प्रतिष्ठित कवि–आलोचक। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व प्रोफेसर। कविता संग्रह ‘हर कोशिश है एक बगावत’ तथा ‘लोहा–लक्कड़’।  आलोचना पुस्तकें ‘यथार्थ और कथार्थ’ तथा ‘आलोचना–आसपास’।

 

वह

बोलो वही, जो सुनो
सुनो वही जो वह कहे
वह-वही, जो
अलग-अलग मुद्राओं में
फोटो खिंचवाने का बहुत शौकीन है

फोटो में वह हमेशा
हम सबके बीच रहता है
हम सबके बीच रहने का कोई भी अवसर
वह चूकना नहीं चाहता
वह रोना नहीं चाहता

पर कभी-कभी रोता हुआ दिखता है
राष्ट्र के लिए

वह अंदर-अंदर हँसता है
सोचकर कि सब हँस रहे हैं
और वह सबकी हँसी बटोरकर
दशकों-दशकों तक अपने चेहरे पर
लीपे रहना चाहता है – अपने सितारों को
चमकता हुआ दिखाने के लिए
आत्मविश्वासी इतना है वह
कि हर विरोध को
अपने समर्थन के माथे का टीका बना लेता है

वह परम देशप्रेमी है
देश के लिए कुछ भी कर सकता है
किसी को भी दे सकता है दंड
किसी को भी पुरस्कार

वह हर क्षेत्र में
कौशल का पैरोकार है
वह कुशल होने को ही
सुखी होने का मूलमंत्र मानता है
उसकी गारंटी है
वह किसी को रोने नहीं देगा
किसी को रोना हो
मन ही मन रोए
रो-रोकर हँसे
और उसकी फोटो देखते-देखते

सांस ले-छोड़े
अनुलोम-विलोम करे
और सो जाए
सोना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है
हालांकि वह खुद कितना सोता है-
लोग कहते हैं, बस तीन-चार घंटे

बाकी समय
वह सोचता रहता है, सबके विकास के लिए
पोशाक बदलता रहता है
और मुद्राएं

वह जो कुछ बोलता है
सच से ज्यादा सच हो जाता है
उसके बाद बचता ही क्या है
सिवा उसे सुनते रहने के।

वक्त-बदबख्त

वक्त का चेहरा
अरसे से उतरा-उतरा है
उसके भाग्य में आराम कहां

थक कर सुस्ताना क्या होता है
वह जानता ही नहीं
चारों तरफ विकास हो रहा है
और एक जादूगर विकास-पुरुष
अपनी लीलाओं से
वक्त को सम्मोहित कर रहा है
आश्वस्त करता हुआ-
‘बस अब तुम मेरे बने रहो,
साथ-साथ चलते रहेंगे हम दोनों
अच्छे-अच्छे नाम देता रहूंगा
मैं तुम्हें
और काम कैसे होता है
यह तो तुम्हें पता ही है
बहनों और भाइयों से
कह रखा है मैंने
वक्त तुम्हारा ही है
(और हमारा तो है ही।)

वक्त हैरत में है
सड़कें चारों तरफ चौड़ी हो रही हैं
फोरलेन, सिक्स लेन
ओवर ब्रिज बन रहे हैं
कारें बड़ी होती जा रही हैं रोज-ब-रोज
मॉडल नित नए

दिखते है बस वहां
या फिर भारी-भारी ट्रक
माल लदे
कहीं से आते हैं
निकल जाते हैं जाने कहां-कहां
पीछे वालों को आगाह करते हुए-
‘बुरी नजर वाले तेरा मुंह काला…’
बुरी नजर वाले फिर भी बेफिक्र चले जा रहे हैं
किसी का मुंह नहीं होता जरा भी काला

वक्त हैरत में है
सड़कें चारों तरफ जा रही हैं
पर लाखों करोड़ों लोग
अयोध्या की ओर ही जा रहे हैं इन दिनों

जाना किसी भी तरफ हो किसी को
होकर जाना होगा अयोध्या से ही
उम्र भूल गई थीं
शंकर उन्हें फिर यार दिला रहे हैं-
‘उमा, दारु-जोषित की नाईं
सबहिं नचावत रामगुसाईं’

वक्त हैरत में है
उसे पता ही नहीं चला कि रामगुसाईं
कब से निष्प्राण पड़ेे थे
कि उनमें प्राण-प्रतिष्ठा करने की सुध
किसी महाचेतना को आई
रामगुसाई में प्राण-प्रतिष्ठा हुई
सर्वथा एक नई भूमिका में
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में
इस बार
ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक की भूमिका में
दिखे रामगुसाईं

अयोध्या बना
राजनीति की सारी राहों का मुख्य चौराहा
इसी चौराहे पर ड्यूटी पर रहे रामगुसाईं
उन्हीं के इशारे का पाबंद है
सारा ट्रैफिक

रामगुसाईं को खास ध्यान रखना है इस बार
दिल्ली जाने के सारे रास्तों को
इसी चौराहे से होकर जाना है

वक्त का चेहरा उतरा-उतरा है
चढ़ाई पर हैं सारे देवी-देवता
वक्त खखार रहा है
गला साफ कराने के लिए

शंख बज रहे हैं, ध्वजाएं फहरा रही हैं
घंटे घड़ियाल की सम्मोहिनी अनुगूंज
सब तरफ से उमड़ रही है

वक्त कुछ कहना चाहता है
आवाज उसके गले में अटक-अटक जा रही है।

संपर्क : 12बी/1, बंद रोड, एलनगंज, इलाहाबाद (प्रयागराज)-211002, मो.9336493924