
युवा लेखिका। ‘बंद कोठरी का दरवाजा’ (कहानी संग्रह) ‘नदी को सोचने दो’, ‘मन हुआ पलाश’ और ‘वक़्त की अलगनी पर’ (तीनों कविता–संग्रह) प्रकाशित।संप्रति – स्वतंत्र पत्रकारिता।

सुनकर कुछ देर के लिए एकदम चुप सी हो गई मैं।फिर लगा, ऐसा भी क्या हो गया कि मां भुनभुना रही हैं…।
एकदम सामान्य सा स्टूल ही था, जिसपर पीले रंग का वार्निश लगा था।कितना पुराना था, यह तो मुझे याद नहीं, मगर जब से होश संभाला, उसे देखती रही हूँ।न जाने कितनी बार उसे उठाकर कभी पायताने रखा है, कभी सिरहाने।कभी उसे आंगन में रख मग में पानी लेकर नहलाया है, तो कभी ऊपर छत पर सुखाया है।
उसी स्टूल पर कभी गरम पानी का गिलास रखा जाता, तो कभी बाल काढ़ने के लिए छोटा शीशा किसी गिलास की पीठ पर टिकाकर उसे ड्रेसिंग टेबल में बदल दिया जाता।
नानी ने दो चीजों से कभी समझौता नहीं किया।वैसे समझौता तो उन्होंने और भी बहुत सी चीजों से नहीं किया, मगर उन दिनों यह लगता था कि वह अपने गोरे रंग को सहेजने और निखारने के लिए केवल अफगान स्नो ही लगाया करती थीं।यह एक ब्यूटी क्रीम था और नानी के अलावा मैंने किसी और को इसे लगाते नहीं देखा था।चूंकि दादी का काम बोरोलीन से ही चल जाता था, इसलिए अफगान स्नो लगाती नानी को देखना और उसकी महक महसूस करना मुझे किसी और ही दुनिया में खींच ले जाता था।नानी की आदत थी कि वह हमेशा बाथरूम से नहाकर कमरे में आने के बाद ही क्रीम लगाती थीं।इस दौरान मैं वहीं आसपास मंडराती रहती और इस भीनी-भीनी खुशबू को जोर से सांस खींचकर नथुनों में भर लिया करती थी।
मां बताती हैं कि नानी को इंदिरा गांधी बहुत पसंद थीं और क्योंकि उनकी फोटो इस क्रीम के ऊपर लगी थी।इसलिए यह नानी का एकमात्र क्रीम था, जिसे हमेशा लगाती थीं वह।ऐसा नहीं कि पूरा घर ही इसका इस्तेमाल करता हो।इसे लगाने का शौक और अधिकार भी केवल उनको ही था, उनकी बेटियों को भी नहीं।शायद वह खुद को विशेष मानती थीं, या सबके नजरों में खास बनना चाहती थीं।
सुना था कि अफगान के बादशाह जब हिंदुस्तान आए और उनके सामने यह क्रीम पेश किया गया तो सूंघकर उन्होंने कहा था कि इससे अफगान की बर्फीली खुशबू आती है।शायद यही कारण था कि बिना किसी दाग-धब्बों के नानी का चेहरा हमें बर्फ की तरह सफेद दिखता और गालों पर छाई ललाई देख ऐसा लगता जैसे वहां दो सुर्ख गुलाब खिल आए हैं।हमेशा दमकती रहती थीं नानी।इस उम्र में भी काले केश थे उनके और अपने बालों में हमेशा कपूर डला नारियल तेल ही लगाया करती थीं।मुझे लगता कि मेरी नानी वैजयन्तीमाला से भी ज्यादा सुंदर हैं, तो मेरे मौसेरे भाई-बहनों को वह शर्मिला टैगोर लगतीं।
नानी को प्रिय था अफगान स्नो और दूसरा बांबे डाईंग का बेडशीट।मुझे याद नहीं कि उन्होंने अपने बिस्तर पर कभी किसी और कंपनी का बेडशीट बिछाया हो।हर तीन महीने पर उनके बेड पर नया बेडशीट बिछा होता, जिसका रंग और डिजाइन सब उनकी पसंद का ही होता, और इसके लिए वह खुद बाजार जातीं।खरीददारी के लिए तैयार होने के लिए जाने से पहले ही वह नाना को आदेश देतीं, कि सड़क पर जाकर उनके लिए रिक्शा बुला लाएं।अगर नाना न होते तो कोई बच्चा या फिर पास–पड़ोस से ही कोई दौड़ जाता।
दरअसल बहुत ठसक वाली थी उनकी जिंदगी।नाना दबंग थानेदार रहे और उनसे दबंग नानी।फिर नानी के पीछे नखरा उठाने के लिए अर्दली और नौकर-चाकर।उससे कुछ बचा तो तीन बेटियां थीं, जो अपनी मां को एक काम नहीं करने देती थीं।वो आधी से ज्यादा जिंदगी ठाठ से जीती आईं, तो नाना के रिटायरमेंट के बाद भला यह आदत कहां चली जाती।इसलिए नानी को जब बाजार जाना होता, रिक्शावाला गेट खोलकर अंदर आकर तब तक इंतजार करता जब तक नानी तैयार होकर बाहर न आ जाएं।फिर वह रिक्शावाला सारे दिन के लिए बुक हो जाता।नानी को उनकी मनचाही दुकान के आगे उतारना, अगर किसी सहेली से मिलने जाना हो तो वहां ले जाना और वापस उन्हें उनकी कोठी तक छोड़ना होता था।
घर क्या, बड़ी सी कोठी ही थी और उससे भी बड़ा था अहाता अंग्रेजों के जमाने का।बीच में घर और चारों तरफ बागान, जिसमें तरह-तरह के फूल-सब्जी भरे होते।पुताई से नीला रंग वाला घर और उसी से मैचिंग गेट भी नीले रंग का ही था।घर में चार बड़े-बड़े कमरे थे और बाहर एक बैठक, जिसमें एक किताबों से अटी अलमरी भी थी, जिसे कभी-कभार ही खोला जाता था।घर के बीच आंगन, जहां कपड़े धुलते तो कभी अनाज सुखाया जाता।ठंड में धूप के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं, आंगन में धूप पर्याप्त होती।उसी आंगन की बाईं ओर रसोई और दाहिनी ओर डायनिंग स्पेस।इन दोनों के बीच एक भंडार घर और छोटा सा मंदिर।
मगर हम बच्चों का सबसे बड़ा आकर्षण था ऊंची नीची छत, जिसमें हम छुपम-छुपाई खेला करते थे।मुझे कभी समझ नहीं आया कि आखिर नाना ने इतनी भूल-भुलैया जैसी छत क्या सोचकर बनवाई थी।आंगन से जुड़ी थी छत जाने की सीढ़ियां।एक छत्ता इतना ऊंचा कि लाख उछल ले, चढ़ नहीं पाते तो दूसरा इतना गहरा, कि कोई नीचे उतार दे तो बिना हाथ धरे ऊपर निकल ही न पाएं।अपने से छोटों को सजा देने के लिए अक्सर नीची छत पर उतारकर छुप जाया करते थे हमलोग, चाहे बाद में शिकायत होने पर मार ही क्यों न खानी पड़े।छत भी जैसे दुतल्ला, और इतनी ऊंची सीढ़ियां कि दस बार चढ़ो-उतरो तो टांगे दुख जाएं।
घर के बाहर लाल रंग का गोल बरामदा था, जिसमें बैठने को बेंत की चार कुर्सियां और टेबल लगा था।उसी कुर्सी पर बैठकर नानी बागवानी कराया करती थीं।सामने कतार से जीनिया, डहलिया और गुलाब के फूल खिले रहते।इधर घर की बाईं तरफ अमरूद, आम और अनार के कई पेड़ों के अलावा जो खास था, वह काजू का पेड़।यह पेड़ हमें बहुत आकर्षित करता, क्योंकि नानी घर के अलावा मैंने कहीं काजू फलता नहीं देखा था।दाहिनी तरफ एक कुआं और उसके बाद वाली बड़ी सी जमीन पर अक्सर अरहर लगा होता, तो कई बार मौसमी सब्जियां।इनकी निगरानी नानी कमरे के अंदर से ही कर लेतीं, क्योंकि सभी कमरों की खिड़कियां उधर ही खुलती थीं।
बाहर अहाते में नाना की फटफटिया यानी उनकी बुलेट लगी होती, जिसे वह अपने हाथों रोज धो पोंछकर साफ करते।नाना को उनके प्रभुत्व वाले दिनों की याद दिलाती थी उनकी बुलेट, जिस पर बैठकर जाने कितने अपराधियों को धर-दबोचा था उन्होंने।
नानी ठाठ से घर से निकलकर रिक्शे पर बैठतीं और रिक्शेवाले को इंद्रपुरी बाजार चलने का आदेश देतीं।वहीं मेन मार्केट था, जहां से नारंगी रंग के बड़े से बास्केट में तमाम चीजें खरीदकर भर लातीं और अपने कमरे से सटे कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी में छुपा देतीं।
वह लकड़ी की अलमारी बड़ी रहस्यमय थी हमारे लिए, क्योंकि तमाम खाने–पीने की चीजें वहीं छुपाई जातीं।कई बार हम बच्चे उस अलमारी की चाभी पार करने का प्लान करते, मगर कभी कामयाब नहीं हुए।असली थानेदारनी थीं नानी।उनके किसी भी सामान को जरा सा कोई हाथ लगाता तो उन्हें पता चल जाता।वैसे वह अपनी चाभियों का गुच्छा तकिए के नीचे ही रखती थीं, मगर हमारे हाथ नहीं लगा कभी।बड़ी तेज निगाहें थीं उनकी।
जब वह अलमारी खोलतीं तो उस अलमारी से अलग तरह की गंध आती, जो कपाट बंद होते ही जाने कहां गायब हो जाती।ऐसी अनोखी गंध उस अलमारी के अलावा और कहीं से नहीं फूटती।वहां तमाम तरह के बिस्कुट, चीनी के डब्बे, चॉकलेट, केक, ड्राई फ्रूट, हॉरलिक्स और कॉफी का स्टॉक होता था।हमने अपने घर में बड़ों को होश संभालने के साथ ही चाय सुड़कते देखा था पर नानी हमेशा नफासत के साथ कॉफी के सिप लिया करती थीं, उसी स्टूल पर रखकर।
नानी का बहुत प्रिय था वह स्टूल और वह शायद साझेदार भी था।इसलिए मुंहलगे की तरह सारी उम्र उनके पलंग से सटा रहा।आज उसी स्टूल की चारों टांगे छितरा गईं।उसके ऊपर पानी गर्म करने के लिए रखी मशीन टूट गई।यह सब देखकर नानी बिफरीं और मां हतप्रभ हो गईं।
मैं सोच में पड़ गई कि उस स्टूल में आखिर क्या था कि…
नाना के जाने के बाद नानी के लिए वह स्टूल ज्यादा प्रिय हो उठा था।मुझे नहीं पता, मगर लगता है नाना की खास निशानी थी वह।कई बार अकेले में नानी को उस पर हाथ फेरते देखा है, जैसे वह कोई मुलायम वस्तु या जीव हो, जिसे प्यार से सहलाया जाए।
बढ़ती उम्र के साथ दांतों में कनकनी रहने लगी, इसलिए अब गर्म पानी की दरकार होने लगी है उन्हें।बेटियां ब्याह के ससुराल गईं, तो पहले सी सुविधा नहीं रही।दो बहुएं हैं मगर नानी की ठसक सह लें, इतनी सहनशक्ति नहीं उनमें।अब बार-बार पानी गरम करके कौन दे, इसलिए छोटी बेटी से कहकर पानी गरम करने की केटली रख ली थी उसी स्टूल के ऊपर और जब मन होता, पानी गरम करतीं, जब मन होता, कॉफी या चाय बनाकर पी लेतीं।
‘आजकल बाजार नहीं जा पातीं न, घुटनों में दर्द होता है इसलिए रिक्शे पर भी बैठ नहीं सकतीं।वैसे भी अब बांबे डाइंग के बेडशीट कौन बिछाता है।इतने तो सस्ते बेडशीट मार्केट में आ गए हैं।क्रीम भी एक अफगान स्नो ही रह गया क्या।जो मिल जाए, लगा लो।बुढ़ापे में क्या इतना सजना-संवरना।’
मामी को यह कहते सुना मां से, तो मैं बोल पड़ी थी कि आजकल तो ऑनलाइन मिलता है सब कुछ।आप कहिए तो नानी का फेवरेट अफगान स्नो और बेडशीट भी आर्डर कर दूं।सुनकर मामी के चेहरे पर इतने अजीब से भाव उभरे कि मैं आगे कुछ कहे बिना ही बाहर निकल गई थी।
बाद में समझ आया कि बेचारी नानी के हाथ जो पेंशन आती है, उसी से तो उनका अपना खर्च चलता है।अपने लिए दूध भी वही मंगवाती हैं और मेरे जैसे नाती-नातिन के आने-जाने के समय हाथ में कभी पैसे कभी मिठाई धरने का इंतजाम भी खुद ही करती हैं।अब उम्र भर देने की आदत रही है तो कैसे छोड़ दें सब।फिर बेटी-दामाद का स्वागत वह खुद नहीं करेंगी तो कौन बैठा है तीन-तीन दामादों की सेवा-टहल करने को।
अब कुनबा बड़ा है उनका तो जन्मदिन और एनीर्वसरी पर गिफ्ट तो देना बनता है।एक समय था कि अपने मातहतों पर भी पर्व-त्योहार के समय खुले दिल से खर्च करती थीं।अब उनको न सही, बेटे-बहू को देती हैं तो बेटियां कैसे छूटेंगी।आखिरकार वह उमर भर महारानी बनी रहीं, तो इन्हीं बेटियों की बदौलत न।वैसे भी जितनी जमीन जायदाद है, वह तो बेटे ही लेंगे, जरूरत पर कुछ पैसे बेटियों को न दें, यह कैसे हो सकता है।
मुझे अक्सर लगता, इतनी दबंग नानी सारे जमीन जायदाद पर सिर्फ बेटों का ही हक क्यों मानती हैं, क्या उन्हें नहीं मालूम कि कानूनन इसमें बेटियों की भी बराबर की हिस्सेदारी है या फिर उनकी तमाम ठसक के बावजूद यह कोई ऐसा कोना था जहां वे भी हमेशा से बनी बनाई लीक को लांघ नहीं पाती थीं।मैं कई बार सोचती इस बाबत कहूं उनसे कुछ, पर उनसे सवाल करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई कभी।
बीच वाली मौसी के बच्चे छोटे थे, तभी मौसा जी गुजर गए।एक तरह से वह नानी की जिम्मेदारी हो गई।नाना ने अपनी सामर्थ्य भर खूब किया।बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, दौड़-धूपकर मौसी के लिए नौकरी का इंतजाम।मौसी जब लौटकर मायके आईं तो, वहीं की हो गईं।नाना-नानी की देखभाल और दोनों मामाओं के भोजन-पानी की व्यवस्था उनके ही जिम्मे हो गई थी।मामा भी उन्हीं पर निर्भर हो गए थे।मौसी बहुत प्यार करतीं उनको और मामा भी जान देते अपनी बहन पर।वैसे भी नानी काम करने से ज्यादा करवाने पर विश्वास करतीं।बचपन में जब गर्मी की छुट्टी में मां सप्ताह भर के लिए नानी घर जातीं, मजबूरन मुझे भी जाना पड़ता।यहां तो मजे से खेलती-कूदती रहती थी और वहां नानी हमेशा कोई न कोई काम अढा ही देतीं।
‘बेबी, जरा मच्छरदानी खोंस दो तो पलंग के चारों तरफ।वहां एकठो मच्छर भुनभुना रहा है।घुस गया तो सोने नहीं देगा।बेबी, जरा रजाई पैताने से खींच कर पैरों के नीचे दबा दो तो, तलुवा में ठंडा घुसल जा रहा।बेबी, जरा दरवाजा भिड़ा आओ तो… सर-सर हवा पूरा घर में चला आ रहा है।खिड़की से उठा के रेडियो पकड़ाओ, विविध भारती में लता मंगेशकर का गाना आ रहा होगा।’
वह अपने आसपास रहने वालों को चक्करघिन्नी के जैसे अपने इशारों में नचाती रहतीं।कुछ नहीं तो हर गर्मी में नानी घर जाने वाले हम जैसे छोटे बच्चों से नहाते समय कभी पीठ रगड़वातीं कभी तेल लगवातीं।मगर क्या मजाल कि उस स्टूल का इस्तेमाल कर ले कोई।जमीन में बैठो, चौड़ी सी खिड़की में बैठो, टंगों, मगर उनके स्टूल को हाथ नहीं लगाओ।हमीं क्यों, न उनकी बेटियां उसका इस्तेमाल कर सकतीं, न दोनों बेटे, जो तब कंप्टीशन की तैयारी कर रहे थे।

नानी के पांच बच्चों में तीनों बेटियों की शादी तो नाना के सर्विस के समय ही हो गई।बच गए दोनों मामा, जो नाना के रिटायरमेंट के बाद भी नौकरी नहीं पा सके थे।अब उनकी पेंशन से घर चलाना थोड़ा मुश्किल हो रहा था, मगर नानी इन सबसे बेफिक्र थी।जो करना है, नाना करेंगे, नानी तो नाश्ते के बाद एक गिलास स्पेशल दूध वाली चाय बनातीं अपने लिए, और अकेले ही पीती रहतीं।हमें आश्चर्य होता कि इस चाय के हिस्सेदार नाना भी नहीं बने कभी।उन्हें किसी के हाथों की बनी चाय पसंद ही नहीं आती।छोटे मामा के हाथ की भी नहीं, जो रसोई के कामों में नानी का हाथ बंटाते, क्योंकि नानी ने कभी अकेले घर और रसोई की जिम्मेदारी नहीं उठाई थी।वैसे छोटे मामा नानी के दुलारे बेटे थे और बड़े होने के बाद भी नानी के पास आकर किसी भी चीज के लिए ठुनकते, और नानी उनकी इच्छा पूरी कर देतीं।
नानी कहती हैं कि छोटे मामा की आंखें उनके बड़े भैया से बहुत मिलती हैं, जो छुटपन में ही तालाब में डूबकर मर गए थे।
धीरे-धीरे अकेली पड़ती नानी के पास अब हुकुम बजाने के लिए न नाना बचे थे न नौकर-चाकर।दोनों बेटों की शादी हो गई और घर की सारी बागडोर उनके हाथों से सरककर बहुओं के हाथों में चली गई।मगर इससे नानी के स्वभाव में कोई फर्क नहीं पड़ा।अब भी वह अपनी ही चलाने की कोशिश करती हैं।भले ही चिल्लाते हुए थक जाएं कि जरा दरवाजा लगा दो, मजाल है कि उनके पोते-पोतियां कान दें।वो तो दोनों पल्ला धड़ाक से खोलकर नानी को मुंह चिढ़ाते हुए बाहर भाग जाते हैं।झींकतीं नानी गठिया के दर्द से टहकते अपने घुटने पर हथेलियां रखें बड़बड़ाती हुई किसी तरह घसीटते हुए खुद जाकर दरवाजा बंद करती हैं।इन दिनों उनकी मच्छरदानियां भी कोई नहीं लगाता।पीठ में खुजली उनको हमेशा से होती है, इसलिए अब अमरूद की एक सूखी टहनी को अपने बिस्तर के किनारे रखती हैं हमेशा, और उसी को ब्लाउज में घुसाकर पीठ खुजाती हैं।कई बार छिल जाती है पीठ, पर क्या करें।
अब कपड़े धोने, बिस्तर लगाने और पानी गर्म करने के लिए बेटियां तो पास नहीं रहतीं।बीच वाली मौसी मामा की शादी के समय ही किराए के घर में रहने चली गईं।जाना तो वह नाना की मृत्यु के बाद ही चाहती थीं, पर नानी के लिए रुकी रहीं।जब घर में मामी आ रही थीं, तो जाने क्यों उन्होंने अलग रहना ही उचित समझा।
जीवन पटरी पर आने ही वाला था कि मौसी के बेटे का एक्सीडेंट हो गया और आईसीयू में रखकर उसका इलाज चल रहा था।अस्पताल के खर्च ने उनको तोड़ दिया।जीवन ने कम दुख नहीं दिए थे उनको कि एक नई परेशानी सामने आ पड़ी।पति के बाद पुत्र ही सहारा था।बेचारी दुखड़ा रोती भी कहां, अपनी मां के सामने ही न।मां का दिल पिघल गया और चेकबुक निकालकर अपनी पेंशन के जमा रुपयों में से तीन लाख का चेक काटकर बेटी के हाथ में थमाया ही था कि दनदनाते हुए छोटे मामा पहुंचे और मौसी के हाथ से चेक लेकर देखा और नानी का स्टूल उठाकर धड़ाम से नीचे पटक दिया।
अब स्टूल ही तो टूटा है…मां को इतना परेशान देखकर और नानी की हालत सोचकर जाने क्यों मेरे अंदर भी कसक होने लगी।स्टूल तो नानी का टूटा, कौन सा वह स्टूल मुझे देने वाली थीं? और देतीं भी तो मैं लेती क्यों।क्या हीरे–मोती जड़े थे उसमें?
मां मुझे लेकर चल पड़ी थी नानी के घर।बस चार घंटे का ही रास्ता था हमारे यहां से नानी के घर का, मगर आज मां की खामोशी से लग रहा था कि यह दूरी बढ़कर बारह घंटे की हो गई है।
मां बड़बड़ा रहीं थी…‘अनिकेत ने सिर्फ स्टूल नहीं तोड़ा है, उसने मां के उस संसार में सेंध लगाई है जहां जाने की कोई कभी हिम्मत नहीं कर सका… उनकी उस ताकत को छीन लिया है जिसके बलबूते अब तक राज करती रही हैं वो…’
इतनी देर बाद भी नानी बदहवास सी थीं।मां ने नानी से कुछ नहीं कहा, बस उनका हाथ पकड़कर बगल में बैठ गई।
‘नानी, आप परेशान मत होइए।अभी आपके लिए प्लास्टिक का स्टूल खरीदकर ले आते हैं नीलकमल या किसी और बढ़िया ब्रांड का, जो गिरने से टूटेगा भी नहीं।’
नानी चुप सी स्टूल के पायों को घूर रही थीं, जैसे किसी चमत्कार से वह वापस जुड़ जाएंगे।उन्होंने मेरे कहे पर कोई ध्यान भी नहीं दिया था जैसे।मुझे लगा, उन्हें प्लास्टिक का स्टूल बिलकुल नहीं चाहिए।उन्हें पुराने डिजाइन के उसी लकड़ी के स्टूल की आदत है।मैं अमेजन के साइट पर जाकर उसी पुराने स्टूल से मिलते-जुलते स्टूल के कुछ फोटो अपने मोबाइल से नानी को दिखाने लगी।नानी ने एक उड़ती नजर उस पर डाल हाथ से फोन परे कर दिया और कह उठीं-
‘बेबी, अब कितना भी महंगा और सुंदर स्टूल ले आओगी, इसकी जगह कोई नहीं ले सकता।’
नानी अपलक किसी शून्य में देख रही थीं…
उनकी बस देह भर कमरे में थी जैसे और खिड़की से बाहर एकटक देखतीं उनकी आंखों में चालीस बरस पीछे का एक दृश्य हवा में खुली किसी किताब के पन्नों की तरह फड़फड़ा रहा था…।
बूछो कद वाली एक दस वर्षीया दुल्हन विवाह मंडप में खड़ी है… दूल्हा उससे उम्र में कोई दस वर्ष बड़ा और ऊंचे कद का है जो बैठने पर भी लड़की के लगभग बराबर लग रहा है।फोटोग्राफर के कहने पर लड़की के पिता ने एक स्टूल मंगवाया है और पीढ़े पर बैठे दूल्हे के बगल में उस पर अपनी बेटी को बिठाया है।विदाई के समय पीढ़ा के साथ वह स्टूल भी दुल्हन के साथ उसके ससुराल की तरफ चल पड़ा है…।
अचानक बोल उठती हैं नानी- ‘तुम्हारे नाना अक्सर चिढ़ाते थे कि स्टूल पर बैठने से मेरे बराबर थोड़ी हो जाओगी।मैं चाहकर भी उन्हें यह नहीं समझा पाती कि यह सिर्फ स्टूल भर नहीं था मेरे लिए।यह तो बाबा की वह निशानी थी जो मेरे साथ आ गई, जिसमें उनका वह छुपा सपना था कि इस पर बैठ मैं शादी की तस्वीरों में उनके दामाद के बराबर हो आई थी।जब अपनी यह बात मैं उनसे कह नहीं पाती तो गुस्से से आग बबूला हो जाती थी।बाबा के जाने के बाद यह स्टूल और करीब हो गया था मेरे।तिलक में मिले बर्तन तो जाने कहां गुम हुए… चोरी डकैती के डर से जेवर भी लॉकर में ही रहते हैं।अब तो मायके में भी कोई नहीं बचा।एक यह स्टूल ही था जो…।’
नानी जैसे खुद से ही बोल रही थीं… बोले जा रही थीं…।
हमेशा की दबंग नानी की आंखों का यूं झर-झर बहना मेरे लिए जितना नया था उतना ही अप्रत्याशित भी…।
मैंने सोचा नानी को एक सरप्राइज देना चाहिए।मोबाइल पर धीरे से अमेजन के साइट खोली और उनका पसंदीदा अफगान स्नो खोजने लगी…।
संपर्क :आदर्श फार्मा, रमा नर्सिंग होम, शर्मा लेन, मेन रोड, रांची, झारखंड–८३४००१ मो.९२०४०५५६८६
