![]() |
![]() |
| कोइजम शांतिबाला
मणिपुरी भाषा की चर्चित कवयित्री। ‘लैरोन्नुङ’ कविता संकलन पर मणिपुरी भाषा के लिए साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। संप्रति मणिपुर विश्वविद्यालय, इंफाल के मणिपुरी विभाग में प्रोफेसर पद पर कार्यरत। |
लोङ्जम रोमी देवी युवा लेखिका। अनेक शोधा आलेख एवं अनुवाद कार्य हिंदी की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। |
लोरी गीत
मां की लोरी की धुन
बह चली नदी की धार बनकर
स्मृतियों को विराम दे
विश्राम करते शिशु-सा मैं सुनता रहा
एक समय
गाई थी मां ने लोरियां
निहारते हुए आकाश में चांद को
मांगा था मैंने भी चांद
नन्ही जिद कर
बहलाती हुई मां ने
सुनाई लोरियां
चांद फिर दूर बहुत दूर
दूर चला गया
फिर भी कदम न रुके
कदम हुए बहुत दूर
थम गई लोरियों की धुन
खो गया कही माँ का प्यारा चेहरा
किंतु
चिढ़ाते हुए मुझे, यथावत खिला है चांद
किससे मांगूं मैं चांद
अकेला पराया-सा, जीवित इस स्थल पर
मां
हो रही है अब शंका
लगती नहीं जन्मभूमि अब वैसी
तुमने छोड़ी थी जैसी
फिर भी विचार करके
चांद खिला है उसी जगह पर
पहले सुनी गई लोरियों की धुन-सा
गूंजता है जग
प्रश्न करना चाहता हूँ मां
रुक गई क्यों तुम्हारी लोरियां?
लोरी के बंद होने पर
छूट गया मां तुम्हारा आंचल
डर-असुरक्षा से मुक्त वह आश्रय
मां
नहीं कोई संपत्ति मेरी
लोरियों के अतिरिक्त
अतः सुनाऊंगा मैं खोज-खोजकर
तुम्हारी लोरियों के गीत
प्रत्येक स्थान पर, प्रत्येक पल
बिना रुके।
सीमा की कथा
सीमा की आत्मा हैं
खिले हुए लाल फूल
तोड़े बच्चों ने मुक्ति दिवस पर
अर्पित किए फूल स्वतंत्र ध्वज पर
गाए उन्होंने जाति के गीत
देखकर आकाश में लहराते ध्वज को
जब-जब तोड़े बच्चों ने आत्मा के फूल
निकल आईं पंखुड़ियां नई-नई
नव कोपलों के साथ खिलती रहीं बार-बार
रूप बदल दिए खिले हुए फूलों ने
जाति के गीत में जाति के ध्वज में
इसलिए बंधु सीमा पर नहीं रहा
कोई आम आदमी
जो न बन सका लाल फूल कभी
वही है मित्र
झरने, पहाड़, यह संसार
सुबह-शाम रो रहे हैं वे
खिलने पर
आत्माओं के लाल फूल के रूप में
बंधु नदियां चाहती हैं
नए पौधों को सींचना
मिट्टी भी हरा खेत बनना चाहती है
पर्वत हरे जंगलों से मित्रता करना चाहता है
चिड़ियों के संग गुनगुनाना चाहता है
किंतु मित्र
सीमाओं के आकाश पर
बम-बंदूकों की गूंज है
बम के धुओं से घिर गया है बादल
बादल ने चाहा
नदियों को देखना, पर्वतों से बातें करना
हरे खेतों से मिलना
अतः मित्र यह जो मेरी पीड़ा है-
बादलों की मिट्टी की पर्वतों की
वह आकाश और पृथ्वी की है।
संपर्क : लोङ्जम रोमी देवी, थाङमैबंद हिजम दिवान लैकाइ, इंफाल-795004, मणिपुर, मो.8837467645


