युवा कवि। संप्रति काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शोध कार्य।

अरशद नदीम की मां को पंजाबी बोलते देखकर

एक सुबह हुई कि पड़ोसी मुल्क में
पंजाबी बोलते हुए एक मां के अल्फाज
भाषा के सबसे सुंदर संदर्भों की कहानियां
बयां कर रहे थे
उसकी भाषा में थोड़ा लाहौर था
थोड़ा अमृतसर
थोड़ी-सी मिठास सियालकोट की थी और
थोड़ी-सा अपनापन पठानकोट का
बाबा बताते हैं कि जब देश आजाद हुआ
वह आठ वर्ष के थे
उनकी स्मृति में एक दृश्य कौंधता है कि
जब आजादी की खबर गांव-गांव फैली
गांव का पचीस बरस का एक मुसलमान लड़का
नीम के पेड़ पर चढ़ गया
और पेड़ की पुलुई पर तिरंगा तान कर
अवधी लोकगीत की कुछ धुनें गाईं

बाबा की स्मृति में
लोकगीत गाता हुआ वह एक नवजात राष्ट्र था
जिसके पास भाषा की वह आदत शामिल थी
जिसमें बहुत कुछ बिगड़ने की साजिश के बावजूद
एक सुलझती हुई मनुष्यता थी
इधर पाकिस्तान में पंजाबी बोलते हुए
अरशद नदीम और उसकी मां को देखते हुए
मुझे भाषा की उस सुंदरतम आदत पर
आश्चर्य होता है
जहां एक ही भाषा है
दो संप्रदायों और राष्ट्रों के बीच
अगाध मोहब्बत और खुन्नस के
अठतहत्तर बरस बाद भी
उस भाषा के भीतर
एक साझा मनुजता
का दोहराव जारी है
वह जारी रहेगा
जब तक भाषा जीवित है।

संपर्क : रूम न. 206, बिरला ब छात्रावास, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी–221005 उत्तर प्रदेश / मो.9532102761