![]() |
![]() |
रोल्फ जेकोब्सन(1907-1994) नॉर्वे के प्रथम आधुनिकतावादी कवि। इन्हें ‘ग्रीन पोएट’ भी कहा जाता है। इनकी कविताओं में आधुनिक बिंब का प्रयोग किया गया है। इनकी कविताएं अपनी सरल भाषा शैली, सामान्य लोगों से जुड़ाव और रोजमर्रा की वस्तुओं में जादुई आभा पैदा करने के लिए पहचानी जाती हैं। |
राजेश झाअनुवाद, लेखन तथा संपादन का लंबा अनुभव। ओरहान पामुक के उपन्यास माइ नेम इज रेड, डैन ब्राउन के चार लोकप्रिय उपन्यासों, वी.एस. नायपॉल के लेखों सहित क़रीब एक दर्जन पुस्तकों का अनुवाद। |
अभिभावक देवदूत
सुबह-सुबह तुम्हारी खिड़की पर आकर
पंख फड़फड़ाने वाली चिड़िया मैं ही तो हूँ
और तुम्हारा वही खास दोस्त,
जिसे तुम कभी नहीं जान पाओगे
और वे फूल भी जो अंधों के लिए जगमगा उठते हैं
मैं हूँ
जंगलों के पार चमक रहे ग्लेशियर
उफ कितने धुंधले..
और गिरजाघर की मीनार से आ रही
भारी भरकम आवाजें भी
मैं ही हूँ
अचानक दिन-दोपहरी तुम्हारे दिल में
कौंध जाने वाला खयाल
जो डुबो देता है तुम्हें अकल्पनीय खुशी में
मैं ही तो हूँ
मैं वही तो हूँ जिसे बरसों बरस से चाहा है तुमने
तुम्हारे साथ चलता हूँ दिन-रात
देखता रहता हूँ तुम्हें अपलक
रख देता हूँ अपना मुंह तुम्हारी छाती पर
लेकिन शायद तुम्हें पता नहीं
वही सफेद परछांई
जिसे तुम स्वीकार नहीं कर सकते
और जो तुम्हें भुला नहीं सकता
मैं ही तो हूँ।
स्काईलैब
अपने कैप्सूल में तीन सप्ताह तक अंतरिक्ष का
चक्कर लगाने के बाद अंतरिक्ष यात्री ने सोचा
हम कितनी दूर आ गए हैं
और गलती से उसकी टांग
भगवान की आंख में जा लगी
वह सोचने लगा कि इतनी दूर आ चुका हूँ मैं
कि अब फर्क नहीं बचा ऊपर और नीचे में
उत्तर और दक्षिण में, भारी और हल्के में
तो फिर कैसे समझ पाऊंगा मैं
भले और बुरे का फर्क- इतनी दूर हूँ मैं
सीलबंद कमरे में भारहीन अस्तित्व-
हम तेज गति से उगते सूरज का पीछा करते हैं
हरी टहनी छूने के लिए
हाथ में कुछ वजनी उठाने के लिए
तड़प रहा है दिल
काश कोई पत्थर ही उठा पाता
एक रात उसने देखा
धरती मानो एक खुली आंख बन गई है
जो उसकी तरफ उसी गंभीरता से देख रही है
जैसे मध्य रात्रि को जगे हुए बच्चे की आंख।
नाजुक-सी सुई
रोशनी, कितनी नाजुक होती है
और कितनी कम पाई जाती है
अंधेरा कितना विशाल होता है
घुप्प अंधेरी रात के बीच रोशनी
जैसे नाजुक-सी सुई
सुनसान रास्तों से
कितनी लंबी दूरी तय करनी होती है इसे
इसलिए, हमें थोड़े प्यार से पेश आना चाहिए
सीने से लगाना चाहिए
ताकि फिर सुबह यह आ सके रोशनी, दोबारा
हमें उम्मीद है।
यहीं
यहीं, इसी जगह
झरने के किनारे
और गुलाब की पुरानी झाड़ी के पास
इस साल वसंत देर से आया
गुलाब पीले पड़े हैं अब भी
तुम्हारे गालों की तरह, तकरीबन
मौत के उस पार की पहली सुबह
वसंत वापस आ रहा है
लेकिन नहीं आएगी रोशनी
खुशबुएं भी नहीं आएंगी
आनंद भी नहीं
कुछ भी नहीं आएगा वापस
लेकिन यहीं, इसी जगह
चांद के साथ गुजरी थी एक शाम
झरनों की कलकल के साथ
जैसे कि अभी थाम लो मेरा हाथ
घेर लो अपनी बांहों से मुझे
गरमियों की तरह हम दोनों
साथ-साथ जाएंगे चुपचाप
उस तरफ जो नहीं है अब।
(ये कविताएं रॉबर्ट ब्लाई, रोजर ग्रीनवॉल्ड और रॉबर्ट हेडिन के अंग्रेजी अनुवाद से हिंदी में अनूदित की गई हैं)
संपर्क : 2/174, अयानगर, फेज-5, नई दिल्ली-110047 मो.09810216943


