शंभुनाथ

इसपर दृष्टि जानी चाहिए कि हम एक गहन अनिश्चितता के संग जी रहे हैं। हमारे जीवन के तानेबाने में अनिश्चितता जितनी अधिक पसरती जा रही है, असुरक्षा का बोध उतना बढ़ता जा रहा है।
पता नहीं व्यापार युद्ध में दोस्तियां कब कहां से खिसक कर कहां चली जाएं, पता नहीं कृत्रिम मेधा (एआई) क्या कहर ढा दे और रोजगार छिन जाए। पहाड़ पर अचानक कब बादल फट पड़ें, शहर के होटल-गाड़ियां बहने लगें। पता नहीं किधर से कुछ व्यक्ति हिंसक हमला कर दें या मोबाइल पर लूट लें! मनुष्य में असुरक्षा भावना होती है तो इसका एक नतीजा यह सामने आता है कि उसका दूसरों पर विश्वास घटने लगता है।
एक बार दो ज्ञानियों वसिष्ठ और विश्वामित्र के बीच लड़ाई में स्वर्ग न जा पाकर कोई स्वर्ग और धरती के बीच त्रिशंकु बनकर रह गया। उससे स्वर्ग पहुंचा नहीं गया और अपनी धरती भी नहीं मिल सकी! इसी तरह मानवता किसी गहरे ट्रैफिक जाम में फँसी है। वह अनिश्चित भविष्य और संवेदनाहीन वर्तमान के बीच एक कराह बनी हुई है।
कवि केदारनाथ सिंह की पंक्तियां हैं, ‘यह जो समूचा समय है/ उसमें रोशनी, राख, नदियां, तिलचट्टे/ सब कुछ है/ सिर्फ समूचापन झर गया है।’ यह चिंता लोगों के दिमाग से धीरे-धीरे खोती गई। वैश्वीकरण ने एक खास भूमि पर समूचेपन की खोज की थी। इसने कुछ स्वप्न दिखाए थे, लेकिन दुनिया फिर कई फाड़ है। बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने देश की राजनीतिक व्यवस्था से निराश होकर विलगाव का अनुभव कर रहे हैं। अब हमारी छोटी-छोटी खुशियों, खेलकूद, मेला, उत्सव, भोजन-कपड़े जैसी चीजों पर भी स्याह छायाएं हैं।
अनिश्चितता बढ़ती है तो दूसरों पर विश्वास ही नहीं मिटता, अतिवादी राजनीतिक दृष्टिकोण भी उभरने लगते हैं। पिछले कुछ सालों से कई देशों में देखा जा सकता है कि सामाजिक खाइयां चौड़ी हुई हैं। लोकतांत्रिक आचरण में गिरावट आई है। कई देशों के बीच युद्ध चल रहा है या युद्ध जैसे हालात हैं। अनिश्चितता और हिंसक ध्रुवीकरण के बढ़ जाने से पृथ्वी और जलवायु परिवर्तन को लेकर चिंता ठहर गई है। फलत: मानव-केंद्रिक स्वार्थपरता पहले से अधिक बढ़ी है।
कोई कह सकता है कि अनिश्चितता आज की ही घटना नहीं है। 20वीं सदी में भी युद्ध के लंबे दौर थे। दीर्घ काल तक शीत युद्ध चला। वियतनाम युद्ध था। पहले भी गंभीर आर्थिक संकट था। आतंकवाद भी कोई हाल की चीज नहीं है। फिर वर्तमान समय की अनिश्चितता का अनोखापन क्या है?
20वीं सदी में अनिश्चितता के बावजूद दूसरों पर विश्वास टूटा नहीं था, संबंधों में सचाई थी। साझा दुख था और कुछ साझे संकल्प भी होते थे। इसलिए उस सदी की अनिश्चितता इतनी यातनादायी नहीं थी जितनी आज है। आज की अनिश्चितताओं के संग जीना बड़ा कठिन है।
इधर सभी देश अकेले हुए हैं
दुनिया इस समय भी युद्धों और तनावों से घिरी है। बहुत-से देशों के आसमान में काला धुआं है। 2025 में तीसरे विश्व युद्ध के चेहरे दिखने लगे हैं, जैसे अतीत का पागलपन लौटा है। टीवी पर बैठे कुछ व्यक्तियों के लिए युद्ध दिवाली हो, पर यह सभ्यता की विदाई है। अस्पतालों पर मिसाइलें गिरती हैं। बच्चों, स्त्रियों पर बम गिरते हैं। युद्ध से प्रभावित इलाकों में पानी और रोटी के लाले हैं।
युद्ध अब सरहदों पर नहीं होता, देश में घुसकर होता है और लोगों के पेट तक पहुंचता है। मारने वाले को नई सूचना तकनीक के कारण मालूम है कि कोई कितने पहाड़ों के नीचे है और वह क्या सोच रहा है। एक अनोखी बात यह है कि युद्धप्रिय नेताओं में ही नोबेल शांति पुरस्कार की सबसे ज्यादा चाह है! दुनिया में राष्ट्रवाद के अंधेपन के कारण अब किसी का किसी से सच्चा बंधुत्व नहीं है, बंधुत्व एक सौदा है। फलतः इधर सभी देशों का अकेलापन बढ़ा है, व्यापार अस्थिर है।
एक नई चीज है- ट्रेड वार। इसका अर्थ है व्यापार के लिए युद्ध! विकसित ताकतवर देश कहते हैं- हमसे व्यापार करो, हमसे सुरक्षा और शांति खरीदो अन्यथा युद्ध झेलो। यह कुछ वैसा ही युद्धोन्माद है जैसा ईस्ट इंडिया कंपनी जैसी सदियों पुरानी व्यापारिक कंपनियों में था- हमें बाजार चाहिए! 21वीं सदी में बहुराष्ट्रीय व्यापारी ही युद्ध निर्माता हैं। बड़े व्यापारी बड़ी मछली हैं, छोटे व्यापारी छोटी मछली। आज का सार्वभौम व्यापारिक संदेश है- दूसरों को ठगो, अन्यथा खुद ठग लिए जाओगे। दूसरों को निगलो, अन्यथा कोई तुम्हें निगल लेगा। यह छोटे व्यापारियों और रोजगार वालों के लिए बड़ी अनिश्चितता का समय है। क्या पता कब व्यापार समेट लेना पड़े, पता नहीं कब चाकरी चली जाए!
डोनाल्ड ट्रंप अमरीका के खोए साम्राज्यवादी गौरव की वापसी चाहते हैं, सबकुछ पुन: एकध्रुवीय! वे तो देशों को साधारण जमीन समझकर खरीद लेने तक सोच लेते हैं, कनाडा और अलास्का इसके उदाहरण हैं। उनमें व्यापारी और राजनीतिज्ञ का सबसे नृशंस संगम है। उन्होंने युद्ध को एक डील बना दिया है। फलतः वे पूरी दुनिया के लिए एक विपत्ति के रूप में देखे जा रहे हैं। प्रायः सभी शक्तिसंपन्न देश ही पुराने संबंध, नियम-कानून और प्रतिश्रुतियों से जिस तरह विमुख होते जा रहे हैं, यह वैश्वीकरण के युग में ही अंतरराष्ट्रीयतावाद के भारी क्षय का चिह्न है। यह कमजोर को आत्मसम्मान के साथ जीने न देने वाला समय है।
विवेकानंद ने कहा था, आने वाला जमाना शूद्रों का होगा। दलितों-शूद्रों का जमाना थोड़ा-बहुत आया, पर जैसे आया था वैसे ही चला गया। फिलहाल बहुराष्ट्रीय व्यापारियों का जमाना है। क्या भारत व्यापार और युद्ध में अकेला हो गया है?
विश्व में कोई किसी का स्थायी दोस्त नहीं है। विश्वास का संकट देश के बाहर ही नहीं, देश के भीतर भी है। यह ऐसे युग की घटना है जब सामूहिक समस्याएं हैं, पर सामूहिक समाधान के रास्ते बंद हैं। यही वजह है कि अब एक छोटे से क्षण में भी खतरे छिपे नजर आते हैं।
क्या सब कुछ क्षणभंगुर है
इस दौर में प्रेम, करुणा, बधाई, सहमति, असहमति, आक्रोश, आंदोलन सब क्षणभंगुर हैं। खासकर सोशल मीडिया ने बौद्धिक प्रतिक्रियाओं की क्षणभंगुरता में हजार गुणा विस्तार ला दिया है। 1975-77 के आपातकाल के दिनों के मौन में भी आग थी। इन दिनों लोग चीख-चीख कर बोल रहे हैं, पर हर आवाज अरण्यरोदन है। असहमति में कहीं भी सच्चा साझापन नहीं है। प्रतिवाद अब बड़े पैमाने पर मनोरंजन की वस्तु है। वह चुटकुलों में सीमित होता जा रहा है। हर तरफ भाषा का जिस तरह अध:पतन हुआ है, यह सबसे अधिक वर्तमान चुनौतियों के प्रति गंभीरता के अभाव की सूचना है। बुद्धिजीवियों के मुहावरों में थकान है या भगदड़।
एक प्रतिक्रांति-सी हुई है। इसका नतीजा है कि समाज में मनमुटाव, शत्रुता, अवसाद फैला है। इतिहास की अदृश्य जंजीरों से मनुष्य पहले से अधिक जकड़ गया है और थका-थका सा है। यह भी देखा जा सकता है कि फेसबुक जैसा सकारात्मक उद्देश्य से निर्मित माध्यम अब केवल अपनों और अपने आपसे विच्छिन्न होने का प्लेटफार्म है।
यह कोई विस्मयजनक घटना नहीं है, क्योंकि इन दिनों संघर्ष अपनी दीर्घजीविता खो चुके हैं। हर तरफ टर्र टर्र है या हुआं-हुआं। शक्तिमान एकतरफा बोल रहे हैं। वे सुनना भूल चुके हैं। कम सुनने वाले अकसर जोर से बोलते हैं!
इस परिदृश्य में कोई खौलता पानी कब अचानक बर्फ बन जाएगा, निश्चित नहीं है। यह भी निश्चित नहीं है कि कोई बर्फ कब अचानक खौलते पानी में बदल जाएगी।
इस युग में ‘अंधे’ दृष्टि दे रहे हैं, ‘लंगड़े’ पहाड़ लांघ रहे हैं, ‘बहरे’ फैसले सुना रहे हैं और युद्ध से लौटे सेनापति शांति कपोत उड़ा रहे हैं। 21वीं सदी स्वप्न से दु:स्वप्न में प्रवेश की सदी है। फिर भी निराला की आखिरी कविता की यह पंक्ति याद आ सकती है- ‘ताक रहा है भीष्म शरों की कठिन सेज पर’ और सूफी कवि फरीद की यह बात भी कि ‘दो नयना मत खाइयो’, ताकि फिर स्वप्न देखने की संभावना बची रहे!
कई बार लगता है कि दुनिया में स्वेच्छाचारिता ही शाश्वत सत्य है। सभ्यता भौतिक रूप से जितनी विकसित हो, लूट और मार ही प्रधान घटनाएं हैं। शांति अल्पकालिक है। अन्याय का प्रतिवाद अल्पकालिक है। करुणा अब एक अप्रत्यक्ष सौदा है। हमने देखा है कि हर युग में सचाइयां इंद्रधनुष की तरह बनती और खो जाती रही हैं। सब कहते हैं, इंद्रधनुष बहुत सुंदर है। पर कोई उसपर प्रत्यंचा चढ़ा नहीं पाता। कहा जा सकता है, साहित्य हारे हुए की आवाज है, जबकि जीतने वाला साहित्य नहीं इतिहास लिखता है।
जोकर कर रहे हैं विचारों के देश पर हमला
पिछले सौ सालों से संगठित हो रही कूपमंडूकता ने राजनीतिक शक्ति अर्जित कर भारत की महान परंपराओं की समझ और हिंदी की 19वीं-20वीं सदी की आधुनिक साहित्यिक उपलब्धियों पर हमला चला रखा है। पुरानी रूढ़िवादी सोच बीते दिनों की बात हो गई थी, पर इसने आधुनिक मस्तिष्क को फिर बुरी तरह घेर लिया है। बिग मीडिया सबसे ताकतवर बुलडोजर बनकर उभरा है। यह बड़े पैमाने पर बौद्धिक विध्वंस कर रहा है, झूठ को सच बना रहा है और लोगों की खुद सोचने की शक्ति मिटा रहा है।
इस परिदृश्य में ‘डेढ़ हल्दी की गांठ’ लेकर ही कई ज्ञानी बड़े पंसारी बने घूम रहे हैं। पहले कहा जाता था, ‘मूड़ मुड़ाइ होहिं संन्यासी’ और ‘मन न रंगाये रंगाये जोगी कपड़ा’। ऐसे बहुरूपिए अब सैकड़ों की संख्या में हैं और उन्होंने अपना-अपना किला बना रखा है।
आज के हिंदी संसार को समझने के लिए भारतेंदु के ‘अंधेर नगरी’ नाटक के ‘समर्पण’ की पंक्तियां बहुत अर्थपूर्ण हैं। संस्कृत के इस श्लोक का अर्थ है, ‘जो चंदन, आम और चंपा के वन को काटकर कीकड़ के पेड़ों की रक्षा करता है, हंस और कोयल के प्रति हिंसक होकर काग लीला का मजा लेता है और जो कपूर और कपास को उनके श्वेत रंग के कारण एक जैसा समझता है- जहां के गुणी जन ऐसी समझ रखते हों उस स्थान को दूर से नमस्कार है!’ क्या रक्षणीय है और क्या त्याज्य, क्या सुरुचि है और क्या विकृति तथा क्या खोकर क्या हासिल हो रहा है, इसका विवेक जब लेखकों और बुद्धिजीवियों के समाज में विलुप्त होता जा रहा हो और इन सवालों को लेकर समाज में व्यापक चिंता न हो तो सोचना चाहिए, यह बौद्धिक अकाल का समय है।
इन दिनों बड़ी संख्या में लोग नवनिर्मित अंधविश्वासों के चमकते संसार में हैं। बौद्धिक दुनिया के क्रीतदास हमारी प्राचीन और आधुनिक साहित्यिक परंपराओं पर हमले कर रहे हैं तथा पीतल को सोना घोषित कर रहे हैं। हम क्या करें?
हम यह कर सकते हैं कि 21वीं सदी के ‘सार्वभौम बौद्धिक पतन’, ‘हिंसक सभ्यता की दिग्विजय’ और ‘ज्ञान के संसार में भूखे डायनासोरों के उत्पात’ को समझें। इन सबने हमारे समाज को जंगल बना दिया है। उत्पाती वस्तुत: जोकरों जैसे हैं, पर वे शक्तिशाली हैं। उनपर हँसने से अधिक संभलने की जरूरत है।
बौद्धिक अराजकता के वर्तमान युग में नई वैचारिक अदहन चाहिए। पुराने विचार निरर्थक हो चुके हैं। पुराने सिद्धांत कबाड़ हैं। कुछ नया सोचना होगा, क्योंकि वैचारिक जड़ता ही अनिश्चितता का ईंधन है।
हम देख सकते हैं कि लोग भीतर से ध्वस्त हैं पर मिटे नहीं हैं! वे बोल नहीं पा रहे हों, पर बोलना चाहते हैं। कहना है, मनुष्य से उसकी बुद्धि की प्राकृतिक शक्ति को, तर्क की प्राकृतिक शक्ति को तथा अपनी बहुरंगी सांस्कृतिक श्रेष्ठताओं को बचाने और मिलकर बोलने की प्राकृतिक शक्ति को किसी भी युग में मिटाया नहीं जा सका है। वह आज भी अक्षय है, जिस तरह शब्द अक्षय है।
तथ्य और सत्य में फर्क
आज हर सूचना एक तथ्य-क्रीड़ा है, अर्थात एक तथ्य का उपयोग एक अन्य तथ्य को ढकने के लिए हो रहा है। इसके अलावा, किसी तथ्य के एक पहलू को ही समग्र तथ्य बनाकर उपस्थित किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर, कोई कहे कि भारतेंदु राजभक्त थे या वे हिंदू थे या कोई कहे कि बानू मुश्ताक की पुस्तक को ‘बुकर प्राइज’ मिला तो निश्चय ही ये तथ्य हैं। पर क्या ये बातें सत्य हैं? भारतेंदु को हिंदू राजभक्त कह देने से उनकी सही तस्वीर बनती है? वस्तुतः बानू मुश्ताक के मलयालम कहानी संग्रह को बुकर पुरस्कार नहीं मिला है- इसके अंग्रेजी अनुवाद को मिला है। इस पुरस्कार की आधी राशि अनुवादक को मिली है। यह मेन बुकर प्राइज से भिन्न है। यही मामला गीतांजलि श्री का है। पर मलयालम या हिंदी में छपी इनकी पुस्तकों पर भी लिखा होता है- ‘बुकर प्राइज विजेता’!
तथ्यों को तोड़कर रखना ही तथ्य-क्रीड़ा है। यह व्यापार, मीडिया और राजनीति के संसार में इस समय चरम शिखर पर है। यह वस्तुत: तथ्य के एक पहलू को ही पूर्ण सत्य बताने का कारोबार है।
लोग अकसर पूछते हैं- नए तथ्य क्यों नहीं सामने आने चाहिए? नए तथ्य जरूर सामने आने चाहिए। यह भी देखना होगा कि कोई नया तथ्य किस उद्देश्य से सामने लाया जा रहा है और क्या किसी एक खास तथ्य को पूरा सच कहा जा सकता है? हर तथ्य सत्य का केवल एक हिस्सा है। किसी तथ्य के सत्य को समझने के लिए उस तथ्य के कुछ दूसरे तथ्यों से तार्किक संबंध को समझना जरूरी है।
अतीत की कोई चीज निश्चय ही तथ्य हो सकती है, जैसे किसी का कोई विवाह-पूर्व यौन संबंध या जैसे पुराना शैव-वैष्णव संघर्ष। अब अगर कोई व्यक्ति किसी के विवाह-पूर्व पुराने यौन संबंध को ब्लैकमेलिंग के लिए मुद्दा बनाए या आज प्रेम से रहते शिव भक्तों और वैष्णवों के बीच संघर्ष शुरू करवा दे तो अतीत के ऐसे तथ्यों को सामने लाना अतीत के प्रेत नृत्य से भिन्न नहीं है। समाज में विद्वेष और हिंसा फैलाने के लिए अतीत के अधूरे तथ्यों का उपयोग ‘सांस्कृतिक ब्लैकमेल’ है।
उदार होना क्यों जरूरी है
मूर्खता उतनी बड़ी समस्या नहीं है, जितनी कूपमंडूकता। बल्कि जिसके पास ज्यादा बुद्धि हो गई हो, वह थोड़ी ‘मूर्खता’ अपने में मिश्रित कर ले, तो धूर्त होने से बच सकता है। मूर्खता जब तक अबोधता है- बुद्धि का अभाव है, तब तक वह एक हद तक भली चीज है, क्योंकि कई बार ज्यादा बुद्धि अहंकारी बना देती है। प्रेमचंद के जामिद और सूरदास जैसे चरित्रों को देखिए!
कूपमंडूकता एक ऐसी बुद्धि की देन है, जो कुआं को ही विश्व बताती है। मूर्ख कल को ज्ञानी बन सकता है, कालिदास की यही कथा है। पर कूपमंडूकता अपने कुआं से बाहर कुछ भी सोचने नहीं देती। इधर कूपमंडूकता की सुनामी आई हुई है और यह वस्तुतः शिक्षित वर्गों द्वारा लाई गई है। 19वीं-20वीं सदी के शिक्षित वर्गों की सुधारवादी भूमिका से यह एक भिन्न मामला है। जिस दौर में हमारा देश वैज्ञानिक साधनों से निर्मित यान में अपने नागरिक शुभ्रांशु शुक्ला को अंतरिक्ष भेज रहा है, उस दौर में एक शिक्षित जनप्रतिनिधि हनुमान के ‘बाल समय रवि भक्ष लियो’ की कथा के आधार पर एक शिक्षण संस्थान में घोषित करता है- ‘हनुमान प्रथम अंतरिक्ष यात्री थे’! और लोग ताली बजाते हैं।
इन दिनों कूपमंडूकता के प्रचार में सोशल मीडिया ही नहीं, बड़े न्यूज चैनल भी लगे हुए हैं। ये मनुष्य की सोच का बंध्याकरण कर रहे हैं, लोगों को राजनीति और बाजार का गुलाम बना रहे हैं। कभी दुनिया संपत्तिवान और संपत्तिहीन में बंटी दिखती थी। हाल में डिजिटल साक्षर और डिजिटल निरक्षर में विभाजित होने की बात कही जा रही थी। अभी हमारा देश, बल्कि एक हद तक पूरी दुनिया ‘कूपमंडूक’ और ‘उदार’ में विभाजित है। हर धर्म, हर नस्ल, हर जाति और हर प्रांत में ये दो तरह के लोग हैं। चिंतित करने वाली बात यह है कि फिलहाल कूपमंडूकता ही फलदायी कल्पवृक्ष है और उदार होना एक यातना का वरण करना है!
उदार व्यक्ति की बुद्धि में संवेदना, तर्क और खुलापन- ये तीन खास गुण होते हैं। यह एक बड़ी विडंबना है कि हमारे समय के लोग बाजार में एक हैं और उदार हैं, पर समाज में धर्म, जाति और प्रांत के आधार पर विभक्त हैं और कूपमंडूक हैं।
इस समय कूपमंडूकों की शक्ति और संख्या दोनों बढ़ी है- कूपमंडूक होने में फायदे हैं। पद या सुविधाएं पाने के लिए उच्च-शिक्षित लोग भी कूपमंडूक होने में ही उज्ज्वल भविष्य देखते हैं। मनुष्यता या नागरिक भाव सचमुच यदि है तो उदार लोगों में है। जो उदार हैं उनकी सबसे बड़ी कमाई उनकी मनुष्यता है। उन्हें इसमें आनंद है, यंत्रणाओं के बीच भी संवेदनशीलता का आनंद!
भारत की महान सांस्कृतिक परंपराओं का संबंध कूपमंडूकता से नहीं, उदारवाद से है। यदि कुछ भी संस्कृति है तो उदारता उसमें एक प्रमुख तत्व है। कूपमंडूकता विकृति है, उदारता संस्कृति है। प्रसाद ने ‘लहर’ में लिखा है :
तुम हो कौन और मैं क्या हूँ
इसमें क्या है धरा सुनो
मानस जलधि रहे चिर चुंबित
मेरे क्षितिज उदार बनो।
क्या दुनिया में एक भी ऐसी साहित्यिक कृति है जो अपनी सीमा में उदारता की रक्षा न करती हो और पुरानी रूढ़ियों से न टकराती हो? समझने की जरूरत है कि साहित्य केवल पढ़ने-पढ़ाने के लिए नहीं है, अपने जीवन में जगह देने के लिए भी है।
शैक्षिक दुनिया में अंधकार
हमारे देश में आईआईटी के उच्च शिक्षण संस्थान में 2019-24 के बीच 37 विद्यार्थियों ने आत्महत्या की। किसानों से शुरू होते हुए अब उच्च तकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों तक पहुंच चुकी निराशा, मानसिक अवसाद हमारी पूरी सभ्यता, राजनीति और शिक्षा के समक्ष एक बड़ी चुनौती है। वैश्विक विकास और शांति की प्रधान शर्त है- युवाओं को निश्छल होकर सुना जाए!
यूनिवर्सिटी का अर्थ विश्वविद्यालय बताया जाता है जो एक संकुचित अर्थ है। यूनिवर्सिटी का प्राचीन अर्थ है संपूर्ण सृष्टि (यूनिवर्स) के ज्ञान का केंद्र। प्राचीन विश्वविद्यालय नालंदा, ऑक्सफोर्ड आदि ज्ञान की अखंडता और वैश्विकता पर जोर देते थे। वर्तमान दौर में उच्च शिक्षण संस्थानों को अपने परिसर के विद्यार्थियों की दशा तक की खबर नहीं है, वे सृष्टि का ज्ञान क्या देंगे!
ऐसे संकेत हैं कि आगामी 10 सालों में ‘वर्क फ्रॉम होम’ की तरह ‘लर्न फ्रॉम होम’ का युग शुरू हो जाएगा। स्कूल-कालेज उजड़ने लगेंगे। पता नहीं कैसे-कैसे तूफान आएंगे। शिक्षक की जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस होगा, मेधाबोट व्याख्यान देंगे। लोगों में बची-खुची सामाजिकता और संवेदनशीलता का भी ह्रास हो जा सकता है। वे बड़े पैमाने पर ‘डिसइन्फार्मेशन’ से घिर सकते हैं।
शिक्षक ऐसी मोमबत्ती की तरह है जो खुद गलते हुए चारों तरफ प्रकाश फैलाती है। मोम गलता है ज्ञान की लौ की रक्षा करने के लिए। इस युग का शिक्षक कम असहाय नहीं है। वह राजनीति का दासानुदास बना दिया जा रहा है, ज्ञान की लौ की रक्षा कैसे करेगा! फिर भी यही राह है कि वह अपनी नई भूमिका से साबित करे कि शिक्षक के बिना शिक्षा संभव नहीं है।
शिक्षा का सार्वभौम कार्य है, परंपरा में जो कुछ अर्थपूर्ण है उसका संरक्षण तथा हर क्षेत्र में जड़ता को तोड़कर नवोन्मेष। यह स्वायत्त शैक्षिक परिवेश में ही संभव है, जो दुर्भाग्यवश नहीं है। और शिक्षा-संसार के करोड़ों बच्चों-युवाओं की बौद्धिक और भावनात्मक दुनिया संकट में है।
इसके अलावा आज के विद्यार्थी बहुत सीमित संख्या में ज्ञान और कौशल के अधुनातन रूपों तक पहुंच पा रहे हैं। वे ज्यादातर परंपरागत और लगभग स्थिर शैक्षिक ढांचे में कैद हैं। इस ढांचे में रूढ़िवादी तत्व घुस चुके हैं, यह कीड़ों से भरा सड़ा फल है। राजनीतिक संपर्कों के कारण चाकरी पाकर कम योग्य व्यक्ति ही अब शिक्षा व्यवस्था के शीर्ष पर हैं और वे बोझ हैं।
निजीकरण ने शैक्षिक दुनिया को दो फाड़ कर दिया है। गुणवत्ता-संपन्न शिक्षा अब पूरी तरह एक व्यापार है। 10 लाख, 25 लाख खर्च करके अपनी संतानों को पढ़ाने की क्षमता कुछ में ही हो सकती है। ऊपर से भेदभाव है, रोजगार की अनिश्चितता है। विद्यार्थियों को वर्तमान समय में जितने मानसिक तनाव, अनिद्रा और अनिश्चितता से गुजरना पड़ रहा है, पहले कभी नहीं गुजरना पड़ा था।
21वीं सदी में व्यवस्था का सेफ्टी वाल्व
हाल में पड़ोसी देश नेपाल में सोशल मीडिया में भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाजों को नियंत्रित करने पर अचानक ‘जेन जी’ के लाखों नौजवानों का विद्रोह सामने आ गया। उनकी बातें दुनिया के दूसरे देशों में पहुंच रही थीं। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध से नौजवानों को लगा कि उनका श्वासरुद्ध हुआ है। वे लाखों की संख्या में सड़कों पर उमड़ पड़े। उनपर गोली चली, रक्त झरा। घटना में लगभग 50 लोग मारे गए, जिससे युवा भड़ककर हिंसात्मक हो उठे और नेपाल में आग ही आग थी। स्वतःस्फूर्त सच्चा आंदोलन अराजक हो उठा। आक्रोश बढ़कर संसद, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के घरों में आगजनी तक पहुंच गया। निश्चय ही रक्त और राख में विचार नहीं होते!
एशिया के देश स्वेच्छाचारिता, भ्रष्टाचार और हिंसा के एक नए दौर में हैं। विश्व भर में साझी सोच का जैसे-जैसे ह्रास हो रहा है और हिंसा बढ़ रही है, आम लोगों के जीवन में असुरक्षा भी बढ़ रही है।
सोशल मीडिया एक खुला आकाश है। इसमें चाहे पतंग उड़ाएं, मिसाइल छोड़ें या झूठ के सफेद बगुले उड़ाएं, समाज को विशेषकर युवाओं को कई बंधनों से गुजरने के बाद यह आकाश मिला है। इस आकाश को उनसे छीना नहीं जा सकता। हर वंचना विद्रोह को जन्म देती है, वह चाहे जिस शक्ल में व्यक्त हो। यह कैसी विडंबना है कि सोशल मीडिया ही अब आखिरी शरण स्थल है। क्या वह 21वीं सदी में व्यवस्था का सेफ्टी वाल्व है?
ज्ञान का अर्थ है जंजीरों को तोड़ना
हम निरंतर अनिश्चितता के एक भयप्रद इलाके में प्रवेश करते जा रहे हैं, जहां हिंसक संघर्ष के विविध रूप हैं। वैश्वीकरण के विघटन के बाद इन सबका असर मानव विकास और मानव आचरण दोनों पर पड़ा है। हम सामाजिक सुरक्षा की कमी, बढ़ती सामाजिक दूरियों और एआई-यंत्रों द्वारा बड़े पैमाने पर श्रमजीवियों को हटाए जाने के डर के अनोखे दौर में हैं। कई चुनौतियां और समस्याएं ऐसी हैं जिनके बारे में हम जान नहीं सकते, क्योंकि जो नागरिक समाज वंचनाओं को पहचान कर मानवाधिकार और उच्च मूल्यों के लिए लड़ता है, वह खोखलेपन से भरा हुआ है।
आजकल हमारा अनिश्चितता, अविश्वास और भय के साथ जीना इतिहास की एक अद्वितीय घटना है। इसके सामने खड़ा होने के लिए नई स्थितियों को जीने से आगे बढ़कर उनको जानना होगा। हर सभ्यता का यही संदेश है, फिर से सब कुछ जानो! लेकिन वर्तमान समय में जानने के दरवाजे पुराने बौद्धिक आग्रहों और नई सूचनांधता (डिसइन्फार्मेशन) की वजह से बंद हैं। इसलिए सबसे पहले ज्ञान के बंद दरवाजे तोड़ने होंगे।
ज्ञान का अर्थ है जंजीरों को तोड़ना, स्वतंत्र होना। पुराने घिसे-पिटे मुहावरों के कुओं से बाहर निकलना और नैतिक रूप से जिम्मेदार होना। ज्ञान का अर्थ है, अर्जुन की तरह मछली की सिर्फ आंख नहीं, पूरी मछली को देखना! खंड-खंडवाद की जगह दृष्टि के समूचेपन की एक बार फिर जरूरत है।
कहा जा सकता है कि हर अनिश्चितता अपने अस्तित्व के पुनर्निर्माण की प्रेरणा है, खासकर जब हर तरफ ‘टुकड़े’ हैं, विच्छिन्नताएं हैं और अंधेरे से भरा अहंकार कहीं कम नहीं है।
vagarth.hindi@gmail.com

