
युवा कवि और कथाकार। प्रकाशित कहानी संग्रह ‘अंतिम रामलीला’ और ‘नजर’। संप्रति अध्यापन कार्य।
हम धंसते गए गहरे
हम और हमारे पुरखों ने
युद्ध नहीं प्यार किया है
इंसान से ही नहीं जानवरों और मिट्टी से भी
हमारे पास हाथी-घोड़े नहीं थे
क्योंकि प्यार में
गाएं, बछड़े, भेड़, बकरी, मेमने जरूरी होते हैं
हमने किसी निहत्थे और कमजोर को नहीं रौंदा
क्योंकि हमारे पास थी सांवली-सी मिट्टी
हमने नहीं रचा किसी के विरुद्ध चक्रव्यूह
और नहीं घुमाया
रथ का टूटा हुआ पहिया
हालांकि प्रहार हम पर भी खूब हुए
लेकिन हमारे पास रथ नहीं था
पहिया कहां से आता
हमारे पास चाक था
जिसके घुमाने से भले चक्रव्यूह नहीं टूटा
कुछ न कुछ बनता जरूर रहा
हमारे पास
हुनर था मिट्टी को आकार देने का
हम नहीं कर सकते थे
भूखे-नंगे लोगों के जिस्म पर
अपने होने के निशान छोड़ने की अश्लीलता
क्योंकि हम बने रहे सदा
पानी और प्यास के बीच सेतु
हमारे पास नहीं है गर्व करने का सामान
हत्या, लूट, बलात्कार से सज्जित इतिहास
हम नहीं बन सके सत्ता के दलाल
फिर भी तुम ऊपर उठते गए
बन गए पहाड़
हम धँसते गए
मिट्टी के साथ
गहरे और भी गहरे।
शाहपुरा, जिला–जयपुर, राजस्थान-303103 मो. 8005642366


बहुत सुंदर कविता है . प्रणाम