
वरिष्ठ कवि। सेवानिवृत्त चीफ़ इंजीनियर। मराठी में अनूदित कविताओं का संग्रह ‘धरेचे सुख’ प्रकाशित।
बूढ़ी किताबें
किताबें भी
बूढ़ी होती हैं हमारी तरह
उनमें भी पड़ती हैं झुर्रियां
चरमराती है उनकी भी देह
उनके भी भाष्य
निरर्थक और अस्पष्ट होते जाते हैं
हमारे बोलों की तरह
ऐसे में उन्हें संभालते भर हैं हम
पढ़ते नहीं
जैसे संभाला जाता है हमें
हमारे अंतिम दिनों में
फड़फड़ाते हैं उनके भी पन्ने
जैसे हमारी बाहें
लेने के लिए अपनी पोती को
अपने आगोश में
समय के साथ
जिल्दें टूटने लगती हैं उनकी
पीले पड़ते जाते हैं पृष्ठ
खोती जाती है उनकी मांसलता
बदल जाती हैं लिपियां
छूट जाते हैं उनके अर्थ
पकड़ में नहीं आता ओर-छोर
फिर
उन्हें यादों में रखना पड़ता है
जैसे हम रहते हैं
अपनों की यादों में कुछ समय
कुछ समय
हां वे हमसे कुछ ज्यादा समय
रह सकती हैं हमारी स्मृति में
किताबें किताबें हैं
मरती हैं हमारी तरह वे भी कभी न कभी
वे कालजयी नहीं होतीं
और न चिर स्मृत!
बीज
किसी ने रोपा नहीं तुम्हें
कोई नहीं देगा तुम्हें खाद पानी
चिड़िया के चोंच से गिरे हो तुम
अपने पितृ वृक्ष और संगी साथियों से
बहुत दूर इस निर्जन प्रदेश में
चिड़िया के रोपे हुए हो तुम
अंकुरित होगे अपने बलबूते
खींचोगे जमीन से
अपने हिस्से का पानी खुद
बनोगे खुद अपनी खाद
हवा से लोगे स्पंदन
माटी से अपने हिस्से की नमी
सूरज से धूप
झंझावातों से खुद ही जूझोगे
कोई पालेगा नहीं, पोसेगा नहीं
कोई ईश्वर नहीं होगा तुम्हारा
अपने भीतर अपना ब्रह्मांड रचोगे खुद
एक दिन बड़े होगे
वह चिड़िया जरूर आएगी
तुम्हारी शाख पर बैठने
जिसने तुम्हें रोपा था
अपनी और ढेर सारी सखी चिड़ियों के साथ
फिर
वे ले जाएंगी तुम्हारे बीज
अपनी चोंचों में भर कर
कहीं सुदूर उन्हें रोपेंगी
पृथ्वी के अनंत उत्सव हो तुम
धरती का सृजन
कभी खत्म नहीं होता
चिड़िया द्वारा रोपे जाते रहेंगे बीज।
आवाजें
घर है
तो इसमें आवाजें आनी चाहिए
आवाजें
बर्तनों के गिरने की आवाजें
एक दूसरे को टेरती आवाजें
एक दूसरे को हेरती आवाजें
चीखने चिल्लाने की आवाजें
बच्चों के खिलखिलाने रोने की आवाजें
डांटती आवाजें, मनुहार करती आवाजें
‘आहो! जरा सुनो तो’ जैसी शर्मीली आवाजें
‘छोड़ो, ये क्या करते हो’ जैसी चुहल भरी आवाजें
आवाजें रौनक हैं घर की
आवाजें उठनी चाहिए घरों से
कुछ आवाजें घर के बाहर
सड़क तक भी जानी चाहिए
आवाजें घर से उठेंगी तो देश भर में जाएंगी
आवाजें गलत के प्रतिकार की हों
आवाजें हक और अधिकार की हों
घर है तो आवाजें चीत्कार की न हों
घर है तो आवाजें बेजा ललकार की न हों
घर एक वाद्ययंत्र है
जो कई सुरों में बजता है
बजना चाहिए
घर है तो
उसमें आवाजें उठें खुलकर
घर से आहटें आनी चाहिए
सुगबुगाहटें नहीं!
घर
हमारा मकान बनाते बनाते
वे उसे बना लेते हैं अपना घर
नींव के पहले पत्थर के साथ ही
पड़ जाती हैं उनकी झोपड़पट्टी भी
सड़क के उस पार
जलने लगते हैं सुबह शाम चूल्हे
आना जाना शुरू हो जाता है
ट्रेक्टर ट्रॉली बजरी पत्थर सीमेंट के
दीवारों पर छत गिरते ही
जैसे उन्हें मिल जाता है पिता का साया
वे अधबने कमरे के कोने में
सजा लेते हैं अपने ठाकुर जी की प्रतिमा
उनके बच्चे जमा लेते हैं
अपना अड्डा
हमारे बच्चों के होने वाले कमरे में
और
दिन भर की कमर तोड़ मेहनत के बाद
उन्हें भी मिल जाती है जगह
सुकून से कुछ क्षण
अपने प्रेम प्रसंगों को जीने की
हमारा मकान बनाते बनाते
वे जीते हैं उसमें
अपने अंतरंग क्षण
अभिमंत्रित कर देते हैं कोना कोना
अपने उद्दाम प्रणय की पावन इच्छाओं से
हमारा मकान छोड़ने के साथ
वे छोड़ जाते हैं उसमें
अपने प्रेम की, प्रणय की
खून की, पसीने की
ममता और नेह की ढेरों निशानियां
और ढांक जाते हैं उन्हें
बड़ी सावधानी से दीवार के पलस्तर से
एक मेहनतकश दुनिया
सदैव बनी रहती है उनके पीछे
और दरवाजे की चौखट
महसूस करती रहती है उनका आना जाना
वे जो कलाबे बांध कर जाते हैं
वे करते रहते हैं हमारी मन्नतें पूरी
हमारा घर
घर नहीं होता
यदि मकान बनते समय
उसमें नहीं गूंजी होती
उनके बच्चों की किलकारियां।
संपर्क : 203, विजया नगर एक्सटेंशन, चेतकपुरी के पास, ग्वालियर–474009 (म.प्र.) मो.9826314451

