युवा कवि और आलोचक। संप्रति  सेठ आनंदराम जयपुरिया कॉलेज, कोलकाता में सहायक प्राध्यापक।

अपने समय की तकनीकी सुविधाओं के बहाने

1.
टच का जमाना

टच का जमाना है यह
और टची
कोई नहीं रहा अब।

2.
डाउनलोड

दुनिया एक स्क्रीन में तब्दील हो गई है
और प्यार इन दिनों
इंटरनेट से डाउनलोड करने की
चीज होकर रह गया है

3.
स्क्रीन

दीवार में आजकल
खिड़की की जगह स्क्रीन टंगा होता है
दुनिया को अब
किसी विनोद कुमार शुक्ल की
कोई जरूरत नहीं!

4.
हैंग

सपने इन दिनों
मोबाइल स्क्रीन की तरह हैंग करते हैं।

5.
जिंदगी : कभी लैपटॉप, कभी मोबाइल

जिंदगी अब
फोल्डिंग और पोर्टेबल हो गई है
लैपटॉप की तरह
अलग से एक बैग भी है
ताकि समेट कर रख लिया जा सके उसे
अपने ही कंधे पर
कभी-कभी लगता है
जिंदगी
अपनी ही जेब में पड़ा मोबाइल हो गई है।

6.
सेल्फी

पृथ्वी के
किसी ज्वालामुखी-क्रेटर के बीच से
अंतरिक्ष में निकालकर अपना हाथ
पूरी पृथ्वी की सेल्फी लेना चाहता हूँ।

जिंदगी

जिंदगी बारिश की बूंदों की तरह
जमीन पर गिरकर टूटती हुई उछलती है
और
बिखर जाती है।

एक खयाली चित्र की विषयवस्तु

कैनवास पर
कौंधती हुई बिजली का चित्र बनाकर
पल भर के लिए
रोशन कर देना चाहता हूँ
अंधेरा कमरा।

बारिश बदस्तूर जारी है

हवा के पंखों पर सवार
बारिश की
टूटती बूंदों की फुहारों की तरह
रोज खिड़की से आता है कोई।

छुटी रह गईं चीजों की तस्वीर

जब तुम छूट गए थे मुझसे
थोड़ा-सा छुटे रह गए थे मुझमें
जैसे जलते जंगल में छूट जाता है
थोड़ा-सा जीवन
जैसे दंगे में छूट जाता है थोड़ा-सा सौहार्द
जैसे पानी में छूट जाती है थोड़ी-सी काई
जैसे ढलती शाम में छूट जाता है थोड़ा-सा दिन
जैसे गहराती शाम के आकाश में
अपने झुंड से छूट जाती है कोई चिड़िया

अक्सर दूर खड़ा कोई-
जलते जंगल में छूट गए जीवन
दंगे में छूट गए सौहार्द
पानी में छूट गई काई
ढलती शाम में छूट गए दिन
और गहराती शाम के आकाश में
छूट गई किसी चिड़िया
की तस्वीर लेता दिख जाता है
छुटी रह गई चीजों की तस्वीर
अक्सर बहुत सुंदर आया करती है।

एसी कार में चांद और उदास लड़का

उदास लड़का
सपने में घनघोर बारिश देखता है
और उस बारिश में भींगने के बजाय
चांद का हाथ अपने हाथ में लिए
ए.सी. कार में दूर कहीं चला जा रहा होता है

उदास लड़का
सपने में चांद पर घुड़सवारी के सपने देखता है

उदास लड़का
सपने में चांद पर पानी देखता है

जब आंख खुलती है
बिस्तर पर
किताबें, पेन, पेंसिल, हेडफोन, मोबाइल
और धूप के कुछ डुकड़े बिखरे मिलते हैं
और मिलता है
अखबार का वह निहायत बेतरतीब मुड़ा पन्ना
जिस पर भूमिगत जलस्तर को लेकर
चिंताजनक लेख छपा था।

शिला लेख

तुम्हारा सोना
मेरे जगने की शिला पर
लेख की तरह दर्ज है।

मॉब लिंचिंग

भीड़ का चेहरा नहीं होता
उसके तर्क होते हैं
तर्क-दर-तर्क बनती हुई एक कहानी होती है
और
कहानी के अंत में एक सच होता
जिसे हत्या कहते हैं।

लोकतांत्रिक तानाशाह

वह अपने को लोकतांत्रिक कहता है
सभी निर्णय खुद ही लेता है
और आपसे हामी भी भरवा लेता है
इसका प्रचार वह इस तरह करता है
कि आपके बिना
वह निर्णय
लिया ही नहीं जा सकता था
आप निर्णय निर्धारण में
अपनी कथित भूमिका सुनकर खुश हो जाते हैं
इस सच्चाई से बेखबर
कि आपके भी बिना निर्णय वही होता

अब वह डरावना नहीं होता
बिल्कुल क्लिन शेव्ड
और कई बार चॉकलेटी भी होता है
वह हमेशा सुरक्षा घेरे में नहीं रहता
आपके और हमारे बीच रास्ते पर चलता हुआ
अचानक कभी भी मिल सकता है
सुरक्षा घेरे को तोड़ता हुआ वह
हमारी आपकी तरह दिखना चाहता है
हमारे आपके बीच वह
दाल में नमक की तरह कभी नहीं मिलता
पके हुए चावल में
सफेद कंकड़ की तरह मिलता है

बार-बार चुनाव होगा
और बार-बार वही ‘राजा’ चुना जाएगा
आप इस गफलत में रहेंगे कि आपने चुना है
वोट का झुनझुना आपके तर्क में
इनबिल्ट रिंगटोन की तरह बजेगा

कभी चुनाव प्रक्रिया में
किसी आम चुनाव कर्मी की तरह
शामिल होकर देखिए
आप पाएंगे
कि चुनाव किसी हैंग करते मोबाइल स्क्रीन पर
‘छुटी हुई कॉल’ के अलावा कुछ नहीं
मीडिया पर उसका इतना नियंत्रण होता है
कि वह अपने हर झूठ को
सच की तरह चलाता है
इसलिए सच को भी
बार-बार चलाए जाने की जरूरत है
ताकि बार-बार साबित हो सके उसकी सचाई
अजीब दुनिया है ये
यहां खुद ही अपना विज्ञापन करना होता है
और विज्ञापन के लिए
एक कसी हुई झांसेदार भाषा की जरूरत होती है

वह राष्ट्रवाद के चश्मे बांटता है
और उस चश्मे से दिखता है
एक चमकता हुआ देश
जिसकी भूख बहुत विकराल हुआ करती है
राष्ट्रवाद के हारमोनियम पर
भूख गरीबी अभाव और विस्थापन की
दूर तक सुनाई पड़नेवाली
जो धुन कभी नहीं बजती
वह विचार की शक्ल में
चंद किताबों और
चिंताओं में पड़ी-पड़ी
बज उठने का इंतजार करती रहती है

मैं पूछना चाहता हूँ
कि राष्ट्रवाद
कहीं सत्ता की गलियों में खिलनेवाला
संदर-सुगंधित फूल होकर तो नहीं रह गया है?
कि सत्ता हथियाने और
सत्ता में बने रहने के काम आनेवाला
औजार होकर तो नहीं रह गया है राष्ट्रवाद?

इतिहास इन सवालों से टकरा कर टूट जाता है
और वर्तमान के कंधे पर जो चादर पड़ी होती है
पीठ की तरफ उसपर
प्रश्नवाचक चिह्न के साथ ‘देशप्रेम’ छपा होता है

कहते हैं
तानाशाहों का युग खत्म हो गया
आज तानाशाह होता नहीं है
तानाशाह दरअसल पैदा नहीं होता
बहुत मेहनत से बनता है
कुछ तो है
कि हममें तुममें उसमें उसमें
रहता है एक तानाशाह
कि सत्ता की छोटी-बड़ी हर इकाई पर
बैठा है वह
जिसे किसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुना गया है

देश, सरकार और सत्ता प्रमुख का गणित

यह सही है
कि सत्ता प्रमुख देश का प्रतिनिधि होता है
पर देश नहीं होता
सत्ता पर काबिज होते ही वह
देश और सरकार का फर्क मिटाने की कोशिश में
जुट जाता है
इस प्रक्रिया में देश सरकार का
और सरकार
सत्ता प्रमुख का पर्यायवाची होता जाता है
इसलिए सत्ता की हर आलोचना का भागफल
सरकार के प्रतिरोध से होता हुआ
देशद्रोह तक जाता है
इस मुकम्मल गणित का
कोई शेषफल नहीं होता।

संपर्क: गांव व पोस्ट- चांदुआ, जोड़ा पुकुर के नजदीक, कांचरापाड़ा, जिला- उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल- 743145 / मो. 9883468442