कोयलांचल एवं शिल्पांचल की मिट्टी में पनपे कथाकार एवं कवि शिव कुमार यादव की साहित्यिक यात्रा पर ‘गणमित्र’ संस्था द्वारा बर्नपुर (आसनसोल) के भारती भवन में ‘कथाकार शिव कुमार यादव : अभिनंदन समारोह और संगोष्ठी’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह केवल एक संगोष्ठी नहीं थी, बल्कि एक ऐसा मंच था जहां से कोयलांचल के कथाकार को उसके साहित्यिक अवदान एवं सामाजिक सक्रियता के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही उनके साहित्य में व्याप्त कोयलांचल तथा देश-दुनिया की समस्याओं पर व्यापक चर्चा-परिचर्चा की गई। संजय सुमति ने अपने मधुर वचनों से सभी गणमान्य अथितियों का स्वागत किया। नीतू निशा ने शिव कुमार यादव की कविता ‘शाहाबाद’ का पाठकर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। कार्यक्रम दो सत्र में संपन्न हुआ।

पहला सत्र कथाकार एवं साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता संजीव के सान्निध्य में हुआ। आलोचक रविभूषण ने कहा, ‘शिव कुमार यादव संजीव जी की एक अनमोल कृति हैं। एक श्रमिक का सर्जक बन जाना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह समय स्मृतियों की रक्षा का समय है। शिव कुमार जी ने स्मृतियों की रक्षा करने का प्रयास किया है।’ उमेंद्र पाल सिंह ने शिव कुमार यादव की समाजसेवी भूमिका के संदर्भ में कहा, ‘शिव कुमार यादव ने समाज के वंचितों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें एक नई दिशा देने का कार्य किया।’ नगर सेवाओं के मुख्य महाप्रबंधक विजेंद्र वीर ने ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे ही कर्मी शिव कुमार यादव ने अपने अथक परिश्रम और सतत प्रयास से शिल्पांचल के हिंदी साहित्य जगत को राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान दी है। दिनेश कुमार ने कहा कि साहित्य और उद्योग एक दूसरे के पूरक है और दोनों का संयोग आज के इस समाज के विकास के लिए जरूरी है। प्रो. विजय कुमार भारती ने कहा, ‘शिव कुमार यादव जैसा बोलते हैं, वैसा ही लिखते हैं।’

हितेंद्र पटेल ने कहा, एक बड़ा लेखक होता है और एक सच्चा लेखक होता है। शिव कुमार यादव एक सच्चे लेखक हैं। शिल्पांचल का इतिहास यहां के साहित्यकारों ने लिखा है। सृंजय ने कहा कि लेखक ज्ञान, धन, बल, रंग-रूप से नहीं, बल्कि संवेदना से बनता है। शिव कुमार अपने परिश्रम के बल पर लेखक बने हैं। इनके अलावा मनोहर भाई पटेल, मनोज यादव, बलभद्र, पुष्पा बरनवाल ने भी अपने विचार रखे।

गुलनाज बेगम ने शिव कुमार यादव द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘संभ्रांत होते बच्चों का भविष्यलोक’ और समकालीन कविता का सौंदर्यशास्त्र पर विस्तार से अपनी बात रखी।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र का कुशल संचालन रामजी सिंह यादव के द्वारा किया गया। दिनेश जी के धन्यवाद ज्ञापन से कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

प्रेषक : अमित कुमार साव