सुपरिचित कथाकार और कई पुरस्कारों से सम्मानित।कई भाषाओं में अनूदित। अद्यतन उपन्यास ‘नदी रंग जैसी लड़की’।

हमारे पास एक नदी थी

हमारे पास एक चिड़िया थी
वह चहचहाती
जग जाते गांव
हमने उसे दाना डाला
और धोखे से शिकार कर लिया

हमारे पास एक पगडंडी थी
जिन पर चला करते देवता
तमाम कामगर
स्कूल के बच्चे
पशुओं के रेवड़
एक दिन आई
लंबी गर्दन वाली मशीन
जिसने उसे निगल लिया

हमारे पास एक बावड़ी थी
रहती थी जिसमें मिठास
पनिहारिनों के सुख दुख
उनकी चूड़ियों की छनछनाहटें
हम ले आए पानी
नलों में घर द्वार
वह अकेली अकेली
सूख गई

हमारे पास एक भाषा थी
जिसमें लिखते थे हम चिट्ठियां
लिखते थे कविताएं
गाते थे विवाह गीत
झूरी गंगी और लामण
कंप्यूटर फोन आए
उस पर रही वह पिटती
होती रही अभद्र

हमारे पास एक नदी थी
जंगल जमीन पशु और घराट
फसलें और मनुष्य
पीते रहते थे उससे पानी
हमने अपने कुकृत्यों से
मिटा दिया उसका अस्तित्व
वह गायब कर दी गई
किसान और समुद्र
आज भी भटकता है दर दर
उसके विछोह में

हमारे पास एक ईश्वर था
विपत्तियों में कहते थे उससे मन की बात
अच्छे बुरे में हमेशा रहता था वह साथ
कुछ आततायी आए
बेचते रहे उसे चुनावी रैलियों में
बांटते रहे घर घर
दौड़ाते रहे जहां तहां
और वह मर गया।

भीतर के अंधेरे

तितलियां
तमाम रंगों के साथ
आने लगी हैं बालकनी में
देर तक बैठी रहती हैं
फूलों पर
कुछ चिड़िया निडर होकर
चुग जाती है दाना
पी जाती है पानी

कबूतरों का दल
अनायास ही चला आता है हर सुबह
सजा लेता है बैंठ
मांगने लग जाता है बाजरा

हवा
अब नहीं चुभती आंखों में
चांद और सूरज भी
टहलते रहते हैं आंगन द्वार
कतारों में खड़े देवदारू
जैसे कर रहे हों प्रार्थना
प्राइमरी स्कूल के प्रांगन में
बच्चों की मानिंद
निर्भय होकर

एक हिरनी
अब दिख जाती है
शहर की सुनसान सड़कों पर
अपने नन्हों के साथ

सचमुच लगता है
बहुत अरसे बाद
आई होगी सुबह
और भीतर…?
पसर गया है सन्नाटा

और भयंकर अंधेरा

भीतर के अंधेरे
कितने भयावह होते हैं
आप डरने लगते हैं
अपने हाथों से ही
और बार बार धोते जाते हैं
साबुन या सेनेटाइजर से

मनुष्य की कैद
और अप्रत्याशित भय
जरूरी है प्रकृति के लिए
ताकि वह भी
ले सके सांस
क्रूर आदमी की दुनिया में।

सेल्फियां

सेल्फियां
बहुत गहरी दोस्त होती हैं आपकी
वे प्यार करना जानती हैं
तितलियों और
फूलों की तरह
जब आप उदास उदास
घर परिवार और समाज में
अकेला अकेला
महसूस करने लगते हैं
सेल्फियां
चुपचाप बैठ जाती हैं
आपके पास बालकनी में आकर
खूब बतियाती हैं प्यार करती हैं
और
उदासियों को
मौसमों में बदल देती हैं
वे बहुत सी सुंदर आंखें
लेकर आती हैं आपके पास
बहुत से प्यारे दोस्त भी

सचमुच
यह सेल्फियों का मौसम है
रिश्तों का नहीं।

संपर्क :साहित्य कुंज, मारलब्रो हाउस, धरातल मंजिल, नजदीक हिमाचल सचिवालय, छोटा शिमला,  शिमला–१७१००२ (हि.प्र.) मो.९८१६५६६६११