शंभुनाथ

यदि हम वस्तुओं की दुनिया में अपने को खो नहीं चुके हैं तो कभी-कभी अपने को खोजने का प्रयत्न करना चाहिए कि हम कौन हैं, हमारे लक्ष्य क्या हैं। पृथ्वी की इन दिनों कितनी ज्यादा क्षति हो रही है, सामाजिक पर्यावरण कितना बिगड़ रहा है- ऐसे विषयों पर सोचे बिना आज जो लोग केवल अपनी सत्ता और मुनाफा बढ़ाने में लगे हैं, उनके लिए अपने को खोजना कठिन है। फिर भी हर मनुष्य के लिए जरूरी है, क्योंकि यह उसका मनोबल ही नहीं बढ़ाता, जीवन के अर्थ को भी उद्घाटित करता है।

सुखवाद पर ज्ञान की श्रेष्ठता

वैदिक साहित्य में दो चरित्र ऐसे हैं जो भौतिक वस्तुओं में अपने को गुम  नहीं होने देते और ज्ञान के लिए जोखिम उठाते हैं। वे चरित्र हैं शुनःशेप और नचिकेता। दोनों के पिता संवेदनहीन और निर्दय हैं। शुनःशेप के पिता  अजीगर्त को उसकी चरम गरीबी ने ऐसा बनाया और नचिकेता के पिता बाजश्रवा को उसकी चरम समृद्धि ने। दो युवा शुनःशेप और नचिकेता समान रूप से मृत्यु के द्वार पर खड़े कर दिए जाते हैं।

अजीगर्त अपने मझले बेटे शुनःशेप को राजा हरिश्चंद्र के बेटे रोहित के हाथों बेच देता है। रोहित उसे वैदिक देवता वरुण के लिए अपने बदले बलि देने के लिए खरीदता है। अजीगर्त बदले में सौ गौएं लेता है। शुनःशेप को बलि देने की तैयारी शुरू होती है। प्रश्न उठता है, शुनःशेप ब्राह्मण है, अतः ब्रह्महत्या का भागी होकर कौन उसे खंभे से बांधेगा और बलि देगा। किसी के तैयार न होने पर उसका पिता अजीगर्त खुद यह काम करने के लिए तैयार हो जाता है, पर इसके लिए उसे सौ गौएं और चाहिए!

अजीगर्त लकड़ी के तीन खंभों से अपने बेटे को बांधता है और बलि देने को प्रस्तुत होता है। शुनःशेप उस समय जल के देवता वरुण की स्तुति करता है। वरुण प्रसन्न हो जाते हैं और वह बच जाता है। यह देखकर अजीगर्त शुनःशेप को साथ लौटने के लिए कहता है, पर शुनःशेप अपने लोभी पिता के साथ जाने से इनकार कर देता है। वह ‘वेद’, अर्थात ज्ञान के मार्ग पर चल देता है (ॠग्वेद, 1.24 और ऐतरेय ब्राह्मण)।

नचिकेता की कथा में उसका पिता बाजश्रवा यज्ञ के बाद जानबूझ कर अच्छी गायों की जगह दुर्बल गाएं दान कर रहा था। नचिकेता को संपत्ति से इतना मोह उचित नहीं लगा। वह भोलेपन में पूछ बैठा, ‘मुझे किसे दान में देंगे?’ बाजश्रवा ने क्रोध में कहा, ‘मृत्यु को!’ नचिकेता बिना दुविधा में पड़े मृत्यु की द्वार की ओर चल देता है। उसके मन में जिज्ञासा है, आखिर यम के पास जाने से कौन-सा लक्ष्य सिद्ध होगा। कठोपनिषद के नचिकेता के मन में प्रश्न उठने लगते हैं- जीवन कैसे प्रारंभ हुआ, जीवन क्या है? एक मनुष्य दूसरे मनुष्य से भिन्न क्यों है, मुक्ति कैसे है, ईश्वर कहां है? यम के सामने उसकी बुद्धि उद्वेलित होती है। उसके मन में उठे प्रश्नों को छिछली भौतिकवादी सभ्यता और धार्मिक दिखावे से रचनात्मक विद्रोह कहा जा सकता है।

कई बार मनुष्य और सभ्यता की पहचान इससे होती है कि इनके सामने क्या प्रश्न हैं। बाजश्रवा का मूल्यच्युत भौतिक यज्ञ उन्हें सुख की दुनिया में ले जाता हो, नचिकेता का संसार श्रद्धा भरी जिज्ञासाओं का है। उसमें यह भावना है, ‘मुझे असत्य से सत्य की ओर ले चलो, अंधकार से प्रकाश की ओर ले चलो और मृत्यु से जीवन की चिरंतन यात्रा की ओर ले चलो’ (बृहदारण्यक उपनिषद)। उसे भौतिक सुखों में खो जाने की जगह ज्ञान चाहिए, क्योंकि यह अपने होने के अर्थ की खोज है। कई बार ज्ञान तब होता है, जब मनुष्य का मृत्यु से मुखामुखम हो।

यम ने नचिकेता से कहा, ‘एक होता है श्रेय और दूसरा है प्रेय। श्रेय वह है जो सबके लिए कल्याणकारी है और प्रेय वह है जो किसी को खुद अपने लिए अच्छा लगे। प्रकाश और अंधेरे की तरह परस्पर भिन्न स्वभाव की इन दोनों चीजों से मनुष्य बंधा होता है।’ नचिकेता को भूमि, धन-दौलत, सुख-भोग ने आकर्षित नहीं किया। उसने वह जानना चाहा जिसका संबंध ‘परमार्थ’ और ‘मंगल’ से है। नचिकेता का अर्थ है- न+चि+केता, अर्थात जो यह जानता है कि वह नहीं जानता! ऐसे ही व्यक्ति में जिज्ञासा हो सकती है। क्या आज की बौद्धिक दुनिया में जिज्ञासा बची है?

‘सर्वाइवल ऑफ द रिचेस्ट’ का प्रश्न

एक अमेरिकी मीडिया विशेषज्ञ डगलस रशकफ की हाल में एक किताब आई है ‘सर्वाइवल ऑफ द रिचेस्ट ः एस्केप फंटासी ऑफ द टेक बिलियनायर्स’। रशकफ दुनिया के बड़े अरबपतियों की वर्तमान मानसिकता का उद्घाटन करते हैं। वे बताते हैं कि किस तरह दुनिया के बड़े अरबपति अब यह सोचने लगे हैं कि आखिर उन्हें कितनी संपत्ति और टेक्नोलॉजी चाहिए और वे उस यथार्थ से खुद कैसे बच सकते हैं जो वे निर्मित कर रहे हैं। दरअसल कारपोरेट दुनिया के तिमिंगल जानते हैं कि मुनाफा अधिक से अधिक करने के चक्कर में वे पृथ्वी को कितने संकट में डाल चुके हैं, पर अब अपनी गति को रोकना उनके लिए संभव नहीं है।

रशकफ फैंटेसी तैयार करते हैं कि एक न एक दिन ऐसा आएगा जो सर्वनाश का होगा, सामाजिक-नैतिक प्रलय का होगा। उसका सामना कैसे किया जाएगा? रशकफ ने लिखा है कि एक बार वित्तीय संस्थाओं के कुछ बड़े अरबपतियों की एक बैठक में भारी मेहनताना पर उन्हें कुछ बोलने के लिए आमंत्रित किया गया। वे टेक्नोलॉजी के भविष्य पर बोलने का मन बनाकर गए थे। लेकिन वहां अरबपतियों के मन में कुछ और शंकाएं थीं। वे जानना चाहते थे कि सर्वनाश के समय भागने के लिए कौन-सी जगह बेहतर है- न्यूजीलैंड या अलास्का? उनके मन में दूसरा प्रश्न था, यदि कभी भीषण संकट आएगा तो वे अपने सुरक्षा बलों पर कैसे निगरानी रख पाएंगे और उनसे कैसे बचेंगे? नए युग में सबसे ज्यादा भय उनसे लग रहा है जो सुरक्षादाता हैं!

कोरोना के दौर में आदमी कैसे डरने लगे थे अपने ही पड़ोसी से, अपने ही घर के व्यक्तियों से! दुनिया के लोगों में तेज गति से बड़ा मुनाफा कमाने की इधर जो भूख पैदा हुई है वह अब राष्ट्र, धर्म, जाति, परिवार कुछ नहीं देखती। आदमी की स्वार्थपरता इतनी बढ़ गई है कि ज्ञान और मूल्यबोध को किसी भी हद तक नकारने में उसे हिचक नहीं है। प्रेम और परस्पर-निर्भरता के पुनर्आविष्कार की कोशिशें अब ज्यादा नहीं हैं। हर तरफ असहिष्णुता के दृश्य हैं। कैसे बचाया जाए पृथ्वी को, मानवता को, बुद्धिपरक ज्ञान-परंपराओं को? सबकुछ इसपर निर्भर करेगा कि हम ‘सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’ की ट्रैजिक नियति से बचने के लिए क्या कर रहे हैं।

विज्ञान जब एक व्यापारिक औजार है

विज्ञान का आज दुनिया में जितने बड़े पैमाने पर स्वार्थ-भरा इस्तेमाल हो रहा है, शायद मानव इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ होगा। आदमी का आंतरिक खोखलापन जितना बढ़ता जा रहा है, झूठ और कृत्रिमताओं से उसे ढकने की प्रवृत्ति उतनी ज्यादा फैलती जा रही है। नई-नई उपभोक्ता वस्तुएं तैयार करने का मामला हो या कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) लाकर मानव-श्रम की कटौती का मामला, संहारक युद्ध उपकरण बनाकर सैन्य-शक्ति बढ़ाना उद्देश्य हो या सूचना संसार पर कब्जे की होड़ हो- अब विज्ञान का बड़े पैमाने पर ऐसे ही उद्देश्यों से उपयोग किया जा रहा है।

विज्ञान अब एक व्यापारिक औजार है। नई तकनीक से अब असंख्य चोरी-बेईमानी-लूट होने लगी है। देखा जा सकता है कि आजकल ऐसी ही टेक्नोलॉजी विकसित करने के लिए विज्ञान का दोहन होता है, जो लोगों को अधिक बेरोजगार करे और उनकी निजी कल्पनाशीलता मिटाए। इस तरह ज्ञान ही हाशिये पर नहीं है, विज्ञान भी प्रायः बंधुआ मजदूर है।

इस समय धर्म, पर्यावरण सजगता, अंधविश्वासों- कुरीतियों और सभ्यता के प्रश्नों पर विज्ञान को दरवाजे के बाहर रोक दिया जाता है, क्योंकि वह निहित स्वार्थों की रक्षा में सहायक नहीं होता। विज्ञान को बाजार की वस्तुओं और तकनीक के मामले में प्रोत्साहन देना और सामाजिक चेतना की प्रगति के मामले में अवरुद्ध करना हमारे समय की एक बड़ी विडंबना है।

सैकड़ों साल पहले से, चाहे वह भारत में आर्यभट्ट, वराहमिहिर का युग हो या यूरोप में गैलेलियो-ब्रूनो का युग, सत्ताएं आमतौर पर वैज्ञानिक चेतना के विरुद्ध रही हैं। भौतिक लाभ के लिए विज्ञान और सत्ता के बीच किन तरीकों से संबंध बने हैं, यह हम अंग्रेजी राज के कुछ उदाहरण से समझ सकते हैं।

विज्ञान का औपनिवेशिक इस्तेमाल

अंग्रेज एक समय आंधी-तूफान, प्राकृतिक विपदाओं और स्वास्थ्य-संबंधी समस्याओं से भयंकर रूप से परेशान थे। इसलिए 1785 में कलकत्ता के फोर्ट विलियम में मौसम विज्ञान का केंद्र खुला। बाद में बंबई, त्रिवेंद्रम, शिमला जैसी जगहों में भी मौसम-संबंधी तथ्य संग्रह किए जाने लगे। देशी लोगों का काम घाघ कवि जैसों से चल जाता था। अंग्रेजों को समुद्री रास्ते से आना-जाना था और व्यापारिक लूट करनी थी। इसलिए खासकर 18वीं सदी में कर्नल पियार्स और 19वीं सदी की शुरुआत में जेम्स प्रिंसेप ने उनके लिए मौसमवैज्ञानिक सेवाएं मुहैया कराईं।  कलकत्ता में प्रिंसेप के नाम पर एक गंगाघाट अभी भी है।

इसमें संदेह नहीं कि अंग्रेज विज्ञान का उपयोग अपने साम्राज्य के विस्तार और सिर्फ अपने लाभ के लिए कर रहे थे। उनकी दिलचस्पी भौतिक और रसायनशास्त्र की तुलना में धातु, खनिज और वनस्पतिशास्त्र में इसलिए ज्यादा थी कि उन्हें भारत का प्राकृतिक दोहन करना था।

उदाहरणस्वरूप हावड़ा में 1787 में बोटेनिकल गार्डेन स्थापित हुआ। इसको शुरू करने का उद्देश्य बर्मा वुड मॉडल पर सैगौन का पेड़ लगाना था, ताकि समुद्री यातायात के लिए जहाज बन सके। मिलिटरी विभाग के रॉबार्ट रीड ने मूलत: इसी उद्देश्य से यह जगह चुनी थी। आगे चलकर बोटेनिकल गार्डेन का उद्देश्य हो गया भारतीय वनस्पतियों का औपनिवेशिक उपयोग के लिए वैज्ञानिक अध्ययन। जाहिर है, विज्ञान के किस रूप का विकास करना है और किस रूप का नहीं करना है, इसकी प्राथमिकता औपनिवेशिक स्वार्थ की दृष्टि से तय की जा रही थी।

भारत में एंथ्रोपोलॉजी- संबंधी कार्य भारत में आर्य-द्रविड़ जैसे नस्लीय भेद निर्मित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए थे। इसी तरह भाषावैज्ञानिक खोजें भारतीय राष्ट्रीय विविधता को भिन्नतावाद के रूप में प्रदर्शित करने के उद्देश्य से शुरू की गई थीं। उपनिवेशवाद जहां-जहां गया, वहां-वहां उपर्युक्त दोनों अध्ययन शाखाओं का जमकर नकारात्मक इस्तेमाल हुआ। औपनिवेशिक मिजाज के विद्वानों में बड़ी जिज्ञासाएं नहीं थीं। इस तरह का ज्ञान सिर्फ ‘फूट डालो और राज करो’ में सहायक था। तुर्रा यह कि इसे विज्ञान कहा गया, अर्थात ‘अकाट्य सत्य’! जबकि इन अध्ययनों में ओरियंटलिस्ट आत्मपरकता थी। औपनिवेशिक काल का पृथकतावादी खेल रूप बदलकर आज भी जारी है।

डिग्रीधारी होना और शिक्षित होना भिन्न चीजें हैं

विज्ञान सवाल उठाने के अधिकार को मान्यता देता है, इससे ज्ञान बढ़ता है। वह बड़े से बड़े वैज्ञानिक पर भी प्रश्न उठा सकता है और बताता है कि कोई खोज अंतिम नहीं है। विज्ञान में कट्टरता के लिए जगह नहीं होती। हर वैज्ञानिक अपनी यात्रा यहां से शुरू करता है कि वह सर्वज्ञ नहीं है।

ऐसा नहीं कि विज्ञान के गुण सिर्फ विज्ञान की दुनिया के लोगों के लिए हैं, आम लोगों के लिए नहीं। किसी भी शिक्षा का अर्थ है विज्ञान को साथ लेकर चलना, क्योंकि जो सचमुच शिक्षित है, वह जानता है कि वह सर्वज्ञ नहीं है और जो मालूम नहीं है उसे जानना है। दुर्भाग्यवश आज के अधिकांश शिक्षितों में अहंकार और स्वार्थ ज्यादा है। इसलिए कूपमंडूकता भी ज्यादा है। वे वस्तुतः डिग्रीधारी और हुनरमंद हैं, शिक्षित नहीं।

एक अन्य तथ्य है, कठोर धार्मिक वातावरण विज्ञान को स्वतंत्र ढंग से पनपने नहीं देता। आज वैज्ञानिक तरीके से बड़े पैमाने पर अज्ञानता का निर्माण एक उद्योग बन चुका है। लोग मोबाइल चलाने में, तकनीकी बुद्धिवाद में आगे हैं, लेकिन जीवन में बुद्धिपरकता का न्यूनतम उपयोग करते हैं, क्योंकि वे वस्तुतः डिग्रीधारी अशिक्षित हैं।

देखा जा सकता है कि विज्ञान ने एक समय कई रहस्यों से पर्दा हटाया था। उदाहरण के तौर पर सांप के काटने या किसी बीमारी पर अब आदमी झाड़-फूंक की जगह डाक्टर के पास जाना चाहता है। वह सूर्यग्रहण को राहु का ग्रास न मानकर एक प्राकृतिक लीला के रूप में देखता है और भयभीत होने की जगह आनंद उठाता है। कई अपशकुनों और वर्जनाओं की अब परवाह नहीं की जाती। सेक्स के मामलों में पकड़े जाने के कारण बाबाओं से इधर कुछ मोहभंग हुआ है। कई चमत्कारों से पर्दा उठा है। फिर भी समाज में अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र, ग्रह-शांति, धर्मवेशधारी भविष्यवक्ताओं पर विश्वास और दबंग बाबाओं-महंतों का आज पहले से ज्यादा प्रभाव है।

विज्ञान की आजादी

अतीत में विज्ञान एक साधना थी। बेचैन वैज्ञानिक रात-रात जगकर नए आविष्कार करते थे। आज विज्ञान का ज्यादा इस्तेमाल उपनिवेशवादी तौर-तरीकों से सीखकर कूट उद्देश्यों से होता है। यह हम खासकर सूचना क्रांति, उपग्रह प्रक्षेपण, कृत्रिम मेधा और युद्ध तकनीक के क्षेत्र में देख सकते हैं। हम मंगल ग्रह पर जल्दी जा सकते हैं, लेकिन उत्तर काशी के पहाड़ों पर सुरंग निर्माण में फंसे 41 श्रमिकों के पास जल्दी नहीं पहुंच सकते!

एक बड़ी समस्या है, वर्तमान विश्व में सत्ताएं उच्च टेक्नोलॉजी और इसके डिजिटल औजारों का इस्तेमाल अपने नागरिकों पर निगरानी रखने के लिए कर रही हैं। यह भी होता है कि जो सामान्यतः मान्य और यथार्थ है उसे भी ‘झूठ की बाढ़’ से ढाह दो।

इस दौर में बढ़ती बेरोजगारी और विषमता से जन्मे क्षोभ को दबाना मुश्किल नहीं है। विश्वभर में सभ्य ढंग से क्षोभ का डिजिटल दमन हो रहा है। विकसित टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल पिछड़ी मानसिकता के प्रसार के लिए ज्यादा हो रहा है। इतिहास के गड़े मुर्दों को हथियारबंद किया जा रहा है। इतिहास की चीरफाड़ हो रही है, बच्चे और विद्यार्थी ‘गिनीपिग’ बना दिए गए हैं। अब छोटे बच्चे भी हिंसक हो रहे हैं। इस तरह मनुष्य की जिज्ञासाओं के द्वार चारों तरफ से घेर दिए गए हैं।

कहना न होगा कि इस देश में विज्ञान की सुविधाओं का उपयोग करते हुए भी वैज्ञानिक मानसिकता का चरम अभाव है। समस्या यह है कि बाजार और राजनीति दोनों ही निरंकुश ढंग से  टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए यथार्थ को अपने उद्देश्य के अनुरूप ढालने में कुशल हो गए हैं। वे करिश्माई हैं और लोगों को रंगीन अंधविश्वासों,  प्रलोभनों तथा भ्रमों से सम्मोहित करने में सक्षम हैं। अब विज्ञान की स्वायत्तता नहीं है, वह दास है। जाहिर है, आज विज्ञान की आजादी का प्रश्न बहुत महत्वपूर्ण  है।

विज्ञान की प्रधान शिक्षा यह है कि व्यक्ति बिना सोचे-समझे या ठीक से जांचे-परखे किसी चीज को आंख मूंदकर न माने और सोशल मीडिया के भ्रामक प्रचार से न घिरे। विज्ञान सिर्फ इसलिए नहीं है कि इसके बल पर चालाकियां की जाएं, आराम की चीजों और सुख-सुविधाओं को इकट्ठा किया जाए। उसका एक बड़ा उद्देश्य जीवन की समस्याओं का यथार्थ तरीके से समाधान निकालना है। विज्ञान बुद्धिपरकता की प्रेरणा है, जिस तरह साहित्य सहृदयता की। हमें दोनों की जरूरत है और दोनों संकट में हैं।

हम यह भी कैसे मानें कि वैज्ञानिक दृष्टिसंपन्न होने का दावा करनेवाले बुद्धिजीवी विज्ञान की शिक्षाओं पर चलते हैं। वे वैज्ञानिक दृष्टि-संपन्न कैसे हो सकते हैं, यदि वे सर्वज्ञ होने के अहंकार से भरे हों, उनके शब्द तथा कर्म के बीच दूरी हो और उनमें बौद्धिक सहृदयता नहीं हो। दरअसल उनसे अधिक वैज्ञानिक गांवों-शहरों के वे साधारण लोग हैं जिनमें आज भी  ‘कॉमन सेंस’ और बौद्धिक सहृदयता बहुत ज्यादा है।

सनातन और अनित्य

सनातन धर्म के नाम पर प्राचीन भारत में कभी कोई एक सर्वमान्य धार्मिक आस्था नहीं रही है, कोई एक सुनिर्धारित रीतिरिवाज और जीवन शैली नहीं रही है। यह संयोग नहीं है कि महाभारत के अलावा सनातन का उल्लेख बौद्धों के ग्रंथ ‘महावग्ग’ में भी है। ‘सनातन’ का अर्थ सामान्यतः ‘शाश्वत सत्य’ है। रामानुजाचार्य ने कहा था, ‘इसका न कोई आदि है और न अंत’। फिर भी खुद उन्होंने कई प्राचीन विचारों और परंपराओं पर सवाल खड़े किए। सैकड़ों साल के धार्मिक विकास को देखते हुए कहा जा सकता है कि सनातन धर्म से हिंदू धर्म बहुत व्यापक है।

महाभारत के संवाद में कई जगहों पर सदाचरण के संदर्भ में कहा गया है, ‘यह धर्म है’। यह कथन भी है, ‘कौरवों ने सनातन धर्म का ध्वंस कर दिया’। फिर भी वैदिक साहित्य और महाभारत दोनों जगहों पर प्रधानता धर्म की व्याख्या की है। बृहदारण्यक उपनिषद में है, ‘यह जो धर्म है, वह सत्य ही है। धर्म बोलने वाले के लिए कहते हैं कि सत्य बोलता है।’ (1.4.14)। खुद वैदिक दर्शनों ने ‘सनातन’ और ‘अंध परंपरा’ को चुनौती दी थी।

यदि महाभारत महाकाव्य के अनुसार सनातन धर्म का कोई समेकित स्वरूप निर्धारित किया जाए तो हम पाते हैं कि सनातन के तीन प्रमुख अंग हैं- ‘वर्णाश्रम व्यवस्था’, ‘स्त्री की पुरुष-अधीनता’ और ‘भाग्यवाद’। अगर ये सनातन के मुख्य आधार हैं तो ये हिंदू धर्म के लिए बड़ी समस्याएं हैं।

‘गीता’ में एक जगह कुलधर्म के क्षय को सनातन धर्म के क्षय के रूप में देखा गया है। दूसरी जगह अर्जुन कृष्ण के विश्वस्वरूप को सनातन धर्म का रक्षक बताते हैं (14.27)। हिंदू धर्म में कृष्ण के अलावा कई अन्य बड़े देवता हैं, जैसे- सूर्य, शिव, राम (विष्णु के एक अन्य अवतार), गणेश और दुर्गा। इसका अर्थ है, ‘सनातन’ विविधतापूर्ण है।

एक समय की खास धार्मिक व्यवस्था से असहमति व्यक्त करते हुए गौतम बुद्ध ने ‘सनातन’ के समानांतर ‘अनित्य’ का प्रतिपादन किया था, ताकि ‘वर्ण व्यवस्था’ जैसी चीजों को चुनौती दी जा सके। अनित्य का अर्थ है कुछ भी नित्य या शाश्वत नहीं है। इसलिए वर्ण व्यवस्था भी शाश्वत नहीं है। बौद्ध धर्म के तीन प्रमुख तत्वों में एक है अनित्यता। कहा गया है, ‘सब्बे संखारा अनिक्का (अनित्य), सब्बे संखारा दुक्खा, सब्बे धम्मा अनात्ता (अनात्मवाद)।’ बौद्ध धर्म ‘शाश्वत’ की जगह ‘परिवर्तन’ की बात करता है। बुद्ध भारतीय संस्कृति के बाहर नहीं हैं।

सनातन यदि कुछ है तो वहबहुवचनात्मक और सृजनात्मक है

सनातन के बारे में प्रधान तथ्य यह है कि उसका एक रूप नहीं है। वह बहुवचनात्मक है, क्योंकि हिंदू धर्म बहुकेंद्रिक है। दूसरी बात, अथर्ववेद में कहा गया है, सनातन हमेशा पुनर्नवा होता रहता है (10.8.23), अर्थात सनातन स्थिर मामला नहीं है। सनातन की पुनर्नवता का अर्थ पुरानी चीजों का ही नया-नया रूप लेना नहीं है, उन पुरानी चीजों का बदलना भी है।

हिंदू धर्म को सनातन की एकरूपता में सीमित करने की संगठित कोशिशें 19वीं सदी के नवजागरण, सुधारवादी आंदोलनों और आगे चलकर गांधी के उदारवाद के विरोध में हुई थीं। 1886 में ‘सनानत धर्म सभा’ बनी, जो धार्मिक सुधार आंदोलन के विरोध में थी। कर्मणा वर्ण व्यवस्था काफी पहले जन्मना वर्ण व्यवस्था में बदल चुकी थी। यदि ‘सनातन’ जैसा कुछ है, तो पुरोहित वर्गों द्वारा कर्मणा वर्ण व्यवस्था क्यों नहीं बनी रहने दी गई? देखा जा सकता है कि 19वीं सदी में सनातन धर्म सभाएं दलितों और स्त्रियों को पुरानी दशा में ही रखना चाहती थीं। इसी तरह मुसलमानों के वहाबी और देवबंद आंदोलन भी मजहबी सुधारों के विरोध में थे और कट्टरताओं के बीच होड़ थी।

कट्टरवादी धार्मिक संगठन अंग्रेजी राज के समर्थन में किस तरह थे, यह काशी के एक संगठन भारत धर्म महामंडल की एक पुस्तिका ‘भारत धर्म महामंडल रहस्य’ (1910) से जाना जा सकता है, ‘परम दयालु परमेश्वर की कृपा से आर्य प्रजा को इस प्रकार की नीतिज्ञ और उदार गवर्नमेंट मिली है कि ऐसी उन्नति और प्रजारक्षक गवर्नमेंट विदेशियों के हित के लिए पृथ्वी भर में और कहीं देखने में नहीं आती।’ कुछ सदियों से प्रचारित किए गए सनातन की एक अन्य बड़ी सीमा ‘आर्यावर्त्त’ को भारत समझने की है, जबकि भारत एक बड़ा देश है।

उपनिवेशवाद से गुजरे देशों में भेदभाव-भरी  पिछड़ी मानसिकता अस्वाभाविकनहीं है। उपनिवेशवाद जिस देश में गया, उस देश में लोगों के विश्वासों को सामान्यतः कठोर बना देने का उसने हर संभव प्रयास किया। अंग्रेजों ने अपना यह लक्ष्य सबको आधुनिक जीवन शैली में प्रवृत्त करते हुए पूरा किया। जीवन शैली आधुनिक, पर जीवन दृष्टि रूढ़िवादी! आधुनिक शिक्षा पुरानी निर्बुद्धिपरक मानसिकता को बदल नहीं पाई। राजा राममोहन राय, विद्यासागर, रामकृष्ण परमहंस, फुले, रानाडे, दयानंद सरस्वती, विवेकानंद आदि के सुधार आंदोलन और शिक्षण-कार्यक्रम बहुत प्रभावी नहीं हो सके, हालांकि ये उदारवाद के कुछ दबाव बनाने में सफल हुए।

यदि सनातन का अर्थ नैरंतर्य है तो प्राचीन धार्मिक परंपराएं, जिन्हेें ‘सनातन’ कहा जाता है हमेशा सुधार, परिवर्तन और ‘उच्चतर’ की खोज से गुजरी हैं -यह स्वीकार करना चाहिए। उदाहरण के तौर पर देखा जा सकता है कि ॠग्वेद में ‘वस्तुओं’ और ‘सुखों’ की कामना प्रधान है, जबकि उपनिषदों में इससे भिन्न ‘आत्मज्ञान’ की प्रधानता है। अपर, वसवण्णा, ज्ञानेश्वर, तुकाराम, कबीर, सूर, तुलसी आदि भक्त कवियों ने शाश्वत में सुधार किया। उन्होंने सामान्यतः जाति भेदभाव, कर्मकांड और भाग्यवाद को नहीं माना।

सैकड़ों साल से भारत में ‘सनातन’ इतना विविधतापूर्ण और परिवर्तनशील रहा है कि अंततः कुछ भी सनातन नहीं रह गया है। आज हम एक बदले वातावरण में हैं। इसका उच्च मूल्यबोध से संबंध नहीं बचा है। वर्तमान धार्मिक दौर में लोभ और भय ज्यादा छाया है। खुद ईश्वर असुरक्षित है। जिन हिंदुओं में धर्म बचा है, वे बहुत अकेलेपन का अनुभव करते हैं। ऐसे शांतिप्रिय लोग हर हिंसक झुंड और शोर के बाहर हैं!

भारतीय साहित्य की परंपरा में लक्षित किया जा सकता है कि विभिन्न युगों में सनातन कई सृजनात्मक बदलावों से गुजरता आया है। रामकथा ही सृजनात्मक बदलाव से नहीं गुजरती, महाभारत भी गुजरता है। महाभारत के कृष्ण से जयदेव, चैतन्य और सूरदास-मीरा के कृष्ण भिन्न हैं। वे लालित्य से भरे हैं। गौर करने की चीज है, सूर-मीरा के कृष्ण के हाथ में सुदर्शन चक्र की जगह बांसुरी सुशोभित है!

साहित्य ही नहीं, सैकड़ों साल के अजंता-एलोरा जैसे स्थापत्य, चित्र और मूर्ति कलाओं में नई-नई कल्पनाएं हैं। सनातनता को सृजनात्मकता ने बार-बार बंधनों से मुक्त किया है और ज्ञान के नए द्वार खोले हैं। सनातनता और सृजनात्मकता के द्वंद्वात्मक संबंध को देखना चाहिए। सनातन का कुछ विद्वान अर्थ निकालते हैं, ‘अतीत में जो भी था वह सब शाश्वत है’। यह अतीत का वर्तमान पर आक्रमण है, यह अतीत का मानव भविष्य पर आक्रमण है।

सनातनता को समझने के लिए अपने ज्ञान के दरवाजे को खुला रखना जरूरी है। इसका साहित्य की आधुनिक परंपराओं और हाशिये की आवाजों के नकार के लिए उपयोग घातक है। सनातनता ईश्वर के प्रति सच्ची भक्ति, सुधार और सृजनात्मकता से विच्छिन्न होकर कूपमंडूकता में बदल जाती है। वैदिक युवा नचिकेता की शिक्षा है, जिज्ञासा के द्वार हमेशा खुले रखें, जड़ताओं पर प्रश्न उठाते रहें!

पुनश्च

‘वागर्थ’ 30वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इसे जिस तरह पाठकों की व्यापक सराहना और लेखकों का सहयोग मिल रहा है, वह हमारे लिए गौरव की बात है। हम इसके सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहना चाहते हैं कि पाठक और लेखक स्वयं भी साहित्य के प्रसार के लिए आगे आएं और अपने समय की साहित्यिक पत्रिकाओं को बचाएं। नए वर्ष की अशेष शुभकामनाएं!