वरिष्ठ कवयित्री और कथाकार। पुस्तकें- ‘कुछ लापता ख़्वाबों की वापसी’, ‘समय की धुन पर’, ‘मुझे पतंग हो जाना है’ और ‘तितलियों के शहर में’ (काव्य संग्रह)। ‘एक स्कर्ट की चाह’ (कहानी संग्रह)।

 तुम सुंदर दिखती थी

वृद्ध ने अपने चश्मे से सटा लिया
एक पुराना धुंधला फोटो
उसे देखा और मुस्कुरा दिया

फिर खंखारते हुए
चाय के कप में
बिस्कुट घुमाती वृद्धा से कहा-
‘तुम सुंदर दिखती थी’

‘क्या अब नहीं दिखती?’
वृद्धा ने लजाते हुए कहा

‘अब भी दिखती हो
पर तब मैं ठीक से देख नहीं पाता था।’

अनोखा पल

एक चिड़िया रोज मेरे घर आती है
और बैठ जाती है मुंडेर पर
बैठी रहती है देर तक
धूप की एक बारीक लकीर वह बहुत देर तक
अपने पंखों पर बैठाकर रखती है

सूरज कसता है तंज
उसके पंखों पर

लेकिन उस अपरिहार्य पल के लिए
चिड़िया सूरज के तंज को मुंडेर पर बांध देती है
और अपनी रेशमी मुद्रा पर ध्यान लगाकर
इंद्रधनुष बन जाती है।

मैं और शहर

मैं अपने शहर के साथ दौड़ रही थी
जब रात के कमसिन अंधियारे ने
उस उदास पेड़ के पत्तों पर कदम रखा

एक फूल ठीक उसी समय
टहनी से टूटकर गिरा था

एक गिलहरी रास्ता भटक गई थी
एक पीड़ा ने भाषा में सांस ली थी
एक सहृदय ने ठीक उसी समय
बांधी थी उसकी आहों पर हल्दी

मैं और शहर कभी-कभी एक साथ
बेंच पर बैठ जाते हैं
और स्कूल के विद्यार्थियों की तरह
दुनिया के शब्दकोश पर बातें करते हैं।