शंभुनाथ

सत्य का मुंह विज्ञापनों से भरा है, फिर भी बंद नहीं किया जा सकता!
कोलकाता से 30 मई 1826 को प्रकाशित प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्त्तण्ड’ का यह द्वि-शताब्दी वर्ष है। निश्चय ही देश की संपूर्ण हिंदी पत्रकारिता के लिए यह एक गौरवमय अवसर है जब हम थोड़ा आत्मनिरीक्षण भी कर सकते हैं। 19वीं सदी में कलकत्ता अंग्रेजों की राजधानी होने के कारण हिंदी पत्रकारिता का एक बड़ा केेंद्र था।
‘उदंत मार्त्तण्ड’ का अर्थ है समाचार का सूर्य, जो वर्तमान युग में ग्रहण का शिकार है। मार्शल मैक्लुहान ने कहा था, ‘माध्यम ही संदेश है’। यह बदल कर हो गया है, ‘शक्ति ही संदेश है’। आज ‘माध्यम’ शक्तिशाली व्यक्तियों के कब्जे में है, उसकी स्वायत्तता का अंत हो चुका है। नियंत्रण प्रत्यक्ष से अधिक अप्रत्यक्ष है।
हर पाठक और दर्शक को सही खबर पाने का मानवीय अधिकार है, जबकि आज का मीडिया पाठक और दर्शक के मानस को भ्रांतियों से भरता है और उसका बौद्धिक सतहीकरण करता है। यह एजेंडा-आधारित खबरों का प्रसारण करके होता है, सूचनाओं को रोक करके भी। इन दिनों एंबुलेंस से ही आदमी कुचला जा रहा है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां ही आग लगा रही हैं। इसका अर्थ है, सूचना समाज का निर्माण करते-करते हमारी यात्रा ‘अज्ञानता से भरा समाज’ बनाने की दिशा में है।
ऐसे समाज के लोगों में तकनीकी प्रवीणता बढ़ती है, पर संदेह और तर्क करने की क्षमता का ह्रास होने लगता है। इसका असर लोगों के लोकतांत्रिक मिजाज पर पड़ना स्वाभाविक है, क्योंकि लोकतंत्र और तर्क परस्परनिर्भर हैं। इन दिनों शिक्षित मध्यवर्गीय लोग ही निर्बुद्धिपरक सूचनाओं तथा ‘डिसइन्फार्मेशन’ के प्रमुख निर्माता हैं। वर्तमान युग में लोकप्रिय टीवी चैनलों के अलावा नि:शुल्क रील्स, वीडियो, यू ट्यूब, पॉडकास्ट, वेबकास्ट, पॉप म्युजिक, एनिमेशन, गेमिंग आदि कई स्ट्रीमिंग सेवाएं उपलब्ध हैं जो पाठक-दर्शक की रुचियों को इस तरह मोड़ देती हैं कि सचाई की भूख ही मिट जाए।
इधर विज्ञापनदाता कंपनियां समाचार पत्रों तथा टीवी से खिसक कर मोबाइल पर मौजूद नए मीडिया की तरफ मुड़ी हैं। हमारे देश में टीवी की आय को पछाड़कर 2024 में डिजिटल मीडिया ने 80,200 करोड़ रुपयों की आमदनी की, जो चौंकाने वाली है। पत्रकारों से एक अधिक ऊंची श्रेणी बन गई कमाऊ ‘मीडियाकारों’ की। अज्ञानता निर्माण की हजारों लैपटॉप फैक्टरियां खुल गईं।
अब करोड़ों लोग हाथ में अखबार रखने से कई गुना अधिक समय, बल्कि रात-दिन डिजिटल मीडिया पर बिताते हैं। इससे सूचनांधता बढ़ रही है। परंपरागत मीडिया से नए मीडिया की तरफ मुड़ना ज्ञान से प्रस्थान करके मनोरंजन की तरफ बढ़ना है। इन दिनों प्रतिवाद भी मनोरंजन की शक्ल ले रहा है।
एक अन्य गंभीर समस्या है, बच्चे हाथ से मोबाइल छोड़ना नहीं चाहते। परिवार में चार जन चार कोने में मोबाइल लेकर बैठे रहते हैं। इस परिघटना का एक नतीजा यह है कि समाचार पत्र और न्यूज चैनल उत्तेजक होकर भी व्यावसायिक प्रतियोगिता से बाहर होते जा रहे हैं। वे अस्तित्वगत संघर्ष से गुजरते हुए सत्ताधारी राजनेताओं के लाउडस्पीकर बनते जा रहे हैं। वे सचाई के आराधक नहीं हैं, जनहित के प्रति जिम्मेदार भी नहीं हैं।
समग्रत: ‘सूचना समाज’ गहरे संकट में है, अंधकार में है और एक मायावी जाल में फँसता जा रहा है। समस्त क्रांतियों के सूचना क्रांति में सीमित हो जाने के बाद यही हाल है।
उदंत मार्तंड : 19वीं सदी के दृश्य
हम 19वीं सदी की हिंदी पत्रकारिता के सूर्योदय के दिनों को याद कर सकते हैं और चाहें तो राष्ट्रीय आत्मविस्मृति से थोड़ा बच सकते हैं। अच्छी स्मृतियां पुनर्निर्माण के लिए बौद्धिक उर्वरता का काम करती हैं।
हिंदी के पहले समाचार पत्र ‘उदंत मार्त्तण्ड’ का उद्देश्य कथन था, ‘हिंदुस्तानियों के हित के हेत’। इसके संपादक युगल किशोर सुकुल ने ‘हिंदुओं के हित के हेत’ नहीं कहकर हिंदी पत्रकारिता को हिंदुस्तानियत से जोड़ा और हिंदी को एक व्यापक राष्ट्रीय भित्ति दी। इस पत्र ने एक समाचार ‘लूट की छूट’ में अंग्रेज व्यापारियों की आलोचना का साहस दिखाया। एक समाचार में इसने सांप काटने पर झाड़-फूंक की जगह औषधि लेने की सलाह दी। देखा जा सकता है कि आज से दो सौ साल पहले, 1826-27 में ‘उदंत मार्त्तण्ड’ में हिंदुस्तानी राष्ट्रीयता, अंग्रेज व्यापारियों की आलोचना और वैज्ञानिक दृष्टि का प्रचार कितने साहस-भरे मामले हैं। आज के मीडिया में यह साहस गुम है।
हिंदी क्षेत्र के लोगों की ज्ञान के प्रति उदासीनता और उनका बौद्धिक पिछड़ापन हिंदी लेखकों-पत्रकारों के लिए सदा से चिंता का विषय रहा है। युगल किशोर सुकुल ने ‘उदंत मार्त्तण्ड’ के पहले अंक में अपनी इच्छा व्यक्त की थी, ‘देश के सत्य समाचार हिंदुस्तानी लोग देखकर आप पढ़ और समझ लेय, ओ पराइ अपेक्षा न करे ओ अपने भाषे की उपज न छोड़े।’ वे चाहते थे कि हिंदुस्तानी लोग अखबार पढ़ें। वे अपनी भाषा में देश-दुनिया की खबरें जानें, लेकिन उन्हें हिंदी भाषियों द्वारा हुई उपेक्षा से निराशा हुई।
अपने समाचार पत्र के आखिरी अंक (11 दिसंबर 1827) में दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा, ‘कलकत्ता नगरी में उदंत मार्त्तण्ड को प्रकाश भयो, तब ते लै आज दिवस लौं काहू प्रकार से ढाढस बांध विद्या के बीज बैबै (बोने) को, हिंदुस्तानियन के जड़ता के खेत को बहुविधि जोत्यो। पहले तो ऐसी कठोर भूमि काहे को जुतै। ताहू पै काया कष्ट कर जैसो तैसो हर चलाय…’। युगल किशोर सुकुल कहते हैं कि सभी प्रकार के शारीरिक कष्ट उठाकर उन्होंने हिंदी भाषियों की जड़ता के खेत को जोतने की कोशिश की, पर वे असफल हुए।
भारत का पहला समाचार पत्र ‘हिकी गजट’ एक अंग्रेज पत्रकार ने निकाला था। यह पत्र ‘उदंत मार्त्तण्ड’ से काफी पहले 1780 में प्रकाशित हुआ था। कलकत्ता से निकलने वाला यह अंग्रेजी समाचार पत्र था। इसका संपादक जेम्स आगस्ट हिकी अंग्रेज होकर भी भारतीयों की दुर्दशा का बयान करता है और ईस्ट इंडिया कंपनी का आलोचक है। उसने कहा था, ‘अपने मन और आत्मा की स्वतंत्रता के लिए यदि मैं गिरफ्तार भी हो जाऊं तो मुझे खुशी होगी।’ उसे डाक की सुविधा दी जानी बंद कर दी गई तो उसने 20 हरकारे रखे जिनसे दूर-दूर तक अखबार पहुंचाना जारी रहा। हिकी में एक जुनून था। उसे गिरफ्तार किया गया, पर अदालत ने उसे मुक्त कर दिया। अंतत: तंग आकर ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारियों ने उसे जबर्दस्ती जहाज पर बैठाकर इंग्लैंड वापस भेज दिया। कहा जा सकता है कि भारत में पत्रकारिता की शुरुआत प्रतिवाद से हुई थी।
आज का मीडिया किसी न किसी राजसत्ता का प्रचारक है और पक्षपात करता है। उसका संपूर्ण राजनीतिकरण हो गया है। वह किसी को नायक तो किसी को खलनायक बनाने का औजार बन गया है। ‘हिकी गजट’ का उद्देश्य कथन था, ‘सबके लिए खुला पर किसी से प्रभावित नहीं’! उस युग के पत्रकारों ने आत्मविसर्जन नहीं किया, बल्कि वे हमारे देश की एक नई ‘आत्मा’ के रचनाकार थे।
‘उदंत मार्त्तंड’ (1826) के बाद हिंदी पत्रकारिता में आ रही मानसिक व्यापकता का एक उदाहरण हिंदी समाचार पत्रों के नामों में है- ‘बनारस अखबार’ (बनारस, 1845), ‘बिहार बंधु’, (‘बिहारशरीफ’, 1872) और ‘भारतमित्र’ (कलकत्ता, 1878)! बनारस से बिहार, बिहार से भारत- समाचार पत्रों के इस नामकरण में हिंदी लोगों के भावजगत में आ रहे तत्युगीन विस्तार को पढ़ा जाना चाहिए। नगर से प्रांत का भाव और अंतत: भारत भाव का जगना भारतेंदु युग की एक बड़ी घटना है। प्रथम विश्व युद्ध के समय (1916) कोलकाता से ही एक अन्य पत्र निकला ‘विश्वमित्र’! यह हिंदी चित्त के निरंतर बड़े होने का चिह्न है। विश्वबोध से जुड़ा भारत भाव हिंदी की एक विशिष्टता है। हम देखते हैं कि भारतेंदु की कृतियां ‘भारत जननी’ और ‘भारत दुर्दशा’ से लेकर मैथिलीशरण गुप्त की ‘भारत भारती’ तक भारत भाव का एक लंबा सिलसिला है।
उस समय का मीडिया भारत को जोड़ रहा था, जबकि आज का मीडिया, खासकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया धर्म, जाति और प्रांत के नाम पर भारत भाव को तोड़ने का हथियार बना दिया गया है। इतना ही नहीं, ‘विश्व गांव’ इंटरनेट की वजह से जितना कनेक्टेड हुआ, उससे अधिक खंड-खंडवाद का शिकार होकर आज विघटित दशा में है।
1879 में प्रकाशित समाचार पत्र ‘सारसुधानिधि’ पर जब राजद्रोह का आरोप लगाया गया तो इसने पूछा, ‘हम पूछते हैं कि राजनीति अथवा शासन प्रणाली के गुण-दोष विचार करना क्या राजभक्ति-विरोधी है… राजा के भ्रम, प्रमाद और विवेचना के दोष से यदि राज्य के अनिष्ट होने का अथवा स्थायित्व के विघ्न का भय हो या राजा पर किसी कलंक की संभावना हो और उसको प्रजा यदि राजा को दिखाकर सचेत कर देती है तो क्या यह राजद्रोहिता ठहरेगी?’ अंग्रेजी राज में 19वीं सदी के किसी हिंदी अखबार का यह साहस-भरा प्रश्न महत्वपूर्ण है। इससे पत्रकारिता के एक बड़े लक्ष्य का बोध होता है।
उस युग में कलकत्ता से प्रकाशित ‘भारतमित्र’, ‘सारसुधानिधि’, ‘उचित वक्ता’ जैसे पत्रों की चिंताओं को समझने के लिए उन पत्रों के विषयों पर गौर करें- ‘काबुल की लड़ाई का खर्चा’, ‘भारतवर्ष की दुरवस्था’, ‘क्या हम वास्तव में अंग्रेज राज्य में सुखी हुए हैं’, ‘अब भारतवर्ष का सर्वप्रथम प्रधान कर्त्तव्य क्या है’, ‘हम भारतवासी क्या सदैव परमुखापेक्षी रहेंगे, ‘दिन-दिन भारत क्यों दरिद्र हो रहा है।’ इस विलक्षणता को समझने की जरूरत है कि 19वीं सदी की हिंदी पत्रकारिता केवल हिंदी क्षेत्र नहीं पूरे भारत की चिंता कर रही थी। (उस दौर के पत्रों में छपी चयनित मूल प्रासंगिक सामग्री पढ़ने के लिए देखें मेरे द्वारा दो खंडों में संपादित संकलन ‘हिंदी पत्रकारिता : हमारी विरासत’)।
आज का मीडिया सोचने नहीं देता
एक समय संस्कृति कहते ही सामाजिक भाव से कुछ सोचने, कला-साहित्य पर चर्चा या दर्शन का बोध होता था। आज यूट्यूब के व्यूज और फेसबुक के लाइक की संख्या पर संस्कृति ठहर गई है। सवाल होता है, कितने व्यक्तियों ने लाइक किया! अब संख्या ही गुण का निर्धारक है। हर तरफ बौद्धिक रिक्तता है। जो कुछ गंभीर है वह उबाऊ है। साहित्य का प्रभाव पाठकों पर क्या, खुद लेखकों पर भी नहीं पड़ता।
दूसरी बड़ी घटना है, आज का मीडिया खुद सोचने नहीं देता, सब कुछ ‘निर्णीत’ तथा ‘अंतिम’ बनाकर उपस्थित करता है। वह आक्रामक होकर जनमत को नियंत्रित करने का काम करता है। मीडिया पर तर्क की जगह हुज्जत का बोलबाला है। बड़े न्यूज चैनल उत्तेजित होकर, चिल्ला-चिल्लाकर ‘चुनी हुई’ कोई एक ही खबर बार-बार दुहराते हैं। वे कारपोरेट-राजनेता गठबंधन के दास हैं। उनका एकमात्र लक्ष्य ‘इमेज मैनेजमेंट’ या ‘इमेज डिस्टार्सन’ है। इसके अलावा, लोकरुचि को विकृत करना है। हम कह सकते हैं कि जब हमारा भारत गुलाम था, हमारे देश के पत्र आजाद थे।
‘रिपोर्ट्स विदाउट बॉर्डर्स’ की एक रपट के अनुसार प्रेस की स्वाधीनता के मामले में भारत विश्व के 181 देशों में 2016 में 133वें स्थान से गिरकर 2025 में 151वें पर आ गया है। सोचना कठिन नहीं है कि एक विविधतापूर्ण देश में असहमति के प्रति हिंसात्मक व्यवहार देश को अंतत: कहां ले जाएगा!
‘पैसा फेंको-खबरें पाओ’! आज जब उच्च मानवीय मूल्यों या मानवाधिकारों के लिए बोलने पर व्यक्ति को हाशिया पर खड़ा कर दिया जा रहा हो, बोलना अधिक जरूरी हो जाता है। आज की एक बड़ी जरूरत है कि देश में मीडिया की स्वायत्तता के लिए आवाज उठे। इसमें संदेह नहीं कि कई विवेकवान पत्रकारों ने आज भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता एक हद तक बना रखी है और लघु वैकल्पिक मीडिया पर आवाजें बची हुई हैं।
कहना न होगा कि टीवी और नया मीडिया पर कारपोरेट वर्चस्व की प्रधानता है। उसकी मुख्य प्रेरणा है-‘हाई टेक्नोलॉजी-लो आइडियोलॉजी’! आज का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया परंपरागत मीडिया से बिलकुल भिन्न है, वह बौद्धिक विकलांगता का शिकार है। वह कारपोरेट पूंजी के अधीन है, जिसका मुख्य लक्ष्य है- ‘ऊपर लूट-नीचे फूट’!
अखबार आज भी टीवी और नए मीडिया से अधिक विश्वसनीय हैं
अखबार और पत्रिकाएं अपने मुद्रित रूप में सदा से अधिक आत्मीय और स्वतंत्र माध्यम रहे हैं। ये तुलनात्मक रूप से अधिक प्रामाणिक लोकतांत्रिक जगहें हैं। इन्होंने लंबे काल से पाठकों का भरोसा हासिल कर रखा था, भले कोविद महामारी के दौर में प्रिंट से डिजिटल की ओर उन्मुखता बढ़ गई। पाठकों की तुलना में दर्शक कई गुना अधिक होते गए। इस घटना के साथ सतही चीजों, झूठे प्रचार और अज्ञानता निर्माण के हजारों व्यापारिक कारखाने खुल गए। अखबार भी डिजिटल दुनिया का अंग बनने की कोशिश करने लगे, पर वे इस दुनिया में पढ़ने का आनंद कहां से देते!
निश्चय ही डिजिटल दक्षता ने नए अवसरों के द्वार खोले, पर नया मीडिया सांस्कृतिक वायरस फैलाने का एक बड़ा माध्यम बन गया। पोर्न का आकर्षण बढ़ा। सुंदरता की बाजारू धारणाएं बनीं। सामाजिक खाइयों में राजनीतिक भविष्य नजर आने लगा। भिन्नतावादी मनु महाराज और सुखवादी चार्वाक की जुगलबंदी खड़ी हुई। इन सबके बीच एक कठोर आवाज यह थी- समाचार पत्रों, पत्रिकाओं-पुस्तकों को अपनी मौत मरने दो! जबकि नई टेक्नोलॉजी की ताकत लेकर अतीत के प्रेत जिंदा किए जा रहे थे।
क्या मुद्रित समाचार पत्र, पत्रिकाएं और पुस्तकें अंतत: मर जाएंगी? इस सवाल का उत्तर एक अन्य सवाल में छिपा है, क्या समाज में मानवीय संबंध, स्वतंत्रता और तथ्यों से प्रेम बचा रहेगा? समझना कठिन नहीं है कि डिजिटल और प्रिंट मीडिया में से भारत भाव और मनुष्य भाव के पास कौन ज्यादा खड़ा रह सकता है।
कारपारेट मीडिया की तानाशाही
दुनिया के देशों में कारपोरेट मालिकाना वाले कई बड़े सूचना संसारों का उदय हुआ है। इससे श्रेणी विभाजन का स्वरूप नित बदल रहा है। दुनिया डेटापति और डेटादास की श्रेणियों में विभाजित है। इससे भी आगे बढ़कर अब एआई के निर्माता और एआई के उपभोगकर्ता- ये दो श्रेणियां बनने जा रही हैं। एक वर्ग सूचनाओं का मालिक है, दूसरा वर्ग सूचनाओं का दास!
दुनिया के सबसे अधिक अमीर वे हैं जो सूचनाओं का व्यापार करते हैं, जैसे एलेन मस्क। ऐसे सूचना स्वामी वस्तुत: राज्य सत्ताओं के राजनीतिक प्रचारक भी हैं। इसलिए बिग मीडिया के संसार को अब स्वतंत्र पत्रकारों की जरूरत नहीं है। इस दौर के बड़े कहे जाने वाले पत्रकार और एंकर आईपीएल के खिलाड़ियों और रेस के घोड़ों की तरह बिकने वाली चीजें हैं। पत्रकारों से उनकी स्वतंत्रता ही नहीं उनका स्वाभिमान भी छीन लेने का सिलसिला पुराना है, पर नए दौर में यह चरम पर है।
ताजा परिदृश्य यह है कि दुनिया के कई बड़े समाचार पत्र बंद हो गए हैं या बिक गए हैं। न्यूयार्क टाइम्स पहले करीब सौ पृष्ठों का होता था, अब दुबला हो चुका है। एआई की ही तरह सैटेलाइट ट्रांसमिशन के संसार में भी अमरीकी कंपनियों का प्रभुत्व है। नाम सोशल मीडिया है, पर वह ज्यादातर समाज के विरोध में है। एक्स, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और कई दूसरे इलाके हैं जहां सूचना का अर्थ होता जा रहा है घृणा या आग लगाने वाली भाषा। इसका पूरे समाज पर और खासकर नाबालिगों पर बुरा असर पड़ रहा है।
मीडिया समग्रत: सबसे तेज है, पर स्वतंत्र नहीं। इसे पत्रकारिता के संसार में सभ्यता के पतन के रूप में देखा जा सकता है, इसे इतिहास से विश्वासघात कहा जा सकता है।
मीडिया के नए संसार में कला, साहित्य और संस्कृति की सुंदर चीजें हाशिए के भी बाहर हैं। यहां प्रधानत: पॉप मनोरंजन है। इसका सुनियोजित आक्रमण स्थानीय संस्कृतियों पर है। हमारे देश में ग्रामीण और आदिवासी संस्कृतियां विघटित हो रही हैं। ऐसी डिस्ने संस्कृति छा रही है जो केवल मजा देती है और विविधता को एकरूपता में बदल देती है।
कारपोरेट मीडिया सबसे पहले सांस्कृतिक आत्मनिर्भरता मिटाता है। वह सांस्कृतिक प्रभुत्व में सहायक होता है। वह कला, साहित्य और बौद्धिक दुनिया में तिलिस्मी चमक से भरे मनोरंजनात्मक निर्माणों की मांग इतनी बढ़ा देता है कि कला-संस्कृति की गौरवशाली आधुनिक दुनिया निराश्रित हो जाती है।
कारपोरेट मीडिया एक नया सौंदर्यबोध दे रहा है जिसमें संवेदना और ज्ञान के लिए जगह नहीं है। ज्ञान की जगह चमक, दक्षता और धूर्त्तता है। कारपोरेट मीडिया के सांस्कृतिक प्रभुत्व का एक रूप अंग्रेजी छाया में जेन-जी के लिए एक नई भाषा का प्रचार है, जैसे- ‘फैम’ (परिवार), ‘डेलुलु’ (अस्वाभाविक अपेक्षा), ‘एक्स्ट्रा’ (अति नाटकीय), ‘फायर’ (महान), ‘गोट’ (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) ‘नो कैप’ (वह बात जो झूठी न हो)। ऐसे सैकड़ों नए शब्दों का प्रयोग बढ़ा है।
इस प्रक्रिया में सांस्कृतिक एकरूपता जितनी बढ़ती जाए सामाजिक भिन्नता-अंतर्शत्रुता में कमी नहीं आती है, बल्कि ‘बहुआयामी हिंसा’ एक सार्वभौम मूल्य बन जाती है।
आज का मीडिया जनमत का प्रतिबिंब नहीं बल्कि उसका नियंत्रक है
पत्रकारिता किसी समय आलोचनात्मक सोच विकसित करती थी। इसके बल पर पाठक तथ्य और पूर्वग्रह में फर्क कर पाते थे। नया मीडिया अपने अलगोरिद्म की शक्ति से व्यक्ति की रुचियों को चिह्नित करके इनके अनुरूप सूचना-वस्तुएं लगातार भेजने तथा जनमत के ध्रुवीकरण का काम करता है। नए मीडिया का संसार मोबाइल पर है जो अखबारों तथा पत्रिकाओं से ही नहीं टीवी से भी अधिक विस्तृत है।
कहना न होगा कि एक बड़ी चुनौती के सामने खड़ा होने पर ही पता चलता है कि किन रास्तों से स्वतंत्र आवाज के लिए जगहें बन सकती हैं। फिलहाल अनगिनत वैकल्पिक मीडिया निर्मित करने के प्रति रचनात्मक गंभीरता का अभाव है, सामाजिक चेतना की कमी है और व्यक्तिवाद की प्रधानता है। फलस्वरूप धर्म, जाति, नस्ल और प्रांतीयता के आधार पर खंड-खंडवाद का विपदजनक ‘पेंडोरा बॉक्स’ बंद करना कठिन होता जा रहा है।
अतीत में कई बार सांस्कृतिक ध्वंस के बाद कुछ नया घटित हुआ है और एक महान मानव भविष्य पैरों के आगे खड़ा मिला है। इसके लिए पहली जरूरत है कि हम प्रश्नों से कतराने की जगह उनसे मन खोलकर मुठभेड़ करें। इसके अलावा हम तर्क और कल्पनाशीलता का अधिकाधिक उपयोग करें।
महाभारत की एक सुपरिचित कथा है। अज्ञातवास में जंगल से गुजरते हुए पांडवों को तेज प्यास लगी। सहदेव से कहा गया कि वे पानी की तलाश करें। पानी खोजते-खोजते वे एक जलाशय के करीब पहुंचे। उन्होंने पानी पीना चाहा, तभी जलाशय के स्वामी यक्ष ने कहा- पहले मेरे प्रश्नों के जवाब दो! सहदेव प्रश्नों की अवहेलना करके बेफिक्री से पानी पीने लगे। उसी क्षण वे निर्जीव हो गए। देर तक सहदेव नहीं लौटे तो उनकी तलाश में नकुल भेजे गए। नकुल ने भी प्रश्नों की उपेक्षा करके पानी पीना चाहा। वे भी निर्जीव हो गए। अर्जुन गए, फिर भीम गए। सभी का एक हश्र हुआ। अंत में सभी को खोजते हुए युधिष्ठिर गए। उन्होंने यक्ष के प्रश्नों का सामना किया। पानी पिया और बाकी पांडवों का जीवन लौटाया।
सभ्यता की मृत्यु हो जाती है, जब नए प्रश्नों के सामने खड़े होने की मानवीय क्षमता मिटने लगती है!
नक्कारखाने में तूती क्यों न बोले
यह सांस्कृतिक रूप से पुनः जागरूक होने का समय है। प्रश्न उठाना और प्रश्नों का ईमानदारी से सामना करना जागरूक होने की पहली सीढ़ी है। फिलहाल पत्रकारिता के नैतिक क्षय का सामाजिक जीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है। पढ़े-हुनरमंद नौजवानों की राजनीतिक-सामाजिक समाचारों में दिलचस्पी घट रही है। उनकी रुचि शेयरों के भाव में है। वे अपनी जरूरत की जानकारियां मोबाइल और कृत्रिम मेधा से पा जाते हैं। समाचारों से अरुचि सामाजिक दायित्व से विमुखता की ओर ले जाती है, पढ़ने की संस्कृति का ह्रास होता है।
इस समय जो छोटे-छोटे डिजिटल या मुद्रित पत्र-पत्रिकाएं हैं, सांस्कृतिक संगठन या सूचना-मंच हैं, इस समय जो लिटिल मीडिया हैं वे तूफान में दीये की लौ हैं। इनपर दायित्व है कि ये लोगों को फिर से कला-प्रेम, ज्ञान और संवेदनशीलता की ओर ले जाएं। हिंदी पत्रकारिता की द्वि-शताब्दी की अनमोल घड़ी पर लिटिल मीडिया को बचाना हमारा एक प्रमुख संकल्प हो सकता है।
19वीं सदी में ‘उदंत मार्त्तण्ड’ के युगल किशोर सुकुल, ‘कविवचनसुधा’ के भारतेंदु हरिश्चंद्र, ‘भारतमित्र’ के छोटूलाल मिश्र, रुद्रदत्त शर्मा, ‘सारसुधानिधि’ के दुर्गा शंकर मिश्र जैसे पत्रकार जिस तरह छोटे-छोटे प्रयास करते थे, फिर वैसे ही प्रयासों की जरूरत है। उपर्युक्त पत्रकारों के काम इसके सबूत हैं कि तूफान में भी दीये जल सकते हैं।
एक समय था, जब अखबार शिक्षितों के घर में ब्रेकफास्ट का जरूरी हिस्सा था। एक होड़ थी, मुर्गा पहले बांग दे रहा है या हॉकर अखबार पहले दे जा रहा है। सुबह में चाय के साथ अखबार हमें जगाते थे। अब हाथ में मोबाइल है। मुर्गे बांग नहीं देते, पॉल्ट्री के मुर्गे कभी बांग नहीं देते!
‘उदंत मार्त्तंड’ के समय से आज तक हिंदी पत्रकारिता का न जाने कितना पानी बह चुका है। पहले पत्र-पत्रिकाएं हाथ में लेकर जिस उत्सुकता से पढ़े जाते थे, इस आदत में परिवर्तन आया है। दूसरी बड़ी घटना है, अब पत्रकारिता शब्द की जगह मीडिया है। मीडिया कहने के साथ सूचनाओं और चीजों का एक अनोखा संसार दिखता है- सच और झूठ के बीच डोलता हुआ, नई तकनीक से चमकता और पत्रकारों की विवशताओं में डूबा! अब चमकते रंगीन स्क्रीन और बहुरंगे पेज हैं। ऐसे माहौल में मीडिया का स्वराज कैसे स्थापित हो, यह एक जरूरी प्रश्न है। पत्रकारों का स्वातंत्र्य-बोध और स्वाभिमान कैसे लौटे, यह उससे बड़ा प्रश्न है। उपर्युक्त दोनों से भी बड़ा प्रश्न है, क्या बड़ी पूंजी द्वारा नियंत्रित विज्ञान और टेक्नोलॉजी के युग में मीडिया का बुद्धिपरक और मानवीय होना संभव है?
अखबारों में अब पहले पेज से ही कई पृष्ठों पर ‘बोलो जुबां केसरी’ जैसे कैंसर-प्रसारक पान मसाले के विज्ञापन मिल जाएंगे या बड़े-बड़े अभिनेताओं की छवियों के साथ झूठ से भरे ऐसे ही अन्य विज्ञापन। मीडिया द्वारा प्रचार के कारण ही इधर अंधविश्वास बढ़ा है, भिन्नता बढ़ी है, हिंसा बढ़ी है। छोटी खबर को बड़ी और बड़ी खबर को छोटी बनाने का खेल अलग से चल रहा है।
फिर क्या किया जाए? समाज का जितना अध:पतन हो गया हो, 5-10 व्यक्ति भी सच बोलें तो रोशनी होती है। साहित्य के नाम पर काफी बौद्धिक कचरा है तो क्या लेखक अब न रचे? मीडिया में इतना जहर भरा हुआ है तो क्या जर्नलिस्ट न बोले? आज लिखना अरण्यरोदन ही हो, याद रखना चाहिए कि बहेलिये द्वारा क्रौंच वध के बाद एक अकेली चिड़िया के रोने से ‘रामायण’ का जन्म हुआ था!
यह संपूर्ण विश्व नक्कारखाना हो, कोई सुनने वाला न हो तब भी तूती बोलेगा क्यों नहीं! हजार-हजार तूती बोलेंगे, क्योंकि शोर के मध्य किसी भी लेखक का, पत्रकार का इससे भिन्न धर्म नहीं हो सकता। इससे भिन्न जीवन नहीं हो सकता। हमें रचना होगा, ‘प्रचारित’ के नीचे जो दबा है, वह बोलना होगा। क्या पता इन्हीं सब के बीच से रचना और प्रतिवाद के आकाश में नया सूर्योदय हो।
यह भी है, कुएं में सूर्योदय नहीं होता!
vagarth.hindi@gmail.com

सार्थक लेख।
सभ्य समाज के निर्माण में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसीलिए इसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा गया है।