विजय नायक
ओड़िया के प्रमुख कहानीकार। दस कहानी संग्रह, एक उपन्यास और चार निबंध संग्रह। ओड़िया साहित्य पत्रिका ‘कहानी’ का संपादन। संप्रति राष्ट्रपति के अपर प्रेस सचिव।
राजेंद्र प्रसाद मिश्र
वरिष्ठ लेखक और ओड़िया से हिंदी अनुवादक।

 

अनुवाद : 

सुकांति को सिर्फ छुट्टी की घंटी बजने का इंतजार था। घंटी बजते ही वह अपना बस्ता उठाकर कक्षा से बाहर निकल आई। सखा-सहेलियों के लिए भी नहीं रुकी। रास्ते में दोड़ने की तरह सीधे चल पड़ी घर की ओर।

पंख पसारना शुरू कर चुकी थी मुलायम ठंड। बालियों के बोझ से मानो झुक गए थे धान के पौधे नई-नवेली दुल्हन की तरह। ताड़ के पेड़ की मचान पर लाल गेंद-सा डोलता सूर्य धुंधुली रोशनी से टकराकर पेड़ों की ओट में कहीं छुप तो नहीं गया? स्कूल से उनका टोला लगभग मील भर होगा। गांव की नदी जहां मुड़ती है, वहां एक आधा टूटा मंदिर है। उसी के पास है स्कूल, आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय। मिट्टी की दीवारें, फूस की छाया किंतु पक्का फर्श। सामने खेल का मैदान। चारों ओर घेरा। अभी-अभी एक पक्का भवन बनकर तैयार हुआ है। अपने टोले से रोजाना पैदल आती है स्कूल सुकांति।

सुकांति को उसका गांव बहुत अच्छा लगता है। लहराते पेड़ों के झुरमुट में छुपा होता है एक-एक टोला, लेकिन उनका चेहरा दिखता रहता है। मठ-टोले में है उसका पर, घर के पास एक पुराना मठ। उसके पीछे मकद्दम टोला है, वहां से कुछ आगे जाने पर बिचला टोला, उत्तर की ओर बाह्मण टोला और दक्षिण की ओर चारबाटिया टोला। गांव के भीतर मेड़ों की तरह उलझे-पुलझे रास्ते हैं। चारों ओर धान के खेत। बरसात में खूब फिसलन हो जाती है गांव के रास्तों में। न जाने कितनी बार फिसला है सुकांति का पैर कीचड़-पानी में। वह धड़ाम से गिरी है संकरे रास्तों पर। अब जाकर गांव के रास्ते कंक्रीट हुए हैं, लेकिन तुरई के फूल उसे नहीं दिखते घरों के वृत्त में। गांव के बीच छपर-छपर पानी में चलने का मजा भी अब नहीं रहा।

सुकांति एक ही सांस में घर पहुंच गई। वह पहले कभी इतनी खुश थी, उसे याद नहीं आ रहा था। बप्पा के नई फ्रॉक लाने पर, पालकी में मां के साथ बैठकर वह नदी और खेत-खलिहान पार करके गांव के मंडप पर नौटंकी देखते समय बहुत खुश होती थी। किंतु मंत्री जी को खाना परोसने का काम हेडमास्टर साहब उसे देने के बाद उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

सुकांति पढ़ाई में तेज थी। देखने में अच्छी। बातें भी वह अच्छी तरह करती थी। इसीलिए सभी टीचर उसे चाहते थे। हेडमास्टर साहब का भी उसपर विशेष स्नेह था, क्योंकि जनरल नॉलेज में वह स्कूल में सबसे आगे थी। भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर ओड़िशा के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री तक सबके नाम उसकी जुबान पर थे। भारत या ओड़िशा की राजधानी ही नहीं, इंग्लैंड, अमेरिका, रूस यहां तक कि युगांडा और सीरिया की राजधानियां पूछते ही वह झट बता देती थी। हीराकुंड कहां है, हावड़ा पुल कहां है, पिरामिड कहां है, टेलीविजन के अविष्कारक कौन हैं- ये सारे नाम उसकी जीभ पर रखे हैं। इसलिए हेडमास्टर साहब ने कहा, मंत्री के आस-पास सिर्फ सुकांति रहेगी।

पिछले पंद्रह दिनों से उसके स्कूल में पढ़ाई-लिखाई ठप्प थी। स्कूत के पक्के भवन का उद्घाटन मंत्री जी करेंगे। भवन का निर्माण दो माह पहले  हो चुका है। किंतु फीता न कटने तक वहां ताला लटका रहेगा, लोग कहते हैं। मंत्री जी ने आने के लिए हामी भर देने के कारण सभा-समितियों के आयोजन धूमधाम से चल रहे हैं। तीन-चार बार कलक्टर साहब आकर स्कूल का चक्कर लगा गए हैं। समारोह के लिए मंच बनाने का काम शुरू हो चुका है। नदी के उस पार वाले गांव से संगीत के मास्टर आकर गीत सिखा रहे हैं। कहते हैं, गीत के बिना समारोह नहीं होते। फिर वह गीत भी हेडमास्टर साहब ने ही लिखा है।

घर पहुंचकर मां के आंचल में पसीना पोंछा सुकांति ने। मां ने खाना परोसने के लिए पूछा तो उसने मना कर दिया। वह क्या सोच रही है, मां तो तुरंत जान जाती है। मां ने पूछा, ‘अरे कांति, परीक्षा में अच्छे नंबर आए हैं क्या? तुम्हारे होठों पर मुस्कराहट की लहरें उमड़ रही हैं।’ सुकांति मां की बात सुनकर और भी खुश हो गई। नया ड्रेस लेने के लिए लड़ियाने लगी। ‘मंत्री जी को खिलाने-पिलाने की जिम्मेवारी मुझे सौंपी है हेडमास्टर साहब ने। समझी।’ उसने कहा और हँसते-हँसते विभोर हो गई। मां ने कहा, ‘बस इतनी-सी बात है! ठीक है। तेरे बप्पा लौट आएं बाजार से। उनसे कहना ड्रेस के लिए। भला तेरी कौन-सी बात नहीं मानी है उन्होंने!’

स्कूल के फंक्शन से काफी पहले ही उसके बप्पा उसके लिए नया ड्रेस ले आए, ले आए एक जोड़ा नए जूते भी। उसके पैर अब जमीन पर नहीं पड़ रहे थे। मंत्रियों को वह टीवी पर देखा करती है, अखबारों में पढ़ती है उनके बारे में। किंतु मंत्री जैसे लोग इतने बड़े होते हैं, यह उसे मालूम नहीं था। ये उसके हेडमास्टर, सरपंच यहां तक कि कलक्टर से भी बड़े होते हैं।

परंतु इतने बड़े लोग खाते क्या होंगे? सुकांति खुद से सवाल कर रही थी। क्या वे भी हमारी तरह भात-माछ, साग-सब्जी या पोहा-मूढ़ी खाते होंगे? अरे नहीं, वे जरूर कुछ और खाते होंगे। मंत्री लोग हमारी तरह साधारण खाना क्यों खाएंगे? पर उनकी पोशाक तो खूब मामूली होती है। जितने भी मंत्रियों की तस्वीरें उसने देखी हैं, वे सभी उनके हेडमास्टर की तरह धोती पहने होते हैं। उनकी पोशाक सीधी-सादी। क्या इसका मतलब उनका खानपान भी गांव के लोगों की तरह ही होगा? क्या मंत्रीजी को अमिया या इमली की चटनी अच्छी लगती होगी खाने के साथ, उसकी तरह? क्या नमकीन या आइसक्रीम अच्छा लगता होगा? सुकांति के आगे एक बड़ा सवाल था, मंत्री जी को स्कूल में क्या-क्या परोसा जाएगा खाने में? स्कूल में उस दिन भोज होगा। क्या वह रोजवाला भात मंत्री जी खाएंगे? पनिया दाल, बंदगोभी की तरकारी सुकांति सोच रही थी, बप्पा को कहकर वह अपनी बावड़ी से ताजा मछली मंगवाएगी। मां के हाथों से बनी मछली की तरकारी कितनी स्वादिष्ट होती है। क्या वह घर से ले जाए मछली की तरकारी मंत्री जी को खिलाने के लिए?

कभी कोई मंत्री नहीं आए थे उनके गांव। मंत्री जी के आने से पहले स्कूल का रंग-रूप तो बदत गया था आधे से ज्यादा। गांव की सड़कों की मरम्मत हो गई। शहर की ओर जानेवाली उखड़ी-उखड़ी-सी सड़क भी दुरुस्त हो गई। सरकारी तालाब से कीचड़ निकाल दिया गया। गांव के युवक संघ को बैट और बॉल बांटे गए। स्वयं सहायिका समूह के ऋण माफ कर दिए गए। स्कूल के पुराने छप्पर बदल दिए गए। अहाते की साफ-सफाई हो गई। फूल के पौधों में रोजाना पानी डाला जाने लगा। ऐसा करते-करते न जाने कैसे वह दिन आ गया, कोई जान नहीं पाया।

गीत रिहर्सल की तरह खाना कैसे परोसा जाएगा, खुद हेडमास्टर साहब ने उसका भी रिहर्सल करवाया था। उसके हाथ में एक बड़ा-सा ट्रे पकड़ा दिया गया। ट्रे में रखे गए फल से भरे चार-पांच प्लेट। हेडमास्टर ने कहा, ‘तू ट्रे ले जाकर टबुल पर रखना। मंत्री जी को प्रणाम करने के बाद ट्रे से एक-एक करके प्लेट उठकर उनके आगे रखना। कहना, सर खाइए न। वे मना करें तो तू उन्हें मना-मना कर खिलाना।’ सुकांति को इस बार उसके सवाल का जवाब मिल गया। आखिर मंत्री तो मंत्री ही हैं। फल-मूल न खाकर क्या साग-भात खाएंगे?

फंक्शन के दिन सबको सुबह-सुबह स्कूल आने को कहा गया था। भोर में ही उठकर नहा-धोकर तैयार हो गई सुकांति। बप्पा ने कहा, ‘नया ड्रेस अभी से मत पहन लेना बिटिया। मंत्री आएंगे काफी देर से। तू बीच में घर आ जाना स्कूल से। नया ड्रेस पहन लेना। मैं तुझे साइकिल में बिठाकर स्कूल ले जाऊंगा।’ सुकांति को अच्छी लगी बप्पा की बात।

मंत्री जी बस पहुंचने ही वाले हैं, सुनकर बाजा बजने लगे, आतिशबाजी शुरू हो गई। किंतु मंत्री जी नहीं आए। बाजा बंद हो गया। शंख बजना भी। कहा गया कि उनके आने में देर होगी। क्या मंत्री के आने में इसी तरह देर होती है? सुकांति ने खुद से पूछा। फिर खुद को समझाया, हुंह क्या मंत्री जी स्कूल में पढ़ते हैं जो देर से आने पर गणित के सर लाल-लात आंखें दिखाएंगे, साहित्य के सर बेंत नचाएंगे।

अचानक बाजा-आतिशबाजी, शंख और हर्षीध्वनि से पूरा गांव फट पड़ा। मंत्री जी सीधे पहुंच गए साफ-सुथरे टेबुल-कुर्सी लगे उसकी कक्षा में। मंत्री जी को देखकर सुकांति को लगा, वे कोई अलग तरह के व्यक्ति नहीं हैं। उनके हेडमास्टर से अधिक काले पर दुगुने मोटे। मंत्री जी कुर्सी पर बैठे ही थे कि सुकांति ट्रे लेकर उनके पास पहुंच गई। हेडमास्टर के रिहर्सल के अनुसार, टेबुल पर ट्रे रखकर उसने मंत्री जी को प्रणाम किया। अहा, मंत्रीगण इतने अच्छे होते हैं, यह उसे पहले पता नहीं था। उन्होंने मुस्कराते हुए उसका प्रणाम स्वीकार किया। ‘तुम्हारा नाम क्या है? किस कक्षा में पढ़ती हो?’ पूछा। सुकांति ने बेधड़क जवाब दिया, ‘मेरा नाम सुकांति प्रधान है। में पांचवीं कक्षा की छात्रा हूँ।’ मंत्री जी मुस्कराए। उनके काले चेहरे पर कहीं चांद तो नहीं उग आया? हेडमास्टर साहब ने मंत्री जी को नमस्कार किया और सभा की ओर चले गए। कलक्टर साहब मंत्री जी के निकट नहीं जा रहे थे। बरामदे में इधर-उधर चहलकदमी कर रहे थे। सुकांति के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद मंत्री जी कुछ खा नहीं रहे थे।

सुकांति ने सोचा, मंत्री जी को भूख नहीं है या मंत्री लोग यहां-वहां कुछ खाते नहीं हैं। उसने फिर एक बार अनुरोध किया, ‘कुछ तो खा लीजिए सर।’ मंत्री जी सिर्फ पहले की तरह मुस्कराए। सुकांति उसी तरह खड़ी रही मंत्री जी के पास। मंत्री जी ने एक बार उसकी ओर देखा। पूछा, ‘क्या तुम कुछ कहना चाहती हो, बेटी?’ सुकांति को आश्चर्य हुआ, कहीं मंत्री जी ने उसके मन की बात पढ़ तो नहीं ली? वह झट से बोल पड़ी, ‘जी सर’ लेकिन और कोई बात नहीं निकली उसके मुंह से। मंत्री जी ने अभय देते हुए कहा, ‘क्या कहना चाहती हो बेटी, जल्दी कहो।’ सुकांति ने मुंह खोता, ‘सर, आपने तो कुछ भी नहीं खाया। किंतु हमारे गांव के लोग तो आपस में बतियाते हैं कि आप सब कुछ खा गाए!’

संपर्क :
विजय नायक, आई.ए.एस. अपर प्रेस सचिव, सी-खख/12, शेड्यूल ‘बी’, राष्ट्रपति संपदा, नई दिल्ली-110004, मो. 9437143896
राजेंद्र प्रसाद मिश्र, पो. रायरंगपुर, जिला, मयूरभंज, ओड़िशा-757043  मो.9650990245