युवा कवि।असिस्टेंट प्रोफेसर, गवर्नमेंट कॉलेज, कड़पा, आंध्रप्रदेश।

बिन ब्याही बेटियां

बिन ब्याही बेटियां
‘अटकी’ हैं घरों में
बेजान वस्तुओं की तरह
उपेक्षित अनचाहे बोझ की तरह
तमाम सपनों को खुद में समेटे

बिन ब्याही बेटियां
झुकाए रखती हैं
बाप के कंधों को
एक अदृश्य बोझ के तले
बेटों पर इठलाती है दुनिया

बिन ब्याही बेटियां
तैयार की जाती हैं
रसोई के दायरे में घेर कर
बचपन से
कन्यादान के भार से मुक्त होने भर के लिए

बिन ब्याही बेटियां
जिनके चलने और हँसने को
टोकती रहती हैं माएं हर पल
एक अनजान डर से चिंतित
पुरुषों की खूंखार और असुरक्षित दुनिया में

बिन ब्याही बेटियां
जो कभी नहीं हो पाती हैं
अपने लिए, जो वो होना चाहती हैं
मां-बाप के दिए गए संस्कारों के
टूटने के डर से।

संपर्क :हाउस नं. १/११८०–१, बाल विकास इंग्लिश मीडियम स्कूल के पास, यरामुक्कापल्ली, कड़पा–५१६००४ आंध्र प्रदेश, मो.८५२००२७८२५