युवा कवि।संप्रति सरकारी सेवा में।

 बच्चे और युद्ध

क्या करोगे
अपने जीते हुए सब भूखंडों का
जब उनमें उगे किसी फूल को देखकर
मुस्करा नहीं सकेंगे
बारूदों के धमाकों से डरे सहमे
तुम्हारे बच्चे
जब वे आसानी से नहीं बना पाएंगे
किसी अजनबी हमउम्र को अपना दोस्त
मौत का अट्टहास करती
तुम्हारी तोपों की गरज़
उनके दिलों में उम्र भर के लिए
गहरी बैठ गई है
अपने बच्चों में ख़ुदा की सूरत देखती
माँओं को क्या जवाब दोगे तुम
जब वे तुमसे पूछेंगी उनकी मुस्कानों का पता
ये जो समय से पहले
बुलाए हैं तुमने पतझड़
क्या बुला सकोगे ऐसे ही
बसंत को भी
कभी सोचा है तुमने
तुम्हारे दिए हादसों की वजह से
दरियाओं के अंधेरे गर्त में जा छिपी हैं मछलियां
उन तक रोशनी की
कौन सी आवाज पहुंच पाएगी
और वे एक बार फिर आएंगी
तुम्हारा निवाला बनने
ताकि भरे पेट
और अहम के साथ एक बार फिर
तुम निकल सको
किसी नई जंग पर।

पहाड़ों से लौटते हुए

दे आया हूँ तिलांजलि
अपनी गढ़ी सब ऊंचाइयों को
समर्पित कर आया हूँ
मन के सब खोखले-छिछले-हल्के पहाड़
जो रचे थे समय ने
झूठी प्रवंचनाओं के सहारे
स्वार्थ की ऊंची सीढ़ियों पर चढ़कर
आत्मश्लाघाओं ने किया था जिन्हें पोषित
भीतर की विपन्नताओं ने
डाल रखा था जिनपर
भ्रमों का मकड़ीला जाल
जहां से देखते हुए
पाया है मैंने खुद को
बहुत ऊंचा
बहुत बड़ा
बहुत भारी
बहुत गाढ़ा और
बहुत घना
पहाड़ों ने लौटते समय
मुझे आइना दिखाया
जिसमें मैं था बहुत बौना बहुत छोटा
बहुत हल्का बहुत विरल बहुत तरल।