसी से पूछ लीजिए साहब। सुबह ही फोन आया है।’
‘अच्छा, तो तुम्हारी प्लैनिंग पहले से है।’ बेचारा कर्मा आगे कुछ न कह सका। ‘इतने लोग तुम्हारी मां की देखभाल के लिए काफी नहीं है। तुम लोगों को शरम-वरम नहीं आती है क्या या कहीं बेच खाई है। खाना नहीं बनेगा क्या आज?’
कर्मा स़िर्फ इतना ही कह पाया कि… ‘मां की अंतिम इच्छा…’
‘देखो, आज शाम को मेरे एक बचपन के मित्र आ रहे हैं, परिवार को लेकर पहली बार आ रहे हैं। बढ़िया खाना बनाओ। कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।’
-‘साहब’
-‘आउट… आउट…’
बेचारा कर्मा रसोई में जाकर खड़ा हो गया। ऐसा नहीं था कि घर में काम करने के लिए केवल कर्मा ही था, बल्कि घर में बहुत सारे नौकर थे। कुछ ऊपर का काम करने वाले, कुछ खाना बनाने वाले तो कुछ सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहने वाले थे। ऐसा भी नहीं था कि उसे छुट्टी देने के बाद साहब की आरामदायक जिंदगी में कोई खलल पड़ती। लेकिन साहब, आदतन छुट्टी पर जाना पसंद नहीं करते थे।
शाम हुई, एक सभ्रांत और समृद्ध परिवार के चार सदस्य खाने पर आए। बड़े ही सुंदर, सुंदर सलीके वाली पोशाकें पहने हुए पूरा परिवार गजब का खूबसूरत लग रहा था और उनके आते ही घर में रौनक हो गई। पूरे घर में चहल कदमी और शोर शराबे का माहौल हो गया। पूरे घर में हा-हा ही-ही की आवाजें और कहानियां चुटकुले होने लगे। कर्मा की आंखों में खुशी का एक लम्हा भी न था और वह इस उदास शाम का हाथ थामे हुए कमरे की चौखट के किनारे पर माथा टेके हुए खड़ा रहा। वह उन लोगों की खुशी में शामिल नहीं हो सकता था, क्योंकि उसका दिमाग तो अपनी अंतिम सांसें गिनती बूढ़ी मां में लगा था, जो अंतिम समय में अपने बेटे को याद कर रही थी। कर्मा ने जी जान लगाकर खाना बनाया। अपने हिसाब से बहुत अच्छा खाना बनाने की कोशिश, क्योंकि वह बहुत अच्छा खानसामा था। इसलिए खाना बनाने पर शायद ही कभी साहब ने उसे डांटा हो। फिलहाल खाने को खूबसूरती से परोसा गया और आला दर्जे के अफ़सर खाना खाने बड़े इत्मीनान के साथ बैठे। क्या पता था कि पहला निवाला मुंह में डालते ही आफत आ जाएगी, ‘कर्मा तू पागल हो गया है क्या? सब्जी में चीनी डाल रखी है।’ कर्मा डर से कांपने लगा। ‘हे ईश्वर! हमसे यह क्या गलती हो गई’ कर्मा धोखे से बगल में पिसी हुई चीनी जिसे खीर में डालना था नमक समझकर खाने में डाल गया था। कर्मा के पूरी तरह से अवसाद में डूब जाने का उदाहरण आज साहब के सामने था।
कर्मा का बचपन गरीबी के शापित इतिहास के रूप में गुजरा था। वह किसी तरह पढ़ाई करके यहां तक पहुंचा था और गरीबी में पले-बढ़े होने के कारण वह कभी भी पुनः उस गरीबी के नरक में नहीं जाना चाहता था। पुरानी बातों को याद करके उसके चेहरे की मुस्कान चली जाती थी और बदले में उसके मन में तैरती घृणा और नफरत। वह यह तय नहीं कर पा रहा था कि उसे आगे नौकरी करनी चाहिए या काम छोड़ देना चाहिए? एक तरफ स्वाभिमान तो दूसरी तरफ बच्चों, पत्नी, बहनों और मां की अपनी जरूरतें। उसने बहुत पहले बचपन में सुन रखा था कि कष्टों से आदमी के चरित्र में निखार आता है, पर यहां तो उसके चरित्र में निखार की जगह बिखराव हो रहा है। वह पूरी तरीके से अवसाद की गिरफ्त मे आ चुका था। यदि इस अवसाद से बाहर वह नहीं निकला, तो वह शायद आत्महत्या कर लेगा। वह इन परेशानियों से रोज जूझता हुआ एक बेहतर निष्कर्ष की ओर बढ़ना चाहता था। नौकरी करना भी चाहता था और सम्मान भी पाना चाहता था, लेकिन इस समय दोनों में से किसी एक को ही चुना जा सकता था।
सिर्फ खाने में नमक की जगह चीनी डालने की सजा बतौर उसे अपनी नौकरी से सस्पेंड होना पड़ा। सस्पेंशन जहां साहब के लिए एक छोटा सा आदेश था, तो दूसरी ओर कर्मा के लिए संपूर्ण जीवन का बिखराव था। उसके व्यक्तित्व को फिर से गरीबी की काली छाया ने आक्षादित कर लिया। जिसके बारे में वह कभी भूल से भी सोचना नहीं चाहता था, उसी का सामना उसे करना पड़ेगा। उसने जान बूझकर आज तक किसी को दुख नहीं दिया।
वह अपने सारे कार्यों को इस प्रकार करता कि किसी को कोई कष्ट न हो। उसने अपने पारदर्शी चरित्र में किसी भी प्रकार का कोई नाटक नहीं रखा। अपना पुराना बक्सा और दो जोड़ी कपड़े लेकर वह खाली हाथ अपने गांव की ओर चल पड़ा। गांव की कोर पर पहुंचा ही था कि मां के गुज़रने की खबर उसे मिल गई। विनोद… तुम कहा थे, तुम्हारी मां बेचारी तुम्हारी राह देखते-देखते गुजर गई। दो-चार दिन पहले आ जाते तो शायद उसे कुछ और सांसें मिल जातीं। हाथ से टीन का बक्सा गिर गया। हृदय के भीतर गहरी संवेदनाओं का शीशमहल चूर-चूर हो गया। तेज बादलों की गड़गड़ाहट के साथ आए अंधड़ ने सारा शरीर धूल-धूसरित कर दिया। जीवन में एक साथ अनेक कष्टों का आना किसी विस्फोट से कम नहीं था। मां के गुजरने के बाद उसके अंतिम रस्मोरिवाज और श्राद्ध करने में होने वाले खर्च, बच्चों की फीस और बहनों की शादी- सारी चीजें एक साथ उसके दिमाग में घूमने लगीं। वह शांत था और एक नितांत असहाय निरीह की भांति दरवाज़े के बाहर रखे हुए अपनी मां के पार्थिव शरीर को एकटक देखे जा रहा था।
संपर्क :अपर ज़िला न्यायाधीश (पॉक्सो), सिवान– 841226 बिहार मो. 8709755377


