
दिल्ली विश्वविद्यालय के समाजविज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर।हाल की पुस्तक ‘कंटेम्पररी इंडिया : ए सोशियोलॉजिकल व्यू’।

हमारा समाज दिन-ब-दिन अंधकारमय होता चला जा रहा है, वह इंसानियत के सनातन उसूलों से मुंह फेर रहा है।देश नफरत, हिंसा, विचारहीनता और अधिनायकवाद फैलाने वाली ताकतों के कब्जे में है।ऐसे समय में बुद्धिजीवी कहलाने वाले वे लोग कहां हैं जिनसे इस विषैली सामाजिक-सांस्कृतिक-राजनीतिक महामारी के इलाज की नहीं, तो कम-से-कम निदान की अपेक्षा की जाती है? व्यथा की गंभीरता व तात्कालिकता के कारण सवाल शिकायतनामे की शक्ल में पेश आते हैं- हमारे बुद्धिजीवी समाज से जुदा हैं, जन-हित के खिलाफ हैं, वे अप्रासंगिक और सत्तान्मुखी बन रहे हैं…।भरा प्याला एक आखिरी शिकायत से छलक जाता है।इन तमाम दोषों से ग्रस्त होने के अलावा, हमारे बुद्धिजीवी आज भी पश्चिमी वैचारिक औजारों के गुलाम हैं!
मैं अपनी तरफ से कुछ सवाल आपके सामने रखना चाहता हूँ, इस आशा के साथ कि इन प्रश्नों की मार्फत व्यापक संदर्भों और संभावित निहितार्थों को खोला जा सके।
बुद्धिजीवी और ‘जनता’ के संबंध आत्मीय होने चाहिए यह अपेक्षा क्यों और कैसे उपजती है?
जनता शब्द पर उक्ति-चिह्न उसकी सहजता में दखल देने के इरादे से लगाए गए हैं ताकि हम थोड़ा सा असहज होकर इस पद के अर्थ-विकास की प्रक्रिया को समझ सकें।आधुनिक युग में यानी लगभग १९वीं सदी से अब तक के समय में ‘जन’, ‘लोक’, ‘अवाम’ आदि संज्ञाओं से इंगित मानव समूह को एक खास सैद्धांतिक, नैतिक और विशेषकर राजनीतिक हैसियत दी गई।इस युग के राजनीतिक विमर्श में जनता की इस नई धारणा को राजसत्ता की वैधता का सर्वश्रेष्ठ (यानी सबसे वैध) आधार घोषित किया गया।यह युग-परिवर्तक घोषणा उन निर्णायक बदलावों में है, जिनके सहारे आधुनिक युग ने स्वयं को पूर्वगामी युग से अलग कर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।
पूर्वकालीन युग की मान्यताओं के अनुसार राजाओं को राज करने का अधिकार ईश्वर या किसी अलौकिक शक्ति से प्राप्त होता था।मूल बिंदु यही है कि पूर्व-आधुनिक युग में सत्ता की वैधता का स्रोत जनाधार नहीं था।बल्कि ‘साधारण जन’ की, चाहे उसे एक अमूर्त विचार के रूप में देखा जाए अथवा एक आनुभविक हस्ती के रूप में, राजसत्ता के संदर्भ में कोई सक्रिय विचारधारात्मक भूमिका नहीं थी।यह सही है कि राजा से अपेक्षा की जाती थी कि वह प्रजा को सुखी रखे, अपने राज्य में अमन-चैन बनाए रखे।लेकिन यदि राजा ऐसा करता था तो यह उसकी नेकी और कुशलता का और प्रजा की खुशकिस्मती का लक्षण था, न कि जनता के अधिकार का।
यही प्रजा जनता का आधुनिक रूप धारण करने के बाद राजसत्ता की वैधता का सबसे आधिकारिक एवं अजेय स्रोत बनती है।इस घटना के पीछे पश्चिमी (जी हाँ, पश्चिमी) उदारवादी राजनीतिक सिद्धांत के बुनियादी तर्क व प्रत्यय हैं।इनके मुताबिक आधुनिकता की उत्पत्ति तब होती है जब मनुष्य (नास्तिक बने बिना) ईश्वरवाद से परहेज करने लगता है और यह मानने लगता है कि सच्ची प्रभुसत्ता लौकिक मानव में ही निहित है, न कि किसी अलौकिक शक्ति में।लेकिन यदि प्रत्येक व्यक्ति में यह प्रभुसत्ता समान मात्रा में निहित है, तो समाज में अस्थिरता बनी रहेगी, क्योंकि धन या बाहुबल जैसे संसाधनों की गैरबराबरी के कारण कुछ लोग दूसरों का दमन करने लगेंगे।अनंत संघर्ष की अपरिहार्यता से बचने का एक स्थायी उपाय है कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी निहित प्रभुसत्ता को स्वेच्छया एक सामूहिक हस्ती को सौंप दे, जो समस्त समाज की संचित प्रभुसत्ता को ग्रहण कर उसका संरक्षक बने।यह संरक्षक आधुनिक काल का राजा है, जो जनता में निहित प्रभुसत्ता का समष्टिगत प्रतीक है।भले ही आधुनिक राजा-रानी भी पुराने राजाओं की तरह सिंहासन पर बैठें या मुकुट पहने, इनकी अवधारणा बिल्कुल अलग है, क्योंकि इन्हें ईश्वर ने नहीं, बल्कि जनता-जनार्दन ने प्रभुसत्ताधिकारी बनाया है।
जनता की आधुनिक धारणा को उन्नीसवीं सदी के समाजवादी विचारकों ने सर्वहारा के रूप में अवतरित कर उसकी नैतिक शक्ति में एक खास आयाम जोड़ा।समाजवादी विचारधारा ने जनता को बतौर सर्वहारा मानव इतिहास के महाकाव्य के महानायक के किरदार में पेश किया।अब जनता बनाम सर्वहारा का अधिकार केवल नैतिक आदर्श पर आश्रित नहीं रहा, बल्कि उसे वैज्ञानिक-तर्कशील सिद्धांत का सहारा भी मिला।फिर बीसवीं शताब्दी में ‘जनतंत्र’ की शक्तिशाली धारणा विचारधारात्मक हस्ती से बढ़कर एक संगठित टिकाऊ व्यवस्था बनती है।इस व्यवस्था में जनता का बाकायदा सत्ताभिषेक किया गया और उसकी नई हैसियत को जिस सांस्थानिक व्यवस्था ने दृश्यमान स्वरूप दिया उसका नाम है चुनाव।इसके साथ ही राजसत्ता की स्थापना में ‘जनता’ की भूमिका में बड़ा बदलाव आता है।यह अंतर्निहित और निष्क्रिय से स्पष्टोक्त और सक्रिय बनती है।अब ‘जनता’ शासक के चयन में प्रत्यक्ष और प्रकट ढंग से ‘चुनाव’ नामक संस्थान के जरिए शरीक होती है।
हम सभी जानते हैं कि समकालीन सहज बोध (कॉमन सेंस) में ‘जनता’ एक अत्यंत शक्तिशाली विचार है।लेकिन उसकी यह शक्ति ऐतिहासिक प्रक्रियाओं द्वारा निर्मित की गई है।जनता कोई स्वयंभू शाश्वत धारणा नहीं है, और न ही इसके मायने हमेशा के लिए स्थिर या तयशुदा हैं।लेकिन आम लोगों के सहज बोध में जनता लगभग कुदरती चीज नजर आती है, जिसका अर्थ पहले से और हमेशा के लिए तय है।इस नजरिये से देखा जाए तो राजनीति के क्षेत्र में जनता का विचारधारात्मक गुरुत्वाकर्षण इतना जबरदस्त है कि वह हर चीज को अपनी ओर खींचता है।यही कारण है कि परिचर्चा के सवालों में यह सहज-स्वाभाविक लगता है कि बुद्धिजीवियों को जनता के करीब होना चाहिए, जनहित का पैरवीकार होना चाहिए।लेकिन यह सहज-स्वाभाविक अपेक्षा किन कारणों से, या किन संदर्भों में, अनुचित भी हो सकती है इसका खुलासा करने से पहले दूसरे प्रश्न का सामना करना है।
बुद्धिजीवी से हम क्या समझते हैं?
अगर शुरू शब्दार्थ से किया जाए तो पेशेवर बुद्धिजीवी वह है जो अपनी जीविका बौद्धिक काम से कमाता है।बौद्धिक काम करने लायक बनने के लिए शिक्षण-प्रशिक्षण के लंबे दौर से गुजरना पड़ता है।जाहिर है कि ऐसा कर पाने के लिए आर्थिक संपन्नता के अलावा उन अन्य संसाधनों की भी जरूरत पड़ती है जिन्हें सामाजिक व सांस्कृतिक पूंजी कहा जाता है, जो कुलीन पृष्ठभूमि से ही उपलब्ध होती है।ऐसे में बुद्धिजीवी का अभिजात वर्ग से जन्म का रिश्ता है।निम्न वर्ग में उसकी उत्पत्ति केवल अपवाद के रूप में संभव है।अन्य पण्य या बिकाऊ वस्तु की तरह बौद्धिक उत्पाद के लिए कोई तयशुदा बाजार नहीं होता।इसलिए प्रशिक्षण के बाद भी विद्वज्जन को किसी न किसी प्रकार के यजमान की दरकार होती है, जिसकी छत्रछाया में वह अपना और अपने परिवार का पेट पाल सके।
पुराने जमाने के यजमान राजा और रईस ही हुआ करते थे, लेकिन आजकल बौद्धिक उत्पादन की सरपरस्ती प्रायः राजकीय संस्थाएं किया करती हैं।यह सही है कि समकालीन युग में उच्च शिक्षा और ज्ञानोत्पादन के राजकीय संरक्षण-पोषण को लेकर कुछ मान्यताए बनी हैं, जिनके अनुसार आधुनिक उदारवादी राज्य का कर्तव्य है कि वह इन संस्थाओं का सरपरस्त तथा आर्थिक अवलंब होने के बावजूद उन्हें वैचारिक स्वायत्तता दे।लेकिन ऐसा कोई देश नहीं है जहां वैचारिक स्वतंत्रता हमेशा या पूरी तरह कायम रही हो, और कई देशों में तो यह ज्यादातर गायब ही रही है।बीसवीं शताब्दी से यह संभावना पैदा हुई कि कुछ बुद्धिजीवी पेशेवर लेखक या कलाकार के रूप में अपने बौद्धिक उत्पाद बेचकर जीविका चला सकें।इसी समय बुद्धिजीवी का एक और वैकल्पिक स्वरूप उभरा जो रोजी रोटी किसी और पेशे से कमाते हुए साथ-साथ बौद्धिक काम भी करता था।कुल मिलाकर ‘यजमान’ या जीविका के साधन के कई प्रकार उत्पन्न हुए।लेकिन जीविका और बौद्धिक काम का आपसी तनाव कमोबेश बना रहा, क्योंकि यजमान जैसा भी हो, आखिर यजमान ही होता है, और उसकी प्रत्यक्ष ठकुरसुहाती नहीं तो परोक्ष चाकरी तो करनी ही पड़ती है।यही है पेशेवर बुद्धिजीवी का पहला विरोधाभास।एक तरफ वैचारिक स्वाधीनता उसके काम की बुनियादी शर्त है तो दूसरी तरफ आर्थिक पराधीनता उसकी सांसारिक मजबूरी है।
लेकिन प्रत्यय, धारणा या विचार के रूप में बुद्धिजीवी के अनेक प्रकार या अलग-अलग व्याख्याएं हो सकती हैं।प्रशिक्षित, पेशेवर बुद्धिजीवी की श्रेणी में वैज्ञानिक, समाज-वैज्ञानिक, शोधकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ आदि आते हैं।जनसामान्य पर वैचारिक प्रभाव डालने वालों में प्रसिद्ध लेखक, समीक्षक, कलाकार, पत्रकार व मीडिया कर्मी आते हैं।इसी तरह बुद्धिजीवी की कई अन्य श्रेणियां बनाई जा सकती हैं।
मार्क्सवादी चिंतक अंतोनियो ग्राम्शी ने बुद्धिजीवी का एक स्वरूप सुझाया है जिसका राजनीतिक विमर्श में खासा प्रभाव रहा है, जिसे वे ‘ऑर्गेनिक इंटलेक्चुअल’ की संज्ञा देते हैं।उनके अनुसार यह कतई ज़रूरी नहीं है कि ऑर्गेनिक इंटलेक्चुअल अर्थात स्थानीय संदर्भों से जुड़े जमीनी बुद्धिजीवी की भूमिका निभाने वाला व्यक्ति औपचारिक प्रशिक्षण-प्राप्त, डिग्री-उपाधि-शुदा विद्वान हो।बल्कि सबसे कारगर जमीनी बुद्धिजीवी छोटे-मोटे सरकारी अफसर, स्कूल शिक्षक, पुरोहित-पादरी या अन्य धार्मिक कार्यकर्ता, स्थानीय डाक्टर-इंजीनियर या अन्य पेशेवर व्यवसायी होते हैं।
ग्राम्शी का जमीनी बुद्धिजीवी साधारण जन के दैनिक जीवन में घुला-मिला रहता है।उसका समाज में सम्मानजनक स्थान होता है, और लोग उसे रहनुमा या मार्गदर्शक के रूप में देखते हैं।लेकिन इसके बावजूद आम लोगों और जमीनी बुद्धिजीवी का रिश्ता आत्मीय होता है।जमीनी बुद्धिजीवी रहनुमा का किरदार सहजता से जन-सामान्य से दूरी बनाए बिना अदा करते हैं।वे ऐसा इसलिए कर पाते हैं, क्योंकि ज्ञानदाता कम और अभिमत-शिल्पी ज्यादा होते हैं।यानी वे लोगों को सत्य-मिथ्या में भेद करना नहीं सिखाते, बल्कि यह सिखाते हैं कि वे किस विषय पर कैसा मत रखें।इसीलिए ग्राम्शी ने माना कि जमीनी बुद्धिजीवी समाज के सहज बोध (कॉमन सेंस) के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
याद रहे कि उसके अनेक प्रकार के अलावा बुद्धिजीवी के विचारधारात्मक रुझान भी अनेक हो सकते हैं।चूंकि बुद्धिजीवी की मूल धारणा विचारधारा-निरपेक्ष है।यानी चाहे वे दक्षिणपंथी हों या वामपंथी, दकियानूसी हों या तरक्कीपसंद, सभी बुद्धिजीवी कहलाने के हकदार हैं, बशर्ते वे अपने सामाजिक तबके के लिए जन-सुलभ सहज बोध के गठन-पुनर्गठन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दें।दूसरे शब्दों में, बुद्धिजीवी अपने काम (जनमानस को प्रभावित करना) से परिभाषित होता है, न कि अपनी विचारधारात्मक विशिष्टता से।साथ ही, अलग-अलग वर्गों और समुदायों के अपने अलग बुद्धिजीवी हुआ करते हैं।
आज के संदर्भ में ‘बुद्धिजीवी’ और ‘अवाम’ का रिश्ता उपर्युक्त प्रति-प्रश्नों के जवाब में मिली जानकारी के मद्देनजर परिचर्चा के सवालों पर दुबारा गौर करने पर हम पाते हैं कि मामला कुछ अलग-सा लग रहा है।जिन समस्याओं का शुरू में जिक्र था और (शायद) जिनके संदर्भ में चर्चा के सवाल रखे गए उनसे हमें ठोस सबूत मिलता है कि अरसे से हमारे समाज में एक मुहिम चल रही है जो व्यापक और सफल रही है।इसी मुहिम के तहत परस्पर द्वेष फैलाया गया है और अधिनायकवाद को लोकप्रिय बनाया गया है।जाहिर है कि जिस समाज में कोई असरदार विचारधारात्मक मुहिम चल रही हो, उसमें उस समाज के जमीनी बुद्धिजीवी अवश्य सक्रिय होंगे, बल्कि मुहिम की सफलता के लिए वे ही जिम्मेदार होंगे।
इस नजरिए से देखा जाए तो यह कहना सरासर गलत है कि भारतीय बुद्धिजीवी अपने समाज से कटे हुए हैं, या जनमानस पर उनका प्रभाव जाता रहा है।अगर हम बुद्धिजीवी की संकीर्ण परिभाषा से हटकर ग्राम्शी की व्यापक परिभाषा से काम लें तो पाएंगे कि भारत के अनगिनत, अधिकतर गुमनाम, जमीनी बुद्धिजीवियों ने पिछले दो दशकों में कमाल का काम किया है।फर्क सिर्फ यही है कि विचारधारात्मक दृष्टि से ये प्रभावशाली बुद्धिजीवी (मोटे तौर पर) दक्षिणपंथी और/अथवा सांप्रदायिकतावादी या हिंदुत्ववादी कहलाएंगे!
ऐसा कहना उथली तार्किक पैंतरेबाजी नहीं है, क्योंकि इससे असली सवाल भारत की प्रगतिशील, उदारवादी या समाजवादी सोच के बुद्धिजीवी आजकल निष्क्रिय और प्रभावहीन क्यों लग रहे हैं, का जवाब ढूंढने में मदद मिलेगी।आखिर बुद्धिजीवी की एक प्रजाति की सफलता दूसरी प्रजाति की विफलता का कारण बन सकती है।लेकिन इस दिशा में आगे बढ़ने से पहले हमें एक और प्रतिप्रश्न का सामना करना है।
जनता की अवधारणा और उसके अर्थ-विकास की ऐतिहासिक प्रक्रिया का उपर्युक्त विवरण एकतरफा रहा है।इस विवरण में केवल जनता की बढ़ती विचारधारात्मक धाक पर जोर दिया गया है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि जनता एक अचूक राजनीतिक कसौटी है जिसपर राजनीति से संबद्ध हर हस्ती या परिघटना को परखा जा सकता है।लेकिन इतिहास साक्षी है कि जनता अकसर इंसाफ, इंसानियत, या उदारता जैसे उसूलों के खिलाफ खड़ी पाई जाती है।इसलिए यह अनिवार्य नहीं है कि प्रगतिशील बुद्धिजीवी हमेशा जनता का साथ दें या उसका समर्थन करें।विडंबना यह है कि आधुनिक उदारवादी विचारों की जीत ही जनता की प्रतिगामी प्रवृत्तियों का कारण बनती है।
ऊपर का विवरण चुनाव के संस्थान तक पहुंचा था।ध्यान रहे कि चुनाव की प्रक्रिया में संख्या और गिनती का केंद्रीय स्थान है।लेकिन यह भी याद रखने लायक है कि जब जनतंत्र के पश्चिमी राजनीतिक सिद्धांत में बहुमत की जीत और अल्पमत की हार का नियम बना तो यह विभिन्न मतों (यानी विचार, राय, दृष्टिकोण आदि) के संदर्भ में बना था, न कि चिरातन अस्मिताओं पर आधारित समुदायों (यानी कौम, संप्रदाय, जाति आदि) के संदर्भ में।अर्थात चुनाव द्वारा अलग-अलग मतों की हार-जीत होती थी और समझ यह थी कि चूंकि लोगों के विचार बदल सकते हैं, आज जिस मत की हार हुई है वह कल जीत सकता है।मत या दृष्टिकोण का ही विकसित स्वरूप है राजनीतिक दल।ऐसे दल एक खास मत-संकलन के रूप में प्रकट होकर नागरिकों को मनाने की (यानी उनका वोट पाने की) कोशिश में एक-दूसरे के प्रतियोगी बनेंगे।स्वस्थ व जनतांत्रिक राजनीतिक स्पर्धा का यह आदर्श स्वरूप सत्ता के होड़ की जमीनी सचाइयों के सामने टिक नहीं सका।जनता को लुभाने-बहकाने-उकसाने-मनाने की प्रणालियों के विकास के साथ बहुमतवाद से बहुसंख्यकवाद तक पहुंचने का रास्ता खुल गया।जहां बहुमतवाद की आदर्श धारणा मत-भेद की समस्या को फौरी और अस्थायी वैचारिक बहुमत के जरिए सुलझाना चाहती थी वहीं बहुसंख्यकवाद की सत्ता-परस्ती धारणा स्थायी अस्मिताओं के आधार पर बहुसंख्यक समुदाय का वर्चस्व (और अल्पसंख्यकों की अधीनता) कायम करना चाहती है।
अगर जनता, जो राजनीतिक मामलों में सर्वोपरि मानी जाती है, खुद बहुसंख्यकवाद की ओर चल पड़े तो प्रगतिशील कहलाने वाले बुद्धिजीवी क्या करें? वामपंथी विमर्श ने जनता की धारणा को सर्वहारा के रूप में अवतरित कर उसमें एक नया आग्रह भर दिया, जिसके कारण सर्वहारा के हितों के प्रति समर्पित होना प्रगतिशील बुद्धिजीवी के राजनीतिक-ऐतिहासिक कर्तव्य के रूप में प्रकट होता है।इसलिए जनता का सही रास्ते से भटकना मार्क्सवादी सिद्धांत के लिए एक गंभीर समस्या बनती है।भ्रमित चेतना (या झूठी चेतना फॉल्स कांशियसनेस) की धारणा इस समस्या को सुलझाने का एक सतही और अंततः विफल प्रयास है।
विचारधारात्मक संघर्ष को बेहतर समझने के लिए हमें इस विषय के सबसे प्रभावशाली विश्लेषक अंतोनियो ग्राम्शी के लेखन की ओर लौटना होगा।उनके मुताबिक बीसवीं सदी के तीसरे दशक तक पश्चिमी जगत के विकसित पूंजीवादी देशों की स्थिति ऐसी हो चुकी थी कि वहां समाजवादी क्रांति सशस्त्र संघर्ष द्वारा नहीं लाई जा सकती थी।क्रांति की ओर बढ़ने के लिए लंबी विचारधारात्मक लड़ाई लड़नी होगी जिसके अग्रगामी योद्धा जमीनी बुद्धिजीवी ही होंगे।ग्राम्शी हमें आगाह करते हैं कि विचारधारात्मक संघर्ष सतत जारी रहता है और इसमें कोई एक लड़ाई आर-पार की या निर्णायक नहीं होती, बल्कि यह अनगिनत छोटी-छोटी लड़ाइयों की श्रृंखला है।इतना ही नहीं, इस चिरायु संघर्ष में सभी विचारधाराओं के बुद्धिजीवी जनमानस को प्रभावित करने, एवं समाज के सहज बोध को गठित करने की प्रतियोगिता में भाग लेते हैं।
उदारवादी बुद्धिजीवी क्यों असफल रहे हैं?
वे क्या कारण हैं जिनकी वजह से पिछले लगभग दो दशकों में जनसाधारण को प्रभावित करने की प्रतियोगिता में दक्षिणपंथी एवं हिंदुत्ववादी बुद्धिजीवी सफल और वामपंथी व उदारवादी बुद्धिजीवी असफल रहे हैं?
उदारवादी व प्रगतिशील बुद्धिजीवियों की समकालीन चुनौतियां सबसे बड़ी चुनौती है दो प्रकार की ‘महामारियों’ के मिलन का संयोग।कोरोना वायरस कोविड-१९ की महामारी से पहले विश्व में एक अन्य किस्म की महामारी फैल रही थी जो अस्मितामूलक दक्षिण पंथी विचारधारात्मक प्रवृत्तियों के विश्वव्यापी उभार के रूप में प्रकट हुई।
इस उभार की सर्वांगीण व्याख्या अभी अधूरी है, लेकिन इसके कुछ बहुचर्चित आयामों के बारे में समझ बन चुकी है।दक्षिणपंथी रुझान का एक कारक नव-उदारवादी विमर्श और उससे उपजी आर्थिक-सामाजिक नीतियां हैं।इन नीतियों ने राजतंत्र को अपने पुराने समाज कल्याणमूलक भूमिका से अलग कर निर्बाधित बाजार के सेवक-समर्थक की भूमिका में समाविष्ट कर लिया।१९९० के दशक में, भूतपूर्व सोवियत संघ के विघटन के बाद यह विचारधारा व राज्य-प्रबंधन प्रणाली निर्विकल्प बन कर सारी दुनिया पर हावी हुई।इस प्रणाली ने वैश्वीकरण की प्रक्रिया को बढ़ावा देते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन लाए।कुछ इन नई आर्थिक नीतियों के कारण और कुछ विकसित देशों में अन्य देशों से आए प्रवासित लोगों के कारण पश्चिमी जगत में नस्लवाद और कट्टरपंथी विचारधाराओं ने तूल पकड़ा।कई देशों में बहुसंख्यक समाज खुद को उपेक्षित मानने लगा और दकियानूसी नेताओं और दलों को समर्थन देना शुरू किया।इसी प्रक्रिया के तहत ब्रिटेन, संयुक्त राज्य अमेरिका के अलावा हंगरी, ब्राज़ील, तुर्की इत्यादि देशों में ‘मूल निवासी’ आधारित अस्मितामूलक आंदोलनों के ज्वार ने दक्षिणपंथी अधिनायकवादी शासनतंत्र को स्थापित किया।अपनी तमाम विशिष्टताओं के साथ हमारे यहां की हिंदुत्व लहर भी इसी व्यापक रुझान का हिस्सा है।जिस तरह १९६०-७० के दशकों में वामपंथी-उदारवादी विचारधाराओं का उफान था, कुछ उसी तरह आजकल इसकी विपरीत विचारधाराओं का दौर है।
लेकिन कोरोना महामारी का इसी समय आना प्रगतिशील पक्ष के लिए विशेष रूप से हानिकारक रहा है।मोटे तौर पर तानाशाही शासन तंत्र को एक प्राकृतिक आपदा के आने से लोकतांत्रिक पद्धति के विपरीत कदम उठाने में मदद मिली।इसका सबसे प्रत्यक्ष उदाहरण है सार्वजनिक विरोध प्रदर्शनों को प्रतिबंधित करने की छूट।नागरिकता कानून संशोधन विधेयक के खिलाफ चल रही मुहिम को एकाएक बंद करना पड़ा और किसान आंदोलन पर भी स्वास्थ्य-सुरक्षा के बहाने प्रतिबंध लगने की संभावना बनी रही।इसके अलावा अनगिनत स्थानीय प्रदर्शन-धरना व आम सभा कार्यक्रमों का रद्द किया जाना सत्ता पक्ष के लिए वरदान साबित हुआ।
साथ ही युद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न होने के कारण कई देशों में एक किस्म की महामारीजनित देशभक्ति उमड़ी जिससे सत्ता पक्ष को फायदा मिला।इटली और चीन सहित भारत में भी इसके आसार दिखे।संकटकालीन देशप्रेम विचाराधाराओं की सतह से उठती हुई नेकी और वफादारी से भरी जनहित-अनुकूल भावना के रूप में प्रकट होकर राजतंत्र को बिना लाग-लपेट के संपूर्ण स्वैच्छिक समर्थन देकर उसके वर्चस्व को बढ़ाती है।ऐसी परिस्थिति में तानाशाही प्रवृत्ति के नेताओं को महानायक बनकर जनता के रक्षक के रूप में उभरने में सहायता मिलती है।याद कीजिए कि हर इंसान के लिए अनिवार्य कोविड टीका प्रमाणपत्र पर हमारे माननीय प्रधानमंत्री की तस्वीर छपी थी, मानो उन्होंने व्यक्तिगत रूप से हर नागरिक की रक्षा की हो।
पारंपरिक सामूहिक विरोध-प्रदर्शन के प्रतिबंधित होने से सत्ता पक्ष से भिन्न मत रखने वाले और उनकी दलीलें भी अदृश्य हो गईं।इसके कारण सोशल मीडिया का महत्व बढ़ा और इस माध्यम पर दक्षिणपंथी प्रचारक पहले ही हावी थे।हालांकि अब उनका पलड़ा इतना भारी नहीं रहा जितना कुछ वर्ष पहले था, लेकिन फिर भी यह मानना होगा कि ‘व्हाट्सएप्प विश्वविद्यालय’ के शूरवीर ज्यादातर कट्टरपंथी ही हैं उदारवादी नहीं।महामारी के दिनों में स्थापित वर्चुअल संप्रेषण माध्यमों की केंद्रीयता का असर महामारी के जाने के बाद भी बना रहा।अब इस रणभूमि के अनुकूल संप्रेषण प्रणालियों को विकसित करना अनिवार्य हो चला है।आनुभविक यथार्थ और दिन-ब-दिन अधिक यथार्थाभासी होते समाज के बीच नए सिरे से तालमेल बिठाना होगा।
किंतु अंततोगत्वा यह सभी कारण सवाल के मर्म तक नहीं पहुंच पाते हैं।विचारधाराओं के उतार-चढ़ाव का सवाल उन सवालों में है जिनके जवाब समकालीन नहीं हो सकता वे कालांतर के बाद ही मिल सकते हैं।लेकिन मौजूदा हालात के एक महत्वपूर्ण पहलू का जिक्र अभी बाकी है।यह है संस्थापित बौद्धिक वर्ग और राजतंत्र के संचालक वर्ग के बीच की खाई।दोनों वर्गों में आपसी मतभेदों का होना स्वाभाविक ही नहीं, अपेक्षित है, मगर आज की स्थिति अभूतपूर्व है।इंदिरा गांधी के समय के घोषित आपातकाल के दौरान भी बौद्धिक वर्ग सत्ता वर्ग से इस कदर कटा हुआ नहीं था जितना वह आज है।प्रगतिशील कहलाने वाले बुद्धिजीवी वर्ग को इस असुविधाजनक सत्य का सामना करना होगा कि आजाद भारत में उनको प्रत्यक्ष और व्यापक मतभेदों के बावजूद हमेशा राजसत्ता का बुनियादी संरक्षण प्राप्त रहा है।सत्ता के आका बौद्धिक सरोकारों से पूरी तरह कटे हुए हों यह पहली बार हो रहा है।समय ही बताएगा कि उदारवादी व प्रगतिशील बौद्धिक समुदाय पर सत्ता के परोक्ष पोषण से वंचित होने का क्या असर होगा।
समाजशास्त्र विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली
