राजेंद्र तिवारी,
वरिष्ठ लेखक और अनुवादक। संप्रति कृषि एवं स्वतंत्र लेखन।

गुरमीत कड़ियालवी
पंजाबी के चर्चित कथाकार।पांच कहानी संग्रह और एक उपन्यास सहित बाल साहित्य की कई पुस्तकें। बाल साहित्य के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित। संप्रति : जिला लोक कल्याण अधिकारी।

कालड़ा साहब ने दफ्तर के ख़ास और बाकी कुलीग्ज़ को फ़ोन करके बाऊ जी के निधन के बारे में सूचित कर दिया था। पिछले कई दिनों से बाऊ जी की सांसों की ‘घर…. र…..घर्र’ कर चल रही गाड़ी आज अचानक ‘धक्क’ करके रुक गई थी। बाऊ जी के चले जाने पर कालड़ा साहब को दुख नहीं था, बल्कि महसूस हुआ था जैसे उनको किसी ने सूली के तख़्ते से उतार लिया हो। कालड़ा साहब के कथनानुसार वह पिछले चार महीने से एक तरह सूली पर ही चढ़े हुए थे। हर रोज़ बाऊ जी को चेक कराने के लिए डाक्टर के पास लेकर जाना होता था। रोज़ाना ड्यूटी से डेढ़-दो घंटे के लिए अलग होना, खासकर मार्च महीने में, यह तो मौत के ही बराबर था। इससे काम का नुकसान भी बहुत हो रहा था। वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना मार्च तो मुलाज़मों के लिए बड़ा महत्वपूर्ण होता है। इसी महीने तो सारे साल का बाढ़ा घाटा सेट करना होता है। सारे अवशेष बिल मार्च में ही तो पास कराने होते हैं। दफ्तर से बजट लेने के लिए हेड आफिस और फिर पास कराने में लगे एतराज दूर कराने के लिए बार-बार कोषागार चक्कर लगते हैं। सिर खुजलाने की फुर्सत नहीं होती। ऐसे ‘काम’ वाले महीने में ‘बाऊ जी’ का इस तरह चले जाना कालड़ा साहब के लिए किसी अभिशाप से कम नहीं लगता था। कालड़ा साहब के कहने के अनुसार इस महीने में तो यदि ईश्वर खुद कालड़ा साहब को लेने आ जाता तो उसको भी कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देना था।

बाऊ जी की बीमारी लंबी खिंच जाने के कारण कालड़ा साहब की ड्यूटी बहुत बुरी तरह प्रभावित हुई थी। उनके द्वारा फर्मों को किए जाने वाले रिफंड के केस तैयार करने में अड़ंगा पड़ गया था। रिफंड की एक पूरी फाइल तैयार करने का रेट हजार रुपया चल रहा था। अच्छे-मोटे फर्मों, जिनका रिफंड ही बीस-बीस लाख का बन जाता है, अधिक भी दे देते। यह केस तैयार करने के लिए ड्यूटी टाइम ख़त्म होने के बाद ही काम करना पड़ता था। दफ्तर में ही सात-आठ, कई-कई बार तो नौ-दस भी बज जाते थे, पर बाऊ जी की बीमारी ने तो सब कुछ तहस-नहस कर दिया था। दिन में तीन बार घर चक्कर लगाना पड़ता था। पांच बजते ही घर भागने की उतावली करनी पड़ती। उनकी इस हड़बड़ी में दफ्तर का काम अपसेट हुआ पड़ा था। ए. टी. सी. बेदी उसकी सीट बदल कर किसी और को दे देने के बारे में अहाने-बहाने कई बार सुना चुका था, ‘कालड़ा साहब… आप दो महीने काम का बोझ थोड़ा घटा लो… बाऊ जी का इलाज़ कराओ टेंशन फ्री होकर। आप वाली सीट नारंग को दे देते हैं दो महीने के लिए। जैसे ही बाऊ जी ठीक हुए… आपकी सीट फिर तब्दील कर दूंगा। आपको फिर इसी सीट पर लगा देंगे, यह ठीक रहेगा।’ सुनकर एक बार तो कालड़ा के प्राण ही निकल गए थे।

‘…नहीं, नहीं सर! आप चिंता न करो। बस यही दो-चार दिन की बात है। बाऊ जी रिकवर कर रहे हैं तेज़ी के साथ। साथ ही मैडम कालड़ा हैं घर पर बाऊ जी की सार-संभाल के लिए। हाउस वाइफ हैं जी-घर ही होती हैं। मैं इसी सीट पर ठीक हूँ सर। आपको कोई उलाहना नहीं आने दूँगा सर! पाँच साल हो गए मुझे इस सीट पर काम करते हुए… कभी कोताही नहीं की सर। अब मुश्किल से तो काम करने का सलीका आने लगा है सर। अब नई सीट पर…।’ कालड़ा दांत निपोरने लगा था। उन्होंने अपने आपको मुश्किल से संभाला था। उनको लगा था रोना आ जाएगा।

कालड़ा साहब ही नहीं, बाऊ जी की बीमारी के कारण मिसेज़ कालड़ा की किटी पार्टियां भी एक तरह से छूट गई थीं। उनका कमेटियों वाला कारोबार ख़त्म यद्यपि नहीं हुआ था, पर बंद होने के कगार पर जरूर पहुंच गया था। उनकी मजबूरी का फायदा उठाने को चार सौ बीस नंबर वाली मैडम रीना, जिसको सभी ‘मैडम 420’ ही कहते, ने मोर्चा संभाल लिया था। उसने मुहल्ले की कई महिलाओं, खासकर दस नंबर कोठी वाले इंस्पेक्टर की पत्नी बराड़नी के साथ मिलकर नई कमेटी शुरू कर ली थी।

मैडम चार सौ बीस की यह शुरुआत मिसेज़ कालड़ा के लिए आगे चलकर बड़े खतरे की घंटी बन सकती थी। मिसेज कालड़ा के शब्दों में, ‘मैडम 420 बड़ी चालू औरत है, जो स्त्रियों के साथ-साथ मर्दों को पटाने में मिनट भर लगाती है।’ मिसेज कालड़ा के अंदर यह डर बुरी तरह बैठ गया था कि मैडम 420 मुहल्ले के मर्दों के मार्फत कुछ कमेटियों पर कब्जा करके कमेटी डालने के उसके नेटवर्क को चौपट कर सकती है। यह सब बाऊ जी की बेवजह बीमारी के कारण ही था।

‘बाऊ जी इसी तरह एक दो महीना लटके रहे तो कारोबार गोल हुआ समझो। मैडम भल्ला तो औरतों, मर्दों को पटाने में लगी है। रियली… हम तो बुरे फंसे पड़े हैं।’ मिसेज कालड़ा रोना रोती।

‘मैं तो स्वयं बड़ी बुरी तरह फंसा पड़ा… साला नारंग.. वही बेदी नगर वाला, जिसकी मिसेज के बुटीक उद्घाटन पर गए थे हम, साला ए. टी.सी. साहब की टी. सी. मारता रहता है। अब मेरी सीट पर आंख लगाए बैठा है। उसके पास पहले ही एक्साइज़ वाली सीट है। रोज़ पंद्रह सौ-दो हजार को हाथ मार लेता है- पर कहां, चाहत नहीं भरती। अब मेरी सीट पर कब्जा करने को उंगलियों पर चढ़ाए फिरता है। खैर, कोई बात नहीं। मैंने भी कोई कच्ची गोलियां नहीं खेली हैं। यह बाल धूप में सफेद नहीं हुए। मैं साहब के घर हाजिरी लगा आया था मैडम के पास। चार-पांच हजार की बात है, मैडम को खुश कर आया। बढ़िया गिफ्ट ले गया था। सारी बात मैडम के कानों से निकाल आया। अब लगा ले जोर जिसे लगाना। तुझे तो पता ही है, साहब की मेम भी तेरी तरह बड़ी जबर है। साहब बहादुर तो क्या उनके पुरखे भी मेम साहब के आगे चूं नहीं करते।’

‘यह अच्छा किया आपने… नि:शक्त होकर बैठने से क्या बनता। मैंने भी हल कर लिया। हाथ पर हाथ धर कर मैं भी नहीं बैठी।’

‘क्या?’

‘मैंने मैडम चार सौ बीस से बराड़नी को तोड़ लेना है। मैंने बराड़ साहब से फोन पर बात की थी। मिसेज़ बराड़ को साथ मिलकर चलने का उन्होंने विश्वास दिलाया था। बाकी आज इवनिंग मीटिंग भी है बराड़ साहब के साथ, सब ठीक हो जाएगा।’

‘हैंअ! कमाल कर दिया तुमने। शेर को सवा शेर होकर टकराई। सारे बिजनेस टैक्ट सीखे फिरती है।’

‘मैंने तो ग्रीन कोठी वाली नंदा मैडम के हसबैंड से भी फ़ोन पर बात कर ली है। समझो नंदा मैडम भी हाथों में आ गई है।’

‘देखना, कहीं मेरे हाथों से न चली जाना?’ मिसेज के चेहरे की मुस्कराहट की ओर देखते कालड़ा साहब हीं हीं करके हँसे थे। उनके चेहरे पर किसी शर्मशारी की जगह संतुष्टि के भाव अधिक थे।

‘जनाब, यदि बिजनेस करना तो टैक्ट भी करने पड़ते हैं, आप मेरी छोड़ो, अपनी बताओ, यदि आपके ए.टी.सी. साहब आपसे सेट नहीं होते। मैं करूं कोई हीला-बसीला। फ़ोन पर ही… साथ ही देखना, वह बुड्ढा खूसट जो भागा न फिरे आपके आगे-पीछे। आप रिफंड वाली सीट को रोते होते हो, आपको एक्साइज वाली सीट भी देगा अलग से।’

‘धन्य हो मेम साहब, तुम धन्य हो, भई तुम महिलाएं भी न बस… तेरियाँ तू जाने-तू जाने कर्तार।’ कालड़ा दोनों हाथ जोड़कर माथे से लगाता खिसियानी हँसी हँसता बाऊ जी को दवा देने चला गया था। उसके चेहरे पर से परेशानी की लकीरें काफी घट गई थीं।

‘कालड़ा साहब, बाऊ जी का क्या हाल है?आराम मिला कुछ? एक तो ससुरी बीमारी नामुराद, दूसरे आयु भी वृद्ध अवस्था में। ऐसी आयु में, ससुरी दवा-दारू भी काट न करे। बाऊ जी के शरीर में कमजोरी भी बहुत दिखाई देवे कालड़ा साहब।’

‘ठीक हैं, अब तो बिलकुल ठीक हैं। अब तो बहुत ज्यादा आराम आ गया। बस दो-चार दिनों की बात है। बिलकुल ठीक हो जाएंगे।’

कालड़ा साहब ने माली को बीच में ही टोक दिया था। वह माली के स्वभाव को जानता था कि एक बार रखी गई सुई रिकार्ड के खत्म होने तक उठाई नहीं जानी।

‘शुक्र है… शुक्र है… राम जी का शुक्र है। उसी को फ़िक्र है सभी का। कालड़ा साहब आप फ़िक्र न करो। कन्हैया जी सब ठीक कर देवे—मेरी मानो तो… लंबी छुट्टी ले लो। आपने तो कभी छुट्टी ली नहीं, कितने साल तो हमारे को हो गए देखते। आपने तो कभी इतवार की भी छुट्टी न करी। साला काम भी कभी खत्म हुआ, काम-वाम तो चलत रहित। दो महीने की छुट्टी लेकर बाऊ जी की सेवा करो, माई-बाप कहीं मिलते हैं?’

‘नहीं, नहीं, जरूरत नहीं अब। बाऊ जी रिकवर कर गए हैं।’ कहते हुए कालड़ा साहब माली से टलने के लिए सीट से उठकर नाजिर के कमरे की ओर चले गए थे। कालड़ा के चेहरे पर आई बेरुखी को अनपढ़ माली ने साफ पढ़ लिया था।

‘सभी पैसे के पीछे भागत रहे, माई-बाप की कवनो फिकर नाहीं।’ माली के बोल कालड़े के पीछे चले गए थे।

‘आओ कालड़ा साहब आओ, शुक्र है जनाब, हमारी सीट पर भी आए तो। आजकल सुना है कुछ गड़बड़ी चल रही है। नारंग साहब हाथ मारने को फिरते जनाब की सीट पर। स्टैनो मैडम विरशी भल्ला के टेप रिकार्डर की सुई चल पड़ी थी। मैडम बिरशी भल्ला को काम कोई नहीं होता था या फिर करती नहीं थी; बस सारी सीटों पर जाकर टाइम पास करना ही उसकी ड्यूटी थी।’

‘नहीं… नहीं, ऐसी कोई बात नहीं। साथ ही यदि ऐसी कोई बात हुई– मैडम आप किस मर्ज़ की दवा हो। जब तक आप बैठे हो, हमको कैसी फिक्र। स्वयं साहब जाने या आप। हमारे लिए तो आपका ही आसरा।’ कालड़ा ने विरशी भल्ला को बहलाने के मकसद से कहा था, वैसे उसको पता था कि उसकी सीट तब्दील कराने का यत्न करने वाली साज़िशी टोली में मैडम भल्ला आगे थी।

‘जितने के लायक हूँ, हाज़िर हूँ, कहीं बाहर हैं?’

‘गलत, बिलकुल गलत, कालड़ा साहब के तो घुटने रह गए, क्यों कालड़ा साहब?’ नारंग साहब अभी यंग हैं, क्यों मैडम भल्ला? फिर हम तो भाई यंग बंदे का ही साथ देंगे।’ नाज़िर साहब का छिपा इशारा मैडम विरशी ने समझ तो लिया था पर दिखावा यूं किया जैसे उसकी समझ में कुछ भी न आया हो।

‘क्या मतलब?’

‘मेरा मतलब, नारंग साहब की सर्विस अभी बहुतेरी है, अपने कालड़ा साहब की रिटायरमेंट नजदीक है, मेरी माने तो अब छीना-झपटी से ध्यान हटा कर मौज़ के साथ कोई आसान-सी सीट ले लें। चार चिट्ठियों का जवाब लिखा और राम नाम सत्य। कालड़ा साहब को अब गांधी बाबा का मोह कम कर देना चाहिए। क्या ख्याल है?’

‘नाज़िर साहब, जीते जी किसको मोह कम होता है गांधी जी से। साथ ही नाज़िर साहब, आपको आती है बातें, आप दोनों सरकार की पीठ कूटे जाते हो। आपसे ड्योढ़ा मेम साहब कूट लेती हैं चढ़े महीने। बातें तो भाई आएंगी ही आएंगी।’

‘कालड़ा साहब, अपने घर की ओर भी देखो। मैडम कालड़ा तो तिगुना कमाती हैं अपुन से… घर बैठे ही। उनका कमेटियों वाला बिजनेस तो पूरे शहर में मशहूर है। पैसे का पैसा ऊपर से अच्छे-अच्छे परिवारों से जुड़ाव अतिरिक्त।’ मैडम भल्ला ने बड़ी मुश्किल से ‘मर्दों’ की जगह परिवारों शब्द बरता था। भल्ला के शब्दों की चुभन कालड़ा साहब को हुई जरूर थी। उसके चेहरे पर आई लहरों को नाज़िर और विरशी भल्ला ने महसूस कर लिया था।

‘या! मैं तो भूल ही गई थी, साहब से हेड ऑफिस को भेजने वाली डाक साइन करवानी है। नाज़िर साहब चाय पीनी थी आपसे, चलो ड्यू रह गई, मैं डाक वाला काम निबटा लूं।’ कहते मैडम स्टैनो कमर लचकाती यह गई, वह गई हो गई थी।

‘हां-हां–क्यों नहीं, साहब वाला काम तो निबटाना ज़रूरी है।’ नाज़िर ने भी अपनी ओर से शब्दों में मरोड़ डाल ली थी।

‘साली मारुति वैन… जबान नहीं अंदर रहती इसकी… चबड़ चबड़ बोलती रहती है। इसकी नहीं इज्जत… है क्या चीज़। कंधे के पास बाँह जली है–जांघ के पास लात जली है।’ कालड़ा ने गुस्सा निकाला।

‘चल बांह तो दिखाई देती है, जांघ का तुझे कैसे पता चला?’ नाज़िर आंखों में ही हँसा था।

‘मैं तो क्या देखना, कंप्यूटर वाला शर्मा ही बकवास कर रहा था एक दिन।’

‘शर्मा के तो कंप्यूटर साफ्टवेयर में वायरस आ गया। आजकल मैडम विरशी भल्ला के पास से ही नहीं उठता सारा-सारा दिन। दोनों पता नहीं क्या गिट-गिट, मिट-मिट करते रहते हैं।’

‘करना क्या है, दोनों के पास बातें ही हैं। ढकने-पहनने को दोनों के पास कुछ नहीं है।’

‘यह तो पता नहीं, कुछ है या नहीं -यूं देख लो सारे ऑफिस को उंगलियों पर नचाए फिरते हैं। दोनों-तीनों ई.टी.ओ., चारों इंस्पेक्टर, बाकी सीनियर जूनियर सहायक, हम-तुम सारे मैडम जी, मैडम जी करते हैं। कोई तो गुण होगा ही मैडम भल्ला।’

‘गुणों की तुझे कौन विस्मृति है?’

‘मैं तो तुझे भी कहता हूँ, मैडम की ही रिक्वेस्ट कर यदि रिफंड वाली सीट रखनी है तो… नहीं तो सीट हाथों से गई समझ। नारंग आजकल विरशी भल्ला को चाय के साथ पेस्ट्रियां खिलाता है। बाबा, कर लो कोई जतन।’

‘सारी समस्या तो बाऊ जी की बीमारी ने पैदा की है। मुझे दिन में दो-तीन बार घर फेरा मारना पड़ता। कई बार तो पूरा दिन छुट्टी करनी पड़ती… बस यही मौका ताड़कर नारंग ने सीट हथियाने का ताना-बाना बुन लिया। बाकी तो पता मुझे भी है- इस ताने-बाने की सलाइयां मैडम विरशी भल्ला ने ही डाली थी। ख़ैर करेंगे कोई न कोई हल। संघर्ष तो करना ही पड़ेगा।’

और इसी दौरान मिसेज कालड़ा की स्कीम चल निकली थी। उसके ‘संघर्ष’ की बदौलत एक बार तो रिफंड वाली सीट कालड़ा साहब के पास ही रह गई थी। एक तो बाऊ जी की बीमारी पर आ रहा खर्च, दूसरे रिफंड वाली सीट से जाने के साथ ‘अतिरिक्त’ कमाई के चले जाने का डर। एक बार तो यह आफ़त टल गई थी, वैसे पक्के तौर पर गई नहीं थी। अब बाऊ जी की अचानक हुई मौत के साथ फिर यही खतरा सिर पर मंडराने लगा था।

‘कालड़ा साहब, बाऊ जी की मौत का तो बड़ा बुरा काम हुआ। बड़ा घाटा पड़ा आपको तो। बुजुर्गों का बड़ा आसरा होता है घर में। उनके होते आप सुर्ख़रू थे हर तरफ से। अच्छा था, अभी बैठे रहते कुछ समय। चलो जैसे-जैसे सच्चे पातशाह का हुक्म। कालड़ा साहब, आपको तो पता ही है, ऑफिस में आज ए. जी. पंजाब से आडिट पार्टी आ रही है। बड़े बुरे फंसे हैं। ऐसे जैसे समय ही ऐसी समस्या आती है। मिस्टर चड्ढा को सवेरे ही फोन पर बाऊ जी की मौत की सूचना दी थी। चड्ढे ने दफ्तर जाने से पहले ही अपनी हाज़िरी लगवा लेनी बेहतर समझी थी। बड़ी मुश्किल से उसने पांचेक मिनट का वक्त निकाला था। कालड़ा साहब को लगा था जैसे ‘चड्ढे’ ने उसके मर चुके बाप पर ‘समय विचार कर न मरने’ का ऐतराज़ लगा दिया हो। वैसे उसे ‘अभी बैठे रहते कुछ समय’ शब्द कंकर की तरह चुभा था।’

वालिया मैडम ने तो फ़ोन पर ही अफ़सोस प्रकट कर दिया था। मैडम होब-नोबिंग का तो पता ही न चला कि अफसोस कर रही है या समाचार सुना रही है।

‘सर! सरकार ने तो सेवन परसेंट डी. ए. एलान कर दिया। ये कमीशन के बनते एरियरज़ भी फिफ्टी परसेंट रिलीज़ कर देना है। सर! हमें तो यह खुशी सेलिब्रेट करनी थी। उफ़ सैड न्यूज सुनने को मिल गई। सर! आपसे तो अब कई दिन आफिस में आना न होगा। सर! अपना एकाउंटेंट तो बस माता का माल है। आप होते तो जल्दी जल्दी बिल बना कर ड्यूज दिला देने थे। बाकी सारे तो बस सर! बड़ा बुरा हुआ, सर!’

‘बाऊ जी ने तो कभी जीते जी भी सुख नहीं लेने दिया।’ मैडम कालड़ा ने भड़ास निकाली, ‘इन्होंने भी इन काम के दिनों में ही…।’ सुन कर कालड़ा साहब कुछ देर तो चुप रहे फिर फुस-फुसाए, ‘यह मार्च-मार्च का दस दिन लँघा जाते तो, अप्रैल में चले जाते।’

‘कालड़ा सैब- फादर सैब तो छोड़ गए फिर साथ।’ कुलवंत सिंह भुंबट ने दरवाजा लांघते ही अफ़सोस व्यक्त करना शुरू कर दिया था जैसे एक सेकंड भी जाया न करना चाहते हों।

‘जो मर्जी मालिक की। बाऊ जी का साथ ही इतना ही था हमारे साथ।’ कालड़ा ने धीमी आवाज़ में कहा था।

‘बाऊ जी के बिना तो यह घर अब काट-काट खाने को आता है। जानो रब्ब घर की सारी खुशियां भी ले गया साथ।’ मिसेज़ कालड़ा ने दो बार नाक सुरका कि आंसू धार-धार बहने शुरू हो गए थे। कालड़ा साहब ने हैरान होकर उसकी ओर देखा था।

‘बहिन जी! इस तरह अस्थिर हुए तो कुछ नहीं बनना। आपको तो बहुत बड़ा हौसला करना पड़ेगा।’

‘भाई साहब, रखिए भी तो कैसे? बाऊ जी घर के स्तंभ थे। अब कालड़ा साहब तो बिलकुल दिल ढाए बैठे… कहते मुझसे तो दो-ढाई महीने काम नहीं होना।’

‘बहिन जी, काम कहां छोड़ा जा पाता, मेरी ओर देख लो, बड़ी मुश्किल से टाइम निकाला। कल ए. टी. सी. साहब की मीटिंग है कमिश्नर के साथ चंडीगढ़। सारी समरीज़ अभी तैयार करनी है। कालड़ा साहब आपको तो पता ही होगा, और किसी को काम भी तो नहीं सिखाना चाहिए न। अफसर डिपेंड रहता। और किसी को काम सिखाया नहीं, अपना झुग्गा तबाह हुआ नहीं। दूसरा झट सीट पर काबिज़ हो जाता। फिर कहां छोड़ता। एक्साइज़ की सीट कहां मिलती। बीसिओं तुरे फिरते सीट हथियाने के लिए।’ भुंबट ने जैसे छिपे भेद की बात समझाई थी।

‘अच्छा बहिन जी, मीटिंग का काम होने के कारण जाना पड़ेगा।’ वह उठ खड़ा हुआ था।

‘तुझे यह कहने की क्या जरूरत थी कि दो-ढाई महीने काम नहीं होना। तुझे पता, दो-ढाई महीने में तो, अब यह नारंग जैसों तक बात पहुंचाएगा।’

‘कहा ही है, तुमने छुट्टी ले तो नहीं ली।’

‘पिछले साल हमारे माली का बाप मरा था। सारे परिवार ने सिर के बाल मुँडवा लिए। उस्तरे फिरवा लिए सिरों पर। ढाई महीने काम पर ही नहीं आया।’

‘तभी तो ये छोटे लोग तरक्की नहीं करते।’  मिसेज़ कालड़ा ने भड़ास निकाली।

‘अब पंद्रह दिन और ख़राब हो जाने हैं, बहुत बुरे फंस गए। ये चार दिन कमाई करने के होते हैं।’ कालड़ा साहब को समझ नहीं आ रहा था, क्या करें।

‘मेरी मानो तो…!’

‘पहले नहीं मानता रहा तेरी?’

‘आसानी में रहेंगे हम। काम का हर्जा भी नहीं होगा। मेरा ख़्याल है हमको करना भी ऐसा ही चाहिए।’

‘क्या?’

‘गुरद्वारा पार उतारा वालों से बात करो। उन्हें बुक करवा दो। फूल चुगने से लेकर जल प्रवाह करने तक, फिर पाठ आरंभ से भोग तक सारे कारज वही निभा देंगे। बस भोग पड़ने वाले दिन जाना पड़ेगा घंटा–दो घंटा। यही सस्ता पड़ेगा हमको। साथ ही अतिरिक्त झंझट खत्म।’

‘दैट्स गुड, इसका तो मुझे ख़्याल ही नहीं था। कई बार तो तू सिरे ही लगा देती है।’ कालड़ा साहब उछले थे। सिर से बहुत बड़ा बोझ उतर गया था।

‘थ्री सिक्स्टी नाइन वाले चड्ढा साहब की जब माता की मौत हुई थी, उन्होंने इसी तरह किया था… कालड़ा जी, सयाने लोग तो अब ऐसा ही करते हैं।’

‘ठीक, बिलकुल ठीक है। यह तो बढ़िया। साथ ही जब मुलाज़िम ठेके पर, अफ़सर ठेके पर और सरकार ठेके पर। फिर ब्याह-शादी ठेके पर अदरवाइज मृतक प्राणी निमित्त रस्में…।

‘है…अ…लो कालड़ा साहब, नरूला स्पीकिंग। लेट्स सी, कालड़ा साहब बड़ा बुरा हुआ। मुझे तो मैडम विरशी भल्ला ने अभी कनवेअ किया। इट्स सो सैड। पैरेंट्स की तो बड़ी जरूरत होती। लेट्स सी, अपना केअर रखो। इट्स बिग लॉस, बट वी आर हेल्पलेस, व्हाट कैन डू, यह तो जो परमात्मा की इच्छा- लेट्स सी।’ ई.टी.ओ. चौहान के आए फोन ने कालड़ा और मिसेज़ कालड़ा की बातचीत में रोक लगा दी थी।

‘थैंक्यू सर… थैंक्यू सर जो वाहिगुरु को मंजूर। अदरवाइज़ क्या कर सकते हैं अकाल पुरुष के सामने। वैसे सर एक बात की संतुष्टि है, अपनी ओर से पूरी शक्ति लगाई। इलाज के पक्ष से कोई कसर नहीं रहने दी। सर, समय ही आ गया उनका। सर रीयली, बाऊ जी की कमी नहीं पूरी होनी। मुझे तो आज भी सारा घर सूना-सूना लगे जाता…।’

‘लेट्स सी… कालड़ा जी, पैरेंट्स की कमी तो नहीं पूरी होती। यह कमी तो सारी उम्र रहती है। बट, डेथ इज यूनिवर्सल ट्रुथ, कोई कितना समय तक साथ निभा सकता। आखिर तो पैरेंट्स ने जाना ही जाना… लेट्स सी। कीप पेसंस…वी आल आर विद यू।’

‘थैंक्यू सर।’ कालड़ा साहब ने फोन कान से अलग ही किया था कि मिसेज़ कालड़ा बोल पड़ी।

‘कालड़ा साहब! आगे सोचो करना क्या है? बैठे-बैठे क्या करेंगे। आजकल है नहीं किसी के पास फालतू टैम। घंटे भर में पटेल नगर वाले बहिन जी और भाई साहब आ जाएंगे। आंटी-अंकल भी पहुंचने वाले होंगे। बाकी मेरी मानो तो लेबर चौक से चार दिहाड़िए ले आओ- बनते-फबते-से। सुखमनी वालों को भी फोन कर दो। अर्थी ले जाने वाली गाड़ी आ जाएगी।’

‘करते हैं… करते।’

‘करते हैं नहीं कालड़ा जी, कर लो। निबटाओ काम, और अब कितने समय बैठे रहेंगे।’ मिसेज कालड़ा की आवाज तल्ख होने ही लगी थी कि कालड़ा साहब के पड़ोसी पी.डब्ल्यू.डी. दफ्तर वाले माई डियर नंदा साहब दरवाजा लांघ आए थे।

‘माई डियर! बाबू जी चले गए… अभी तो ठीक-ठाक थे। अच्छे-भले। अच्छा होता दो-चार साल और काट जाते माई डियर।’ मिसेज़ कालड़ा ने कड़वाहट के साथ टेढ़ी नज़र से नंदे की ओर देखा था। उसने चाहा कि कहे, खाक अच्छे भले थे, हमारी तो जान दुखी कर रखी थी। मुश्किल से तो पीछा छूटा। और दो-चार महीने इसी तरह कट जाते तो हमारा कार-व्यवहार औंधे मुंह उलटा जाते।

‘माई डियर! मुझसे तो चक्कर ही नहीं लगाया जा सका कई दिनों से। हम तो दूसरे कुत्ते कामों में उलझे पड़े हैं। माई डियर! तुम्हें तो पता है, मेरे पास इस्टैबलिसमेंट की सीट है। माई डियर, मुलाजिमों की प्रमोशनें करनी है, सीनियरिटी लिस्टें, रोस्टर वगैरह सेट कर रहे हैं। माई डियर! तुम्हें तो पता है, तरक्कियां अब अपने लोगों को कहां। तरक्कियां तो रह गईं एस.सी. लोगों के वास्ते। अब प्राब्लम यह बनी खड़ी… एक्सीअन और एस.टी. साहब चाहते हैं जनरल बंदा प्रमोट होए। दूसरी ओर एक एस.सी. भी दावा किए जाता। वह कहता रोस्टर के हिसाब से मेरा हक़ बनता। माई डियर साहब बहादुर मानते नहीं। बताओ बंदा करे तो करे क्या… फंस गए कि नहीं दो पाटों के बीच। माई डियर।’

‘चलो देख लेना, अपने आपको सेफ करके, आजकल हर कोई कोर्ट जाने को तैयार ही बैठा होता।’ कालड़ा ने बेरुखी सी दिखाई थी।

‘यूं माई कालड़ा डियर! बाऊ जी होंगे नियर अबाउट सेवेंटी…?’

‘हां… सेवेंटी प्लस ही होंगे।’

‘ऐज तो कोई ज्यादा नहीं था। आजकल खुराकें बड़ी असंतुलित हैं एवरेज ऐज़ घट रहा है। माई डियर! यह बाऊ जी का प्राब्लम तो अचानक आ गया। मुझे तो बल्कि ज़रूरी बात करने को भी आना था। कई दिनों से सोचता था जाऊं… जाऊं। बस आज जाना… कल जाना। काम-काजों में आ नहीं पाया।’

‘क्या बात करनी थी?’

‘माई डियर! मुझे तो रिक्वेस्ट करना था। आप चले-फिरे आदमी हो। आपका महकमा भी ऐसा-अच्छे से अच्छे लोग आपके पास आते-जाते हैं। कोई अच्छा-सा लड़का देखो अपनी मन्नू के वास्ते। मैं और तुम्हारी भाभी ने और भी विचार किया है, हमें जाति-बिरादर की कोई बंदिश नहीं। लड़का चाहे किसी भी जाति-बिरादरी का हो। माई डियर! साथ ही जाति-बिरादरी में रखा ही क्या है, कौन मानता आजकल इन बातों को? माई डियर, तुम्हारा क्या ख़्याल है?’

‘ठीक है… ठीक…है।’

‘कालड़ा माई डियर, मुझे ज़रा काम याद आ गया। मैं ज़रा खजाना दफ्तर हो आऊं। बिल सबमिट किए हैं एरियर के। आप जरा इतनी सी तकलीफ करना, जब बाऊ जी को संस्कार के लिए ले जाना हुआ, घंटी कर देइओ जरा, मैं उसी टाइम आ जाऊंगा।’

‘कोई बात नहीं नंदा भाई साहब, कर लो आप काम। हम कर देंगे घंटी।’ कालड़ा की जगह मिसेज कालड़ा बोली थी। वह तो बैठी दांत पीसे जाती थी।

‘यह और ही सवाल लेकर बैठ गया… कहता मन्नू वास्ते लड़का देखो? हमने जैसे मैरिज ब्यूरो खोली हो। इसके मैडम की तो अकड़ ही नहीं आसमान से नीचे आती। मेरे तो कहे नहीं लगी बारांताली, मैडम भल्ला के पास कमेटी डाल भी दी है। व्यर्थ ऐसे लोगों को मुंह लगाने की क्या आवश्यकता।’ मिसेज कालड़ा ने भड़ास निकाली।

‘यह जरा फोन उठाना, किसका आए जाता?’

‘दफ्तर से लगता…।’

‘कालड़ा…?’

‘जी सर!’

‘आप संस्कार से फुरसत पाकर परसों तक दफ्तर का चक्कर मार लेना। एक बार रिफंड की स्टेटमेंट्स देख जाना आकर। फिर चाहे दस दिन छुट्टी कर लेना। मुझे पता है, आप डिप्रैस होंगे। टेंपरेरली आपकी सीट नारंग को दे देंगे।’

‘यस सर… नो सर…! कोई प्राब्लम नहीं सर! मैं कल से ही दफ्तर आ जाया करूंगा। सर घर रहकर भी क्या करूंगा? घर तो मैं बल्कि और डिप्रैस हो जाऊंगा। वहां ऑफिस में तो आप सभी हो, हौसला देने वाले। काम करते, बातचीत करते ध्यान बंटा रहेगा। सर, यदि बहुत एमरजैंसी है तो मैं आज ही शाम को संस्कार के बाद दफ्तर आ जाऊंगा। फाइलें घर उठा लाऊंगा सर! काम का हर्जा नहीं होने दूंगा सर! सर, आपके आशीर्वाद से ही तो दुख में से निकलूंगा सर!! सर…सर! मैं संस्कार के बाद तुरंत दफ्तर…।’ कालड़ा की जैसे चीख ही निकल गई थी।

गुरमीत कड़ियालवी:9872640994

राजेंद्र तिवारी, पूरे सलई, कौडिया, गोंडा, उतर प्रदेश–271122 मो.9918424835