
वरिष्ठ कवयित्री। प्रकाशित कृतियां: ‘जंगलों में पगडंडियां’, ‘युद्ध में जीवन’, ‘क्षितिज हथेली पर’, ‘बारहखड़ी से बाहर’ ‘पेड़ों पर हैं मछलियां’। संप्रति जिला न्यायाधीश, बिहार न्यायिक सेवा।
दरअसल
दरअसल तुम्हारी बातें हैं मेरे अकेलेपन की बांसुरी
ठीक वैसे ही जैसे तुम्हारी चुप्पी झरती है
मेरे मौन के आंगन में रात की रानी की तरह
कभी-कभी तो तुम्हारा कुछ न कहना ही
बन जाता है
मेरे भीतर खलबली का सवाल
आकाश, बादल, पेड़
झरना, नदी और जंगल का सन्नाटा
ये सभी रहस्य हैं
किसी चंचल सुंदरी की तरह
मैं खुद के लिए बनाती हूँ
ढेर सारे आवरण
दीवार और अभेद्य चहारदीवारी
पर तुम्हारी शातिर मुस्कुराहट सेंध लगाती है
एक हुनरमंद शिकारी की तरह है
आभास है कि एक दिन
तुम्हारे अभिनय के अंत में
मैं ही अभिनेत्री होऊंगी घोषित
एक दिन बनेगा
मेरा एकांत तुम्हारे मन का संगीत
बदल रही है सांझ
बदल रहा है चांद
बदल रहा है आखिरी प्रहार
बदल रही है धरती प्रतिदिन प्रतिपल
बदल रहा है प्रेम गहरे रंग में घुला हुआ
बदल रही है कविता
शब्द दर शब्द विश्वास की रोशनाई के साथ।
बस इतना ही तो सवाल था
बस इतना ही तो सवाल था
जब अचानक से रुक जाए मुट्ठी भर सांस
और बीचों बीच जिंदगी के खड़ी हो जाए गाड़ी
उससे पहले ही तुम पढ़ लेना
अपने हिस्से की ईश्वरीय चिट्ठियां
अपने हिस्से की कविताएं
दुनिया का कोई आदमी
कविताएं पढ़ते वक्त हिंसक नहीं हो सकता
न ही भूल सकता है मनुष्यता की तहजीब
सुनो
कुछ देर ठहरो अभी
तुम मुझे थोड़ी-सी नदी
मुट्ठी भर आकाश
और डेग भर हरियाली दे देना
मैं बिना देखे कैलेंडर की तारीखें
अपने शहर में उगाऊंगी
संवेदना के वृक्ष
अधसुलगे चूल्हे की तरह
नहीं भ्रमित होगा मेरा मन
दूसरों की पीड़ा समझती हुई मेरी कविता
और दूसरों के दिलों में बसा हुआ साहित्य
यकीनन
बनाएगा संवेदनशीलता का झरना।
निरुत्तर
अपने छोटे-से बच्चे से कहा
कि साक्षात्कार के दौरान जबाब देना
तुम्हारी सबसे बड़ी खूबी है- सच बोलना
बेटे ने यह कहकर-
कि सबसे बड़ा झूठ है यह कहना
‘मैं सच बोलता हूँ’
मुझे निरुत्तर कर दिया।
स्मृतियां
स्मृतियों के बीज
बोए नहीं जाते
स्मृतियां मस्तिष्क में
उग आती हैं बार-बार
विशाल वृक्ष की तरह
जंगली घास-सी
बिना खाद
बिना पानी
रोशनी की आस में
कुछ ज्यादा गहरी और हरी
मजबूत किसी किले की तरह
बारिश में किसी काई-सी
जकड़ती हैं जेहन
जिस तरह जकड़ता है कोई वायरस
नसों और पसलियों को।
खुशी बनाम दुख
कोई ओढ़ ले खुशी
तो दुख कैसे आएगा
सूरज को ढकते हुए
बदल जाता है बादल का मिजाज
ढकने से नहीं हो जाता
किसी का अस्तित्व समाप्त
वह फिर बार-बार उगता है
ढके जाने के लिए।
वो रास्ता भी क्या
वो रास्ता भी क्या
जिसमें दूरी का हिसाब हो
दिल की ये ख्वाहिश है
कि मेहनत हो, हुनर हो
मंजिल बेहिसाब हो
कब ये चाहा कि मिले राह फूलों भरी
कुछ पत्थर मिलें
कुछ कंकर मिलें
कुछ कांटों का भी हिसाब हो
मैं नहीं चाहता ये मुफ्त की बैसाखियां
कुछ दर्द, कुछ शिकन
पावों के छालों का भी साथ हो
और अब तो
बहुत कुछ सिखा चुकी है जिंदगी
चलो बैठो
कुछ मेरी मेहनत
कुछ फैसलों पर भी बात हो।
संपर्क : अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिविल कोर्ट, बिहार शरीफ, नालंदा, बिहार -803101 मोबाइल 8544426808

