युवा कवयित्री।सामाजिक कार्यकर्ता।

अनाथालय

अनाथ होने के दर्द को
बमुश्किल भुलाते बच्चे
उस क्षण हो जाते हैं कुछ और अनाथ
जब मसीहा बनकर आए
दयालु अमीर लोग
अपने बच्चों के हाथों दिलाते हैं
उन्हें गिफ़्ट
और खिंचवाते हैं एक सौ फ़ोटो

वे करते हैं फेसबुक लाइव
हर अनाथ बच्चे की तरफ
घुमाते हैं बार-बार कैमरा
बताते हैं उनकी लाचारी उनके ही मुंह पर
और दुनिया को दिखाते हैं
अपनी दी हुई चीज़ें
अनाथालय में रहने वाले बच्चे
उस सुबह और अनाथ हो जाते हैं
जब देखते हैं अख़बार में
‘अनाथों का मसीहा’ शीर्षक के नीचे छपी
किसी अमीरज़ादे की मुस्कराती तस्वीर
अपनी उदास तस्वीर के साथ

वे कुछ नहीं कहते
छुपा लेते हैं अपने जज़्बात
अनाथालय में रहने वाले बच्चों को
दुनिया महसूस कराती है
हर दिन थोड़ा और अनाथ!

एक और दिन

सूरज ढल रहा है
मज़दूर घर को लौट रहे हैं
अपनी थोड़ी सी मज़दूरी लिए
ख़्वाब और हक़ीक़त के बीच
कभी न तय हो पाने वाली दूरी लिए

आसमान में खिले अनगिनत सितारों की तरह
अनगिनत दुखों से घिरे मज़दूर
सुख के चांद की उम्मीद लगाए
भर रहे हैं अपनी चिलम
जलाने के लिए दिन भर के ग़म
यह आग ही उन्हें मिली है
सर्द हो चुकी ज़िंदगी को बचाने के लिए
उनके हौसले की गरमाहट के लिए।