
युवा कवयित्री। शोधार्थी, कलकत्ता विश्वविद्यालय।
यात्राओं के संगी
देखो
धुंध से उड़ते बादल
रुई की फाहों की तरह
आकर ठहर गए हैं
हमारी हथेलियों में
जुड़ी हुई हथेलियों में समाहित है
हमारा संसार
तुम्हारे बाएं कांधे के सहारे
टिका मेरा मन है हरा
सदाबहार वृक्षों वाले वन जैसा
हरे पहाड़ों से उड़कर आई चिड़िया
जब बैठती है दाएं कांधे पर चुपचाप
ठीक तभी मैं सुन पाती हूँ
उसकी सबसे सुरीली तान
देखो मेरी आंखों में
इंद्रधनुष के सभी रंग उतर आए हैं
मकान की पीली रोशनी में है
आकाश का उजला चांद भी
वह अपनी यात्रा पर है
ठीक मेरी तरह
कितना सहज है यहां संसार
झीलों से झींगुरों की आती आवाजों के बीच
गोल मेज के पास हैं दो खाली कुर्सियां
अपने एकांत में कितनी सुंदर
सुनो
बाहर बारिश हो रही है
झरती बूंदों में जाने कैसा एक विचित्र सम्मोहन है
जानते हो
जिजीविषा का सबसे तेज सोता
कहां से फूटता है
वह फूटता है विवशता की पीड़ा से
मसोसते मन की किसी गुफा से
उसी समय आंखों से टपकती नमी
यथार्थ की गर्म सतह पर गिरते ही
भाप बनकर खो जाती है
किसी शून्य में
मैंने देखे हैं
अपनी यात्राओं के सबसे सुखद दृश्य
पीछे छूटे पदचिह्नों में
जो दूर छूट जाने पर भी साथ थे
वे ही थे आश्वासन
भावी यात्राओं के।
701, शिप्रा, गोदरेज प्रकृति, गिरिजा सोदपुर, कोलकाता 700115 मो. 7979783167


खूबसूरत बानगी