सुपरिचित वरिष्ठ कवि। अद्यतन कविता संग्रह ‘ईश्वर एक अनाड़ी फोटोग्राफर है’।

फूलों की बर्बादी के खिलाफ एक वक्तव्य

मेरा बस चले तो
मैं किसी को नहीं तोड़ने दूं फूल

फूल खिले ही भले लगते हैं
तुम्हारी बगिया में
या मेरी बगिया में
दुनिया के घर में खिले
फूल भी दोस्ती का पैगाम लाते हैं

मेरा बस चले तो
किसी को नहीं बेचने दूं फूल

वे कसाई से बढ़कर हैं
जो करते हैं फूलों का व्यापार
फूलों का बाजार लगाते हैं
फूल बेचते उन्हें शर्म नहीं आती
पुष्पांजलि अर्पित करने के जितने कार्यक्रम हैं
वे मैं आज अभी
इसी वक्त से स्थगित करता हूँ

आज से पाबंदी रहेगी सभी शवयात्राओं पर
कोई भी फूल कहीं बर्बाद नहीं होगा
26 जनवरी को भी
आकाश से पुष्पवर्षा नहीं होगी
विवाह संपन्न होंगे बगैर वरमाला के
किसी की देह पर नहीं चढ़ाए जाएंगे फूल
कलियां खिलने से पहले नहीं तोड़ी जाएंगी
हर तरह के फूल की बर्बादी
मैं आज अभी इसी वक्त से स्थगित करता हूँ।