
तंज़ानिया (अफ्रीका) में रहवास।कहानी संग्रह ‘वो अजीब लड़की’ और ‘मुझे तुम्हारे जाने से नफ़रत है’ प्रकाशित।

सुबह की मीटिंग में व्यस्त महेश के साइलेंट फ़ोन स्क्रीन पर उमा की तस्वीर कौंध-कौंध कर आ रही थी।वह फोन तभी करती है जब महेश कुछ भूल जाता है।घड़ी उसकी कलाई में बंधी है, लैपटॉप सामने खुला है और मोबाइल पर उमा का कॉल आ रहा है।उसे ठीक याद है, टिफिन लेकर आया है और बटुआ जेब में है।वैसे इन चीजों के वास्ते उमा का फोन पहले मोड़ तक पहुंचने से पहले ही आ जाता है।अब काफी देर हो चुकी है।जरूर कोई गंभीर मसला है, वरना इस वक्त वह कभी फोन नहीं करती।
‘मैडम चक्कर खाकर गिर पड़ी है’, महेश ने फोन उठाया तो उधर से सहायिका की घबराई हुई आवाज आई!
‘कहीं चोट तो नहीं आई?’
‘नहीं, कारपेट पर गिरी हैं।’
शुक्र है, मन ही मन बुदबुदाया फिर मुखर हो ‘मुझसे बात कर सकेगी?’ पूछा।
‘मना कर रही है।’
महेश ने तुरंत-फुरंत घर की राह ली।
इस वक्त शहर की सड़कें सूनी मिलती हैं, बच्चे स्कूल में पहली कक्षा के बाद छोटे ब्रेक में स्नैक्स का आनंद लेते हुए जाने किस बात पर खिलखिला रहे होते हैं और श्रीमान दफ्तर की फाइलों में सिर दे चुके रहते हैं।दरअसल पति और बच्चों से फारिग हुई घरेलू स्त्रियों का यह नितांत निजी वक्त होता है।यह वक्त उमा के योगाभ्यास का है, कहती है ‘योग से चित्त शांत रहता है’, किंतु कई दिनों से वह बेतरह व्याकुल रह रही है!
बीते सप्ताहांत की बात है! शनिवार के दुपहर महेश तैराकी से वापस लौटा तो सोफे पर लेटी उमा बेहद उदास मिली।कारण पूछने पर रुआंसी हो आई ‘कुछ लोग फेसबुक पर मुझे ट्रोल कर रहे हैं!’
‘ट्रोलरों की समस्या क्या है?’ थकान और भूख से परेशान महेश ने दोनों अंगूठे से अपनी कनपट्टी दबाते हुए पूछा, उसका सिर दर्द से फटा जा रहा था, लेकिन वह जानता था, अभी इस वक्त उमा को उसकी जरूरत थी और वह उसके साथ था!
‘वैचारिक मतभेद!’ उमा ने संत्रस्त होकर कहा।
‘वैचारिक मतभेद तो बेहद मामूली बात है, बाज मर्तबा एक ही तबीयत के दो लोग अलग होते हैं।मुझे और भैया को देख लो, हम दोनों एक दूसरे से कितने अलग हैं और तुम सब बहनें देखने में तो एक–सी, किंतु स्वभाव से सब एक–दूसरे से कतई भिन्न!’
‘लेकिन उसने स्क्रीन शॉट लगाकर मुझे पागल कहा!’
‘लोकतंत्र की गरिमा से बेपरवाह, कौन है वह मतांध?’
‘मुझे दोस्त कहा करती थी, पिछले पुस्तक मेले में अपनी बिटिया को मुझसे मिलवाते हुए कहा था, मौसी को प्रणाम करो।’
‘तुमने जवाब दिया?’
‘नहीं, उसने मुझे अमित्र कर दिया है।’
‘उसकी पोस्ट तो पब्लिक होगी?’
‘हां, लेकिन पब्लिक कमेंट रिस्ट्रिक्टेड है।’
‘तो तुम अपने वाल पर जवाब लिखो, वहां तो कोई रोक नहीं न?’
‘तमाशे से डरती हूँ!’
‘लेकिन इस तरह चुप बैठने से बदमाशों को शह मिलेगी, वे तुम्हें डरपोक समझेंगे या फिर गलत!’
‘बात गलत या सही की नहीं, सोच की है।’
‘लेकिन आम लोग इस मसले को मात्र गलत या सही के चश्मे से देखेंगे।सोशल मीडिया पर बेहिसाब समय बिताने से हमारी सोच औसत दर्जे की होती जा रही है।हम भीतर-ही-भीतर कुंद होते जा रहे हैं!’
‘उनका समूह बड़ा है।’
‘तुम्हारी फैन फॉलोविंग भी छोटी नहीं।’
‘तो मुझे जवाब लिखना चाहिए?’
‘यकीनन लिखना चाहिए।अपने लिए न सही, अपने पाठकों के लिए तो जरूर लिखो, अन्यथा वे तुम्हारे बारे में क्या सोचेंगे!’
बालपन की साथिन से जीवन संगिनी बनी उमा को महेश पोर-पोर जानता है।अगर वह जवाब नहीं देगी तो अंदर ही अंदर कुढ़ती रहेगी और सीधे-सीधे जवाब देने की हिम्मत भी नहीं।उमा को हमेशा एक कुशन, एक सपोर्ट की जरूरत होती है, जो शुरू से महेश है।स्कूल के दिनों में भी महेश के दम लड़ आती, फिर बिगड़ी बात वह संभालता।लेकिन इस मर्तबा बात इतनी बिगड़ जाएगी, इसका उसे तनिक भी अंदेशा नहीं था, अगर कुछ ऐसा वैसा हो जाता तो…।सोचकर महेश की रूह कांप गई, स्वयं को कभी माफ नहीं कर पाता!
उमा बिस्तर पर शिथिल पड़ी है।निढाल, अशक्त।जैसे देह में कोई जान न बची हो।निस्तेज चेहरा, बुझी हुई आंखें।मानो महीनों से बीमार।हाथ थामा तो आंखें बह चलीं!
डॉक्टर ने कहा, ‘वर्टिगो का अटैक है, किसी मानसिक द्वंद्व का विकार, फिलहाल नींद का इंजेक्शन देकर सुला दिया है।कम-अज-कम बीस घंटे सोती रहेंगी!’
‘आपके दफ्तर के लिए निकलने के बाद हम दोनों सब्जी लेने गए थे।उसके बाद मैडम नहाने चली गई।मैं सब्जी धो-पोछ रही थी, जब धम्म की आवाज आई।दौड़ कर आई तो देखा औंधे गिरी हैं, सहारा देकर बिस्तर पर सुलाया।’ सहायिका ने एक सांस में पूरा हाल कह सुनाया!
उसने आगे कहा, ‘कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रहा, मैडम बेहद तनाव में रहती हैं।खोई-खोई सी दिखती हैं।होकर भी नहीं होतीं।दिमाग कहीं और रहता है।अभी परसों की ही बात है।दाल के लिए काट रखा टमाटर चाय के लिए उबलते दूध में डाल दिया और दाल में चाय पत्ती।आजकल बहुत झल्लाती हैं, बात-बेबात खीज उठती हैं।बारंबार फोन देखती हैं जैसे कुछ घटने का इंतजार हो।फिर न जाने क्या देखकर व्याकुल हो जाती हैं।’ सहायिका अबके ठहर ठहर कर कह रही थी, याद करती हुई। ‘आज सब्जी लेते हुए भी पहले की तरह सजग नहीं थीं।मुझे भिंडी चुनने भी नहीं कहा और लौकी तो बगैर नाखून खुबाए ही उठा लिया।उसे मैंने देखा, ठीक नहीं थी तो बदल लिया।ऐसी अनमनी पहले कभी नहीं देखा, क्या कोई गंभीर बात है?’ सहायिका चिंतातुर थी !
‘सोशल मीडिया पर कुछ लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं!’
‘तभी आजकल न किताब पढ़ती हैं, न कंप्यूटर पर कुछ लिखती हैं।चाय-कॉफी की फरमाइश भी नहीं करतीं, सारा दिन फ़ोन में घुसी रहती हैं।योग भी नहीं करतीं।मुझे तो लगता है, रात में भी बेआराम सोती हैं!’
सहायिका ठीक कह रही है, पिछली दो चार रातों से उमा ठीक से सो नहीं पा रही है, बेकल करवटें बदलती रहती।कई बार उठकर बैठ जाती, फिर फोन देखती, दिमाग में एक ही बात– पता नहीं, कौन क्या लिख रहा है?
‘जानना जरूरी है?’ महेश ने हाथ से फोन छीन लिया था।
पता नहीं क्यों, लेकिन हां।
उसे उद्विग्न देख महेश चिंचित हो आया था।उमा बेहद संवेदनशील है, मामूली बात भी मन में रख, दिनों उदास रहती है।ट्रॉलिंग उसके लिए असहनीय मानसिक यातना बनती जा रही है!
‘जानते हो, गलत के साथ खड़े होकर वे मेरी निजी बातें उछाल रही हैं।मैं उन्हें दीदी कहती हूँ! अपनेपन की आंच में पिघलकर एक दिन मैंने उन्हें वह सब बता दिया था जो अब तक दुनिया से छुपा रखा था, लेकिन वे बड़ी होने का मान नहीं संभाल पाईं!’
‘उनकी भी कोई कमजोरी अवश्य होगी।’
‘हां, एक पहचान वाले ने उनकी विस्तृत ब्योरा दिया है।’
‘तुम क्यों पीछे हट रही हो? कभी-कभी बेचैनी कम हो जाती है!’
‘मैं सचमुच उनका सम्मान करती हूँ, लेकिन वे पब्लिक में मेरे लिए घृणित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए क्रूर और हत्यारिन कह रही हैं।उन्हें व्हाट्सएप्प पर कड़वे जवाब लिखते हुए मैं खुद विरक्ति से भर जाती हूँ।’
‘फिर कुछ दिनों के लिए प्रोफाइल डीएक्टिवेट कर लो।’
‘अब तो जंग के मैदान में कूद पड़ी हूँ।’
‘जंग?’ महेश को हैरत हुई थी।
‘खुद को सही साबित करने की जंग, और जंग में तो सब जायज है।उनींदी रातें, बेचैनी और हदें पार करना भी!’ कहते हुए वह हँसी थी, खोखली हँसी! खाली सन्नाटे में गूंजती हुई। ‘वे जो स्वयं को शब्द चितेरी समझती हैं, मुझे पराश्रिता कह गईं!
‘और तुम्हें पराश्रिता कहते हुए उसने साफ कह दिया कि वह अकेली क्यों है?’
‘बिलकुल, पति को ‘पर’ कौन समझता है भला? शिव ने तो अर्द्धनारीश्वर का रूप धर सुस्पष्ट कर दिया था कि पति-पत्नी एक दूसरे के पूरक होते हैं, पत्नी अर्धांगिनी होती है।’
‘कितनी हैरत की बात है न! भाव समझे बिना ही हम शब्द बरतते हैं और खुद को लिखने वाली कहते हैं!’
‘एक होड़ मची हुई है, कौन कितना नीचे गिर सकता है।ट्रोलिंग के खेल में गिर कर ही उठा जाता है।जितना लाइक-कमेंट उतनी ऊंची उठान।पोस्ट पर लाइक कमेंट न मिले तो रुचता भोजन भी नहीं सुहाता, इसके लिए कितने तिकड़म, कितने तरकीब ढूंढ निकालते हैं दीवाने।दरअसल यहां सबकुछ लाइक-कमेंट ही हो गया है।जिन्हें मैं जानती तक नहीं वह भी मुझपर लिखकर लाइक कमेंट बटोर रहे हैं, जबकि इसके लिए सोशल मीडिया कोई भुगतान नहीं करता!’
‘जिसे देखो सोशल मीडिया पर बुद्धिजीवी बना घूम रहा है।चरस से बदतर नशा है यह!’
‘एक ने वह स्क्रीन शॉट लगाकर मजमा लगाया है, जिसमें मैंने तुम्हारी तारीफ की थी’, उमा फोन दिखाते हुए कह रही थी।फिर आप ही खिलखिला उठी।यह खिलखिलाहट, यह हँसी कितने बरस बीते …वह भी बिसर गई थी शायद …फिर अनायास ही आंखों से टप–टप आंसू!
महेश ने देखा तीन साल पुरानी गैरमामूली बात-चीत का स्क्रीन शॉट।उस तरफ से लिखा था, ‘ऐसे लड़के आजकल मिलते कहां हैं?’
जवाब में उमा ने लिखा था, ‘मेरा पति हजारों में एक है।’
इस स्क्रीन शॉट पर भद्दे-भद्दे कमेंट लिखे जा रहे थे।उसे हैरत हुई।सोशल मीडिया के इस चरम युग में क्या पति की तारीफ भी गुनाह है? हो क्या गया है आजकल की स्त्रियों को? गोद में रखा उमा का पैर खींच महेश ने उसे गले से लगा लिया।ये आइडेंटिटी क्राइसिस के मारे हैं, बेतरह मौकापरस्त!
उसकी इस मूर्खता पर देखो लड़के कैसे पीठ ठोक रहे हैं।
माथे पर एक बोसा रखते हुए महेश ने कहा, ‘पीठ नहीं ठोक रहे, सहला रहे हैं।मौका मिलते ही ब्रा उतारेंगे।वैसे इस मूढ़ लड़की को अब तक कुछ नहीं मिला, न अच्छा लड़का ही।जानती हो क्यों? क्योंकि कोई अच्छा लड़का ऐसी लड़की का साथ नहीं चाहता।’
‘और लड़कियां क्यों वाच रही हैं?’
‘लड़कियों को तुम नहीं जानती? तुम खुद एक स्त्री हो! कितनी तो जलन-कुढ़न पाले रखती हैं।फिर सोशल मीडिया एक बहाव है जिसमें बरसाती फोड़े-फुंसी की तरह सब निकलते हैं।उसकी रोंदुली आवाज़ महेश को भीतर तक भींगो रही थी!
‘अधिकांश को पूरा सच नहीं मालूम, सब आधा सच जानकर ही बेलाग हो रहे हैं।’
‘सच कोई जानना-समझना चाहता भी नहीं, बस उसके साथ खड़ा होना है जो फायदेमंद है।’
‘मेरे साथ कोई नहीं है।’
‘उनके साथ पूरी मतलबी जमात है, जबकि तुम्हारे साथ पाठक वर्ग है।यह तुम्हारे लिए गर्व करने की बात है।यही तुम्हारी कमाई है, यही तुम्हारा असल है!’
‘तुम्हें तो लेखक होना चाहिए!’ वह फीकी-सी हँसी।
‘मैं व्यवसायी ही भला।’ महेश ने उसकी हथेली अपने हाथों में ले ली।
‘तुम नहीं होते तो मेरा क्या होता?’ कहते हुए उमा मुस्कराई।आंखों से, होंठों से!
‘और तुम नहीं होती तो कौन मुझको इतना सराहता।मैं तुम्हारी बातें दोहरा रहा और तुम मुझे दानिशमंद समझ रही’।सोचता हुआ महेश ने उसे चूम लिया!
‘लेकिन यह तो सच है कि मैं तुमपर आश्रित हूँ!’
‘मैं भी तुमपर उतना ही आश्रित हूँ जितना तुम मुझपर।बाहर से तुम निश्चिंत रहती हो, घर से मैं बेफिक्र रहता हूँ।तुम चाहो तो अदला-बदली कर सकती हो’ महेश ने छेड़ा!
‘नहीं, घर संभालने का निर्णय मेरा था।घर मेरा है।’
‘हां, तभी दरवाजे पर तुम्हारे नाम की मालिकाना तख़्ती लगी है!’
‘मुझे तो यह सब बेहद हास्यास्पद लगता है।व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर हम एक समूची जात को हांकने लगते हैं और फिर घोषणा करते हैं कि मेरे पिता और भाई दोषमुक्त हैं।जबकि इतनी घृणा, इतनी नफरत का बीज वहीं बोया जाता है।मुझसे यह नहीं होगा।मम्मी के जाने के बाद पापा ने ही तो संभाला है।पैर भी दबाए हैं और मासिक कष्टों में गरम पानी का बैग भी दिया है’ – कहते हुए उमा की आंखें भर आई थीं!
‘सबके अनुभव एक से नहीं होते’, कहते हुए महेश ने उसकी आंखें चूम लीं!
‘पितृसत्तात्मक व्यवस्था मुझे कतई स्वीकार नहीं, किंतु स्त्री को ट्रोल करना कौन-सा स्त्रीवाद है?’
‘यह स्त्रीवाद नहीं, स्वार्थवाद है।खुद को उभारने का सुगम रास्ता।खुद को सताई गई दिखाकर सहानुभूति हासिल करना।जानती हो, चाहे हम जितना स्त्रीवाद या स्त्री विमर्श कर लें, किंतु आज भी यह समाज रोती–कलपती स्त्री ही चाहता है।बराबरी की बात कर रिजर्व सीट चाहिए, मजबूत स्त्री आज भी स्वीकार्य नहीं।जिस साहस के साथ तुम खड़ी हो, इससे उन्हें तुम्हारे दुख का तनिक भी अंदाजा नहीं।उनकी दृष्टि में पीड़िता वह है जो विलाप कर रही है, क्षति का ब्योरा लिख रही है।तुम किस दशा में हो, इसका किसी को इल्म तक नहीं।समाज ऐसा ही है!’
‘दोमुंहा! बहुतों के लिए मैं साहित्य की कंगना रनौत हूँ।लैठैतों को बराबर का टक्कर दे रही हूँ, लेकिन यह बात भी वह खुलकर नहीं फुसफुसाकर कह रहे हैं!’
‘सोशल मीडिया हमारे यहां क्षय रोग-सा है, अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर हम निरंकुश होते जा रहे हैं।संवेदनाएं सूखती जा रही हैं!’
‘वह मुझसे निजी तौर पर कहती तो मैं पोस्ट हटा देती, लेकिन पुरजोर दलीलबाजी के बाद, उसे स्क्रीन शॉट लगाकर तमाशा करना उचित लगा।’
‘निश्चित ही वह तमाशापसंद है।’
‘विडंबना यह है कि उसे किसी ने गलत नहीं कहा, जबकि यह कानूनन अपराध है।मैंने जवाब लिखे तो समूचे गिरोह को मेरी भाषा अखरने लगी।कितना डबल स्टैण्डर्ड हैं! इनके गिरोह से एक पुरुष ने वह स्क्रीन शॉट ट्विटर पर लगाते हुए कहा- मजे करिए।मतलब हम स्त्रियां पुरुषों के लिए मजे का सामान हैं, लेकिन उनसे इन्हें कोई खतरा नहीं, क्योंकि वे मीडिया में ओहदेदार रसूख वाले हैं!’
‘कई दफा मुझे लगता है कि पुरुषों को टूल की तरह इस्तेमाल किया जाता है।अपने फायदे के लिए, सोशल मीडिया पर स्त्रीवाद सफलता की कुंजी बन गई है!’
‘मुझे भी ऐसा ही लगता है, विवाहेतर संबंधों पर एक कहानी पढ़ रही थी, जिसमें अंततः पुरुष पत्नी को चुनता है, लेकिन तब भी नायक को ही कोसा गया।लेकिन बताओ वह स्त्री क्या कम दोषी है जो दूसरी स्त्री का घर उजाड़ती है! मेरी दृष्टि से देखो तो स्त्री खुद स्त्री की दुश्मन है, लेकिन इस बाबत वे ओवररेटेड जुमला कहकर इसे दरकिनार कर देंगे और कुतर्क करेंगे!’
महेश ने बात ख़तम करने की कोशिश करते हुए कहा, ‘अब चलो कहीं घूम आते हैं, मौसम कितना सुंदर हो आया है।’ मिजाज ठीक न होने का बहाना कर महेश ने दफ्तर से छुट्टी ली थी।वह उमा को ऐसे हालात में तनहा नहीं छोड़ सकता!
कोई और दिन होता तो बाहर घूम आने की सिफारिश उमा करती, लेकिन भीतर से टूटी-फूटी इस वक्त आबहवा की खुशगवारी से वह बेपरवाह है!
‘बीच पर चलते हैं।मैं चाय बना लेती हूँ।’ खिड़की से बाहर झांककर उमा ने जल्दी में कहा, जैसे कुछ भूला याद आया हो!
‘मैं स्नैक्स पैक कर लेता हूँ।’
सुबह से मौसम में रूमानियत घुली हुई है।बारिश की फुहारें मानो गुलाब जल-सी बरस रही हैं।बालकनी का दरवाजा खोला तो मिट्टी के साथ केप जैस्मिन की मिली-जुली ख़ुशबू से घर महक गया।गमले में अपराजिता टूटकर खिली है, उमा देखेगी तो कहेगी भोलेनाथ बहुत खुश होंगे आज।लेकिन महेश उसे खुश देखना चाहता है, उसकी खुशी के लिए वह कुछ भी कर सकता है।
ऊंचे टीले के नीचे कार पार्क कर वे दोनों पत्थरनुमा सीढ़ियां उतर गए।सामने गीली रेत के बाद यहां से वहां तक नीरव अंतहीन नीले पानी में बच्चों-सी अठखेलियां करतीं छोटी-छोटी लहरें! उमा को पूल के बनिस्बत समंदर में तैरना अच्छा लगता है।उसने गाउन उतारा और पानी की ओर बढ़ गई।महेश दूर बैठा उसे देखता रहा!
कई दिनों बाद उमा के चेहरे पर खुशी की हल्की रेखा नुमायां हुई थी।कोई रूमानी गीत गुनगुनाते हुए वह महेश की बांह से लिपट गई।उसके गीले बालों से झड़ते नमकीन आब महेश के सीने के बाल सींच रहे थे।महेश को यकीन है कि अब सब सामान्य हो गया।आज सुबह भी वह पहले की-सी उस पर चिल्लाई थी, ‘तुम गीला तौलिया बेड पर छोड़ना कब छोड़ोगे?’
‘कल! चलो बाय, अब शाम को मिलते हैं’ कहकर वह ऑफिस के लिए निकल गया था।लगभग घंटे भर बाद सहायिका का फोन आया!
उमा अभी-भी सो रही हैं।कैफेटेरिया से लाते का एक मग थामे महेश बीते सालों की बही पलटने लगा!
उमा दोहे लिखा करती थी, कभी–कभी विरह गीत भी।पिछले कुछ सालों से छोटी–छोटी कहानियां लिखने लगी थी।महेश अक्सर उससे लेखन को गंभीरता से अपनाने को कहा करता।उस दिन उसकी कोई कविता एक साप्ताहिक पत्रिका में प्रकाशित हुई।फिर उसने मुड़कर पीछे नहीं देखा।इसी बीच वह सोशल मीडिया की आदी होती गई, किंतु यह लत एक दिन इतना भयानक साबित होगी, इसका उसे तनिक भी अंदेशा नहीं था!
एक सर्वे के अनुसार पिछले कुछ सालों में लोगों का सोशल मीडिया बर्ताव बहुत प्रभावित हुआ है।निजता मात्र शब्दों में सिमट गई है।कोई भी कुछ भी निजी नहीं रखना चाहता, सब सोशल मीडिया पर उड़ेल दिया जाता है।रिश्तों में दूरियां बढ़ रही हैं, एक दूसरे को नीचा दिखाने की प्रवृत्ति बढ़ती ही जा रही है।सहनशीलता घटती जा रही है।जिस मसले को बात कर सुलझाया जा सकता है, उसको सोशल मीडिया पर जबरन घसीटा जा रहा है।कई तरह की मानसिक विकृतियों का जन्म हुआ है, ट्रॉलिंग उनमें से एक है।ट्रॉलिंग से आक्रांत आत्महत्या के कई मामले सामने आए हैं।
महेश उमा को बचा लेगा, उसे इस पागलपन का हिस्सा नहीं बनने देगा, सोचकर उसने दीर्घ श्वास लिया!
संपर्क :तंज़ानिया (अफ्रीका), स्थायी पता – जमशेदपुर (झारखंड) मो. ०६७८९६२६२९ ईमेल – pree.om@gmail.com

