सुप्रतिष्ठित कथाकार ‘पहिये’, ‘मरता हुआ पेड़’, ‘जगो देवता, जगो’, ‘एक बटा एक’, ‘बत्तियां’, ‘सैल्यूट (छह कहानी–संग्रह), ‘कहानी : परिद़ृश्य और प्रश्न’, ‘अच्छी कहानी : अवधारणा और पहचान’ (कथा–आलोचना) आदि। सत्रह सालों से साहित्यिक पत्रिका ‘परिकथा’ का संपादन

 

अब यह अजीब सी दुश्वारी थी कि जहां शहर एक अनजानी जानलेवा महामारी के चलते पूरी तरह से बंद था, वहीं रमजान का महीना भी शुरू हो गया था। समद ने हर साल की तरह रोजा रख तो लिया, लेकिन गैराजनुमा कमरे के सब कोनों में झाड़-झूड़कर देख लिया, थोड़ा बहुत चावल था, थोड़ा सा ही आटा। एक तरफ डिब्बे में नमक, अलमुनियम की कटोरी में हल्दी का पाउडर। बाहर रिक्शा निकालकर जाना नहीं था कि सवारियां मिलें और कमाई का जरिया बने। ऐसे ही वक्त उसे रेहाना याद आई। वह थी तो सारा इंतजाम कर लेती थी। रिक्शे की कमाई से हुआ तो हुआ, नहीं हुआ तो आसपास के आया या ड्राइवरों के घरों से उधार पर अनाज माग-मूंग कर इंतजाम कर लिया। उसे कभी पता भी नहीं चला, कौन सी चीज घर में है, कौन सी नहीं। अब वह कहां जाए, उधार मांगने? फिर किसके पास होगा इतना कि वह अपने लिए भी रखे और दूसरे को भी उधार दे?

तभी उसकी फिक्र में एक नई चीज आ जुड़ी। ये बहुत गहरे दर्द में उठती-गिरती आवाजें थीं जैसे किसी का गला दबाकर या किसी चीज में फंसाकर सांसें रोकी जा रही हों या किसी का मुंह आधा खुला और आधा बंद हो। इन आवाजों के साथ किसी के उठने-गिरने या लड़खड़ाकर गिरने और फिर उठने की आवाजें भी थीं।

बाहर की दुनिया के पूरी तरह बंद होने और रोजा रखे होने की हालत में गैरेज में ही बंद रहना समद की मजबूरी थी, लेकिन वह अपने गैरेज का पल्ला ठेलते हुए बाहर आ गया। जिधर-तिधर मुंह उठाकर अंदाज लेने लग गया, किधर से आ रही हैं आवाजें। लेकिन आवाजें कहां से आ रही हैं, इसका ठीक-ठीक अंदाजा नहीं लग पा रहा था।

उसे एक बार तो लगा, कहीं यह आवाजों का वहम तो नहीं है, क्योंकि गली के सारे दरवाजे बंद थे, खिड़कियां भी बंद थीं। लोग अपनी जान बचाने के लिए घर की दीवारों के बीच बंद थे कि नहीं दिखने वाला जानलेवा रोग कहीं हवाओं के साथ घर में, फिर नाक या मुंह में न घुस जाए।

हर शहर–कस्बे की तरह यह शहर भी इस खतरनाक अनजाने रोग की गिरफ्त में था। लॉकडाउन लगा हुआ था। सब कुछ बंद था। कोई भी कहीं निकल नहीं सकता था। दुश्वारी यह थी कि रोजा रखनेवाले दुकानों से या बाजार से कुछ पा नहीं सकते थे। जो कुछ भी घर में था, रोजा उसी के सहारे निभ रहा था। समद खुद भी रिक्शा को गैरेज के बाहर लगाकर गैरेज में बंद था। जब शहर पर ही ताला पड़ा हुआ हो तो कहां कोई सवारी मिलेगी और कहां किस दुकान से उधार मिलेगा। अब घर में जो कुछ भी था, उसी की बदौलत जीना–मरना था।

थोड़ी ही देर बाद आवाजें फिर आईं तो वह फिर भीतर से हिला। इतनी दर्द भरी कराहें कैसे बैठने दे सकती थीं?

उसे खयाल आया, वह आसपास के घरों के इर्द-गिर्द घूमे और समझने की कोशिश करे, आवाजें कहां से आ रही हैं। आखिर यह मुश्किल में पड़े हुए किसी आदमी की ही तो पुकार है जो किसी की मदद चाह रहा है। वह इन आवाजों को कैसे नजरअंदाज कर दे, खुदा ऐसी किसी लापरवाही के लिए किसी रोजेदार को कभी माफ नहीं करेगा। फिर वह खुद भी खुद को कैसे माफ कर पाएगा?

वह आगे बढ़कर बगल की गली में चला आया। आवाजें यहां भी सुनाई पड़ीं। वह धीरे-धीरे बढ़ने लगा।

वह कुछ कदम चला था कि बगल की पक्की नाली में एक कुत्ता पड़ा हुआ दिखाई पड़ गया। इस लॉकडाउन में घूमते-भटकते रहने पर भी इसे कुछ खाने को नहीं मिला होगा और अब कमजोर होकर गिर पड़ा है तो इससे उठा भी नहीं जा रहा है। कुत्ता हांफ रहा था और उसकी सांसें तेज-तेज चल रही थीं। उसने कुत्ते को हिकारत भरी नजरों से देखा, तो तू है जो मुझे इतना परेशान किए हुए है। तूने ही मुझे एक बार पीछे से आकर काटा था और मुझे अस्पताल में पट्टी करवानी पड़ी थी। लेकिन वह तुरंत पसीज भी गया, कुछ हुआ तो तुम्हें भी एक रोटी दे जाऊंगा।

समद को वापस अब गैरेज की तरफ ही बढ़ना था। वह कुछ कदम बढ़ा कि आवाजें फिर से सुनाई पड़ गईं। वह रुक गया, ‘नहीं, ये तो किसी जिंदा आदमी की आवाजें हैं। आवाजों में इतनी कराह और तड़प है कि कलेजा फट जाए, दिल निकल कर बाहर आ जाए। कोई शख्स जरूर मुश्किल में है और मदद चाह रहा है।

चारों तरफ सन्नाटा था। ये गलियां इतनी सुनसान कभी नहीं हुई थीं, लेकिन अभी तो थीं। उसने आसपास के मकानों के जिधर-तिधर फिर से चक्कर लगाने का फैसला किया, आवाजें जहां ज्यादा साफ-साफ सुनाई पड़ेंगी, वहीं कहीं यह कराह रहा शख्स होगा।

उसने आसपास के मकानों को ऊपर से नीचे देखते हुए आहट लेने की कोशिश की। कहीं से कोई आवाज नहीं सुनाई पड़ी। उसके कदम फिर थोड़ा आगे बढ़े।

तभी वह चौंका और रुक गया। पास के मकान से एक मर्द और एक औरत के आपस में झगड़ने की आवाजें आ रही थीं। वह मन ही मन हंसा, जब कोई काम न हो और घर में बंद रहना पड़ जाए तो ऐसा ही होता है। जो दबाव दिमाग पर बना हुआ हो, उसे किसी न किसी तरह बाहर निकालना होता है।

लेकिन यह एक ऐसा लमहा साबित हो गया कि वह हँस नहीं पाया। जिस मकान से लड़ने-झगड़ने की आवाजें आ रही थीं, उसी मकान से तुरंत फिल्मी गाने की आवाजें आने लगी थीं। दुत, ये तो घर में बैठे बैठे टीवी रेख रहे हैं, चैनल बदल रहे हैं और टाइम पास कर रहे हैं, मुझ जैसे बेवकूफ का ख्याल खींच रहे हैं।

वह खुद-ब-खुद आगे बढ़ गया। कुछ ही मकान गुजरे होंगे कि नीचे के तल्ले से रोने-धोने की आवाजें सुनाई पड़ने लग गईं। या खुदा कितनी मुश्किलें आ गई हैं लोगों के हिस्से में, वह बुदबुदया।

मकान के सामने एक आदमी घबराया सा इधर-उधर देख रहा था। समद आदमी के पास रुक गया। सामने आकर उसने दोनों हाथ जोड़े, ‘साहब जी, कोई गमी हुई है?’

‘गमी तो हुई है। घर का आदमी अस्पताल में मर गया, लेकिन वे लाश दे नहीं रहे हैं। हम सभी परेशान हैं कि क्या करें…।’ आदमी खीझ रहा था, लेकिन वह गहरी उदासी में भी था।

एक उदासी ने उसे भी अपनी गिरफ्त में ले लिया, ‘उफ, यह वक्त ही खराब है।’

इस वक्त उसे अपनी बीवी रेहाना फिर याद आ गई, कितनी अच्छी और नेकदिल थी। मुहल्ले की सारी औरतें उसे कितना चाहती थीं। कितनी जल्दी मुझे अकेला करके खुद खुदा के पास चली गई। रात को हल्का सा पेट दर्द ही तो हुआ था। कितनी तेज रफ्तार में रिक्शा दौड़ाकर वह अस्पताल पहुंचा था, लेकिन डाक्टर ने कह दिया, पेट में कुछ फट गया है, खून भर गया है। आज की बीमारी देखते हुए भला वह भी कोई बीमारी थी। वह आज होती तो मेरी ताकत होती। हर मुश्किल में मेरा साथ दे रही होती।

उसके मन की सुस्ती कुछ ही लमहों में उसकी पूरी देह पर हावी हो गई। उसे लगा, वह यहीं कहीं बैठकर अपनी बीवी को ठीक से याद कर ले और थोड़ा रो ले। उसने आसपास नजरें दौड़ाईं कि बैठने की कहीं कोई जगह दिखाई पड़ जाए। लेकिन कहीं कोई जगह दिखाई नहीं पड़ी।

अब यहां उसके रुकने की कोई गुंजाइश नहीं थी। उसने दूसरी तरफ बढ़ना शुरू किया, लेकिन पैर थे कि उठ नहीं रहे थे। फिर भी उसने खुद को कुछ दूर घसीटा।

ये वे लमहे थे जब उसका दिल कुछ करने से इनकार कर रहा था। उसे लगा, अब गैरेज में चलकर पहले दिल को हल्का कर लिया जाए। तभी एक दूसरा खयाल भी आया कि इतना चक्कर लगा ही लिया है तो एक बार दूसरी तरफ वाली गली में भी घूम ही लिया जाए। क्या पता, आवाजें उधर ही कहीं से आई हों।

वह आहिस्ता आहिस्ता उदासी में डूबते-उतराते दूसरी तरफ बढ़ा ही था कि कराहने की उठती-टूटती आवाजें सचमुच सुनाई पड़ गईं। उसके दिमाग में तुरंत एक लहर कौंधी कि वह पांच-पांच कदम आगे बढ़े और रुक-रुक जाए और गौर से आवाजें के आने की जगह का अंदाजा लगाए। जहां आवाजें सबसे साफ सुनाई पड़ेंगी, कराहने वाला जरूर वहीं कहीं आसपास होगा।

पांच कदम आगे बढ़कर वह रुका। आवाजें सुनाई पड़ रही थीं। वह पांच कदम फिर आगे बढ़कर रुका, आवाजें इस बार ज्यादा साफ सुनाई पड़ रही थीं। अगले पांच कदमों पर तो उसे पूरी तरह यकीन हो गया कि अब कहीं जाने की जरूरत नहीं है, जो आदमी कराह रहा है, वह इन्हीं दो-तीन मकानों में से किसी एक मकान में है।

बहुत वाजिब था कि उसने एक बार और अंदाज लेने और इत्मीनान हो जाने की जरूरत समझी। कराहने की आवाजें सामने के घर की ऊपरी तरफ से ही आ रही थीं।

यह फ्लैट की तरह बने हुए दो घरों का एक जोड़ा था। बीच में एक सीढ़ी थी जिससे दोनों घरों में जाया जा सकता था।

एक बार वह ठिठका, इतने सन्नाटे में वह कैसे सीढ़ियां चढ़े। पता नहीं, कोई क्या सोचे? कहीं उसे चोर-उचक्का न समझ लिया जाए। लुगी और उसके ऊपर एक पुराना सा कुर्ता, इस पहनावे में वह कुछ दूसरा क्या लगेगा? लोग जैसे-तैसे पहनावे वालों को ही तो चोर-उचक्का समझते हैं आजकल।

उसको तुरंत एक उपाय सूझ गया, वह पैरों से धप-धप की आवाजें निकालते हुए सीढ़ियां चढ़े ताकि कोई यही समझे कि वह छिपकर नहीं, आने का ऐलान करते हुए आ रहा है। वह पैरों से धप-धप करते हुए इस उम्मीद के साथ छह-सात सीढ़ियां चढ़ा कि उसकी आहटें सुनकर कोई आवाज लगाए, उससे कुछ पूछे लेकन कहीं से कोई आवाज नहीं आई, न ही किसी ने कुछ पूछा। इस बार वह वहां तक चढ़ आया जहां आमने-सामने दो दरवाजे थे जो बंद पड़े थे।

उसने पहले एक दरवाजा से कान सटाया। उधर से कोई आवाज नहीं आई। दूसरे दरवाजे की तरफ मुड़ते ही कराहने की आवाजें साफ सुनाई दीं। उसने दोनों हथेलियों से दरवाजे पर थाप दी। तुरंत भीतर से हांफते हुए, लड़खड़ाते हुए किसी के दरवाजे की ओर बढ़ने की आवाजें आईं।

यह एक ठहरा हुआ लमहा था। सामने एक हांफता हुआ बीमार आदमी गिरने–गिरने की हालत में झुका हुआ सा खड़ा था। उसने झट आदमी को दोनों हाथों से थाम लिया। आदमी ने कांपते हाथ से सामने पड़े हुए मास्क और बटुए को उठा लेने का इशारा किया। फिर लड़खड़ाती आवाज में ही विनती की, ‘मुझे… किसी तरह… अस्पताल… पहुंचा दो… और मेरी जिंदगी… बचा दो…।’

समद ने बटुआ बाबू जी की पाकिट में ठूंस दिया।

‘बस दो चार मिनट हिम्मत रखिए, बाबू जी। मैं अपना रिक्शा गैरेज से यहां नीचे सीढ़ी तक खींच लाता हूँ।’

वह दौड़ते हुए वापस भागा। सचमुच दो-चार मिनटों में ही रिक्शा नीचे सीढ़ी के पास था।

जल्दी-जल्दी ऊपर पहुंचकर उसने सामने वाले दूसरे दरवाजे पर थाप दी।

‘इस समय कौन हो, भाई?’ यह भीतर से आती हुई गुस्सा-भरी आवाज थी।

‘साहब जी, आपके सामने वाले फ्लैट के बाबू जी बहुत ज्यादा बीमार हैं। मैं उन्हें रिक्शे पर अस्पताल ले जाना चाहता हूँ। मेरी मदद कर दीजिए कि मैं उन्हें सीढ़ी से उतार लूं।’ वह गिड़गिड़ा रहा था।

‘तुम्हारे बाबू जी की बीवी बेटे के पास बंगलोर जाकर बैठी हुई हैं। तुम उन्हें ही फोन कराकर बुलवाओ। जब तक यह महामारी है, हमारा दरवाजा तो नहीं खुलेगा।’ यह भीतर से आती हुई चिढ़-भरी आवाज थी।

‘कोई एक आदमी तो आ जाइए और मेरी मदद कर दीजिए’, वह दुबारा गिड़गिड़ाया। लेकिन इस बार भी कोई आवाज नहीं, सिर्फ गहरी खामोशी थी।

‘बाबू जी, आप बस थोड़ी सी ताकत लगाइए और हिम्मत रखिए। अपने दोनों हाथ मेरे कंधे पर डालकर मेरी पीठ पर लद जाइए। मैं आपको धीरे-धीरे एक-एक कदम करके रिक्शे तक ले चलूंगा।’ समद ने बाबू जी की हिम्मत बढ़ाई और उनका बोझ कंधे पर लेने लग गया।

‘हां, हां, तुम… देवता हो… भाई, मुझे बचाने में… लगे हो।’

‘हां, हां… मेरे हाथ पकड़े रहिएगा…’ समद ने बाबू जी के दोनों हाथों को अपने कंधे पर आगे की तरफ से पकड़ा।

अगले कुछ लमहे दो दो जनों के लड़खड़ाते, घिसटते हुए सीढ़ियों से उतरते जाने के थे। सन्नाटे में किसी के दीवार से टकरा जाने, कभी रगड़ खा जाने, कभी सीढ़ी पर थस से बैठे जाने, ‘बस, बाबू जी थोड़ा और’, ‘हां-हां ठीक है’, ‘थोड़ा रुक जाओ.. सांस ले लेने दो’, ‘ही, ही, ठीक’, दो दो जनों के हांफने, जोर जोर से सांस लेने की आवाजें थीं। फिर कुछ लड़खड़ाहटें हुईं।

‘हम नीचे आ गए, बाबू जी। आप मेरे रिक्शे पर पीछे की तरफ होकर लद जाइए। मैं जोर लगाकर आपको रिक्शे पर चढ़ा रहा हूं। आप जोर लगाइए। बाबू जी… हां। मैं आपको अस्पताल जरूर पहुंचाऊंगा। यह मेरा वायदा है। हां…’ यह हांफते हुए समद की आवाज थी।

‘तुम… सचमुच… देवता हो।’ बाबू जी की टूटी हुई आवाज एक बार उनके थके हुए होठों से निकली।

‘मैं रोजे पर हूँ, बाबू जी। मैं रोजे में इंसानियत के उसूलों को निभाऊंगा और मुसीबत में पड़े आदमी की जान को हर हाल में बचाऊंगा।’ समद की सासें कुछ-कुछ सहज हो रही थीं।

रिक्शे पर बाबू जी की टेढ़ी-मेढ़ी लदी हुई देह थी। समद ने एक हाथ बाबू जी की देह के साथ सटाए रखा और दूसरे हाथ से हैंडिल पकड़े हुए रिक्शे को आगे की तरफ ठेलना शुरू किया। रिक्शा धीरे-धीरे बढ़ रहा था।

लंबी सड़क सुनसान पड़ी थी। कहीं कोई आवाजाही या गतिविधि नहीं थी। न गाय, न कुत्ते, सड़क पर कोई जीव–जंतु दूर–दूर तक नजर नहीं आ रहा था। अगल बगल की इमारतें, दुकानें सभी बंद। यह एक अलग तरह का कभी नहीं देखा हुआ सन्नाटा था, जैसे जिंदगी के सारे निशान कहीं बंधक हों। बस सामने एक लंबी सड़क थी और उस पर डरा देने वाली खामोशी।

इस परिद़ृश्य में अब तीन चीजें दाखिल थीं– एक हाथ से रिक्शे का हैंडल और दूसरे हाथ से बाबू जी को थामे समद, रिक्शा पर टेढ़े–मेढ़े लुढ़के हुए बाबू जी और धीरे–धीरे सरकता हुआ एक रिक्शा।

‘रुक…’।

कुछ ही समय गुजरा था कि जैसे आसमान से गिरती हुई बिजली की कोई आवाज आई। समद भीतर से हिला और रुक गया।

सामने रास्ता रोके एक पुलिस जीप खड़ी थी। जीप से एक वर्दीधारी नीचे उतरा और हवा में एक बेंत लहराई।

‘शहर में लॉकडाउन लगा हुआ है, सड़क पर निकलने पर रोक लगी हुई है और तू मजे से मनमाने पैसे वसूलकर सवारी ढो रहे हो?’ एक पुलिसवाला समद के सामने तनकर खड़ा था।

‘साहब, मैं जहां गैरेज में रहता हूँ, ये उसी इलाके में रहने वाले बाबू जी हैं। ये घर में तड़प और कराह रहे थे। मुझसे रहा नहीं गया, इन्हें अस्पताल पहुंचाने जा रहा हूँ। मैं इसके लिए कोई भाड़ा नहीं लूंगा, साहब जी।’ समद के हाथ जुड़े हुए थे।

‘क्या नाम है तुम्हारा?’ यह सवाल नहीं, गुर्राहट थी।

‘समद…’

‘समर…’?

‘नहीं साहब जी, अब्दुस्समद…।’

‘तभी तो… वरना अभी दूसरा कौन कानून तोड़ने की हिम्मत करेगा?’

‘साहब जी, मैं रोजे पर हूँ और रोजे का उसूल निभा रहा हूँ कि किसी की जान जोखिम में है तो उसे बचा लेने की हर कोशिश की जाए। मैं हाथ जोड़ रहा हूँ, बाबू जी की सांसें तेज तेज चल रही हैं, मदद कीजिए, इनको जीप में लादकर अस्पताल तक छोड़ दीजिए कि इनकी जान बच जाए।’ वर्दी धारी के सामने समद के दोनों हाथ जुड़े हुए थे।

‘चोप्प… मरीज को अस्पताल पहुंचाकर सीधे घर जा। …. दुबारा दिखा तो फिर तुम्हारा मुकाबला इस बेंत से होगा और तुम्हारा यह रिक्शा थाने में कबाड़ बन जाएगा… भाग…।’

जीप घर्र-घर्र करते हुए आगे बढ़ गई और जीप के बाहर एक बेंत हवा में लहराती रही।

समद का रिक्शा फिर बढ़ा और कुछ दूरियां कट गईं। अचानक वह रुक गया। उसे लगा, बाबू जी की आवाजें नहीं आ रही हैं। वे तो यहां तक कुछ न कुछ टूटी फूटी लड़खड़ाती आवाज में बोलते आए हैं। क्यों चुप हो गए बाबू जी?

‘बाबू जी…. बाबू जी’ उसने रिक्शा पर लुढ़के हुए बाबू जी को झकझोरा।

बाबू जी की कराह निकली और आंखें थोड़ी सी खुलीं।

‘बाबू जी, बाबू जी, हम अस्पताल पहुंच जाएंगे। आप थोड़ा सा हौसला रखिए।’

समद का रिक्शा बढ़ा लेकिन फिर रुक गया। अभी वह लुंगी से अपना चेहरा पोंछ रहा था और अपनी सांसों को सहेज रहा था। जाहिर है, ज्यादा थकान हो गई थी, हलक सूखता हुआ लग रहा था और यहां से फिर सफर शुरू किया जाना था जिसके लिए ताकत बटोरी जानी थी।

‘पानी… पानी…’ ये बाबू जी की आवाजें थीं जो कुछ दूर चलने के बाद समद के कानों तक पहुंचीं।

समद रुका तो मगर कहां से जुटाए पानी? पीछे रिक्शा की सीट के नीचे उसकी प्लास्टिक की खाली बोतल थी, लेकिन जैसा कि रमजान में रोजा रखने के कारण वह बोतल में पानी नहीं भरता था, उसने बोतल में पानी नहीं भरा था। उफ, आज बोतल उसे किसी काम की नहीं लगी।

उसने चारों तरफ नजरें घुमाईं। आसपास की इमारतें, दुकानें बंद पड़ी थीं।

मौके का अपना दबाव था। रिक्शे को रफ्तार में दौड़ाकर जल्दी अस्पताल पहुंचना एक रास्ता है, उसके दिमाग में उपाय कौंधा। उसने लुंगी के नीचे निकर तो पहन ही रखी है, फिर क्या? उसने झट अपनी लुंगी खोली। बाबू जी को सीट पर पीछे ठेलते हुए उसने दोनों तरफ से हूड में झट लुंगी की फांस लगाई।

सामने सुनसान सड़क थी। समद दोनों हाथों से रिक्शा का हैंडिल पकड़े अब सीट पर बैठा नहीं था, उसके ऊपर खड़ा था। उसने रफ्तार लेने से पहले बस एक बार कहा, ‘बीच-बीच में आप मुझे आवाज देते रहना, बाबू जी। जितनी जल्दी होगा, मैं अब उतना जल्दी अस्पताल पहुंचूंगा।’

रिक्शा अब तेजी से दौड़ रहा था।

अस्पताल के गेट पर खड़े वाचमैन ने पसीने से पूरी तरह तर-ब-तर हांफते हुए एक रिक्शावान और उस पर बंधे मरीज को देखा तो पहले तो अकचकाया, लेकिन तुरंत गेट खोल एक तरफ हो गया जैसे जुबान से तो नहीं, लेकिन अपनी कार्रवाई से कह रहा हो, अस्पताल में मरीज भरे पड़े हैं, तुम्हारे मरीज को भी इलाज का मौका मिल जाए, भाई।

रिक्शा अस्पताल के दरवाजे पर पहुंच चुका था। समद ने झट लुंगी की गाठें खोलीं और बाबू जी को पीठ पर लाद बरामदे में हाजिर था।

उसने बगल से गुजरते हुए डॉक्टर से अर्ज किया, ‘साहब जी, मेरे मरीज की सांसें चल रही हैं और वह बच जा सकता है। इसको इलाज में लीजिए, साहब जी।’

‘देखो, अस्पताल भरा हुआ है। तुम अपने मरीज को बरामदे में लिटा दो जैसे ये कई मरीज लेटे हैं। हम देखते हैं, किस तरह इलाज चलेगा।’ डॉक्टर रुका, लेकिन झट दूसरी तरफ बढ़ गया।

समद ने बाबू जी को जमीन पर पड़े एक गद्दे पर लिटाया।

इन्हीं लमहों में समद ने गौर किया, बाबू जी के हाथ जुड़कर उसकी तरफ उठे हैं और उनके होठों से कुछ लफ्ज़ निकले हैं, ‘तुम्हारा… रोजा…’

‘मेरा रोजा खुलने में अभी वक्त है, बाबू जी और जरूरत पड़ी तो मैं इधर ही किसी उपाय से रोजा खोल लूंगा, लेकिन जब तक आपका इलाज शुरू नहीं होता है, मैं नहीं जाऊंगा, बाबू जी। मैं रहूंगा यहीं… आपके साथ। मैं पहले आपके लिए पानी जुटाकर लाता हूँ। आप हिम्मत रखिए, थोड़ी ताकत बटोरिए। मैं हूँ आपके साथ… मैं डॉक्टर को लाऊंगा आपके पास।’

समद बाबू जी की आंखों पर झुका हुआ था। वह उठा। फिलहाल उसे बाबू जी के लिए पानी जुटाना था। वह उठकर पानी जुटाने के लिए सामने पानी की मशीन की तरफ भागता दिखाई पड़ रहा था।

संपर्क :102, वुडबरी, टावर, चार्मवुड विलेज, सूरजकुंड, फरीदाबाद–121009 (हरियाणा)मो. 9431336275