युवा गजलकार। ‘बस इतना ही’ (कविता संग्रह), ‘शरद की धूप’ (ग़ज़ल संग्रह)।संप्रति अध्यापन।

 

गजल

1.
ख़ुशी के गीत आख़िर गुनगुनाएं हम भला कब तक
बताओ, दर्द में भी मुस्कुराएं हम भला कब तक

छुपा भी लें अगर हर बार अश्कों को निगाहों में
मगर इस ज़र्द चेहरे को छुपाएं हम भला कब तक

हमें बर्बाद करने को है आमादा हमारा दिल
करे जो ख़ुदकुशी उसको बचाएं हम भला कब तक

हवाओं ने तो जैसे ठान ली इसको बुझाने की
चिराग़ आख़िर जलाएं तो जलाएं हम भला कब तक

भरोसा टूटने में ही हमारी उम्र गुज़री है
बताओ तो, किसी को आज़माएं हम भला कब तक

किसी की ग़लतियों को माफ़ करना भी ज़रूरी है
मगर हर बार ग़लती भूल जाएं हम भला कब तक

हमारे अक्स का हर एक पहलू जो दिखाता हो
नज़र उस आइने से ही चुराएं हम भला कब तक।

2.
जा पहुंचा मैं दुश्मन के घर, करता क्या?
मुझको था अपनों का ही डर, करता क्या?

मैंने मेहनत को ही मुकद्दर मान लिया
क़िस्मत में थे कंकर – पत्थर, करता क्या?

ज़ंजीरों से बांध लिया ख़ुद को मैंने
पांवों में थे केवल चक्कर, करता क्या?

अब तो परिंदा पिंजरे में ही था मह़फूज़
सैयाद ने जब काट दिए पर, करता क्या?

छत – दीवारें खंडहर में तब्दील हुए
मैं बैठा उस घर के भीतर करता क्या?

मैं अपनी मस्ती में चलता बंजारा
मेरे साथ भला तू चलकर करता क्या?

पिघलाकर क़लमें शमशीर बना लाया
दौर ए जंग में कोई शायर करता क्या?

राम कृपा कुंज, नजदीक सेतिया पैलेस,  बाईपास रोड़, ऐलनाबाद, जिला सिरसा (हरियाणा–125102 मो. 9813561237