
लेखिका और अनुवादक। कई पुरस्कारों से सम्मानित। अद्यतन पुस्तक ‘स्वरित स्वर अन्वी पोथी’। लॉस एंजिल्स में निवास। संप्रति रेडियो उद्घोषिका।

आवाजें
मैंने पीछा किया
बहुत दूर तक पीछा किया
उन भागते हुए पैरों का
जो पानी में
छपाक-छपाक की आवाज के साथ
भाग रहे थे
उनसे उठते छींटों से मैं सराबोर हो रही थी
फिर भी पीछा कर रही थी
वह पैर कहीं भी निशान नहीं छोड़ रहे थे
मैं बस आवाज के सहारे
उनका पीछा कर रही थी
कहते हैं आवाज कभी मरती नहीं
गूंजती रहती है
न जाने किसने की है यह खोज
फिर भी यह बात सभी मानते हैं कि
कभी इन आवाजों को यदि पकड़ा जा सके
तो न जाने कितने मामले सुलझ जाएंगे
आवाजें खुद गवाही देने आ जाएंगी
अपनी मौत की
अब सभी लोग
उन आवाजों को खोजने के लिए
उनके पीछे भाग रहे हैं
हालांकि उन आवाजों ने
अपने कदमों का कोई निशान नहीं छोड़ा है
फिर भी सभी पीछा कर रहे हैं
वे भाग ही इसलिए रही हैं कि
मैं पीछा कर रही थी
उन भागते पैरों का
इस भागने में हाथ कुछ नहीं आया
न वे पैर, न आवाजें, और न मैं खुद।
खाली
जीवन के हर कोने में
बक्सों के भीतर पर्दों के पीछे
अलमारी के अंदर गद्दों के नीचे
हर जगह ढूंढ़ लिया पर कुछ नहीं मिला
मिलता भी कैसे
जब कुछ बचा नहीं था
न कोई सोच न सपने
न प्रेम और न ही उम्मीद
कुछ भी नहीं था वहां सब खाली था
आग लगने के बाद खाली हो जाते हैं पर्वत
पेड़ के न रहने पर
बेकाबू हो जाते हैं जल प्रवाह
ये जब बौराते हैं
बिल, पगडंडी, चीटियों का घर
सब कुछ खाली हो जाता है
जिस तरह हमले की सूचना पर
खाली हो जातीं हैं बस्तियां
प्रार्थनाएं सीली माचिस की डिबियों की तरह
बेअसर हो चुकी हैं
अब यह खाली कभी भर नहीं सकता।
संपर्क :841 वेस्ट डुआर्टे रोड, यूनिट 3 आर्केडिया 91008, कैलिफ़ोर्निया, अमेरिका
