
कवि, समीक्षक और संस्कृति कर्मी। विद्यासागर विश्वविद्यालय, मेदिनीपुर में सहायक प्रोफेसर।
कविता की यात्रा सभ्यता की भी यात्रा है। वह अपनी यात्रा में बहुत कुछ ‘डिस्कवर’ करती है। जिसमें जीवन के अनुभव अर्थपूर्ण ढंग से सामने आते हैं। वह मनुष्यता का पर्याय है। आज मनुष्यता पर खतरा बढ़ रहा है। ऐसे समय में कविता की ओर देखना सुखद प्रतीत होता है। यह हार रहे लोगों के बीच एक भरोसे की तरह है। कविता समय की आंख है और इस आंख का पानी सूखा नहीं है। हम देखते हैं कि इधर के कई कविता संग्रह अज्ञान और क्रूरता के बरक्स एक मानवीय हस्तक्षेप बनकर आए हैं। इनमें प्रेम और प्रतिरोध का स्वर प्रमुखता से गूंजता है। ये हमें कविता के भविष्य को लेकर आश्वस्त करते हैं।
आज कविता के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती कट्टरता, कृत्रिमता और स्वार्थपरता है। यह संतोष की बात लग सकती है कि इन दिनों वरिष्ठ और नए कवि दानों ही अपने समय की आहटों से वाकिफ हैं।
हाल में प्रकाशित वरिष्ठ आलोचक-कवि विजय बहादुर सिंह की पुस्तक ‘फूल को याद थे सारे मौसम’, कवि मदन कश्यप की ‘बस चांद रोएगा’ सावित्री बड़ाईक की ‘दिसुम का सिंगार’, अरुण शीतांश द्वारा संपादित ‘किसान की सदी’, शंकरानंद की पुस्तक ‘जमीन अपनी जगह’ और देवेंद्र चौबे की ‘पर जरूरी है कविता’ को पढ़ते हुए लगा कि हिंदी कविता की जमीन आज भी काफी उर्वर और अर्थपूर्ण है। ये कविता के आकाश को विस्तृत बनाते हैं।
|
|
‘फूल को याद थे सारे मौसम’ वरिष्ठ कवि-आलोचक विजय बहादुर सिंह की नवीनतम पुस्तक है। इस संग्रह की कविताएं पढ़ने के बाद लगा कि यह कितना अच्छा होता यदि हम यह कहते कि ‘कवि को याद थे सारे मौसम’! इसमें कवि ने फूल के बहाने अपने जीवन के कई दशकों के आख्यान गढ़े हैं। ये बीसवीं सदी के सातवें दशक से लेकर 21 वीं सदी के तीसरे दशक के अनुभव से निर्मित हैं। इस संचयन में अलग-अलग मिजाज की कुल 43 कविताएं हैं। जीवन का कोई रंग अछूता नहीं है। यह संग्रह कवि के वैचारिक लेखन और कवित्व की जुगलबंदी है जिसके ‘टोन और टेक्सचर’ में परंपरा और आधुनिकता दोनों का ‘फ्यूजन’ है।
विजय बहादुर सिंह को इस बात की चिंता है कि इन दिनों धूर्तता और स्वार्थपरता बढ़ रही है। आज कविता की सफलता को लोकप्रियता, ग्लैमर और साहित्योत्सवों के साथ जोड़कर देखा जा रहा है जहां अफसर, कथावाचक, मंत्री आदि कविता की दुकान सजा रहे हैं। इस संदर्भ में वे लिखते हैं- ‘कविता नहीं लिखी जाएगी/जब फूल हो जाएंगे समझदार/और कलियां दुनियादारी पर उतर आएंगी/कविता करेगी त्राहिमाम/जब उसे लिखने लगेंगे अफसर/और परोसने पर उतारू हो जाएंगे मंत्री।’
विजय बहादुर सिंह अपने समय के संकट को चिह्नित करने वाले कवि हैं। वे ‘गंगा’, ‘असभ्य आदिम गीत’, ‘निष्कासन’ जैसी कविताओं में आदिवासियों के विस्थापन की बात को प्रमुखता से रखते हैं- ‘मैं ही था/उसका सबसे पहला नागरिक/मुझे ही बेदखल किया गया सबसे पहले।’ विकास परियोजनाओं और सौंदर्यीकरण के नाम पर आदिवासियों को विस्थापित किया जाना कवि की चिंता का प्रमुख विषय है। कवि हाशिए के समाज की समस्याओं को कविता में रखता है।
विजय बहादुर सिंह प्रकृति को सहचर एवं जीवन के लिए जरूरी मानते हैं। वे नदी, पहाड़, झरनों, जंगल को मानव सभ्यता का अभिन्न हिस्सा बताते हैं। ‘हे इंद्र तुम इतना खाते क्यों हो’ कविता में वे सत्ताधारियों से पूछते हैं- ‘न नदियां सुरक्षित थीं, न पहाड़/झरने भी कहां रह गए थे सुरक्षित/सूखते ही जा रहे थे हरे-भरे वन/रंग उड़ा चला जा रहा था समूची सृष्टि का/फिर भी तो नहीं चेते तुम।’
विजय बहादुर सिंह ‘समय- दो’ कविता में संकेत करते हैं- ‘समय के सबसे क्रूर और कलंक के चेहरे/कर रहे हैं सभ्यता का मार्गदर्शन/उन्हीं के हाथों में हैं वे रोशनियां/जिनसे चौधियां चुकी अच्छी भली आंखें।’ ये पंक्तियां आज के भारत को समझने का एक सूत्र हो सकती हैं। कवि का मन उसी परंपरा, इतिहास बोध और ज्ञान से जुड़ा है जिसमें सत्य से प्रेम और झूठ का प्रतिकार है।

जिज्ञासा : आज पाखंड, वर्चस्व और लोभ के बीच लोक कल्याण के लिए कितनी जगहें बची हैं?
विजय बहादुर सिंह : कोई मानव-समूह अपने लिए जिस सहज नैतिक जीवन को चुनता है, भारत में उस ‘चयन’ विशेष को ही धर्म कहा गया है। इसलिए कहा गया है, ‘धर्म वही है जिससे आनंद एवं निःश्रेयस की सिद्धि हो।’ इससेभिन्न चाहे धर्म के नाम पर हो चाहे राजनीति में, सब पाखंड है।
इतिहास अगर सिर्फ सत्ता का होता तो औरंगजेबों को ही याद रखता, किंतु उसे अधिक गहरे से दाराशिकोह की याद है। सत्ता-पोषित सत्य इस देश की चेतना को कभी मंजूर नहीं हो पाया। रही बात भाषा की गरिमा की, इस वक्त सबसे अभद्र और अश्लील भाषा उन लोगों द्वारा बोली जा रही है जो धर्म और राजनीति के क्षेत्र में हैं। ‘काशी का अस्सी’ उसी का एक जीता-जागता विद्रूप है, प्रतिवाद है ही।
त्रस्त लोक के जीवन में कविता एक आर्त पुकार बनकर आती है और जीवन को नए सिरे से परिभाषित किया करती है। इसीलिए महाभारत काल से लेकर हाल तक कवि को बार-बार याद दिलाना पड़ता है कि सत्य की ओर लौटो/ कल्याण का लोक वहीं हैं- सत्य कहउँ लिखि कागद कोरे।
कविता इन्हीं सत्यों, कहें सामूहिक सत्य की अभिव्यक्ति है। हमारे अपने समय में भी वह इन्हीं सामूहिक सत्यों की याद दिलाती रहती है। यही उसका लोकमंगल वाला जाना-पहचाना पथ है और चेहरा भी।
जिज्ञासा : आपके कविता संग्रह में स्थानिकता को लेकर एक गहरा आकर्षण दिखता है। विदिशा को आप जीवन का लीला गान और मुक्ति का यशोगान तक मानते हैं। इस बारे में कुछ बताइए।
विजय बहादुर सिंह : मेरे संग्रह ‘अर्ध सत्य का संगीत’ की एक कविता है जो ‘विदिशा’ को लेकर लिखी गई है। मेरी आधारभूत पहचान यहीं से बनी। 1967 से 2000 तक (कुल तैंतीस साल) यानी 27 की उम्र से साठ तक की उम्र तक- बेइंतहां आदर, प्यार, चिढ़ और नफरत के बीच- यही तो जीवन-लीला है। आज भोपाल आ बसा हूँ, फिर भी विदिशा के लोग मुझ पर ज्यादा हक अपना ही मानते हैं।
यहीं नागार्जुन, भवानी प्रसाद मिश्र जैसे बड़े कवियों का निर्बंध स्नेह और जीवन को अनेक तरह से देखने का सुख मिला। गांधी और मार्क्स को जमीनी स्तर पर जीने और समझने की निगाह मिली। शलभ श्रीराम सिंह, वेणु गोपाल, नरेंद्र जैन आकर यहां बसे और जिए। शरद जोशी, डी. पी. त्रिपाठी, कैफ भोपाली इसे अपना अड्डा बनाए रहे। कवि मित्र नरेंद्र जैन ने तो मेरे निवास 48, स्वर्णकार कॉलोनी विदिशा पर एक कविता ही रच दी है।
विदिशा की याद रामायण (वाल्मीकि), महाभारत, वृहत्कथा संग्रह, कादंबरी, बल्कि मेघदूत, मालविकाग्निमित्र नाटक में भी बरस रही है। यक्ष ने मेघ से कहा था एक रात से ज्यादा नहीं ठहरना, मैंने तो जीवन की अनगिनत रातें काटीं।
भारतीय जीवन-दृष्टि, कहें वैदिक दृष्टि में मुक्ति का पथ राग (या भोग) से तृप्त होकर गया है। जो बगैर भोग के मुक्ति की ओर भागता है उसे भी जीवन रक्षा के लिए अंतत: गृहस्थी की ही शरण में आना पड़ता है। यह आत्मछल नहीं तो और क्या है! विदिशा में महावाराह भी हैं और लीलावपु विष्णु भी। पार्वती के साथ शिव हैं ही।
जिज्ञासा : आपने अपनी कविताओं में विवेकानंद, गांधी, नेहरू, बिस्मिल्लाह खां आदि को याद किया है। आज स्मृति ध्वंस के दौर में उनके लिए कितनी जगह बची है?
विजय बहादुर सिंह : स्मृति लोप हो जाने पर सभ्यताएं अपनी पहचान खो बैठती हैं। अकारण नहीं खड़ी बोली के दो बड़े कवियों ने इसे जिंदा रखने में अहम भूमिका निबाही- मैथिलीशरण गुप्त और जयशंकर प्रसाद! प्रसाद ने यह काम नाटकों की भूमि पर जाकर बुद्ध काल से गुप्त काल (ध्रुवस्वामिनी) तक को समेटकर किया। मध्यकाल में पुराणों की ओर जाकर सूर-तुलसी ने किया था। बाद में ‘अंधायुग’, ‘आत्मजयी’, ‘संशय की एक रात’, ‘कनुप्रिया’, ‘एक कंठ विषपायी’, फिर दिनकर की ‘उर्वशी’। सब स्मृतियों के ही तो पुनराख्यान हैं। एक मूर्च्छित, विस्मरणशील समाज में अपने ऐतिहासिक नायकों की याद सांस्कृतिक उपचार है।
जिज्ञासा : इस संग्रह में संकलित ‘भीम बैठका ’ में आपने एक जगह लिखा है ’चुप्पी का/इस तरह फैलना/होता नहीं है कुछ कम खतरनाक’। आप चुप्पी को कितना खतरनाक मानते हैं?
विजय बहादुर सिंह : लोहिया जी कहा करते थे जिंदा कौमें पांच साल तक इंतजार नहीं करतीं! चुप्पी वैसे भी किसी जीवित समाज की पहचान नहीं हो सकती। कविश्री नागार्जुन याद आते हैं अपनी इस कविता के साथ- ‘चुप-चुप तो मौत है/पाप है, कठौत है/बमको भी, खांसो भी, खुनको भी।’ ‘भीम बैठका’ इतिहास-पुराण-प्रकृति की जो गाथा है, वह यही याद दिलाने के लिए लिखी गई है। उसी की पंक्ति है- ‘तो हिम्मत बढ़ जाती है अत्याचार की…’ वैसे यह कविता स्मृतियों के सौंदर्य से सुवासित है, चुप्पियों के विरुद्ध प्रतिवाद भी है।
![]() |
‘बस चाँद रोएगा’ वरिष्ठ कवि मदन कश्यप का नवीनत्तम संग्रह है। इस संग्रह में कुल 73 कविताएं हैं। इस संग्रह का केंद्रीय स्वर ‘मानुषेर सत्य’ है। इस संग्रह की कविताओं के केंद्र में देश का वर्तमान, वर्चस्ववादी राजनीति, वैश्विक महामारी कोरोना की त्रासदी और युद्ध की विडंबनाएं हैं।
मदन कश्यप उम्मीद के कवि हैं। वे प्रेम में खोने की पीड़ा को महसूस करने वाले कवि हैं पर टूट जाना उन्हें पसंद नहीं है। वे दुख को स्वाभाविक मानते हैं। ‘देह’ कविता में लिखते हैं- ‘कैसे कहूं कि यह निस्सार है/सबकुछ देह के अंदर ही तो है/एक सुई चुभती है किसी कोने में/और तड़प उठती है पूरी देह/स्मृतियां भी देह से बाहर नहीं/मन चाहे कितनी उड़ान भरे।’ वे प्रतिकूलताओं के बीच जीने का मंत्र रचते हैं।
आज दुनिया में फिर युद्ध का दौर है, जिसमें निरपराध और मासूम लोग मारे जा रहे हैं। कवि की संवेदना का तार इनसे जुड़ता है। वह लिखता है- ‘मैं रचूंगा पराजितों के लिए गीत/जिनकी संख्या हमेशा विजेताओं से अधिक होगी/ हथियारों से नहीं श्रम और संगीत से सिरजी गई है यह दुनिया।’ कवि मानव सभ्यता के विकास में श्रम और संगीत की भूमिका को मनुष्यता का आधार मानता है।
वह प्रेम को जीवन की पूर्णता मानते हुए मृत्यु को प्रिय के सान्निध्य में वरण करने की इच्छा प्रकट करता है- ‘तुम्हारे प्रशस्त कटि-प्रदेश को बांहों में समेटते हुए सो जाना चाहता हूँ चिर निद्रा में/मरने के बाद भी मुझे इसी तरह छूना/ऐसी ही पलकें झुकाकर शरमाना/और मुँह फेरकर मुस्कुराना/मेरा सबकुछ इस तरह तुम्हें मिल जाए/कि मृत्यु को कुछ मिले ही नहीं।’ प्रेम की पराकाष्ठा में कवि अपने प्रिय के सिवाय किसी और का होना नहीं चाहता। प्रिय-वियोग का आख्यान उसकी स्मृति की खिड़कियों से बार-बार झांकता है।
यह संग्रह देश की वर्तमान स्थिति का भी आईना है। आज एक ओर देश महोत्सव मना रहा है, डिजिटल भारत चमक रहा है और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के विज्ञापन में खुशहाल है। दूसरी ओर, खेतों में हल चलाने वाले किसान सल्फास खा रहे हैं। कवि देश को बचाने के पक्ष में खड़ा है- ‘कोई नहीं मारेगा फिर भी तुम मर जाओगे/और अपूर्ण रह जाएगी देश को मार डालने की तुम्हारी दुष्कामना।’ कवि को भरोसा है एक दिन भोली-भाली जनता अंधत्व से मुक्त होगी, धीरे-धीरे पटरी पर लौटेगा देश/प्रतिहिंसा से मुक्त होकर परंपरा को पहचानेंगे लोग।’
मदन कश्यप की कविताएं धर्म, युद्ध, विकास और विध्वंस के दुश्चक्र में फंसे मनुष्य की मुक्ति का आख्यान है।

जिज्ञासा : आपने अपने कविता संग्रह में लिखा है ‘मैं मरने से पहले/ईश्वर को मरता हुआ देखना चाहता हूँ।’ ऐसा क्यों?
मदन कश्यप : इस संग्रह की मेरी एक कविता ‘सिसिफस’ की प्रस्तावना पर ध्यान दें, तो उसमें लिखा है, मैंने ‘अपनी आधी जिंदगी में/ईश्वर को धीरे-धीरे मरते हुए देखा था/अब बाकी जिंदगी में/उसे तेजी से जीवित और विकराल होते देख रहा हूँ।’ मतलब यह है कि पुनर्जागरण के बाद पूरी दुनिया में जो नए जीवन मूल्य सामने आए और धार्मिक तथा कबीलाई सोच काफी हद तक मिटी, उसके बाद ही दुनिया भर में लोकतांत्रिक समाज का विस्तार हो सका।
लेकिन 1970 के बाद सोवियत संघ और अन्य साम्यवादी देशों में आ रही वैचारिक-सामाजिक शिथिलता के कारण या कहिए आक्रामक पूंजीवाद के खिलाफ कोई सही रणनीति नहीं बनाए जाने के कारण बाजार की एक नई संस्कृति सामने आई। एक बार फिर से धर्म, ईश्वर आदि को लेकर आक्रामक चिंतन का वैश्विक विस्तार हुआ। मेरे लिए यह हमेशा से ही चिंता की एक बात रही है।
इस बीच जब कोरोना महामारी आई, तो एक बार लगा कि दुनिया के सामने ईश्वर की निरर्थकता फिर से जाहिर होने लगी है। कई अन्य विडंबनाएं भी सामने आईं। उनमें एक यह है कि कई जगह मंदिरों में मूर्तियों को मास्क पहना दिया गया, जैसे कोरोना से मनुष्य को ही नहीं ईश्वर को भी खतरा है। इस तरह ईश्वर की निरर्थकता के बोध का विस्तार होता हुआ दिखा। तब भी एक उम्मीद बनी थी कि शायद फिर से ईश्वर की सत्ता पर मानवीय विवेक की सत्ता स्थापित हो जाए।
जिज्ञासा : नए भारत(राष्ट्र) में ‘देश’ कितना बचा है?
मदन कश्यप : देश ही सबसे ज्यादा रौंदा जा रहा है। साधारण जन ही नहीं, अच्छे खासे पढ़े-लिखे लोग भी अंध-राष्ट्रवाद से हलकान हैं। लगता है, मानो सबकुछ खत्म हो रहा है। एक कवि के रूप में मैंने उम्मीद नहीं छोड़ी है। इसी संग्रह में एक कविता है, ‘तब भी बचा रहेगा यह देश’।
जिज्ञासा : आज दुनिया युद्ध में डूबी है। आपकी कविताओं में मनुष्यता के आख्यान हैं। आप युद्ध के सौदागरों से क्या कहना चाहेंगे?
मदन कश्यप : भारत और पाकिस्तान के बीच जब सैनिक झड़प हो रही थी, मैंने एक पोस्ट लिखी थी, ‘युद्ध में कोई नहीं, केवल मनुष्यता हारती है।’ तब हमारे कुछ मित्रों ने भी मेरी इस पोस्ट का विरोध किया था। और यह कहा था कि इस समय हमें अपने देश यानी, देश के द्वारा शुरू किए गए युद्ध के पक्ष में खड़ा होना चाहिए। मैं देश के पक्ष में था, लेकिन मैं यह मानता था कि युद्ध किसी के हित में नहीं है।
मैं समझता हूँ कि हमारे उन बहुत सारे मित्रों के विचार में कुछ परिवर्तन आए होंगे, जिन्होंने उस समय मेरे लिखे का विरोध किया था। जहां तक युद्ध के सौदागरों को संदेश देने की बात है, ऐसे संवेदनहीन लोगों को हम भला क्या संदेश दे सकते हैं! मैं मानता हूँ कि युद्ध में जितने सैनिक मारे जाते हैं, उससे कहीं ज्यादा निर्दोष लोग, कहीं ज्यादा स्त्रियां, कहीं ज्यादा बच्चे मारे जाते हैं। इस यथार्थ को सबको समझना चाहिए।
इस संग्रह में एक कविता है ‘अकेला बच्चा’, उसके अलावा, ‘गाजा के बच्चे’ और ऐसी कुछ और कविताएं लिखी हैं।
जिज्ञासा : इन दिनों साहित्य और समाज में लेखकों की विश्वसनीयता, नैतिकता, भाषा की तमीज और संवादधर्मिता में गिरावट आई है। इस बारे में कुछ बताइए।
मदन कश्यप : आपने अच्छा किया है कि इस प्रश्न में साहित्य के साथ समाज को भी जोड़ दिया है। दरअसल गिरावट समाज में आई है, साहित्य उसका दर्पण है। निश्चित रूप से यह हम सबके लिए चिंता की बात है। लेकिन, हमें चिंता करने और साहित्य के भीतर की कमियों पर विमर्श करने के बजाए समाज को बदलने की मुहिम में शामिल होना होगा। एक कवि का और कवि ही क्यों, किसी भी साहित्यकार का यह पहला लक्ष्य होना चाहिए कि वह जो कुछ लिखे समाज की बेहतरी के लिए लिखे और लिखने से अलग भी समाज को बदलने के लिए किए जाने वाले कार्यों में खुद को शामिल करे।
![]() |
आदिवासी कवयित्री सावित्री बड़ाईक का पहला काव्य संग्रह ‘दिसुम का सिंगार’ आदिवासी जीवन का वृत्तांत है। इस संग्रह में कवयित्री ने अपने आदिवासी समाज के शिल्पकारों के हुनर का आख्यान रचा है। आज जब परंपरागत शिल्पकारों का विस्थापन घटित हो रहा है, तब कवयित्री अपनी जमीन से जुड़े स्थानीय हुनर और तकनीक को बचा लेना चाहती है। इतना ही नहीं दिसुम (मातृभूमि) की मिट्टी की महक, सौंदर्य, श्रम और सृजन को अपनी कविताओं में टांकती है। यह संग्रह आदिवासी जड़ों की ओर भी इशारा करता है।
कवयित्री परंपरागत संसाधनों पर हो रहे हमलों से हमें आगाह करती है। ‘दिसुम का सिंगार’ कविता में वह कहती हैं- ‘वे खेती के निगमीकरण से/ खेती की नई तकनीक से/कर रहे हैं हमला/ हमारी संस्कृति पर/वे बीजों को फैलाना चाहते हैं/खेती से पूंजी का निर्माण चाहते हैं/हम नहीं होंगे नतमस्तक/हमें नहीं चाहिए बीज कंपनी की गुलामी।’ ऐसा नहीं है कि वह अपने समाज की प्रगति नहीं चाहतीं। वे चाहती हैं उनके पारंपरिक शिल्प, श्रम और उत्पादन के बीच की केमिस्ट्री बची रहे।
यह कहना गलत नहीं होगा कि आदिवासियों की अंगुलियां प्रकृति संरक्षण की कला जानती हैं। सावित्री बड़ाईक कहती हैं- ‘कब तक सहमति में/सिर हिलाते रहेंगे/अब हम इनकार करेंगे/ असहमत होंगे/अब हम अपनी शक्ति पहचानेंगे। ‘अमिट गहना है गोदना’ में। ‘गोदना’ उनकी पहचान है, आज के टैटू की तरह महज फैशन नहीं है। उस पहचान में बचे हैं विंध्य, सतपुड़ा, बस्तर, नेतरहाट, सारंडा की छवियां। कवयित्री को इस बात की पीड़ा है कि मुख्यधारा के समाज में आदिवासियों की एक नकारात्मक छवि निर्मित की गई है।
‘आदिवासी स्त्रियां गाती हैं क्रांति गीत’ कविता आदिवासी स्त्री की मुखरता एवं सामाजिक भागीदारी का दस्तावेज है। हालांकि एक सच यह है कि आदिवासी स्त्रियों का एक हिस्सा शहरों को आबाद करने के लिए अपनी देह और श्रम खपा रहा है। सरकार की उदासीनता की शिकार स्त्रियां शहर के चौराहों पर काम की तलाश में कतारबद्ध खड़ी रहती हैं। सावित्री बड़ाईक कहती हैं- ‘झारखंड की लौह महिला के/ हुंकार से कांपती है धरती/ सिर्फ पुरुष नहीं थे आंदोलनकारी/ हमेशा से महिलाएं थीं आंदोलन की सहयात्री/ रांची की सड़कों पर गूंज उठा था लौह महिला का नारा।’ कवयित्री बार-बार स्त्रियों की भूमिका, उनके संघर्ष की विरासत, उनकी महत्ता और क्षमता को याद करती है।

जिज्ञासा : विमर्श का अर्थ मोटे तौर पर स्वानुभव से लिया जाता है। क्या आज आदिवासी विमर्श मानवीय संवेदना का व्यापक हिस्सा बन पाया है?
सावित्री बड़ाईक : हमें पर्यावरण प्रदूषण और पारिस्थितिकीय असंतुलन के बीच खत्म होती इस धरती को बचाने की जरूरत है। इस दृष्टि से वैकल्पिक आदिवासी दर्शन की प्रासंगिकता बढ़ रही है। धरती दिनों-दिन लहूलुहान हो रही है, जैव विविधता पर खतरा है। दरअसल भूमंडलीकरण के समय आदि मानव की संस्कृति फिर से महत्वपूर्ण हो उठी है। तथाकथित सभ्य समाज आदिवासियों को उपेक्षा की दृष्टि से देखता है, लेकिन उनकी जीवनशैली को अपनाने के लिए अब बाध्य भी हो रहा है।
आजकल की तथाकथित प्रगति ने जंगलों और नदियों की लय को तोड़ा है। दुनिया के पर्यावरणविद और बुद्धिजीवी अब इस बात को समझने लगे हैं कि आदिवासी दर्शन से ही धरती को बचाया जा सकता है।
जिज्ञासा : एक समय दिसुम (मातृभूमि) की विशिष्टता के लिए आदिवासी समाज मुखर था। आज आधुनिक परिवेश में यह समाज कहां तक अपने इतिहास और परंपरा से प्रेरणा ले पा रहा है?
सावित्री बड़ाईक : आप देखें तो मेरी कविताएं हिंसा और वर्चस्व से भरी दुनिया में देशज चेतना का निर्माण करने के लिए आमंत्रित करती हैं। ये आदिवासी देशज विचार के आलोक में लिखी गई हैं। हमारे पुरखा गीतों में पूर्वजों के संघर्ष, आंदोलन का गौरवपूर्ण इतिहास दर्ज है। आदिवासियों की असली लड़ाई जल, जंगल, जमीन के साथ अपने दिसुम, अपने इतिहास को बचाने की है।
हम देख सकते हैं कि प्राकृतिक संसाधन और जंगल वहीं बचे हुए हैं जहां आदिवासियों की रिहाइश है। आदिवासी कवि अपने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और दार्शनिक संदर्भों के साथ आधुनिक दुनिया से निरंतर संघर्ष कर रहे हैं।
जिज्ञासा : आपकी कविताओं में आदिवासी स्त्री जीवन की छवियां किस तरह मुख्यधारा की स्त्री छवियों से भिन्न हैं?
सावित्री बड़ाईक : आदिवासी समाज में स्त्रियां उच्च सामंती जातियों की स्त्री जैसी अपनी आजादी के लिए घुटती स्त्रियों नहीं हैं। वे सामाजिक, आर्थिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आदिवासी स्वशासन में महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी होती है।
आदिवासी स्त्रियां इतिहास में आंदोलनकारी और विद्रोही रही हैं। सिनगी दई और कैली दई ने रोहतासगढ़ में तुर्क सैनिकों का मुकाबला किया था। सिदो-कान्हू की बहनें फूलो और झानों ने हूल में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसी तरह कोल विद्रोह के समय बुधू भगत की बेटियों ने विद्रोह में भाग लिया था। बिरसा मुंडा के उलगुलान में भी आदिवासी स्त्रियाँ शामिल हुई थीं।
झारखंड आंदोलन, जे.सी.सी., कोयलकारो आंदोलन, नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज के खिलाफ आंदोलन, नगड़ी आंदोलन में आदिवासी महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। तथाकथित मुख्य धारा की महिलाएं अपने जीवन को सुधारने के लिए प्रयत्नशील रहती हैं, लेकिन आदिवासी महिलाएं अपने परिवार के साथ समुदाय और अपने दिसुम (मातृभूमि) का भी ख्याल रखती हैं।
आदिवासी महिलाओं के समक्ष अब आजीविका का संकट है। अतः उनको मजदूरी के लिए शहर के चौराहों पर देखा जा सकता है। नगरों, महानगरों में चंद निवालों के लिए आदिवासी स्त्री कामवाली के रूप में शोषण की शिकार होती है, यह चीज मुझे बेचैन करती है।
जिज्ञासाः कॉरपोरेट संस्कृति, बाजार और तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच आदिवासी अपने स्थानीय वैशिष्ट्य को बचाने में कहां तक सक्षम हैं?
सावित्री बड़ाईक : कॉरपोरेट की कुदृष्टि जंगल, खेती की जमीन पर पड़ चुकी है। आदिवासियों के समक्ष आजीविका और संस्कृति का संकट है। नव-पूंजीवाद, बाजारवाद का निषेध आदिवासी जीवन मूल्यों और जीवनशैली से ही किया जा सकता है।
आदिवासियों की सभ्यता, संस्कृति के साथ उनकी देशज ज्ञान परंपरा को उचित स्थान दिया जाना चाहिए। उनकी इतिहास में हमेशा उपेक्षा हुई है। असुर लोहा गलाने की आदिम तकनीक को फिर से जिंदा कर रहे हैं। महली तुरी बांस की कारीगरी को फिर से नवीनता प्रदान कर रहे हैं। चीक बड़ाईक द्वारा निर्मित देशज परिधानों के प्रति राजधानी के कॉलेज के विद्यार्थियों में जागरूकता आई है। मेरी कविताओं में शिल्पी आदिवासियों के सृजनात्मक श्रम के सौंदर्य के प्रति सम्मान है।
![]() |
कवि अरुण शीतांश द्वारा संपादित पुस्तक ‘किसान की सदी : अंधकार से उबरते हुए किसान’ में तीस कवियों की कविताएं-गजलें, 17 लेख एवं एक साक्षात्कार संग्रहित हैं। इस पुस्तक का शीर्षक उम्मीद से भरा है, हालांकि कविताओं एवं विचारपरक लेखों में किसानों के अंधकारमय जीवन के संघर्ष की गाथा है। इस पुस्तक को किसानों की व्यथा कथा के तौर पर भी देखा जाना चाहिए। इसमें वरिष्ठ से लेकर युवा कवियों तक सभी ने किसान जीवन की छवियों को शब्दबद्ध किया है।
किसानों के लिए संवेदना साहित्य और नागरिक परिसर में अब भी बची है। वरिष्ठ कवि प्रयाग शुक्ल की पंक्तियां हैं- ‘जल के साथ जल हूँ/ खेतों तक उसे लाता हुआ/बीज के साथ बीज हूँ/उसे उगाता हुआ/हवा के साथ हवा हूँ/फसल के साथ लहराता हुआ/ठंड के साथ ठंड हूँ/पहरे पर जाता हुआ/दिन हूँ, रात हूँ/सुबह, दोपहर, शाम हूँ/अनथक बेचैन हूँ।’
नीरज सिंह की कविता ‘आम का पेड़ और सपने’ में हर किसान के मन में उगने वाले सपनों के चित्र हैं। संतोष चतुर्वेदी की कविता ‘पेट भरने का हुनर’ में पूंजीपति वर्ग की मानसिकता के समानांतर किसान के प्रति सहृदयता है- ‘दुनिया का पेट भरने का हुनर/किसान के पास ही है/ रुपए वाले का अपना ही पेट नहीं भरता/ वह भला क्या भर पाएगा/ एक भी किसान का पेट।’ इस कविता में सवाल है कि क्या शहरी संवेदना और चिंताओं में किसान कहीं नहीं बचा है?
पूनम सिंह की कविता ‘लोहे का गुलमोहर’ सत्ता की क्रूरता का आख्यान है। वे कहती हैं- ‘इस लौह कपाट को गलाओ/याचक की प्रार्थना से/ जड़-जंगम नहीं गलता/ क्रूरता और दमन की चक्की/ हिम्मत और हौसले से टूटती है/ तोड़ो बंद कारागार।’ प्रतिवाद का स्वर कैलाश मनहर की कविता ‘धरती को बचाने और सरकार के घुटने टेकने तक’ में गूंजता है।
इस संग्रह में कवि नीलोत्पल की ‘किसान मोर्चे पर है’ शीर्षक से 34 कविताएं हैं। उनकी पंक्तियां हैं- ‘अन्नदाता की रोटी खाकर/आप चुप रहे/अन्नदाता की आत्महत्या के समय/आप चुप रहे/फसल की तबाही देखकर/आप चुप रहे।’
युवा कवि विहाग वैभव बताते हैं कि ईश्वरीय आभा में लौकिक जगत के किसानों का दुख कई बार छिप जाता है, ‘सृष्टि के किसी कोने/ सचमुच ईश्वर कहीं है/ और वह अपने अस्तित्व को लेकर सचेत भी है/ तो फिर अब समय आ गया है कि/उसे अनाज बोना चाहिए/काटना चाहिए/ रोना चाहिए/ ईश्वर को किसान की तरह होना चाहिए।’ किसानों के साथ खड़े होने का समय है। उनकी रैलियों में आवाज उठाने का समय है। फणीश्वरनाथ रेणु ने एक बार कहा था कि पांच कविता लिखने से ज्यादा जरूरी है एक बीघा खेत जोतना।

जिज्ञासा : आपने इस संग्रह के संपादकीय में लिखा है ‘किसान का बेटा हूँ, इसलिए किसानों की पीड़ा समझ सकता हूँ।’ आज किसान का बेटा होना और किसानों की पीड़ा समझना कितना चुनौतीपूर्ण है?
अरुण शीतांश : मैंने हल चलाया है। दस-दस कठ्ठे का खेत जोता है जब मेरी उम्र चौदह-पंद्रह साल की थी। आज किसान का बेटा बहुत कुछ बनना चाहता है पर किसान बिल्कुल नहीं। फिलहाल मैं बिहार की कैमूर पहाड़ी और दोमट मिट्टी वाले छोटे-से कस्बे में रह रहा हूंँ। यहां के बच्चों के बड़े सपने हैं। वे आई आई टी और मेडिकल में जाना चाहते हैं। कुछ वैज्ञानिक बनना चाहते हैं। सोशल मीडिया के आने के बाद जागरूकता आई है। इसलिए चुनौतियां हैं।
मैं दुख के साथ कह रहा हूँ कि ‘माइग्रेशन’ ने बिहार के किसानों को लील लिया है। वे जमीन बेचकर दुकानदार बनते जा रहे हैं। दूकान बेचकर मजदूर और असंवेदनशील सरकार ने भिखारी बनने के लिए मजबूर कर दिया है।
जो किसान के बेटे नहीं हैं, वे किसान के प्रति सहानुभूति तो रखते हैं, मगर महानगरों के मॉल में कपड़े खरीदकर किसान पर ही हँसते हैं। ऐसे में यह प्रश्न दिल को छलनी करने वाला है। जो किसान से जरा भी संबंध नहीं रखते, वे किसान की आत्माहत्या की बात कैसे स्वीकार कर सकते हैं!
जिज्ञासा : एक समय साहित्य और सामाजिक प्रश्नों के केंद्र में किसान था। आज वह साहित्य में छिटपुट रूप से तो दिखता है, पर सामान्यतः गायब है। इस बारे में कुछ बताइए।
अरुण शीतांश : साहित्य की दुनिया में बड़े-बड़े भूप बैठे हैं। उनसे यह प्रश्न करना चाहिए। मैंने ‘देशज’ पत्रिका का किसान अंक निकालते वक्त बड़े-बड़े साहित्यकारों के दरवाजे खटखटाए। वे निर्मम निकले। अधिकांश लेखक साहित्य की सेवा नहीं करते बल्कि साहित्य की राजनीति करते हैं, जो अशोभनीय है।
आज इक्कीसवीं सदी में किसान का मुद्दा गरमाया हुआ है, सामाजिक तौर पर खासकर। यह गायब नहीं हुआ है। सबसे बड़े उदाहरण पंजाब और हरियाणा के किसान हैं।
मैं बिहार में रहता हूँ यहां के किसान भूखे मर जाएंगे पर कटोरा लेकर भीख नहीं मांग सकते। भले वे दूसरे के खेत लेकर जोतते हैं, कमाते हैं। साहित्य में किसानों की पर्याप्त जगह न होना बेहद शर्मनाक बात है। लेकिन प्रश्न गायब नहीं हुआ है, प्रश्न फिर उठ गया है। साहित्यिक लोगों को इनके साथ खड़ा होना चाहिए।
जिज्ञासा : इन दिनों बहुराष्ट्रीय कंपनियों का जाल फैलता जा रहा है। यह जाल किसानों के लिए कितना चुनौतीपूर्ण है?
अरुण शीतांश : सीधे तौर पर उनकी नजर जमीन पर है। सरकार ने किसानों से जमीन खरीदी है। सड़क और पुल बनाने के लिए। जहां सिक्स लेन बन रहे हैं वहां बीघा का बीघा खरीदा जा चुका है। हाईवे या लेन बनाने में खेती कम हो चुकी है। आखिर किसान कहां जाएं! कंपनियों का लक्ष्य है खेत लेकर किसानों को भगा दो।
![]() |
शंकरानंद के काव्य संग्रह ‘जमीन अपनी जगह’ में कुल 112 कविताएं संकलित हैं। यह संग्रह देश की सच्चाई को जानने का एक प्रयास है। इसमें कवि अपने समय की घटनाओं को गहरी संवेदना से देखता है। वह छोटी-छोटी घटनाओं में जीवन के सच की तलाश करता है। वह ‘मुकदमा’ कविता में लिखते हैं, ‘जितनी खाने के लिए रोटी मिलती है/उससे ज्यादा बार/दौड़ना पड़ता है कचहरी/एक धुर जमीन के लिए/नाली के पानी के लिए/एक बकरी के लिए/चार कबूतर के लिए/कोई भी कारण हो सकता है/कोई भी फांस सकता है/जेल हो सकती है/हो सकता है कि/इसी आने-जाने और हाजरी लगाने में/ बीत जाए उम्र।’ शंकरानंद अपनी कविताओं की जमीन अपने आसपास के परिवेश में तलाशते हैं और उस जमीन को अपनी सहृदयता और बौद्धिक समझ से उभारते हैं।
उनकी कविता अनुभूति, स्मृति और कल्पना के त्रिभुज से निर्मित हुई है। कवि को लगता है कि ‘घर’ के अवधारणा के केंद्र में होते हुए भी स्त्री हाशिए पर है। बावजूद इसके कवि की आस्था स्त्री में मजबूती से है- ‘मैं जब भी मिलता हूँ तो देखता हूँ/सबसे पहले स्त्री के हाथ/ छूता हूँ तो लगता है कि/घर की नींव को छू रहा हूँ/ छू रहा हूँ जैसे खुरदरे स्वप्न/ जैसे पृथ्वी की हथेली को छू रहा हूँ।’
नागरिकता का प्रश्न इन दिनों जोर-शोर से उछाला जा रहा है। भारत के कई राज्यों में कागजों के चक्कर में आम आदमी भटक रहा है। कवि भी परेशान है- ‘जमीन की कागज किसके पास है/नहीं जानता मैं/मेरे पास बस पांव रखने की जमीन है/.. मेरे पूर्वज कागज के लिए दौड़ते रहे/ बहुत मुश्किल से वह हासिल हुआ/ फिर उसे दीमक ने खा लिया एक दिन/ इन दिनों यही एक काम बाकी है/ कागज के लिए हाथ फैलाता हूँ कार्यालय में/सबके चक्कर लगाता हूँ चकरघिन्नी-सा।’ कवि को लगता है कि शासन के पास सदिच्छा की कमी है। उसकी भाषा में संवाद की जगह नफरत को रोपा जाना एक मानवीय विपर्यय है- ‘वह भी एक भाषा थी/जो बोली गई थी/इतनी तेजाबी कि/अगर वह बूंदों में होती तो/जिस पौधे पर गिरती/वह पौधा जल जाता।’ यह सच है कि आज राजनीति हो, धर्म हो, बाजार हो- हर जगह भाषा की मर्यादा का क्षरण हुआ है। सहिष्णुता, आत्मीयता, सृजनात्मकता और संवादपरकता में गिरावट आई है।
दरअसल खुशहाल भारत को लेकर एक चमकदार और ग्लोबल नैरेटिव गढ़ा जा रहा है। आज की कविताएं इस ‘प्लांटेड नैरेटिव’ को ‘डिकोड’ करती हैं। आज पूरे देश में विभाजन की रेखा खींची जा रही है ताकि जनता को महज वोट बनाकर उसका ध्रुवीकरण किया जा सके। भ्रष्टाचार को शंकरानंद एक राष्ट्रीय फसल की तरह देखते हैं, ‘जो योजनाएं हैं/वे कागज और पैसों की भूखी हैं/वे मिट्टी खा जाती हैं/खेत कुतर देती हैं/सोख लेती हैं मनुष्य का खून-पसीना/ फिर उसे लापता कर देती है/..बोध का क्या है/ उसे हर साल टूटना है/ हर साल बनना है/ बारिश में गलना है/ पानी में बहना है/ इस तरह यह एक फसल है/ जिसे हर साल कुछ न कुछ देकर जाना है।’ इस संग्रह की कविताओं में मनुष्यता की पक्षधरता है।

जिज्ञासा : आपने अपने कविता संग्रह में लिखा है ‘प्रतिरोध की आवाज कविता की आत्मा है।’ आज जब बोलने की जगहें सिकुड़ती जा रही हैं, कविता की आत्मा को बचा पाना कहां तक संभव है?
शंकरानंद : कविता के साथ दिक्कत है कि यहां छिपने और बचने की गुंजाइश बिलकुल नहीं होती। इसीलिए प्रतिरोध का स्वर यहां मुखर हो जाता है। वैसे भी आवाज को जितना दबाया जाए वह उतनी दुगुनी ताकत से चीख बनती है। बोलने की जगहें सिकुड़ती जा रही हैं तो इससे आवाज अधिक सामूहिक होकर उठ रही है। इसकी गवाह प्रतिरोध की कविताएं हैं जो आज भी खूब लिखी जा रही हैं, पढ़ी जा रही हैं। कविता अपना काम कर रही है, उसी तरह जैसे कुचलने वाले जूतों के होने भर से दूब उगना बंद नहीं कर देती।
जिज्ञासा : इतिहास के पुनर्लेखन के नाम पर ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ के बारे में आपकी क्या राय है?
शंकरानंद : यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इतिहास में जो कुछ है उसपर बहस हो सकती है। संवाद हो सकता है। लेकिन उसे खारिज नहीं किया जा सकता। तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करने की शुरुआत एक नई मुसीबत पैदा कर देगी। फिर जो आएंगे वे सब छोड़कर पहले इतिहास ही बदलने की कोशिश करेंगे। इतिहास अगर एकांगी और पक्षपातपूर्ण होगा तो वह विश्वसनीय नहीं रह जाएगा। तथ्यों और घटनाओं को बदलना संभव नहीं। यह उसी तरह है जैसे नई कमीज पर अपनी छाप छोड़ने की जिद में पैबंद लगा दी जाए। तब कमीज से ज्यादा पैबंद पर नजर जाती है।
जिज्ञासा : एकरूपता के नाम पर इन दिनों भारत की विविधता पर किया जा रहा प्रहार कितना न्यायसंगत है?
शंकरानंद : एकरूपता की वकालत वही लोग कर रहे हैं जिनके लिए विविधता एक खतरा है। भारत विविधताओं का देश है। यह गुण इसकी मिट्टी में रचा-बसा है। यह उसी तरह जरूरी है जैसे शरीर के लिए रक्त। हमारे यहां एक कहावत है कि पांच कोस पर पानी और बानी (बोली) दोनों बदल जाते हैं। यह तो भारत है-एक विशाल देश। इस देश की पहचान ही विविधता से है। विविधता पर किए जा रहे प्रहार दीवार पर माथा पीटने की तरह हैं।
जिज्ञासा : आपकी कविता ‘भीड़ का चेहरा’ का सच आज के अविवेकी समाज को मूर्त करता है। इस बारे में क्या कहना चाहेंगे?
शंकरानंद : भीड़ शब्द से अब डर लगता है। एक समय था जब न जाने कितने आंदोलन और विरोध प्रदर्शन इस भीड़ या कहें तो जन समूह की वजह से सफल और निर्णायक सिद्ध हुए। स्वतंत्रता संग्राम की कल्पना इसके बिना नहीं की जा सकती थी। अब समय बदल गया है और चीजों के अर्थ भी। हर चीज को नियंत्रित और संचालित करने की कला में माहिर लोग अब भीड़ को अपने स्वार्थ और अंधी लालसा की पूर्ति के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। भीड़ अब एक अंधा सांड है जिसके पास अपना विवेक नहीं होता। भीड़ एक हथियार में तब्दील हो चुकी है। यही कारण है कि मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं हुई हैं। समाज में असहिष्णुता बढ़ रही है, तनाव बढ़ रहा है। यह स्थिति बहुत भयावह है और भविष्य के लिए एक बड़ा खतरा भी।
जिज्ञासा : आपने कोरोना की त्रासदी पर कई कविताएं लिखी हैं। उस दौर के अपने अनुभव के बारे में कुछ बताइए।
शंकरानंद : कोरोना की त्रासदी को मैंने बहुत करीब से देखा है और भोगा है। मेरे पिता और दादा दोनों की मृत्यु इसी के कारण हुई, जबकि वे दोनों स्वस्थ और सक्रिय थे। उस समय जिस तरह का डर पैदा किया जा रहा था, वह अव्यस्वथा का परिणाम था। अब सोच कर लगता है कि वह अकारण था। इसे और सहजता से नियंत्रित किया जा सकता था, तब इतना नुकसान नहीं होता। इसके कारण कितने परिवार उजड़ गए, कितने लोगों की दुनिया तबाह हो गई! मेरी कविताओं में उस तकलीफ का कुछ ही हिस्सा दर्ज हो पाया है।
![]() |
देवेंद्र चौबे का कविता संग्रह ‘पर जरूरी है कविता’ समकालीन हिंदी कविता संसार में एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप है। इसमें कविता की जरूरत को मनुष्यता की जरूरत के तौर पर देखने की कोशिश है। कविता का धर्म सबको जोड़ना है। इसलिए कविता को मनुष्यता का पुल भी कहा जा सकता है। कवि की चिंताओं में आम आदमी की दुश्वारियां हैं। कवि समसामयिक मुद्दों को उठाता है। वह धरती, पेड़-पौधे, जीव-जंतु, नदी-पहाड़ सबकी उपस्थिति को जीवन के लिए जरूरी मानता है।
‘हत्यारों की वापसी’ के दौर में कवि विचलित जरूर है पर भयभीत नहीं है। उसे भरोसा है कि हिंसक और कट्टर समाज में एक दिन फूल खिलेंगे। इन दिनों दुनिया के कई देशों में सबसे ज्यादा हमला कला, ज्ञान, संस्कृति और सहृदय नागरिकों पर है। कवि हत्याओं के दौर में लोक गायक के गीतों में जीवन का राग तलाशता है। वह उड़ते परिंदों में जीवन की उम्मीद और भविष्य के सपने तलाशता है। कवि आजादी को सरहदों में नहीं देखता। वह कहता है, ‘हम जीते हैं बार-बार/ वैसे ही जैसे खेतों में लहलहाती है रोज फसलें/ और आसमान में उड़ते परिंदें/ लांघते हैं रोज सरहदों की सीमाएं/कि कहां नहीं है मुल्क/ जहां पेड़, वहां हमारा देश/जहां पानी, वहां हमारा घर/जहां सूरज, वहां हमारा परदेश।’
अहिंसा और करुणा की धारा ही आज क्रूरता के खिलाफ बहादुरी से लड़ सकती है। कवि स्मृतियों को अतीत का दूरबीन मानता है। इसलिए वह पीछे छूट चुकी मनुष्यता के आख्यान को स्मृतियों के सहारे पुनराविष्कृत करता है। उसे पता है कि ये स्मृतियां ही हमारी थाती हैं। आत्मविसर्जन और विस्मृति के इस दौर में स्मृतियां पुल हैं। कवि को भरोसा है कि उन पुलों से होकर ही हम दुनिया को बचा पाएंगे- ‘वे आएंगे, एक दिन जरूर आएंगे/अब प्रकृति-पुत्र फिर उठ खड़े हुए हैं/व्यूह फिर से रचा जाने लगा है/स्मृतियों ने फिर से शुरू कर दिया है गढ़ना/इतिहास की नई किताबों को/ दर्शन ने शुरू कर दिया है गढ़ना/तर्क की नई इमारतों को/ कल्पनाओं ने शुरू कर दिया है/भरना नई उड़ानें।’
‘देवियां’ शीर्षक कविता में कवि इतिहास और लोककथाओं की दुनिया में मौजूद स्त्रियों के साहस और संघर्ष के वृत्तांत को बयां करता है। कवि का मानना है कि घर के भीतर ‘रिड्यूस’ कर दी जाने वाली स्त्री के संघर्षमय इतिहास का आख्यान इन दिनों महज विमर्श तक समेट दिया जाना उचित नहीं है। स्त्री को ‘स्वत्व’ के साथ जीने का अधिकार मिलना चाहिए। पितृसत्तात्मक समाज में पुरुष हमेशा से खुद को ‘दाता’ की भूमिका में खड़ा करता है, मानो स्त्री ‘याचक’ हो। वह स्त्रियों को ‘सबल’ बनाने की बात करता है। देवेंद्र चौबे कहते हैं, ‘स्त्रियां अब देवी बनना नहीं चाहती हैं/ और न ही बनना चाहती हैं इतिहास/ वे बनी रहना चाहती हैं स्त्री/ स्त्रियां जो रचती हैं स्मृतियां/ इस धरती के होने की/ हवा, पानी और बरसात के आने की/ कि बची रहे यह धरती और बचा रहे आसमान।’ आज स्त्री वस्तुतः अपनी ‘निजता’ और स्वतंत्रता के लिए ‘स्पेस’ चाहती है।
इस संग्रह में कवि जितना वैश्विक और महानगरीय है, उतना ही उसका मन ठठेरी बाजार (बक्सर के बर्तन बाजार) में भी टिकता है। संग्रह के साथ एक अनोखी बात यह है कि इसमें कवि की उर्दू, अंग्रेजी, चीनी, उज्बेक, जर्मन, ़फ्रेंच, सिंहली, मलयालम, उड़िया और भोजपुरी में अनूदित कविताएं भी शामिल हैं।

जिज्ञासा : कविता को कवि की आत्मकथा कहा गया है। कविता क्या महज आत्मजगत का यथार्थ है या कुछ और?
देवेंद्र चौबे : कविता अन्य साहित्यिक विधाओं की तरह सृजनात्मक लेखन की एक महत्वपूर्ण विधा है। इसे साहित्य की आदि विधा भी कहा जाता है। कविता में भी समय की एक लंबी यात्रा होती है। यह यात्रा आंतरिक और बाह्य दोनों है। इसलिए कई बार कवि के बारे में कहा जाता है कि उसकी यात्रा संपूर्ण सृष्टि का विधान करती नजर आती है। मुझे भी लगता है, कविता महज आत्मजगत का यथार्थ नहीं है, बल्कि अपनी संपूर्ण संरचना में वह अपने समय का यथार्थ रचती है। हां, यहां भावों की प्रधानता थोड़ी अधिक है और उन भावों में एक सृजनात्मक परिकल्पना भी दिखलाई पड़ती है। कविता के एक पाठक के रूप में मुझे लगता है कि कवि साहित्य की अन्य विधाओं की तरह अपनी रचना में समय और समय की निर्मितियों का दस्तावेजीकारण करता है।
जिज्ञासा : आपकी कविताओं में जो अनगिनत स्मृतियां हैं, उनके आलोक में अब इतिहासबोध और मनुष्यता के लिए कितनी जगह बची है?
देवेंद्र चौबे : यह एक महत्वपूर्ण प्रश्न है। आज के समय में हमारी स्मृतियां धीरे-धीरे गुलाम होती जा रही हैं। इतिहास की बुनियाद स्मृतियों पर टिकी होती है। बिना स्मृति के इतिहास नहीं हो सकता। इतिहास सिर्फ एक विधा नहीं हैं, बल्कि यह एक विषय भी है। एक कवि स्मृति और उसके बहाने इतिहास से तभी टकराता है, जब राष्ट्र संकट के दौर से गुजरता है। आज पूरी दुनिया कई तरह के संकट से गुजर रही है। अकेलापन भी एक बड़ा संकट है। यहां मनुष्य की स्मृतियां ही उसे बचाती हैं।
संकट के समय स्मृतियों में मौजूद इतिहासबोध और मनुष्यता को बचाने का कार्य ब्रेख्त और दुनिया के अन्य कई कवियों ने किया है। अफगानी लोक गायक फवाद अंदराबी और भारतीय कवि मुक्तिबोध आदि इसके उदाहरण हैं।
जिज्ञासा : आपकी काव्य संवेदना में भौगोलिक सीमाओं का अतिक्रमण है। ऐसा क्यों?
देवेंद्र चौबे : आज पूरी दुनिया मानवीय सभ्यता पर आए संकट से गुजर रही है। ऐसे समय में लेखक, कलाकार, वैज्ञानिक, इतिहासकार, समाजशास्त्री, राजनीति विज्ञानी, वकील आदि सभी की भूमिका बढ़ गई है। युद्ध आज का एक बड़ा मुद्दा है। इस बीच दुनिया में अनेक लेखकों, कलाकारों और पत्रकारों की हत्या हुई है। वे कवि, लेखक और कलाकार अपने-अपने देश में मानवीय सभ्यता को बचाने के लिए सत्ता की क्रूरता को चुनौती दे रहे थे। ऐसे समय में किसी भी बुद्धिजीवी या लेखक-कलाकार के लिए एक व्यापक संवेदना के साथ खड़ा होना जरूरी है।
जिज्ञासा : इस संग्रह में ‘तानाशाह’ कविता संकलित है। इस विषय पर लिखना कितना चुनौतीपूर्ण है?
देवेंद्र चौबे : ऐसी कविताएं एक विशेष मन:स्थिति की उपज हैं। ऐसी कविताएं लिखी नहीं, लिखा जाती हैं, अगर आप समय के संकट से रूबरू हैं। एक कवि के लिए जरूरी होता है अपने समय के सच का बयान करना। अगर लेखक और कलाकार अपने समय के सच का बयान नहीं करेंगे तो कौन करेगा? किसी भी भाषा का साहित्य प्रतिरोध के साहित्य के बिना अधूरा है। इससे व्यक्ति और सामाजिक समूहों के अंदर आत्मविश्लेषण की प्रक्रिया की शुरुआत होती है एवं समाज बेहतर बनता है। कविता यही कार्य करती है जिससे आनेवाले समय में मानव सभ्यता एक उदात्त रूप ग्रहण कर सके।
समीक्षित पुस्तकें
(1) फूल को याद थे सारे मौसम, विजय बहादुर सिंह, शिवना प्रकाशन, संस्करण-2024, मूल्य-350 (2) बस चांद रोएगा, मदन कश्यप, राजकमल प्रकाशन, संस्करण-2025, मूल्य-250 (3) दिसुम का सिंगार, सावित्री बड़ाईक, अनुज्ञा प्रकाशन, संस्करण-2023, मूल्य-250 (4) किसान की सदी (अंधकार से उबरते हुए किसान), सं.अरुण शीतांश, वाणी प्रकाशन, संस्करण-2025, मूल्य -525 (5) जमीन अपनी जगह, शंकरानंद, सेतु प्रकाशन, संस्करण-2025, मूल्य-295 (6) पर जरूरी है कविता, देवेंद्र चौबे, आधार प्रकाशन, संस्करण-2024, मूल्य-250
1, राम कमल रोड, पोस्ट-गरिफा, पिन-743166, उत्तर 24 परगना (प.बं.) मो.9331075884






