
वरिष्ठ कवि। रचनाएं कई पत्र–पत्रिकाओं में प्रकाशित। संप्रति भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत।

गज़ल
1
बोलता है और तनकर, ‘क्या हुआ, कुछ भी नहीं’
चोरियां पकड़ी गईं पर क्या हुआ, कुछ भी नहीं
किसलिए अब वह डरेगा अपनी तहकीकात से
रह के आया है वो अंदर क्या हुआ, कुछ भी नहीं
छूट जाते हैं मुचलके पर बड़े आराम से
मुजरिमों के साथ अक्सर क्या हुआ, कुछ भी नहीं
हादसों के बाद एक आयोग बैठाया गया
बैठकों को छोड़ दिनभर क्या हुआ, कुछ भी नहीं
मानता हूँ दूसरी है पर परेशानी तो है
उन दिनों से आज बेहतर, क्या हुआ, कुछ भी नहीं।
2
देख कितना सच कहा था, याद आया? याद कर
सुन तू जिस पर हँस रहा था, याद आया? याद कर
ख्वाब हर रखना पड़ा था मोड़कर संदूक में
किस तरह एक-इक तहा था, याद आया? याद कर
आपसी रंजिश के चलते किस तरह एक-एक कर
देश का वैभव ढहा था, याद आया? याद कर
मुल्क जब बांटा गया था आह! क्या हालात थे
उन दिनों क्या खूं बहा था, याद आया? याद कर
देश हो आज़ाद अपना इसलिए हां, इसलिए
कष्ट कितना कुछ सहा था, याद आया? याद कर।
संपर्क :एस 4, सुरभि 208, सेक्टर 29, गांधीनगर 382030 (गुजरात) मो. 9082136889
