युवा कवि। छोटे बच्चों के बीच शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत।

ईश्वर का राज्य

मेरे राजा ने
सिंहासन संभालते ही
पूरे राज्य में मुनादी करवा दी
कि वह धरती पर
देवलोक से भी सुखकर
ऐसे राज्य की स्थापना करने जा रहा है
जिसे पाने के लिए देवता भी लालायित होंगे
इंद्र का ऐरावत मचल उठेगा
गरुड़, संपाती, जटायु, काकभुशुंडी
ये सब टकटकी लगाए देखते रह जाएंगे
ईश्वर ने स्वयं
उसे अपना प्रतिनिधि चुनकर
मृत्युलोक में मनुष्यों के उद्धार के लिए भेजा है
वह कोई साधारण मनुष्य नहीं
धरती पर ईश्वर की परछाईं है
साथ ही साथ यह भी मुनादी की गई
कि ऐसे महान राज्य की स्थापना का होना
करोड़ों अश्वमेध यज्ञ
एकसाथ होने के समान है
और इस महायज्ञ की सफलता के लिए
प्रजा को भी आहुति देनी होगी
उन्हें आंख मूंदकर, मुंह बांधकर
और हाथ जोड़कर
राजा की बातों का विश्वास करना होगा
मुनादी जारी रही
इस कड़ी में जो पहला कदम है
वह यह है
कि राज्य के शब्दकोश में
कुछ शब्दों की परिभाषाओं को
ईश्वरीय इच्छा के अनुरूप संशोधित करना होगा
जैसे
अब से हत्या को मोक्ष
बलात्कार को देह शुद्धिकरण
बलि को शहादत
प्रेम को कायरता
हिंसा को पुरुषार्थ
दमन को पराक्रम
युद्ध को शांति की पहल
राज्य को धर्म
और राजा को ईश्वर कहा जाएगा
कुछ अनावश्यक शब्दों को
शब्दकोश से मिटाना होगा
जैसे
बुद्धि, विवेक, तर्क, विरोध, असहमति आदि
और इनके सभी पर्यायवाची भी
परिभाषाओं में हुए
इस महत्वपूर्ण संशोधन को न स्वीकारने वाले
या इस पर प्रश्न खड़ा करने वाले को
ईशनिंदक माना जाएगा
और उसे दोनों लोकों में दंड मिलना निश्चित है
क्योंकि राजा देवपुत्र था
अतः प्रजा ने बिना किसी सवाल-जवाब के
राजा की बातों को शब्दशः अंगीकार कर लिया
और देखते ही देखते
राज्य में हर तरफ सुख, शांति, समृद्धि छा गई
खुशियों का सैलाब आ गया
कहीं कोई अन्याय नहीं था
कोई अत्याचार नहीं, शोषण नहीं
आवाज नहीं, फरियाद नहीं, गुहार नहीं
धरती पर सचमुच
ईश्वर का राज्य स्थापित हो चुका था।

संपर्क:​ 712-के, ग्राम-हनुमानगढ़, जिला-सीधी, मध्यप्रदेश, 486771, मो.9425179005