शंभुनाथ

 

शायद हम सपने में भी नहीं सोच पाते हैं कि हमारी एक इंद्रधनुषीय हिंदी संस्कृति है और हिंदी लोगों की लगभग 1300 साल से विकसित जो जीवंत विरासत है उसे जानने तथा अपने जीवन में जगह देने की बहुत जरूरत है।

हम बंगालियों, मराठियों, तमिलों आदि को अपनी-अपनी संस्कृति पर चर्चा करते देखते हैं, तब भी नहीं सोचते कि राजस्थान से बिहार तक और उत्तराखंड-दिल्ली-उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ आदि तक आम लोक ने एक साझी हिंदी संस्कृति किस तरह रची है और उससे हम फिलहाल कितने विच्छिन्न हैं। हम आमतौर पर अपने-अपने धर्म, जाति और प्रांतीयता में काफी उलझे रहते हैं। इसलिए नहीं देख पाते कि सैकड़ों साल पहले से किस तरह हिंदी क्षेत्र में आम लोकवृत्त या नागरिक परिसर का निर्माण होता रहा है।

निश्चय ही राजस्थान के लोगों से उत्तर प्रदेश-बिहार के लोगों के पर्व-त्योहार, रीति-रिवाज, खानपान आदि में भिन्नता है। हिंदी क्षेत्र में भाषाएं-बोलियां भी कई हैं। एक सर्वेक्षण के अनुसार इनकी संख्या 50 है। हमारे देश के किसी अन्य राष्ट्रीय भाषा क्षेत्र में इतनी विविधता नहीं है, इतने उत्सव और रंग-ढंग नहीं हैं। कलह भी अन्य किसी प्रदेश से हिंदी राज्यों में ज्यादा है।

हम यह भी देख सकते हैं कि हिंदी संस्कृति के निर्माण में भक्ति आंदोलन, नवजागरण तथा छायावाद का सबसे अधिक योगदान है। ये हमारे सामाजिक इतिहास का सांस्कृतिक त्रिभुज हैं और विविधतापूर्ण हिंदी संस्कृति की जमीन कहे जा सकते हैं। इनके उदारवाद की पृष्ठभूमि में ही हिंदी क्षेत्र में आगे चलकर बड़े-बड़े जन आंदोलन संभव हुए।

हिंदी संस्कृति : दीर्घ मध्यांतरों के बावजूद

भारत जैसे बहुभाषिक-बहुसांस्कृतिक देश में वर्चस्व की जगह साझा जीवन-साझी संस्कृति ही सही पथ है। इसके लिए बुद्धिसम्मत सोच, मानवीय संवेदना और नैतिक परिपक्वता की जरूरत होती है। यदि ये चीजें न हों तो आम लोग सस्ते समाधान की ओर आकर्षित होते हैं।

यदि हमारे देश में साझा जीवन-साझी संस्कृति में खलल पड़ा है, तो इसकी बुनियाद में औपनिवेशिक विभेद ज्ञान से प्रेरित तोड़फोड़ है। अंग्रेजों के जाने के बाद भी बौद्धिक उपनिवेशवाद बरकरार रहा है। इसने अपनी विनाशकारी भूमिका से हमारे देश की उच्च परंपराओं से एक बौद्धिक-नैतिक विच्छेद पैदा कर दिया। फलत: भारतीय जनजीवन पुन: कृत्रिम सामाजिक विभाजन, कलह और आडंबरों से इतना घिरता गया कि फिलहाल इनसे निकलने का रास्ता नहीं दिख रहा है।

20वीं सदी में हिंदी को लेकर कई तरह के विचार आए। हिंदी कोई भाषा ही नहीं है, हिंदी एक सांप्रदायिक निर्मिति है, हिंदी एक सर्वभक्षी भाषा है, हिंदी एक साम्राज्यवाद है। हिंदी क्षेत्र के कई अंग्रेजीदां एलीट लेखक यह सब कहते रहे हैं। क्रिस्टोफर किंग और फ्रांचेस्का आर्सीनी जैसे शोधकर्ताओं ने भी कुछ नया न कहकर गिलक्राइस्ट और गार्सा-द-तासी जैसे साम्राज्यवादी लेखकों को ही दुहराया है। गिलक्राइस्ट हिंदी को ‘गंवारू और हिंदुओं की भाषा’ कहता था। गार्सा-द-तासी ने लिखा था, ‘हिंदी में हिंदू धर्म का आभास है- वह हिंदू धर्म जिसमें बुतपरस्ती और इसके आनुषंगिक विधान हैं।’ इन्हीं धारणाओं का निचोड़ ‘हिंदी राष्ट्रवाद’ के आरोप के रूप में सामने आया। हम कह सकते हैं कि तमिल राष्ट्रवाद कभी भले हो, हिंदी राष्ट्रवाद जैसी कोई चीज कभी नहीं रही है।

दक्खिनी हिंदी कवि बरहानुद्दीन जानम ने ‘इरशादनामा’ में अपनी भाषा के संबंध में कहा है- ‘यह सब बोलूं हिंदी बोल’। वे लगभग सूरदास के काल में थे। हिंदी दरअसल हिंदी क्षेत्र की भाषाओं और बोलियों के भीतर से स्वाभाविक रूप से विकसित एक महान राष्ट्रीय भाषा है। ब्रज, अवधी, राजस्थानी, भोजपुरी, छत्तीसगढ़ी, मैथिली जैसी भाषाएं और बोलियां हिंदी की माएं हैं, इसके शब्द भंडार का मुख्य स्रोत भले संस्कृत हो। जिस तरह उर्दू इस देश में स्वतंत्र रूप से जन्मी, हिंदी भी अपने क्षेत्र की भाषाओं और बोलियों के भीतर से अपनी विविध सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर स्वतंत्र रूप से जन्मी। हिंदी की एक मां उर्दू भी है। हिंदी के पहले समाचार पत्र ‘उदंत मार्त्तंड’ (1826) का उद्देश्य वाक्य था- ‘हिंदुस्तानियों के हित के हेत’। साफ है, यहां भी भाषा और धर्म के बीच संबंध नहीं है।

फिर भी हिंदी की सिद्ध-नाथ और भक्ति आंदोलन से लेकर भारतेंदु-प्रेमचंद-छायावाद तक की लगभग 1300 सालों की सांस्कृतिक परंपराओं को कई बार आलोचनात्मक समावेशिकता और बौद्धिक सहृदयता से न देखकर औपनिवेशिक विभेद ज्ञान की रोशनी में देखा जाता है, क्योंकि ऐसे ज्ञान का फास्ट फूड-जैसी राजनीति पर भारी असर रहा है। यही वजह है कि पुराने युगों के रचनाकारों का मूल्यांकन उनकी उपलब्धियों और सीमाओं के आलोक में नहीं हुआ। इसकी जगह नायक पूजा करते हुए उन कवियों-लेखकों के बीच कृत्रिम ध्रुवीकरण पैदा किया गया।

कोई कबीर के पास खड़ा हो गया, कोई तुलसी के पास। भारतेंदु हरिश्चंद्र के साहित्य को अधपढ़ता के कारण ‘हिंदू परंपराओं के राष्ट्रीयकरण’ के कोण से देखा गया। कोई लेखक प्रेमचंद की परंपरा में रखा जा रहा था तो कोई प्रसाद की परंपरा में। कोई दोनों को विध्वस्त कर खुद को ही सर्वोपरि समझ रहा था।

अमेरिकी नृवैज्ञानिकों द्वारा निर्मित ‘ग्रेट ट्रेडीशन-लिटिल ट्रेडीशन’ अर्थात दो परंपराओं की धारणा भी प्रचलन में आई। ‘मुख्य धारा’ का अहंकार भी पनपा। सबाल्टर्न इतिहास ने दबे हुए कई तथ्यों का उद्घाटन किया, लेकिन वह ‘राष्ट्र के टुकड़ों’ को ‘रि-कंस्ट्रक्ट’ नहीं कर सका। उत्तर-आधुनिक विमर्शों ने सामुदायिक पीड़ा को उभारा, पर वे ‘चिह्नों’ से संतुष्ट कर दिए गए। अंतत: छोटी-छोटी तोड़फोड़ के बाद अंग्रेजी राज का ही कौशल चुनकर बड़े पैमाने पर अंध-राष्ट्रवादी महातोड़फोड़ शुरू हुई। अतीत के देवता सुला दिए गए और प्रेत जगाए जाने लगे!

हमारे देश में भक्ति आंदोलन, नवजागरण और छायावाद ने लोगों की सोच को लिबरल बनाने के अभियान चलाए थे। उनमें कमियां थीं, लेकिन सबाल्टर्न इतिहास और उत्तर-आधुनिक विमर्शों ने उपर्युक्त सांस्कृतिक त्रिभुज को पूरी तरह खारिज कर दिया, जबकि वे अपने-अपने युग में मतांधता से दबे मनुष्यत्व की आवाज थे और ‘कॉमन प्लेस’ बना रहे थे। उनके खारिज पर धार्मिक कट्टरवाद ने अपनी मुहर लगा दी और सबाल्टर्न इतिहास सहित सभी विमर्शों को निगल लिया!

ज्ञान की दुनिया से उपर्युक्त तीनों बड़े सांस्कृतिक आंदोलनों और इनके आदर्शों का राजनीतिक हाशियाकरण हिंदी संस्कृति पर एक बड़ा हमला है, जिसने आज भी इस क्षेत्र के जीवन को हिंसक खोखलेपन से आक्रांत कर रखा है। ऐसा अंधेरा पहले भी कई बार आया है। हमारे सांस्कृतिक इतिहास में लंबे-लंबे मध्यांतर हैं। फिर भी क्या जीवन से प्रेम, स्वतंत्रता और न्याय की आवाजों को अंतिम रूप से मिटाना और आम नागरिक परिसर का ध्वंस कभी संभव हुआ है?

हिंदी का लोकवृत्त बनना कैसे शुरू हुआ

हिंदी संस्कृति की बुनियाद रखने वालों में भक्त कवि प्रमुख हैं। वे समाज में फैले भेदभाव और दिखावे से मुक्त थे। उनमें कोई कवि मतांध न था, सभी कमोवेश उदार थे। उनके देवता मंत्रों की जगह उनकी भक्ति भावना के अधीन थे। आजकल धार्मिक आडंबर को भक्ति कहा जा रहा है, जबकि उन कवियों की ईश्वर भक्ति एक सामाजिक क्रांति है। उन्होंने लोकभाषा में लिखा तथा ज्ञान पर से संस्कृतज्ञ धर्माचार्यों का एकाधिपत्य समाप्त कर दिया। आम लोगों के बीच ज्ञान का प्रसार होने लगा तो संवेदना का भी प्रसार हुआ। इसे ‘लोकजागरण’ कहा गया, जिससे हिंदी संस्कृति का विकास हो रहा था।

भक्ति आंदोलन का हिंदी लोगों पर असर यह हुआ कि इन्होंने वैराग्य और भोगवाद दोनों से दूरी बनाई। मोक्ष हट गया, स्वर्ग-नरक हट गया और जीवन प्रमुख हो गया। संसार को यथार्थ माना जाने लगा। भक्त कवियों ने घृणा और हिंसा की जगह प्रेम को महत्व दिया। उनका प्रेम चांदी के कुएं में नहीं रहता, आम लोगों के दर्द को छूता है। वे इस बोध से जुड़े, ‘साईं इतना दीजिए, जामे कुटुम समाए/मैं भी भूखा ना रहूँ साधु न भूखा जाए।’ (कबीर) सामान्यत: भक्ति काव्य जीवन का पक्षधर है। यह लोभ से दूरी बनाकर अहसास कराता है कि पैसा कुछ जरूर है, पर सबकुछ नहीं है।

विद्यापति ने लिखा है कि यह संसार बाजार की तरह है, जहां सभी केवल सौदा करते हैं- ‘इ संसार हाट कए मानह / सबोनेक बनिक…’। इस पद में कृषक की दुर्दशा का भी वर्णन है, ‘खेत कएन रखवारे लूटल’। खेत में कृषक ने अन्न उपजाया, रक्षक ने ही लूट लिया! कवि विद्यापति ने लूट को साहस से लूट कहा। वे एक पद में पानी के अभाव का कष्ट बताते हैं- ‘धरती इतनी फट गई है कि पाताल दिख रहा है! कहीं पानी नहीं है।’ विद्यापति आम लोगों के कष्ट की बात कर रहे हैं।

कबीर बाजार में कहते हैं, ‘कबिरा खड़ा बाजार में लिये लुकाठी हाथ’! यह बाजार का नहीं बाजार की माया का विरोध है, क्योंकि वे खुद बाजार के लिए कपड़ा बुनते थे। आशय है, समाज में बाजार हो, बाजार में समाज नहीं!

देश जब बाजार का पर्याय बनता जाएगा, सबसे अधिक निस्सहाय होंगे कृषक, युवा, छोटे-मझोले व्यापारी, दुकानदार और मध्यवर्गों के श्रमरत लोग। इनमें स्त्रियां हैं, पिछड़े-दलित हैं। कहना न होगा कि ग्लोबल बाजार में इन सभी की वास्तविक अस्मिता आज एक है- वंचित की अस्मिता! इस नए बोध की ओर सबको बढ़ना चाहिए।

विद्यापति आशा से भरे रहते हैं कि जिन पेड़ों के पत्ते सूख गए हैं, उनमें फिर पत्ते आएंगे, ‘विपत आपत तरु पाओल रे पुन नव नव पात’। ऐसी आशा हर युग में एक बड़ा संदेश है।

भक्ति आंदोलन की लोक भाषाओं को समृद्ध करने के साथ आम लोकवृत्त के निर्माण में एक बड़ी भूमिका है। प्रथमतः उसका भारतीय एकता और प्रदेशगत जातीय एकता के प्रारंभिक निर्माण में एक बड़ा योगदान है। भक्त कवियों ने नवजागरण से पहले इस देश में जातीयताओं की बुनियाद डाली थी। तमिलनाडु में नायनार और आलवार कवि जो काम कर रहे थे वही काम कबीर, सूर, मीरा, तुलसी, रैदास, जायसी, दादू दयाल और रहीम-घाघ जैसे कवि हिंदी प्रदेश में कर रहे थे। इन्होंने सर्वप्रथम भारत को देखा, ‘भलि भारत भूमि’ (तुलसी), अन्यथा पहले ‘आर्यावर्त्त’, अर्थात उत्तर भारत को देश समझा जाता था। हम भक्त कवियों से मांग नहीं कर सकते कि वे अंबेडकर और सीमोन द बुआ क्यों नहीं हैं!

कबीर जब बाजार पर जोर दे रहे थे और पुकारते थे, ‘कहे कबीर सुनो भाई साधो’, तो वे धर्म-जाति के बंधन से ऊपर उठकर एक सार्वजनिक स्पेस बना रहे थे। सभी भक्त कवि कृत्रिम सामाजिक खाइयों के विरोध में थे। वे ईश्वर के आंगन में सबको बराबर मान रहे थे और लोक हृदयों को जोड़ रहे थे। स्त्रियां श्रम का आह्वान कर रही थीं, ‘हमें कोउ कातन देइ सिखाय/ आय ननदिया, आय जेठनिया आय-पड़ोसन आय’। इसमें परिवार से बाहर ‘पड़ोसन’ के लिए आह्वान है। इस तरह भक्त कवि न केवल विभेद-ज्ञान से ऊपर उठकर वर्चस्व से मुक्त समाज बना रहे थे, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी का भी परिचय दे रहे थे।

कबीर एक संदर्भ में ‘तू बाम्हन मैं काशी का जुलाहा’ कह रहे हों, पर उनका अस्मिताबोध भिन्नता पैदा करने वाला नहीं है। हमारे देश में अस्मिताबोध ‘अ-पर’ के बोध से जुड़ा है,

अ-भिन्नता से जुड़ा है। हिंदी संस्कृति का आदर्श है, परंपरागत अस्मिता का कैदी न होकर इसके उत्तरोत्तर उन्नत रूप की ओर बढ़ो। एक व्यापक मानवीय और भारतीय अस्मिता अर्जित करो। रैदास कह रहे थे, ‘रैदास न मानुष जुड़ सके  ज्यों लौं जाति न जात’। तुलसी कह रहे थे, ‘सबते अधिक मनुज मोहे भाए’। इस भावधारा का विकास छायावाद के इस स्वप्न में हुआ, ‘मानवता विजयिनी हो जाय’ (कामायनी)। कहा जा सकता है कि मनुष्य की ‘कैटेगरी’ का सामने आना सांमती रूढ़ियों से एक बड़ा सांस्कृतिक विद्रोह है।

हिंदी संस्कृति हमेशा लिबरल है

भक्ति काव्य को देश में सामाजिक सुधार के पहले बड़े प्रयत्न के रूप में देखा जा सकता है। यह फिल्मी धुन पर भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से एक भिन्न मामला है। सती प्रथा के विरुद्ध राजा राममोहन राय से भी पहले यदि किसी की आवाज है, तो वह राजस्थान की मीरा की है। वे कहती हैं, ‘सती न होस्यां गिरधर गास्यां’। अपने पति राणा के मरने पर वे सती नहीं हुईं। मीरा के जीने का अधिकार सामंती राजघराने का उपहार न था। यह भक्ति के बल से एक स्त्री का खुद स्वत्व-अर्जन है। राजस्थान में सती की पूजा अब भी होती है, उपर्युक्त कथन से मीरा के साहस का बोध होता है।

सूरदास भी उदारवादी सार्वजनिक स्पेस निर्मित करते हैं जब कृष्ण की बाल क्रीड़ा का वर्णन करते हैं। वे वर्चस्व का विरोध करते हुए कहते हैं, ‘खेलन मे को काको गुसइयां/ …जाति-पाति हमते बड़ नाही, नाही बसत तुम्हारी छैयां।’ कृष्ण से उनके सखा निर्भय होकर कहते हैं कि हम कोई तुम्हारी शरण में नहीं जीते! सूरदास का प्रेमरस से भरा वृंदावन महाभारत के कुरुक्षेत्र से भिन्न है।

सूर के सामने मथुरा नगर अभी नया-नया विकसित हो रहा था। यहां दक्षिण भारत से वैष्णव आचार्य वल्लभ आ चुके थे। बंगाल से श्रीचैतन्य आए थे और वे पुरी तथा वृंदावन को जोड़ते हुए एक उदार लोकवृत्त का निर्माण कर रहे थे। यह प्रांतों से ऊपर उठकर सामुदायिक खाइयों का मिटना है। यह हमारे देश में उदारवाद के उदय का चिह्न है।

हिंदी संस्कृति हमेशा उदार और निर्माणात्मक रही है। निश्चय ही इसमें निरंतरता नहीं रही है, विपर्यय घटे हैं। फिर भी ऐसे योगी, सिद्ध महात्मा, भक्त, सुधारक और कवि-नाटककार यहां हुए जिन्होंने अपनी ऐतिहासिक सीमा में प्रेम, स्वतंत्रता और न्याय के पक्ष में आवाज उठाई। हम देख सकते हैं कि हमारे सांस्कृतिक इतिहास में न जाने कितने धर्माचार्य, महामंडलेश्वर, महंत और बाबा हुए, पर सभी भुला दिए गए। लोगों के हृदय में कबीर, सूर, मीरा, तुलसी, रैदास जैसे कवि ही बस पाए। सूफी सांस्कृतिक अंतर्मिश्रण ने भी प्रभाव डाला।

हिंदी का भाषिक क्षेत्र विविध, विस्तृत और बिखरा रहा है। फिर भी भक्त कवियों की आवाज जनपदीय चौहद्दियों के पार गई है। हिंदी लोगों के उदासीन दिल टूटते, फिर जुड़ते रहे हैं। इनके बीच बार-बार सौहार्द बना है और अंधकार को चीरकर एक उदार मानव भविष्य की आहट सुनाई दी है। यदि अतीत में ऐसा हुआ है तो भविष्य में भी हो सकता है।

आज सारे रास्ते दिल्ली की तरफ जा रहे हैं। भक्ति की आवाज है, ‘संतन को कहा सीकरी सो काम’! (कुंभनदास)। इसके विपरीत, एक खास काल के शृंगारिक कवि सोचते थे, ‘ठाकुर सो कवि भावत मोहि जो राजसभा के बड़प्पन पावै।’ वे कहते थे कि जो टका अर्जन न करा सके, ‘ऐसी कविताई को बहाय दीजै पानी में’!

हर जमाने में दोनों तरह के साहित्यकार रहे हैं-  मूल्यनिष्ठ लोक पक्षधर साहित्यकार और पद, धन-दौलत सम्मान की तरफ दौड़ने वाले साहित्यकार। सामान्यत: कवियों-लेखकों और कलाकारों में सत्ता के करीब पहुंचने, विशिष्टवर्गी समाज में बड़प्पन पाने और सुख-सुविधाएं बटोरने की ललक होती है। इधर यह ललक बढ़ी है, बड़े पैमाने पर प्रतिभाशाली व्यक्ति बाजार की वस्तु बने हैं। वीरगाथा काल और शृंगार काल लौटा है। कवि देव ने कहा था, ‘वाणी को सार बखानियो सिंगार, सिंगार को सार किसोर-किसोरी’! जो हो, दिल्ली भारत नहीं है और अंधा बाजारवाद मानव संस्कृति की अंतिम मंजिल नहीं है।

भारतेंदु युग का नागरिक परिसर

भक्ति आंदोलन और नवजागरण दो बंद डिब्बे नहीं हैं। उनके बीच समानता यह है कि दोनों ही लोगों के चित्त को बड़ा बना रहे थे, भेदभाव से मुक्त कर रहे थे और प्रेम को एक बड़े मूल्य के रूप में प्रतिष्ठित कर रहे थे। उनके बीच एक कॉमन तत्व ‘विवेक’ है। वे जड़ीभूत धार्मिक व्यवस्था से लड़ रहे थे और मनुष्य में आत्मविवेक पैदा करना चाहते थे जो आज संकट में है। भक्ति आंदोलन और नवजागरण दोनों के लोग धक्के खा-खाकर भी उदार नागरिक परिसर बना रहे थे और मानवता की नींव मजबूत कर रहे थे।

किसी भी देश में लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास एक उदार, बुद्धिपरक और मानवीय नागरिक परिसर के बिना संभव नहीं है, विविधताओं से भरे भारत में यह बिलकुल असंभव है।

भारतेदु ने ‘मनुष्य’ की भावभूमि से ब्रिटिश साम्राज्यवाद को लेकर प्रश्न उठाया था, ‘होई मनुष्यहि क्यों भये हम गुलाम वे भूप’! उनका ‘हम’ संकुचित न होकर व्यापक है, इसमें भारत के सभी लोग हैं। भारतेंदु काशी के नागरिक परिसर का चित्र खींचते हैं, ‘वहां द्रविड़, मगध, कान्यकुब्ज, महाराष्ट्र, बंगाल, पंजाब, गुजरात इत्यादि अनेक (प्र)देश के लोग परस्पर मिले हुए अपना-अपना काम करते दिखते हैं और वे एक-एक जाति के लोग जिन मुहल्लों में बसे हैं, वहां जाने से ज्ञात होता है कि मानो उसी (प्र)देश में आए हैं। जैसे- बंगाली टोले में ढाका का, लहौरी टोले में अमृतसर का और ब्रह्माघाट में पूना का भ्रम होता है।’ (काशी के छायाचित्र)।

19वीं सदी के बनारस के चित्र से भारतेंदु का ही नहीं, उस युग के उदार हिंदी मन का भी बोध होता है। यहां ‘पहचान’ और ‘अपृथकता’ एक अ-विरोधी युग्म हैं। पता चलता है कि लोग सामुदायिक संकीर्णताओं से ऊपर उठकर कैसे भारतीय राष्ट्र का सपना देख रहे थे।

आज देखकर चिंता होती है कि सत्ता के लिए धर्म, जाति आदि के साथ अब प्रांतीयतावाद के नए उभार ने देश की सूरत कैसी बिगाड़ दी है।  ‘बाहरी’ का नया खेल शुरू हुआ है। लगता है, एक हार्मोनियम टूटा है!

1857 की घटना के बाद अंग्रेजों ने भारत में समाज सुधार को प्रोत्साहन देना बंद कर दिया। विधवा पुनर्विवाह (1856) उनका आखिरी सुधार था। उन्हें भय था कि सामाजिक सुधार से भारत के लोग पुरानी खाइयों से मुक्त हो जाएंगे तो वे एक होकर औपनिवेशिक सत्ता के लिए खतरा बन जाएंगे। असंतोषों में एकता सत्ता के लिए एक शाश्वत भय है। यह 21वीं सदी में भी मौजूद है।

इसी भय से अंग्रेजों ने 1871 में जनसर्वेक्षण शुरू कराया था, हालांकि 1834 में ही जेम्स प्रिंसेप ने बनारस के ब्राह्मणों का जनसर्वेक्षण करके केवल इन्हीं के भीतर 107 जातियां खोज निकाली थीं। उसका औपनिवेशिक उद्देश्य से जातियों की भिन्नता पर खास ध्यान था। 1871 में भारत में जातियों की संख्या 3,208 थीं जो 1881 में बढ़कर 19,044 हो गईं। जाति सर्वेक्षण का ही असर है कि ‘ब्राह्मण’, ‘क्षत्रिय समाचार’, ‘कायस्थ समाचार’, वैश्योपकारक’, ‘अग्रवाल उपकारक’ जैसे अनगिनत जाति-आधारित पत्र निकलने लगे और जाति-संगठन बनने लगे। ऐसी चीजों को नेतृत्व मुख्यतः मध्यवर्ग के उन शिक्षित व्यक्तियों ने दिया जो अंग्रेजों के प्रशंसक और बड़े सुधारों के विरोधी थे।

21वीं सदी में धर्म, जाति और प्रांत-आधारित कट्टरवादी संगठनों का विस्तार हुआ है। इस समय हिंदी संस्कृति ही नहीं सभी भारतीय संस्कृतियों के ऊँचे आदर्श पर संकट बढ़ा है। इधर सामाजिक अंतर्शत्रुता बढ़ी है, आम नागरिक परिसर का धीरे-धीरे विलोप हो रहा है।

भक्ति आंदोलन और नवजागरण के सुधारकों के बीच फर्क यह है कि भक्त कवि एक जागरूक हो रहे लोकवृत्त के बावजूद संगठित रूप से कुछ नहीं कर पा रहे थे। वे एक चलती-फिरती पाठशाला थे जबकि नवजागरण के सुधारकों ने स्कूल खोले, कॉलेज खोले और संगठित रूप से सुधार आंदोलन चलाए। यह खुली बहस और तर्क का युग था।

भक्त कवि संगठित न हों, पर वे गा रहे थे, नृत्य कर रहे थे, दूर-दूर तक भ्रमण करके जन संपर्क कर रहे थे। वे बाहरी भव्यता की जगह आत्मा की समृद्धि चाहते थे। उनकी कलाएं लोगों के धार्मिक मन को उदार और सरस बना रही थीं। वे ईश्वर से विविध तरह से जुड़ रहे थे, ‘तोहि मोहि नाते अनेक मानिये जो भावे’! वे बिना किसी पुरोहिती-महंती मध्यस्थता के ईश्वर से सीधे मूल्यदीप्त आध्यात्मिक संबंध रच रहे थे। वे ईश्वर को लेकर स्वतंत्रतापूर्वक नई-नई कल्पना करते थे, अन्यथा धर्मांध व्यक्ति हर युग में कल्पनाविहीन थे।

ईश्वरचंद्र विद्यासागर ने विधवा पुनर्विवाह के प्रश्न पर 9 सौ हस्ताक्षर कराए थे, जबकि विधवा पुनर्विवाह के विरोध में संरक्षणवादी राधाकांत देव ने 37 हजार लोगों के हस्ताक्षर जुटा लिए थे। विद्यासागर को समर्थन बहुत कम था, फिर भी अंग्रेजों ने उनके पक्ष में सरकारी आदेश जारी किया। विधवा पुनर्विवाह का कानून पास हुआ। मन में एक प्रश्न है, यदि भारतेंदु हिंदी प्रांत में विधवा पुनर्विवाह के मुद्दे पर हस्ताक्षर अभियान चलाते, उन्हें कितने हस्ताक्षर मिलते!

हिंदी प्रदेश में ब्रज क्षेत्र के राधाचरण गोस्वामी ने 1882 में शिक्षा कमीशन को हिंदी  के पक्ष में जो मेमोरैंडम भेजा था, उसके साथ 25 हजार लोगों के हस्ताक्षर थे। यह कोई साधारण संख्या नहीं है। उन्होंने भी गुजरात के लेखक-सुधारक नर्मद की तरह पुष्टिमार्गीय धार्मिक संप्रदाय में बढ़े व्यभिचार की आलोचना की, ‘तन मन धन श्री गोसाईं जी को अर्पण’ लिखा। धर्म की आड़ में सेक्स महाराष्ट्र-गुजरात प्रांत की तरह हिंदी प्रांत की भी एक वास्तविकता है। गुजरात के नर्मद ने ऐसे ही एक वैष्णव महाराज जीवनलाल पर मुकदमा करके उन्हें बंबई प्रांत से बाहर निकलवा देने का साहस दिखाया था। उस जमाने में ऐसी जागरूकता थी।

अतीतबद्ध पांडित्य और आधुनिक औपनिवेशिक ज्ञान की लीला

हमारे देश में अतीतबद्ध पांडित्य और आधुनिक औपनिवेशिक ज्ञान दोनों ही भारतीय जागरण  में बाधक हैं। इनसे जुड़े बुद्धिजीवी हमारे देश के स्वभाव, आकांक्षाओं और संघर्षों को समझने में विफल रहे हैं। आम लोगों की विपत्तियां बढ़ती गई हैं। वंचितों पर अत्याचार बढ़ते गए हैं। सांस्कृतिक सुधार में अवरोध पैदा हुए हैं। कबीर ने ‘ढाई आखर प्रेम’ का महत्व बताते हुए कहा था, ‘पोथी पढ़ि-पढ़ि जग मुआ’! जायसी ने ‘पदमावत’ में लिखा, ‘पढ़े बहुत पर नेह न जाना’! तुलसी ने कहा, ‘पंडित सोई जो गाल बजावा’। सूरदास के गोपियों ने अहंकार से भरे ज्ञानी उद्धव से कहा, ‘आयो घोष बड़ो व्यापारी’! सहृदयताहीन ज्ञान हमेशा एक क्रूरता है। इसलिए उन सभी भक्तों के लिए प्रेम ही ईश्वर है।

ज्ञान के लिए चार्वाकी उच्छेदवाद और मनुवादी कट्टरता दोनों घातक हैं। यह एक निरुत्तर समय है, हर तरफ ताकत की भाषा छाई है। साहित्य ताकत की भाषा के बाहर की घटना है। यह सैकड़ों साल से मानवीय विवेक की निर्भीक आवाज है।

यह अज्ञान है जो लोगों में विभाजन पैदा करता है, पर कई बार ज्ञान की ऐसी आंधियां आती हैं जो विभाजित करती हैं, ‘अ-पर’ के बोध को पनपने नहीं देतीं और बहुत कुछ तहस-नहस कर डालती हैं। तब वह छा जाता है, जो ‘अनरीजनेबल’ है। हर देश के इतिहास ने कई बार पहले की उच्च उपलब्धियों के प्रभाव को मिटते देखा है, फिर भी कभी ऐसा युग नहीं आया जब मनुष्य की आलोचनात्मक बुद्धि, कल्पना और सहृदयता का पूरी तरह अंत हो गया हो।

भविष्य दुबारा लिखो

क्या हम हिंदी क्षेत्र के लोग कभी इसका अनुभव कर पाएंगे कि हमारी अपनी सैकड़ों साल की एक विकासशील संस्कृति है और इसके प्रेम, स्वतंत्रता, न्याय जैसे ऊंचे आदर्श हैं? हिंदी संस्कृति अवरोधों का शिकार होती रही है। फिर भी क्या हम कभी सोचेंगे कि हिंदी संस्कृति के बौद्धिक-नैतिक सौंदर्य को उद्घाटित करने वाला 1300 सालों का हमारा एक बड़ा साहित्यिक भंडार है? उसमें चावल के साथ कंकड़ हो सकता है, तो थोड़ा फटक लें!

हर संस्कृति में अंधेरे-उजाले का खेल है। उसमें व्यवधान आते हैं तो पुनर्रचना भी होती है। अंतर्द्वंद्व चलता है तो अंतर्मिश्रण भी होता है। सत्ता जहर घोलती है तो ऐसे जागरूक लोग भी होते हैं जो जहर का काट निकालकर नवजीवन लाते हैं।

यह सांस्कृतिक आत्मविस्मृति का दौर है। फिर भी क्या हम कभी सोच पाएंगे कि हर युग में कूपमंडूक और धूर्त्त रहे हैं तो आलोचनात्मक बुद्धि और सहृदयता से भरे ऐसे कल्पनाशील लोग भी रहे हैं जिन्होंने अ-पर के बोध को जीवित रखा और अहिंसा को आदर्श माना!

वर्तमान युग में बड़े मीडिया नेटवर्क द्वारा जो ‘प्रचारित’ हो रहा है, आज सबसे बड़ी चुनौती मानव मस्तिष्क को उसकी जहर से मुक्त करने की है। अब चुपचाप हमारी हिंदी बदल दी जाती है, प्रदूषित कर दी जाती है, मूल्यों की जगह ‘चिह्न’ छा जाते हैं और हम अपनी ही भाषा में ‘आउटसाइडर’ हो जाते हैं। ताकत के बल पर झूठ सच बन जाता है। इसे ‘उत्तर सत्य’ का दौर कहा जाता है, झूठ जिधर है उधर शक्ति!

इस दौर में झूठ का ट्रंप कार्ड चल रहा है, क्योंकि सभी अपनी पसंद का सच चाहते हैं। इन दिनों मोबाइल, टीवी, रील्स, वीडियो आदि के जरिए लोगों के पास केवल ‘निर्मित सत्य’ पहुंचता है, तथ्यों पर आधारित सत्य नहीं। ऐसे वातावरण में उन्मत्त झुंड, बड़ी पूंजी और मीडिया के बल पर हिंदी संस्कृति को प्रदूषित करना, लोगों की खुद सोचने और कल्पना करने की क्षमताओं को मिटाना आसान हो जाता है। अब भौतिक बल से जो निर्मित कर दिया जाए, वह सत्य है।

सबसे अधिक चिंताजनक यह है कि करोड़ों  नौजवानों का शब्दकोश छोटा और ‘इमोजी’, ‘ब्रो’ जैसे चिह्नों में सीमित होता जा रहा है जिससे उनका भावकोश भी बड़े पैमाने पर घट रहा है।

हिंदी संस्कृति एक ‘सप्रेस्ड कल्चर’ है। हिंदी क्षेत्र में अंधानुकरण, निर्बुद्धिपरकता और भिन्नता पैदा करने वाली चीजें बढ़ी हैं। मानव विवेक का ह्रास हुआ है। दरअसल हिंदी क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, कलाकारों और राजनेताओं ने स्वतंत्र भारत में अपनी ऐतिहासिक भूमिका नहीं निभाई। वे फिसलते गए। सब कुछ बाजार के अधीन होता गया। नायक पूजा छा गई, हृदय जितना छोटा कट आउट उतना बड़ा होता गया। मूर्ति भंजन खूब हुआ। फिर भी सदियों का अनुभव बताता है कि हिंदी संस्कृति की बहुरेखीयता, उदारता और उसके सौंदर्य को उजाड़ना कभी संभव नहीं रहा है।

हिंदी क्षेत्र भारत का एक बड़ा ही नहीं, चुनौतियों से भरा क्षेत्र भी है। कहा जा सकता है कि एक जीवंत राष्ट्र अतीत के नहीं, भविष्य के मुद्दों पर संगठित होता है। इसलिए आज इतिहास दुबारा लिखने से ज्यादा जरूरी है भविष्य दुबारा लिखना! क्या हम अपने देश की नई पीढ़ियों को, अपने घर के बच्चों को एक हिंसामुक्त भविष्य देना चाहते हैं?