युवा कवि। संप्रति अध्यापन।

 

पलायन

शहर!
जिसकी गुर्राहट
इनके पुरखों के कानों में गूंजती थी
एक घृणा भरी दूरी के साथ
वही शहर
अब इनके सपनों में बसने लगा है
मजबूरियों की तमाम फेहरिस्तों
और शिकायतों के बाद भी
जिसके आगोश में
तिल-तिल कर
छूट रही थीं गांव की नादानियां
और बदमाशियां
छूट रहे थे
दिवाली, फगुआ, छठ और रामनवमी के त्योहार

शहर!
जिसे बसा लिया गया था अपने जीवन में
गांव की अल्हड़ स्मृतियों को भूल कर
जो भूल रहे थे धीरे-धीरे
गांव के पुरुआ की अलसाई नरमी
पछुआ की गर्म सरसराहट
हंसुए की चाल और फरसे की दिशा

शहर!
जिसके लिए
टूटने लगे थे गांव से वर्षों पुराने नाते
खेती, गृहस्थी से रिश्ते
जहां आकर भूल गए थे गांव का भोलापन
ओला-पाती, गुल्ली डंडा और गोबरी-गोबरधन
वही शहर
जब कभी
छोड़ देता है उनका साथ
समेट लेता है अपना दामन
दुरदुरा देता है एक अजनबी की तरह
तो वे लौटने लगते हैं अपने गांव
हजारों मील
इस उम्मीद से
कि वह उनका अपना है
और गांव
हर विपत्ति में
समेट लेता है
दोनों बाहों में, एक छोटी-सी उलाहना के साथ
कि फिर मत जाना
मुझे छोड़कर
वर्षों से तुम्हारे पुरखों को पाला है
तुम्हें भी पाल लूंगा
हर विपत्ति और विपदा की घड़ी में।

द्वारा :हिंदी प्रवक्ता, गवर्नमेंट कॉलेज (ए)  कड़पा, आंध्र प्रदेश-516004  मो. 8520027825