
युवा कवयित्री।एक काव्य पुस्तिका प्रकाशित।

बचे हुए लोग
वे मौत के मुहाने पर खड़े रहे हैं
सांसों की डोर पकड़े
अदम्य साहस के साथ
जबकि आसपास दरक रहे थे असंख्य जीवन
कभी राशन की लाइन में खड़े
कभी बंद पड़े काम-धंधे को फूंकनी देते
दम फूलते फेफड़ों को बचाते
वे बचे हुए लोग आज भी लड़ रहे हैं
बचे हुए जीवन के लिए
बची हुई जिजीविषा के दम पर
जो बचे रह गए युद्ध के बारूदी गुबार में
वे अंधी आंखों से ढूंढ रहे हैं अपना मुल्क
बचे हुए लोग भाग रहे हैं अपना देश छोड़कर
बची हुई स्त्रियां
परदों की ओट में छिपा दी गई हैं
बचे हुए बच्चे हथियारों की भाषा सीख रहे हैं
बचे हुए पुरुष घुटने टेक बन गए
सत्ता के गुलाम
बचे हुए लोग
या तो झुक कर अपनी जान बचाते हैं
या तनकर तोड़ देते हैं
अत्याचारी का दर्प।
संभावना
किसी की अनुपस्थिति का कोलाहल
उसकी स्मृति के एकांत में
सघनता और प्रेम की स्फीति है
कविता और प्रेम में एक सहज साम्य है
कि दोनों होने से कहीं ज्यादा
व्यक्त होते हैं उसके न होने में
जीवन नश्वर है
और स्मृतियां अविनाशी
किसी के साहचर्य से ज्यादा लंबी उम्र
उसकी स्मृतियों की होती है
न होने में होने की संभावना
जीवन का उजास है।
संपर्क :५, अहिल्यापुरी, इंद्र पुरी के पास, ए बी रोड, इंदौर (मध्य प्रदेश) ई मेल–rohnionline26 @gmail.com
