वरिष्ठ लेखक। अब तक 3 उपन्यास, 18 कहानी संग्रह, एक लघुकथा संग्रह, 3 बाल पुस्तकें। संपादन-उत्तराखंड कथा समय (उत्तराखंड के 50 लेखकों की कहानियों का चयन तथा संपादन)। कविता संकलन ‘हस्ताक्षर’ का संपादन।

 

 

पहली बार जब मैंने उसके चेहरे को देखा तो देखता ही रह गया। नजरें थीं कि उसके चेहरे से हटने का नाम ही नहीं ले रही थीं। उसके चेहरे में जो कशिश थी वह आज तक मैंने किसी लड़की के चेहरे पर नहीं देखी थी। मैंने उससे बस का टिकट लिया और उसी के सामने कुछ दूरी पर खड़े होकर उसके खूबसूरत चेहरे को देखने लगा। उसके चेहरे में गजब का आर्कषण था। जो भी उसे देखता, देखता ही रह जाता। वह हँसती तो बस में बैठे सभी लोगों की नजरें अनायास ही उसकी तरफ मुड़ जातीं। अगर मैं ये कहूं कि उसकी खिलखिलाती हँसी ही उसकी खूबसूरती थी तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।

ऐसा मेरे साथ पहले कभी नहीं हुआ था। मैंने इस तरह से कभी किसी लड़की की तरफ नहीं देखा था, लेकिन मेरी नजरें थीं कि उसके चेहरे से हटने का नाम ही नहीं ले रही थीं। हँसते समय उसके पतले-पतले, गालों पर गड्ढे पड़ जाते। उसके चेहरे पर पके हुए लाल टमाटरों की तरह लालिमा छा जाती, मैं उसके चेहरे पर छाई हुई लालिमा को देखकर कसमसा कर रह जाता। तब मैं मन ही मन बुदबुदाता, कितनी सुंदर है ये…! काश! मेरा सफर खत्म ही न हो और मैं उसे इसी तरह से टकटकी लगाए देखता रहूँ।

मैं, सच कह रहा हूँ, अपने मन की बात कह रहा हूँ क्योंकि वह थी ही ऐसी। उस बस में सफर करते हुए मैं सोचता, खुदा ने इसे बनाते हुए बहुत वक्त लगाया होगा। सोचा होगा कि उसकी खूबसूरती में कोई धब्बा न लग जाए। कोई ऐसा भी तिल उसके चेहरे पर न दिखाई दे जिसके कारण उसका चेहरा बदसूरत दिखाई दे। उसके दांतों को तराशने व उसकी हँसी को पिरोने में उसे महीनों लगे होंगे तभी तो उसकी हँसी की खनखनाहट और उसके सफेद मोती जैसे दांतों की चमक से आंखों में जैसे बिजली-सी चमक जाती थी।

पता नहीं क्यों, उसे हँसते व मुस्कराते हुए देखकर मन के अंदर कहीं गहरे कोने से एक आवाज आती कि वह हमेशा इसी तरह से हँसती रहे, मुस्कराती रहे, और मैं उसे उस शराबी की तरह उसकी हँसी का रसपान करता रहूं।

आप मेरी बात पर विश्वास करें या न करें, लेकिन मैं इतना जरूर कहता हूँ कि जब तक आप उस बस में रहेंगे आपकी नजरें उसके चेहरे से बार-बार टकराती रहेंगी।

एक बात कहूं? कितना अच्छा लगता है न…, जब आप दिल्ली जैसे शहर में बस में सफर कर रहे हों और उस वक्त एक अजनबी लड़की जिससे आपकी कोई जान-पहचान नहीं हो, आप उसे देखते हैं, उससे बातें करते हैं, उसकी हँसी की खनखनाहट सुनते हैं, और जब आप बस से उतरते हैं तो उतरने के बाद भी आप मुड़कर-मुड़कर उसकी तरफ इस तरह से देखने लगते हैं, जैसे कि आप उसे बरसों से जानते हैं। उस वक्त आपको ऐसा लगता है जैसे वह आपके साथ पढ़ी हो, या उसने बचपन में आपके साथ गली में क्रिक्रेट खेला हो, या फिर वह आपके पड़ोस में रहती हो।

पता नहीं क्यों… वह मुझे बहुत प्यारी लगती है। उसकी खूबसूरती के सामने मैं अपनी पत्नी की खूबसूरती भी भूल जाता हूँ। ऐसा लगता है जैसे उसे देखे बिना दिन में भी अंधेरा नजर आ रहा है, क्योंकि मैं रोज उसी की बस में अपने ऑफिस जाता हूँ। मेरे ऑफिस में जाने के लिए मेरे लिए कई बसें हैं लेकिन जिस बस में वह कंडक्टर है मैं रोज उसी बस से अपने ऑफिस जाता हूँ। क्यों जाता हूँ मुझे नहीं पता…।

कई बार तो घर में भी मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं उसकी आवाज सुन रहा हूँ, ‘कहां जाना है आपको…? अरे…आपको तो फलां बस स्टैंड पर उतरना है न…? आगे निकलिए…। आपका स्टैंड आने वाला है, आगे बढ़ते रहिए।…प्लीज दरवाजे पर खड़े मत रहिए। टिकट लेना भाई साहब…?’

‘एक दस का टिकट देना…?’

‘कहां जाना है आपको…?’

‘उत्तम नगर…!’

‘पंद्रह रुपए दीजिए।’

‘उत्तम नगर तो दस का टिकट लगता है, मैडम…।’

‘दस का टिकट तो डेसू कॉलोनी तक है, पंद्रह रुपए दीजिए…।’

‘दस का टिकट है मैडम। मैं रोज यहीं से उत्तम नगर जाता हूँ…।’

‘यह तुम्हारे घर की बस है क्या…? रोज जाता हूँ…। मैं भी रोज यहां से उत्तम नगर के लिए पंद्रह रुपए की टिकट फाड़ कर देती हूँ। टिकट लेनी है तो ले, अन्यथा बस से नीचे उतर जा…। मातादीन जी पीछे का दरवाजा खोलना।’

‘अच्छा पंद्रह का ही दे दीजिए।’

‘पंद्रह का दे दीजिए नहीं, बल्कि टिकट ही पंद्रह रुपए का है। कंडक्टर मैं हूँ या आप हो…?’

‘मैडम, कंडक्टर तो आप ही हैं। गुस्सा छोड़िए… आप गुस्से में अच्छी नहीं लगतीं। आप हँसती हुई बहुत अच्छी लगती हैं।’

सुनते ही उसके होंठों पर मुस्कराहट तैरने लगती। मैं टकटकी लगाए उसके चेहरे पर छाई मुस्कराहट को देखता रहा। जब वह टिकट फाड़ती है तो उस वक्त मैं उसकी पतली-पतली गोरी-गोरी उंगलियों को देखने लगता हूँ। क्यों देखता हूँ…? मुझे नहीं पता…।

एक राज की बात मैं आपसे साझा करना चाहता हूँ। बस में सफर करते हुए जिस तरह से मैं उसे देखता हूँ शायद वैसे ही न जाने कितने ही लोग दिन भर उसकी तरफ देखते होंगे। सुबह से शाम तक पता नहीं बस में वह न जाने कितने लोगों से बातें करती होगी। पूछती होगी, कहां जाना है आपको…? कहां उतरना है आपको…? जिसने टिकट नहीं लिया है वह टिकट ले कर जाए, लेकिन मेरा उसे देखना एकमात्र देखना नहीं था।

आप अच्छी तरह जानते हैं कि दिल्ली की बसों में आए दिन लाखों यात्री सफर करते हैं। सुबह घर से निकलते हैं, और दिनभर के थके मांदे शाम को घर लौटते हैं। किसे फुर्सत है कि किसने कहां जाना है…? कहां उतरना है…? हजारों बसें हैं। कौन किस बस का इंतजार कर रहा है? कोई इंतजार कर भी रहा है या नहीं…? या फिर वह ऐसे ही तफरी लेने के लिए खड़ा है या फिर वह अपनी प्रेयसी के इंतजार में खड़ा है। कोई नहीं जानता। बस आती है, पल भर को रुकती है, कुछ चढ़ते हैं, कुछ उतरते हैं। यही सब रोज होता है, सीट के लिए मारा-मारी होती है, लेकिन उसे सब पता रहता है। उसकी स्मरण शक्ति गजब की है। उसे एक-एक यात्री का ध्यान रहता है कि उसने कहां तक का टिकट लिया है और उसे कहां उतरना है।

कुछ लड़कियां और कुछ लड़के तेजी से उसकी ओर लपकते हुए कहते, ‘टिकट देना।’

‘अभी तक जब मैं आवाज लगा रही थी, तब आप सो रहे थे क्या…?’

‘मैडम…प्लीज…दे दो न…?’

‘चल नीचे उतर…। कहां से चढ़ा है तू…?’ टिकट चैकर कहता।

‘सर… यहीं पिछले स्टॉप से ही तो चढ़ा हूँ, टिकट ही तो ले रहा हूँ।’

‘क्यों झूठ बोल रहा है…? मोतीबाग से चढ़ा था न तू… और अब गोपीनाथ बाजार आ गया है। मैं आवाज लगा रही थी कि टिकट ले लो…। अब दो सौ रुपए भर…।’

बस में टिकट चैकर चढ़ते- एक नहीं, तीन-चार, कभी-कभी तो पांच-पांच भी। वे टिकट चैक करते और फिर जिसके पास टिकट नहीं होती उसका हाथ पकड़ कर कहते, ‘चल, नीचे उतर…।’ जिस महिला के पास टिकट नहीं होती उसे भी नीचे उतार दिया जाता। पहले कई लड़कियां टिकट नहीं लेती थीं। वे बिना टिकट सफर करती थीं। पकड़े जाने पर चुपचाप जुर्माना भर देती थीं। लेकिन जब से महिलाओं के लिए बस में फ्री यात्रा हुई है, अब उन्हें कोई डर नहीं होता।

जिस बस में वह होती, मजाल क्या कि कोई आदमी किसी महिला सीट पर बैठ जाए। अन्यथा महिला सीट पर बैठे लोगों से महिलाएं सीट मांगने के लिए गिड़गिड़ाती रहती हैं, और वे गुटखा चबाते हुए, खिड़की से बाहर थूकते हुए, सीट में इस तरह से बैठे रहते हैं, जैसे उस बस में वह सीट उनके बाप ने लगाई हो या फिर वे बहरे हों और गूंगे हों। महिला सीट पर बैठना वे अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं लेकिन उसकी बस में कोई पुरुष अगर महिला सीट पर बैठा हो तो बस में महिला के चढ़ते ही उसे सीट छोड़नी पड़ती है। अगर नहीं उठा तो वह ड्राइवर को बस थाने में ले चलने को कहती।

एक दिन बस में उसका रौद्र रूप देखकर मैं सकपका गया। जो लड़की मुझे इतनी सीधी-सादी लग रही थी। वह एकाएक विकराल रूप ले लेगी, मुझे इसका अंदाजा नहीं था। वैसे भी इंसान को जब जिस बात का अंदाजा नहीं होता है और वही बात अचानक उसकी आंखों के सामने घट जाए तो उसकी आंखें फटी की फटी रह जाती हैं। उसके हाथ पैर कांपने लगते हैं। ऐसे वक्त वह न कुछ कह पाता है और न कुछ समझ ही पाता है।

हुआ यह था कि एक महिला सीट पर दो लड़के अपने कानों में फोन की लीड डाले बैठे हुए थे। तभी अगले स्टैंड से तीन महिलाएं बस में चढ़कर उनसे सीट मांगने लगीं तो वे दोनों चिल्लाते हुए बोले, ‘कौन-सी सीट…! कैसी सीट…!’

उन तीनों में से एक महिला, जिसकी उम्र लगभग पचास के करीब रही होगी। वह मोटी थुल-थुल और काली थी। उसका पेट बाहर को उठा हुआ था। उसकी नाभि का गहरा गड्ढा साफ दिखाई दे रहा था। काली होने के बाद भी उसने लाल रंग की चटख साड़ी पहन रखी थी। उसने उसे आवाज लगाते हुए कहा, ‘अरी बिटिया, ओ टिकट वाली बिटिया, ये दोनों छोरे सीट न दे रहे।’

उसकी आवाज सुनकर उसने टिकटों की गड्डी अपने बैग में रखते हुए उन दोनों के पास आकर कहा, ‘खड़ा हो, उठ…, सीट से उठ ले…?’

‘अगर ना उठूं तो…।’

‘चुपचाप उठ ले। अन्यथा बस थाणे में ले जाऊंगी।’

फिर भी जब वे दोनों ढीठ नहीं उठे तो उसने ड्राइवर से कहा, ‘मातादीन जी, बस को साइड पर खड़ी करना।’

उसकी आवाज सुनकर जैसे ही मातादीन ड्राइवर ने बस सड़क के किनारे खड़ी की, तभी एक आदमी जो बड़ी देर से उन दोनों को देखकर मन ही मन बड़बड़ा रहा था, एक का कालर पकड़कर उठाते हुए उसने कहा, ‘तेरे बाप की बस है, या तेरे बाप ने ये लेडीज सीट खरीद रखी है जो तू लेडीज सीट ना छोड़ रा? तेरे चक्कर में हम पुलिस का इंतजार करें, टाइम से न पहुंचें। सीट छोड़ अन्यथा तेरे दोनों गाल बजाने में मुझे बिलकुल भी देर नहीं लगेगी।’

‘तू बीच में बोलने वाला कौन होता है…?’

उसका इतना ही कहना था कि एक जोरदार थप्पड़ उसके गाल पर पड़ा। ‘तड़ाक’ की आवाज पूरी बस में सुनाई दी।

‘उठता क्यों नहीं…? साले, तेरे दोनों गाल बजा दूंगा।’

उसका इतना भर कहना था कि अब तक बस में चुपचाप खड़े लोग एक साथ बोले, ‘नीचे उतारो इन्हें। सीधी तरह से उतरते हैं तो ठीक है, अन्यथा मार-मार कर उतारो सालों को…!’

दोनों युवक डर के मारे चुपचाप खड़े हो गए। जिसके गाल पर थप्पड़ लगा था उसका गाल लाल हो चुका था। वह लगातार अपने गाल को सहला रहा था। अगला स्टैंड आते ही वे उतर गए, लेकिन उनके उतरने से पहले ही उसने कहा, ‘आज के बाद मेरी बस में कभी भी महिला सीट पर मत बैठना। आज तो छोड़ दिया अगली बार से थाणे में ही दिखाई दोगे।’

उसने जिस तरह से उन दोनों को उठाने के लिए मातादीन से बस रुकवाई, उस वक्त उसका गुस्सैल रूप देखकर मैं बस में खड़े दो युवकों की बातें सुनकर चौंक पड़ा।

‘यार…यह जितनी सीधी दिखती है उतनी है नहीं…!’

‘क्यों क्या हुआ…! सांप सूंघ गया न…! तू तो इसकी बड़ी तारीफ कर रहा था!’

‘भगवान बचाए यार इससे…।’

तभी उस लड़की की आवाज सुनकर वे दोनों चौंक पड़े, ‘भैया आपने टिकट लिया…?’

‘पास है…!’ उन दोनों में से एक ने कहा।

‘और आप…?’ उसने दूसरे लड़के से कहा।

‘पास है…।’

‘दिखाओ…?’

दोनों ने मुस्कराते हुए अपने-अपने पास निकालकर उसे दिखाए और फिर एक लड़के ने धीमे स्वर में कहा, ‘मैडम, एक बात कहूं, बुरा तो नहीं मानोगी। डर लगता है, कहूं या न कहूं…?’

शायद उसने सोचा होगा कि वह टिकट या फिर आगे आने वाले किसी स्टैंड के बारे में पूछ रहा होगा। इसलिए उसने कहा, ‘डरो नहीं? बेझिझक होकर कहो।’

‘मैडम, आप बहुत सुंदर हैं।’

उसने बड़ी-बड़ी आंखों व गुस्सैले अंदाज में उसकी ओर देखा तो उस लड़़के का गोरा चेहरा एकाएक स्याह पड़ गया था। आंखों में छाई हुई चमक लुप्त हो गई थी। हाथों की उंगलियां खुलने व मुड़ने लगी थीं। वह अपनी जगह से एक कदम पीछे की ओर हो गया था। उसके होंठ कांपने लगे थे। वह अपनी चारों ओर खड़े लोगों को देखता और फिर अपनी नजरें झुका लेता, लेकिन जब उस लड़की ने मुस्कराते हुए ‘थैंक यू’ कहा तो उसने एक लंबी सांस ली, रूमाल से अपने चेहरे को पोंछा तो लड़की ने कहा, ‘मैं बुरा नहीं मानती।’

उसके इन शब्दों को सुनकर उसके चेहरे पर मुस्कराहट तैर गई थी। एक बेजान मुस्कराहट, खौफ और डर से भरी हुई।

उसका गुस्सैला चेहरा और फिर अचानक उसे मुस्कराते हुए देखकर मन में खयाल आया कि यह इसी तरह से मुस्कराती रहे और मैं उसे इसी तरह से मुस्कराते हुए देखता रहूं और मेरा सफर कभी खत्म न हो!

उसे इस बात का भी ध्यान रहता था कि कहां से जेबकतरे बस में चढ़ रहे हैं। इसलिए वह पहले ही कह देती, ‘बस में सभी अपने सामान और अपनी-अपनी जेब का ध्यान रखें।’ उसके कहते ही बस में सवार सभी लोग सर्तक हो जाते। अपने-अपने फोन अपने हाथों में ले लेते। पीठ पर लटकाए बैग आगे की तरफ कर लेते। अगर कोई बीच में घुसने की कोशिश करता, उसे घूर-घूर कर देखने लगते। उसपर पूरी नजर रखी जाती। बल्कि कुछ लोग यह भी कह देते, ‘कहां बीच में घुस रहा है, चल आगे निकल…!’

एक दिन जब मैं बस में चढ़ा, बस में काफी भीड़ थी। उसे देखकर मैं चौंक पड़ा। आज वह अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ ज्यादा खूबसूरत लग रही थी। पीला कढ़ाई वाला लखनवी चिकन का कुर्ता, चिकन की पीली सलवार और हरे दुपट्टे में वह ब्रह्म कमल-सी लग रही थी। मैं टिकिट लेकर बड़ी देर तक उसे देखता रहा। मन में खयाल आया कि अगर मैं भी इसी की उम्र का होता तो मैं इसे प्रपोज कर देता। वह किसी अप्सरा की तरह लग रही थी। उसके होंठों पर लगी कोकाकोला रंग की लिपिस्टिक देखकर मन हुआ कि एक बार उसके होंठों को छू कर देखूं। तभी एक लड़का बोला जो टकटकी लगाए उसी को देख रहा था, ‘क्या बात है, हरे दुपट्टे वाली, आज तो परी लग रही है!’

मैं बड़बड़ाया, ‘हरे दुपट्टे वाली’, तभी एक आदमी चिल्लाया। ‘मेरी जेब कट गई। मैडम, किसी ने मेरा फोन निकाल लिया है!’ उसकी आवाज सुनकर सभी अपनी-अपनी जेबों को टटोलने लगे थे।

‘क्या हुआ…!’ अपनी सीट से उठते हुए उसने कहा।

‘मैडम, किसी ने मेरी जेब में से मेरा फोन निकाल लिया है।’

‘जो जहां हैं वहीं अपनी जगह पर ही रहें। मातादीन जी बस को थाने में ले चलो।’

‘मैडम, हमें ऑफिस के लिए देर हो रही है।’ किसी ने अपनी सीट पर बैठे-बैठे कहा।

‘देर हमें भी हो रही है, लेकिन बस पहले थाने जाएगी और सबकी तलाशी ली जाएगी।’

उसने फिर कहा, ‘मातादीन जी, बस बीच में कहीं नहीं रोकना, सीधे थाने ले चलो।’

मातादीन ने बस थाने के सामने जाकर खड़ी की तो वह अपनी सीट से उतर कर थाने में गई और कुछ पुलिस वालों को साथ लेकर आई। जिसमें एक ए.एस.आई. भी था। उसने मातादीन से कहा, ‘आगे का दरवाजा खोलो और पीछे का दरवाजा बंद रखो।’

मातादीन ने आगे का दरवाजा खोला तो ए.एस.आई ने बस में चढ़ते हुए कहा, ‘एक-एक कर सभी लोग बस से उतरो। सभी की तलाशी ली जाएगी।’

सभी लोग बस से उतरे, सभी की तलाशी ली गई, लेकिन फोन किसी के पास नहीं मिला। जब बस में फोन खोजा गया तो फोन स्विच ऑफ था और वह बस की सीट के नीचे पड़ा था!

फिर तबीयत खराब होने के कारण मुझे ऑफिस से छुट्टी लेनी पड़ी। मैं एक महीने से बस में सफर नहीं कर सका। अस्पताल में पड़े-पड़े मैं उसी के बारे में सोचता रहता। सुबह जैसे बस आने का टाइम होता, मेरी नजरें घड़ी की सुइयों पर टिक जातीं।

एक महीने बाद स्वस्थ होकर जब मैं ऑफिस के लिए निकला। कुछ ही देर में बस आ गई थी। मैं खुश था कि आज मैं उसे जी भर कर देखूंगा, लेकिन जब मैं बस में चढ़ा तो उसकी जगह लड़का टिकट फाड़ रहा था। मैं बड़ी देर तक उसकी सीट को देखता रहा। आज क्यों नहीं आई होगी…! मैंने टिकट लिया और बुझे मन से एक तरफ खड़ा होकर उसके बारे में सोचता रहा। कल फिर आएगी तो जी भरकर देखूंगा। लेकिन वह फिर नहीं आई, फिर आई ही नहीं!

एक दिन मैंने देखा कि बस में भीड़ कम है। मैंने कंडक्टर के पास वाली सीट पर बैठकर टिकट लेते हुए कहा, ‘वह लड़की जो आपसे पहले इस बस में कंडक्टर थी, वह कहां गई…?”

‘मुझे नहीं पता, मैं नया हूँ।’

मैं खामोश हो गया। उम्मीद की किरण लुप्त हो चुकी थी।

उसे देखने की चाहत में मेरा सफर आज भी जारी है, लेकिन वह मुझे फिर नहीं मिली।

 

संपर्क : प्लॉट न. 133ए/1, गली न. 4, ई एक्सटेंशन,  फेज-1, 25 फुटा रोड,  श्याम बिहार, नजफगढ़,  नई दिल्ली-110043 मो.9953878426