
सुप्रतिष्ठित कथाकार और ‘परिकथा’ पत्रिका के संपादक। अद्यतन किताबें ‘सड़क पर मोमबत्तियां’, ‘यह समय’ (संपादकीय टिप्पणियां, लेख, संवाद)। अद्यतन उपन्यास ‘कुरबाडीह फाइल’।

तबस्सुम मोबाइल पर राजीव भाईजान की आवाज आज भी सुन रही थी, लेकिन वह भाईजान को जवाब दे भी तो क्या दे। वह एक ही बात कई दिनों से बता रही थी कि आपने बेबी सूट का जो पैकेट भेजा है, वह अभी नहीं मिला है, यह भी कि पोस्टमैन बता रहा है कि पैकेट कहीं नहीं जाएगा, जरूर मिल जाएगा।
राजीव भाईजान हर बार कह रहे थे, ‘तबस्सुम, तुम्हारी बच्ची के लिए मैंने बाजार और दुकानों का कोना-कोना छान मारा है और जो सबसे अच्छा बेबी सूट मिला है, मैंने वह लिया है। तुम देखोगी तो देखती रह जाओगी। इस बेबी सूट में मेरी भांजी दुनिया की सबसे सुंदर परी लगेगी। रोज रोज पोस्टमैन से पूछो या कभी खुद पोस्ट ऑफिस चली जाओ। जाकर पता लगाओ, बेबी सूट कहां है और क्यों नहीं वह तुम्हारे हाथों में आ रहा है।’
तबस्सुम इन दिनों बच्ची की देखभाल में लगी थी। बच्ची उसे बिलकुल छोड़ नहीं रही थी। वह जब भी बच्ची के पास से हटती, बच्ची रोने लगती। उसे यह भी लग रहा था, राजीव भाईजान भावुक हुए जा रहे हैं, बेबी सूट कभी न कभी तो मिल ही जाएगा। बेबी सूट कोई चिड़िया तो नहीं है कि फुर्र से उड़ जाएगी और कहीं चली जाएगी।
वह आज भी बहुत सीरियस नहीं हुई।
तबस्सुम के पति सोमदत्त चंद्र, राजीव कुलश्रेष्ठ और वह खुद साथ-साथ युनिवर्सिटी के इंग्लिश विभाग में पढ़ते थे। दोस्तियां सबकी सबसे थीं लेकिन स्थितियां ऐसी बनती रही थीं कि इन तीनों के बीच ज्यादा दोस्ती हो गई थी। इन तीनों की दोस्ती छात्रों के बीच अलग से पहचानी जाती थी। बाकी छात्रों ने भी छोड़ दिया था कि जाओ, तुम तीनों को ही बंधे रहना है तो बंधे रहो, हमें क्या?
तबस्सुम के पिता एक छोटे से शहर के स्कूल में शिक्षक थे। सोमदत्त के पिता वकील थे और उनका काफी पहले निधन हो गया था। राजीव कुलश्रेष्ठ के पिता एक जमाने में पत्रकार थे, अब रिटायर्ड हो चुके थे और जहां-तहां सेमिनारों में जाते थे, जिस-तिस कमेटियों में सदस्य बनाए जाते थे। लेकिन यह भी संयोग था कि इन तीनों परिवारों में कोई मिलना-जुलना नहीं था। सो, इन तीनों की अपनी स्वतंत्र हैसियत थी। ये तीनों अपनी-अपनी हैसियत से एक-दूसरे की तरफ मुखातिब थे।
कभी ऐसे ही मौके पर राजीव ने मजाक में कह दिया था, ‘तबस्सुम, तुमसे तो कोई भी शादी करने को तैयार रहेगा। हम दोनों में से किसी के साथ तुम्हारा अफेयर तो नहीं है लेकिन अगर तुम्हारे अब्बा जान ने तुमको आजादी दी और तुम्हें अपने लिए जीवन-साथी चुनना पड़े तो तुम हम दोनों में से किसी को चुनोगी। यह मेरी भविष्यवाणी है…।’
तीनों के कहकहे उठे थे और आसमान तक पहुंच रहे थे।
अब मजाक करने की बारी तबस्सुम की थी, ‘मैं अब्बू की लाडली हूँ। मैं जो भी फैसला लूंगी, अब्बू मान लेंगे। अगर सचमुच ऐसा कोई मौका आ गया तो तुम दोनों वायदा करो कि मैं जिससे शादी करूंगी, वह तो मेरा जीवन साथी हो जाएगा लेकिन बाकी दूसरा मेरा भाई जान बन जाएगा क्योंकि सचमुच में मेरा कोई भाई नहीं है।’
कहकहे फिर उठे थे।
‘आई प्रॉमिस…’ सोमदत्त और राजीव दोनों की हथेलियां एकसाथ सामने आ गई थीं। दोनों ही भविष्य से अनजान थे लेकिन संबंधों की पवित्रता का भाव दोनों को प्रेरित कर रहा था।
सचमुच भविष्य में जो होने वाला था, वह उसकी पूर्व प्रस्तावना थी।
यह शाम का समय था। अंधेरा घिरा नहीं था लेकिन अंधेरा घिरने की शुरुआत हो गई थी। तबस्सुम, सोमदत्त और राजीव कैंपस से बाहर आकर सड़क पर टहल रहे थे। वे लाईब्रेरी में आए थे और अब लौट रहे थे। सबके मन में निश्चतता थी और उल्लास था।
सहसा उनकी बगल में एक कार आकर रुकी। मुंह को तौलिया से ढके हुए दो आदमी तेजी से उतरे और तबस्सुम को कार में ठेलना और खींचना शुरू कर दिया। सोमदत्त और राजीव ने दानों आदमियों को घूंसे मारे और पीछे से खींचा। लेकिन तबस्सुम कार में खिंची हुई दोनों से लड़ रही थी।
कार सर्र से आगे बढ़ने लग गई। राजीव को सड़क के किनारे लकड़ी का एक टुकड़ा दिख गया। उसने पलक झपकते उसे उठाया और कार के चक्कों को निशाना बनाकर फेंका। लकड़ी का टुकड़ा सचमुच कार के चक्कों के बीच जाकर फंस गया था। कार डगमगाई और किनारे की तरफ घूम गई। सोमदत्त ने बगल से गुजरती हुई बाइक रोक ली, ‘भाई, मदद कीजिए। कार में वे लड़की को खींचकर भागे जा रहे हैं।’
बाइक वाले ने सोमदत्त को पीछे बिठाकर बाइक को इतनी तेजी से दौड़ाया जैसे वह कार को ओवरटेक करने में अपनी जान भी गंवाने को तैयार है। बाइक थोड़ी ही दूरी पर कार को ओवरटेक करके बीच सड़क पर खड़ी थी।
अब कार में सवार दोनों आदमी कार से नीचे उतरकर सोमदत्त और बाइक वाले पर पिल पड़े थे। तबस्सुम ने नीचे उतरकर मोबाइल से कैंपस में खबर भेज दी थी। एक गुथमगुत्थी जारी थी। पीछे से राजीव भी आ पहुंचा था। लड़कों की एक टोली भी दौड़ती हुई आ पहुंची थी।
दोनों कार सवार पकड़ लिए गए थे। उनके हाथ लड़कों ने पीछे से पकड़ रखे थे और उनकी धुनाई हो रही थी। तबस्सुम ने इतनी बार चप्पलें बरसाईं कि वे लुंज-पुंज हो गईं। पुलिस को भी खबर हुई थी और पुलिस की जीप भी आ चुकी थी।
आगे की कार्रवाइयां हुईं। कार सवारों को थाने ले जाया गया। उन्हें जेल भेजा गया। लेकिन सोमदत्त ज्यादा घायल हो चुका था। बाइक वाले और राजीव को भी चोटें आई थीं। उनका इलाज हुआ और वे सही सलामत हो गए।
यह घटना आई-गई सी हो सकती थी लेकिन तबस्सुम को इससे गहरा सदमा लगा था। वह गुमसुम रहने लगी थी। उसकी चंचलता और खुशमिजाजी का स्वभाव गुम हो चुका था।
ऐसे ही किसी दिन जब तबस्सुम, सोमदत्त और राजीव किसी नुक्कड़ पर चाय पी रहे थे, तबस्सुम ने दोनों को चौंका दिया, ‘तुम दोनों सुनो, मैंने सोमदत्त से शादी करने का फैसला किया है और राजीव, तुम मेरे भाईजान हुए।’
सोमदत्त शरमाता हुआ दिख रहा था लेकिन राजीव ने तुरंत अपना जवाब जड़ा, ‘मुझे यह रिश्ता कबूल है, आपा। मैं भाईजान बना रहूंगा। भाई जान का रिश्ता मैं पूरी जिंदगी निभाऊंगा।’
तबस्सुम और सोमदत्त की शादी दोस्तों और परिचितों की मौजूदगी में कोर्ट में संपन्न हो गई। गवाह और भाई की औपचारिकताएं राजीव ने पूरी कीं।
तबस्सुम ने अपने अब्बू को खबर कर दी, ‘अब्बू, मैं आपकी लाडली बिटिया रही हूँ। आपने मेरी हर बात मानी है। मैंने अपने एक साथी सोमदत्त से कोर्ट में शादी कर ली है। जैसाकि आप कहते रहे हैं, धर्म और मजहब की बंदिशें इंसानियत के तकाजों से बड़ी नहीं हैं, मैंने भी वैसा ही माना है। मुझे भाई के रूप में एक दोस्त भी मिल गया है। मैं मौका लगाकर दोनों को लेकर आपका आशीर्वाद लेने आऊंगी। दोनों बहुत अच्छे हैं। आप उनसे मिलकर खुश होइएगा।’
‘तुमने फैसला किया है तो सोच-समझकर ही किया होगा। बेटा, जल्द आना…।’ अब्बू ने जवाब दिया था।
समय को धीरे-धीरे सरकना था, समय सरक गया। असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में सोमदत्त की बहाली एक दूसरे शहर में डिग्री कॉलेज में हो गई। तबस्सुम की ख्वाहिश थी कि वह नौकरी नहीं करे और जरूरतमंद गरीब बच्चों को पढ़ाए। उसने एक ऐसा ही स्कूल खोल लिया। राजीव एक टेलीविजन चैनल में रिपोर्टर नियुक्त हो गया। तीनों के बीच-बीच में मिल लेने का और मोबाइल पर बातचीत करते रहने का सिलसिला जारी रहा।
ऐसा ही कोई दिन था। तबस्सुम ने राजीव को खबर दी, ‘भाईजान, आप मामू बनने वाले हैं।’
‘शाबाश… बहन, शाबाश… तुमको बहुत बहुत बधाई। यह औलाद इंसानियत की बहुत ऊंची मीनार होगी। मेरी बधाई, बहन’, राजीव की आवाज में खुशी थी जिसे तबस्सुम ने महसूस कर लिया।
जिस समय तबस्सुम ने बच्ची को जन्म दिया, उस समय राजीव गाजा में रिपोर्टिंग के लिए तीन महीनों के डिप्यूटेशन पर था। लेकिन गाजा जाने से पहले राजीव ने दिल्ली के सभी मालों, सभी बाजारों को छान मारा था और जो सबसे सुंदर बेबी सूट मिला था, उसे और एक हेल्थ किट खरीदकर एक दोस्त के पास छोड़ गया था कि जब वह कहेगा, पैकेट बनाकर बताए गए पते पर भेज देना होगा।
राजीव ने गाजा से ही अपनी बधाई भेजी। साथ ही अपने दोस्त को भी खबर कर दी कि वह पैकेट बनाकर रजिस्टर्ड डाक से बताए गए पते पर भेज दे। राजीव के दोस्त ने भेजने वाले की जगह राजीव का नाम लिखकर पैकेट भेज दिया था।
पैकेट अब तबस्सुम के शहर में पहुंचा हुआ था।
तबस्सुम ने अगले दिन बच्ची को गोद में लिए हुए दरवाजे पर खड़े रहकर पोस्टमैन का इंतजार किया। पोस्टमैन गुजरने लगा तो उसने उसे रोक लिया, ‘भाई, आज तो पैकेट दे दो।’
पोस्टमैन रुक गया, ‘दीदी, मुझे डिलीवरी के लिए मिल जाए तो मैं आपको बिना देर किए पैकेट दे दूंगा। मैं जानता हूँ, आप कई दिनों से पैकेट का इंतजार कर रही हैं।’
‘अच्छा, यह बताओ, भैया, यह कहां रुका होगा और किससे बात की जाए?’ तबस्सुम मामले की तह में जा रही थी।
‘दीदी, पोस्टमास्टर को छोड़कर कोई कुछ नहीं बता पाएगा।’ पोस्टमैन ने एक रास्ता सुझाया।
‘अच्छा, पोस्टमास्टर साहब का मोबाइल नंबर या फोन नंबर मिल सकता है?’ तबस्सुम कुछ और आगे बढ़ी।
‘नहीं दीदी, हम छोटे लोग हैं। वे बड़े हैं। हमारे पास नहीं हो सकते हैं उनके नंबर’, पोस्टमैन अपनी लाचारी बता रहा था।
‘जैसे ही आपको पैकेट मिले, आप जरूर दे दीजिएगा। भैया…।’ तबस्सुम ने आज के लिए खुद को निश्चत कर लिया।
‘दीदी, जैसे इतना इंतजार किया है, दो-तीन दिन और इंतजार कर लीजिए। मुझे जरूर पैकेट मिल जाएगा। ऑफिस में आपको भटकना पड़ेगा। पोस्टमास्टर साहब से जल्द मुलाकात नहीं हो पाएगी।’ पोस्टमैन ने एक शुभचिंतक की तरह सलाह दी।
अगले दो दिन तबस्सुम ने पोस्टमैन का इंतजार किया। दोनों दिन पोस्टमैन गुजरा। उसने हँसते हुए तबस्सुम को नमस्कार किया, जैसे बिना बोले कह रहा हो, ‘आज भी पैकेट मुझे डिलीवरी के लिए नहीं मिला है, दीदी। अगर पैकेट मुझे मिला होता तो मैं रुकता और पैकेट आपको देकर ही आगे बढ़ता।’
अगले दिन इतवार की छुट्टी थी। तबस्सुम ने सोमदत्त से बातचीत की। सोमदत्त ने साफ-साफ कहा, ‘ऐसे बैठी रहोगी तो पता नहीं क्या हो। कल पोस्टऑफिस जाकर पोस्टमास्टर से समझ लो, क्या दिक्कत आ रही है। राजीव ने बच्ची के लिए भेजा है। वह चीज बच्चे की हुई। उसके लिए हमें, तुम्हें ही उठना होगा।
अगले दिन तबस्सुम बच्ची को गोद में उठाए और आया को साथ लिए ऑटो से पोस्टऑफिस पहुंची हुई थी, ‘अभी मैं बच्ची को लिए हुई हूँ, मैं जब पोस्टमास्टर साहब से मिलने अंदर जाऊं, तब तुम बच्ची को अपनी गोद में लेकर संभालना।’
तबस्सुम ने पिऊन को मिलने के लिए पर्ची दी तो पंद्रह मिनट में पोस्टमास्टर ने उसे बुलवा लिया। उसने बच्ची आया के हवाले की और अंदर दाखिल हो गई, ‘सर, मेरा नाम तबस्सुम परवीन है। बच्ची के लिए एक गिफ्ट पैकेट आया हुआ है। वह हफ्ते भर से यहां रुका हुआ है, मुझे मिल नहीं रहा है। वह मुझे मिले।’
‘किसने भेजा है?’
‘मेरे भाईजान राजीव कुलश्रेष्ठ ने?’
‘आपके भाई राजीव कुलश्रेष्ठ?’ पोस्टमास्टर की आंखों में सवाल था।
‘जी सर, मेरे भाई राजीव कुलश्रेष्ठ ने।’ तबस्सुम ने अपना जवाब दुहरा दिया।
‘देखिए, वह टेक्निकल वजह से रुका हुआ है।’
‘टक्निकल वजह?’ तबस्सुम भी अपने सवाल के साथ मुखातिब थी।
‘देखिए, राजीव कुलश्रेष्ठ नाम के व्यक्ति ने तबस्सुम परवीन नाम की महिला को पैकेट भेजा है। यदि कोई पतला लिफाफा होता तो डिलीवरी कब की हो गई होती। यह पैकेट का मामला है, और भेजने और पाने वाले दो अलग-अलग समुदायों के हैं। इसे लोग जांच-परख रहे होंगे कि पैकेट में ऐसी-वैसी कोई चीज तो नहीं है जिससे देश और समाज की सुरक्षा को कोई खतरा है। इधर के दिनों में यह निगरानी ज्यादा बढ़ी हुई है। वे टटोल कर देखेंगे कि इसमें कोई विस्फोटक, सख्त चीज या कोई पाउडर पैकेट, कोई मेटल तो नहीं है। शक होने पर वे इसे खोल भी सकते हैं। सारी चीजों को खोल-खोलकर जांच भी सकते हैं। यदि ऐसी-वैसी कोई चीज नहीं मिली तो वे इसे रिलीज कर देंगे और डिलिवरी हो जाएगी।’ पोस्टमास्टर साहब ने स्थिति समझाई।
‘कौन लोग जांच रहे हैं?’ तबस्सुम ने उलझन से बाहर निकलना चाहा।
‘आप यह जानकर क्या करेंगी और मैं आपको यह बता भी नहीं पाऊंगा। अच्छा तो यह है कि आप घर पर ही कुछ और इंतजार करें।’ पोस्टमास्टर ने बातचीत को विराम दे दिया।
तबस्सुम की उलझनें कम होने के बजाय बढ़ रह थीं, पूरे मामले की कोई समझ बन नहीं पा रही थी।
अचानक तीसरे दिन उसे दरवाजे से घंटी की टुनटुन सुनाई पड़ी। यह पोस्टमैन ही था, ‘लीजिए दीदी, आज मुझे पैकेट डिलिवरी के लिए मिल गया है।’
‘शुक्रिया, भैया’ तबस्सुम ने पैकेट थाम लिया।
अंदर आकर पैकेट को देखते हुए वह हक्का-बक्का थी, अरे यह क्या, पैकेट जगह-जगह से उघड़ा हुआ है और फिर से सिला हुआ है। उसने पैकेट को कैंची के सहारे खोला। सामने बेबीसूट जगह-जगह से उघड़ा हुआ था। कमर के पास कपड़े की बेल्ट नुची-चुभी थी, गर्दन के पास लगे गोल-गोल बेल-बूटे फटे-चुथे थे। बेबी सूट की दोनों बांहें खुलकर अलग-अलग थीं। नीचे बॉर्डर भी खुली हुई थी। हेल्थकिट खुला हुआ था। बेबी सोप, लोशन, जिधर-तिधर थे। पाउडर के डिब्बे का मुंह खुला हुआ था।
‘या अल्लाह…’ तबस्सुम ने एक लंबी सांस खींची।
आइडिया आते ही उसने झट बेबीसूट के सभी टुकड़ों को टेबुल पर रखकर जोड़ा और ह्वाट्सअप से तसवीर खींच ली। तसवीर को उसने गौर से देखा। बेबी सूट अभी भी फटा-चुथा दिख रहा था। उसने सभी टुकड़ों को फिर से आसपास सटाकर दुबारा तसवीर खींची कि इस बार बेबी सूट सचमुच के बेबीसूट जैसा दिखे। उसने गौर से देखा तो इस बार भी बेबी सूट साबुत नहीं दिख रहा था।
उसे ख्याल आया कि वह बेबी सूट की दूसरी वाली तसवीर राजीव को भेज दे लेकिन फिर उसे लगा, इस नुचे-चुथे बेबी सूट की यह तसवीर राजीव की खुशी को मटियामेट कर देगी।
तबस्सुम थोड़ी देर के लिए परेशान-सा हुई लेकिन तुरंत ही उसने खुद को संभाल लिया और यह सोचते हुए कि राजीव की खुशियों को कोई आंच नहीं आए, उसकी खुशियां बरकरार रहें, अगले पल ह्वाट्सअप पर टाइप किया… ‘भाईजान, इस शानदार और अनमोल गिफ्ट के लिए आपको बहुत-बहुत शुक्रिया!’
संपर्क :102, वुडबरी, टावर, चार्मवुड विलेज, सूरजकुंड, फरीदाबाद–121009 (हरियाणा)मो. 9431336275


बेचैन कर देने वाली कहानी। बहुत शानदार।