गुजराती कवि-नाटककार। तीन कविता संग्रह और तीन नाटक प्रकाशित।

 

 

मां जी

जब मां जी ने
बंबई की सड़कों की ओर देखकर कहा कि
कितना बदल गया है इलाहाबाद
तो बेटा चौंक उठा

उसे लगा कि अब तक भली-चंगी मां जी को
उम्र के कारण सिर्फ सुनने की ही समस्या थी
लेकिन यह तो …
मां जी ने तभी तपाक से
मोटर गाड़ी की खिड़की खोली और
सी-लिंक के समुद्र की ओर सिक्का उछालते हुए
हाथ जोड़कर बोली ‘जय हो गंगा मैया!’
बेटे की गाड़ी नाव की तरह
हिचकोले खाने लगी।

असली मुसीबत तो तब शरू हुई
जब मां जी ने चिल्लाकर कहा
‘घर के दरवाजे क्यों बंद हैं?’
खोल दे
बाहर तेरे बाउजी खड़े हैं’
बेटे ने दरवाजा खोलकर दिखाया
और कागज पर बड़े अक्षरों में लिखकर कहा
‘मां जी, देखिए बाहर कोई नहीं आया है’
तभी आखों की पुतलियां नचाते हुई
मां जी बोल पड़ीं
‘लगता है गुजरांवाला वापिस लौट गए’

जैसे सांड पगला जाता है
बार-बार मां जी का दिमाग भी सटकता है
भंवर में फंस जाता है उनका मन
वे अतीत का विलाप वर्तमान में करती हैं
समय में उल्टे पांव चलती हैं
मां जी का मन
स्मृति की उस डाली पर जा बैठा था
जिसके ऊपर कोई आसमान नहीं था

भला-बुरा बहुत कुछ
मन में जड़ें जमाए बैठा हुआ होता है

जीवनभर श्लोक पाठ करनेवाले
अंतिम समय में बकते हैं गालियां
नास्तिक सिद्ध हुआ व्यक्ति
होंठों पर मंत्रोच्चार करता
निकल पड़ता है अंतिम यात्रा पर
जीवन भर मानस पढ़ने से भी
मन से जाती नहीं है मंथरा
या फिर नहीं बसते हैं मन में राम!
इसका प्रमाण बेटे को तब मिला
जब मां जी ने दरवाजा उढ़काकर
उसके कानों में कहा
‘ये पर-जात की बहू
कभी न कभी तुझे जहर देकर मार डालेगी’
कैसी भी गुत्थी क्यों न हो
सिरा मिले तो सुलझाई जा सकती है
लेकिन मां जी तो बेसिरे की गुत्थी थीं

बेचैन बेटा
कागज पर बड़े अक्षरों में लिखता है
‘आपको जो दिखता है वह भ्रम है
जो सुनाई पड़ता है वह भी मिथ्या है
घर के दरवाजे खुले हैं
बाउजी उन्नीस सौ सैंतालीस में
परलोक सिधार चुके हैं
आप शांति से रहिए
सब आपकी सेवा में लगे हैं
व्यर्थ के डर और बुरे विचारों को
मन से निकाल दीजिए
मां जी पढ़ती हैं
और उनकी आंखें
बंबई के नए फ्लैट में
भटिंडा का पुराना मकान देखती हैं
जिसमें उनका गुजरांवाला का घर दिखाई पड़ता है
मां जी के मस्तिष्क में एक ही समय
अनेक स्थान एक-दूसरे में घुलमिल रहे हैं
उनकी आंखों का कंपन
भूकंपग्रस्त भूमि जैसा है
हर पल उनके भीतर
उनकी दुनिया जमीनदोस्त हो रही है
मां जी का जीवन
इतिहास के मलबे में खो चुका है

एक वक्त था
जब मां जी कढ़ाई बुनाई करती थीं
खुद भगवान जी के वस्त्र सिलती थीं
भाईचारे में शामिल होकर ढोलक बजाती थीं
नाचती गाती थीं
लेकिन अब
अकेले में बचपन की सहेलिओं से बतियाती हैं
कभी-कभार इतनी ऊंची आवाज में
भजन गाती हैं कि
पड़ोसी डिस्टर्बेंस की शिकायत करते हैं
और बेटे को क्षमा मांगनी पड़ती है
जैसे कोई एस्केलेटर पर खड़े-खड़े
ऊपर नीचे होता रहे
वैसी स्थिर अवस्था में मां जी
अतीत, वर्तमान और कभी-कभी भविष्य में
चक्कर काटती रहती हैं
इस कमरे से उस कमरे में…

बंबई रहते बेटे ने
दिल्ली में रहते भाई से बात की
दिल्लीवाले भाई ने
कनाडावाली बहन को वाकिफ किया
कनाडावाली बहन ने
आबूधाबी स्थित बड़की को हकीकत बयां की
तीनों ने मिलकर बंबई स्थित बड़े भाई से कहा-
‘हमसे तो कुछ हो नहीं पाएगा
अगर जरूरत हो तो पैसे भेज सकते हैं
आप मां जी को ऐसाइलम में भेज दीजिए
इसके अलावा कोई चारा नहीं है’
बेटे का मन नहीं मान रहा है
लेकिन मां जी अब वायलेंट बनती जा रही हैं
चिल्लमचोट करती हैं
कभी-कभी
पास-पड़ोसवालों को मारने दौड़ती हैं
कभी-कभी तो
खटिया उठा कर उलट देती हैं
और हाथों को पतवार की तरह
जी-जान से हिलाती बोलती रहती हैं
‘सुबह होने से पहले इस खाड़ी को तैर कर
हिंदुस्तान पहुंचना है’

ऐसाइलम शब्द से बेटा सहमा हुआ था
बहुत भीतर तक आत्मा कांप उठी थी
पास-पड़ोस वालों की आंखें नम थीं
शायद बिल्डिंग के ऊपर का आसमान भी
निस्तेज हो गया था
पेड़ों में से हवा देख रही थी मां जी का जाना
इस उथल-पुथल भरे वातावरण में
केवल स्थिर थी मां जी
जिनके सामने आकर
जैसे सिर झुकाए खड़ी हो गई थी एंबुलेंस
मां जी के मुख पर ऐसी मुस्कान आई
मानो किसी आत्मीय से मिल रही हों
वह एंबुलेंस का माथा सहलाते हुए बोलीं
‘तू अब भी ऐसे ही चक्कर लगा रही है
गुजरांवाला और भटिंडा के बीच!
इसके बाउजी को भी तू ही तो ले गई थी न
चल मुझे भी ले चल’।

(गुजराती से हिंदी अनुवाद : तिथि)

संपर्क : एच–901, साम्राज्य फ्लैट्स, मानव मंदिर के पास, मेमनगर, अहमदाबाद–380052 मो.9426245700