
(जन्म : 1978) हिंदी के चर्चित युवा कहानीकार। नुक्कड़ नाटक एवं संस्कृति–कर्म से जुड़े हुए। आदिवासी जीवन और संघर्ष को विषय बनाकर लिखने वाले बहुमुखी प्रतिभा के लेखक। तीन कहानी संग्रह और तीन उपन्यास – ‘कालचिती’, ‘बापा की बेटी’ और ‘घाटशिला’।

‘आपको जब भी देखते हैं, बहुत खुशी होती है।’ सुकू रास्ते में मिला तो खुशी से दोहरे होते हुए कहा। मैंने लक्ष्य किया था कि उसके चेहरे, आंखों से ही नहीं, पूरे बदन से कोई खुशी या कोई उदासी जाहिर होती थी।
‘बहुत दिन के बाद आपको देखा है, इसलिए जोहार करेंगे’, वह कमर से आधी देह झुकाते हुए एक लंबा-सा ‘जोहार’ करता है। उसकी काया, एक चिथड़े उड़ी हुई रबड़ की घिसी चप्पल, पतली टांगें, नंगा बदन। घुंघराले, खिचड़ी, गर्दन से नीचे तक छूते बाल। चेहरे पर वैसी ही दाढ़ी… नदी से नहा कर आ रहा था। पूछा तो बताया कि, दोपहर का खाना नहीं खाया था अभी, ‘अभी तो नहा कर आ रहा है!’ मैं आगे बढ़ने लगी तो उसने उसी चपलता, जिससे मैं अब तक परिचित हो चुकी थी, से कहा, ‘अच्छा, ओके… बाय बाय!’ मैं स्कूटी बढ़ाकर मुस्कुराते हुए चली गई। सुकू मुझे किसी नाटक का किरदार लगता था। उससे मिलने के बाद उसकी बातें, उसका व्यक्तित्व और उसका जीवन उसकी जानिब एक खोज के लिए उकसाता था। एक परदे की तरह हवा में झूलती हुई जिल्द, जिसे हटाकर बहुत कुछ जानने को आगे दाखिल हुआ जा सकता है।
फूलडूंगरी पहाड़ पर अब वैसा परब नहीं लगता। लेकिन सुकू को याद है कि उसकी बांसुरी संगत करती थी, मकर टुसू के परब मेले में जब तांबा फैक्ट्री के मेहनतफरोश ईंट भट्टा, घर-दुकान-मकान की बनाई-उठाई के रेजा-मिस्त्री, खेत-चास-बागान में खटने वाले नशे में मदमस्त होते थे। टुसू के मेले में मदमाई रौनक की संगत आने वाला वसंत मौसम करता था। ‘सरजोम बाहा’ का समय। शाल पर धवल कुसुमों की लटें झूलने लगतीं। देहातों में लोग माताल होकर ‘खड़िया बांग्ला’ भाषा का गीत गाते थे।
बाजबे मादल
मातवे माताल
पोरब टुसू गो
फूलडूंगरी पहाड़े
पोरब टुसू गो
पीठा पाठा
छागोल काटा
रांगा माटीर पाहाड़े
सोबुज बोने माते शाल
पोरब टुसू गो
पोरब टुसू गो
बांसुरी बजाते हुए सुकू भी झूमता रहता था। बदन तो टूटता था तब, जब खदान में से धातु निकालने के तरह-तरह के कामों में उसका सर्दी-गर्मी, सब मौसम में पसीना चुआता बदन, रोएं खड़े कर थरथराता बदन, जुटा रहता था। वह तो शुरू के दिनों की बातें थीं। ठेकेदार कोई भी काम बोले तो हां-हां, हो जाएगा! किसी काम से गुरेज नहीं। जितना जोखिम हो, काम से इंकार नहीं। बाद में तो सुकू मुंडा माइन ब्लास्टिंग का एक्सपर्ट हो गया।
बांसुरी सुकू का हमेशा से साथी रहा। दढ़ियल बाजीकार बाबा को देखा, जो सुबर्नरेखा के पीपल के नीचे अपने फटेहाल शान में दोपहर से ढलती शाम तक बांसुरी बजाते रहते। सुकू को सुनकर अच्छा लगा। बहुत अच्छा, और उसके बाद से उसकी बैठकी जाने कहां से आए फकीराना डौल वाले उस घुमंतू बाबा के साथ लग गई। उनको बांसुरी बजाना सिखाने के लिए उस्ताद बना लिया। उस समय उमर क्या होगी? यही दस जोड़ सात-आठ साल!
बांसुरी के बांस की पहचान बाबा ने कराई, फिर उसके छिद्रों में से सांस फूंकने की कला बताई। होड़ होपोन सुकू को उनकी संगत से संगीत की इतनी समझ हो गई कि इसमें डूबकर मजा आता है, यह जान गया और यह मजा इतना महंगा थोड़ी था कि इसकी आदत न पड़ती! आसपास जंगल। जंगल, गांव में कई बंसबाड़ियां।
फिल्मी गीतों को अपनी बांसुरी से निकालना शगल हो गया और नदी किनारे बैठकर सुबह और शाम सुकू की बांसुरी बोलती, गाती। यही रियाज भी था और प्रस्तुति भी। यह आज तक बदस्तूर चल रहा है। लेकिन तब भी नीरवता में बजती बांसुरी की तरफ कोई नहीं जाता था, आज भी नहीं। कोई नहीं जानता कि कोई इधर आता है, नदी में नहाने से पहले देर तक मन भर के बांसुरी फूंकता है। किसी ने शायद ही उसे देखा हो। दूर से किसी ने सुना हो शायद या जरूर ही। नेपथ्य की तान की मानिंद।
सुकू को आज कई तरह के काम मिलते हैं। या उसे इन्हीं कामों के लिए मुफीद मजदूर समझा जाता है। अभी भी किसी के पास खटिया हो तो उसकी बिनाई या कसाई, या बांस का बाड़ा तैयार करना हो, या रंगाई पुताई करवानी हो, बाग बगीचा लगाना हो, सुकू वहां दिहाड़ी-हाजिरी पर मजूर खटता है।
सुकू को देशी शराब की लत है। मन मिजाज खुश हो या परेशान, वह पीता है। नशे में धुत होने तक। एक सीध में पैर नहीं पड़ते। रास्ते में मिलने वाले को पहचान जाता है तो हाथ उठाकर ‘जोहार गे!’ कहकर अभिवादन करता है और दाढ़ी भरे सलवटों वाले चेहरे से मुस्कुराहट हुलसती है। सुकू मुंडा का घर ईंटों का पक्का और कच्चा, दोनों रूपों में है। लीपकर बढ़िया-सी अल्पना खुद ही बनाता है आंगन में। घर के गिर्द और सामने फूल-पौधे खूब लगाए हैं। अड़हूल का बड़ा-सा झाड़, सफेद और पीला कनेर, रात की रानी, अपराजिता। बगीचे में एक तरफ ईंटों से जुड़ा, चिथड़े से ढका अस्थायी किस्म का शौचघर है। उसे पक्का कर लेने की चाह है। जमशेदपुर में किसी कंपनी में मजदूरी करने वाला लड़का इस बार घर आएगा तो यह भी हो जाएगा। उसे बाप का इस तरह गंवारू रहना पसंद नहीं। वह बीबी-बच्चा लेकर आएगा तो ऐसे घर में थोड़ी रहेगा, उसका कायापलट करेगा।
सुकू अगर नशे की लत में नहीं हो तब उससे काम की बातें हो सकती हैं। पीने के बाद तो वह डोलता हुआ जाता है। हँसकर बातें करता है। नशा उतरने पर भूल जाता है कि क्या बातें हुई थीं! लेकिन वह सुरूर में कब नहीं होता है! उसकी ऐसे बगैर पी हुई हालत में बहुत कम बार मिली हूँ।
माघ महीना था, जब उसकी जमीन हाइवे के चौड़ीकरण में चली गई थी। ‘मापी’ हुई और पिछली बंदोबस्ती में मिली जमीन का ज्यादा हिस्सा फोरलेन में बदलती सड़क की हद में आता हुआ पाया गया। सुकू की हालत जो थी, उसी के लिए ही तो कभी सफदर ने लिखा-गाया-उकसाया था कि, ‘पढ़ना लिखना सीखो ओ मेहनत करने वालो’। तो उससे साहब ने जो पढ़ने-लिखने को दिया, वह उसकी समझ के बाहर था। देशी शराब की गंध में लिथड़े आदमी से फरियाने में ज्यादा देर करना सर्वेयर साहब लोगों और लिपिकों को समय की बर्बादी लगी और जल्दी-जल्दी में सुकू के कांपते अंगूठे को स्याही में दबाकर कुछ कागजों पर टीप दिया गया। एक साहब ने कहा, ‘अनुमंडल कार्यालय में जाकर नोटिस देख लेना। तुम्हारा जमीन का माप और मुआवजा, सब लिखा होगा। पढ़ नहीं सकता है तो किसी को ले जाना।’
‘लड़का उड़का है?’ एक अन्य ने पूछा।
सुकू को जैसे कुछ सुनाई नहीं दे रहा था। वह मुंह देखता निरीह जैसा खड़ा रहा। कर्मचारी ने जोर से फिर पूछा।
‘हां, हां… एक ठो।’
‘तो उसको साथ जाने बोलना। या उसी को जाकर देखने को कहना। कोई आपत्ति क्लेम करना होगा तो तभी कर सकता है। बाद में कुछ नहीं होगा।’
‘हम यहां अकेला रहता है। लड़का उधर काम करता है न, तो उधर ही रहता है। अभी हम इधर रहता है सर।’
अफसर को भी लगा कि यह आदमी जो कहा जा रहा है, उसको नहीं सुन रहा। तो उसने भी जोर से कहा, जमीन का जो पैसा होगा, उसका पता लगाने को लड़का को भेज देना!
‘लड़का तो सर, बोला न, बाहर रहता है।’ इतनी देर में एक बात समझ आने पर सुकू बोला।
‘बुला लो। पढ़ा लिखा है कि तुमरे जैसा…’
साहब लोग चले गए।
कुछ महीनों बाद जमीन पर पोकलेन चला। जमीन चली गई। सुकू का बेटा आया था, लेकिन उसकी समझ में भी अंग्रेजी में लिखा चिपका हुआ नोटिस नहीं आया। इतनी जमीन का कितना मुआवजा और कब तक देंगे, कुछ भी नहीं। क्या पता लिखा था या नहीं!
लड़का खीजकर शराबी बाप को गालियां देकर फिर लौट गया। उसकी कंपनी में छुट्टी ज्यादा दिन तक नहीं दी जाती। नहीं तो हमेशा के लिए छुट्टी ले लो!
सड़क बनते-बनते पांच साल लग गए। मुंबई से कोलकाता को जोड़ने वाले ‘बांबे रोड’ के नाम वाला राजमार्ग चौड़ा होकर, सुकू के घर का हिस्सा खाकर अब उसकी टूटी भीत से लगता था। सुकू को, सड़क के किनारे बैठा है, या अपने घर के आंगन में, समझ नहीं आता था और बैठकर देखता था, रास्ते के बीच की खाली जगह पर फैक्ट्रियों के मजदूरों जैसी सुरक्षा टोपियां और पीली धारियों वाली वर्दियां पहनकर मजदूर बोगन बलिया और बड़े कनेर जैसे फूलों के पौधे रोप रहे हैं। टैंकर से पानी का छिड़काव कर नए लगे पौधों को पोसा जा रहा है।
उसके दालान के कई पौधे, गाछ जेसीबी की दांतों ने उखाड़ फेंके थे।
उसके घर के पास के बुढ़ बरगद को, जिसकी वटें झूलती थीं, जाने कितने पुरखों ने उसको देखा था और उनको पीढ़ी-पीढ़ी मरते-खपते इस गाछ ने देखा होगा, जड़ से उखाड़ फेंका गया। वह सड़क के ठीक बीचों बीच आ रहा था! जहां आज ये लोग पौधे लगा रहे हैं। वह बरगद सैकड़ों साल से वहां था, जिसको कोई अंधड़-भूचाल नहीं डिगा सका था, जमीन से उसकी जकड़ को जेसीबी और कटर मशीन ने मिलकर कुछ घंटों में खत्म कर दिया था। उसकी सूखी माटी सने उखड़े जड़ों के साथ तने का थोड़ा-सा हिस्सा अस्थि-अवशेष के जैसा अभी तक नवरुपा हुई सड़क के किनारे थोड़ी दूर पर पड़ा था।
‘जोहार गे!’
सामने से आते हुए सुकू जोर से बोला तो रास्ते पर ध्यान देती आंखें उसकी तरफ गईं।
‘जोहार! कहां से?’ मैंने बाइक रोकी।
‘उधर, दास बाबू का घर का बांस घेरा दे रहे हैं।’
‘कौन दास बाबू?’
‘कितना दिन से बुला रा…।’
‘कौन दास?’ मैं दुबारा थोड़ी ज्यादा ताकत से बोलती हूँ।
‘नाले की तरफ जो सफेद मकान नहीं है, बिजली बाबू बोलके जानते हैं उसको।’
‘अच्छा। काम खत्म हो गया?’
‘नहीं। ये देख, पैर में लग गया तो आधा काम छोड़ के आ गया। कल पूरा कर देंगे बोलके।’
सुकू मुंडा ने पैर दिखाया। एड़ी के पास घाव लग गया था। खून पर सफेद चून दे दिया था शायद।
‘कैसे लगा?’
‘बस… ये सब तो लगता रहता है।’ सुकू हँसा।
‘अच्छा, गुड बाय! थेंक्यु!’
वह चलते बना। इंग्लिश के कुछ लफ्ज वह क्यों बोलता था? सुनकर सीख गया है। और यह समझता हो कि एक पढ़ी-लिखी स्त्री के सामने यह बोल देना प्रभावशाली होता होगा! लेकिन मुझे विस्मित करता था, उसका यह लहजा। क्या आदमी है.. होड़-होपोन!
लेकिन अगर मैं उसकी भाषा के कुछ लफ्ज सीख कर, बोल कर आत्ममुग्ध होती हूँ, वैसे वह भी तो एक पराई जुबान को बा-खुशी बोलकर अच्छा महसूसता होगा।
सुकू ने बांसुरी कमर में खोंस ली। गमछा कंधे पर डाला और नदी की तरफ चल दिया। बढ़ी दाढ़ी, भरपूर और बेतरतीब जूट के जैसे उलझे बाल। पतली देह, सीने की हड्डियां दीखती हुईं। जब नशे में नहीं तो एकदम फटाफट चलते हुए, करीब से गुजरे तो फिर गलियों में गायब।
नदी के ठीक किनारे उठान पर उगे बबूल के तन्हा गाछ के पास से नदी में उतरने की पगडंडी बन गई थी। पेड़ के दूसरी तरफ घास का थोड़ा सपाट मैदान–सा था। मिट्टी की कटान जहां झाड़ियों की छाया थी, दरअसल वह नदी की सरहद के अंदर का ही भूगोल था, जो नदी के जोर के दिनों में चढ़ती धाराओं के नीचे चला जाता था, वहीं लेटे हुए एक पत्थर पर सुकू बैठ कर बांसुरी निकाल लेता था और आज भी अभ्यास करता था। क्योंकि बांसुरी कई दिनों–सालों बाद मिली थी! उसके शब्दकोश में ‘रिहर्सल’ शब्द नहीं था, वह इसे ‘रिपीट’ करना कहता था।
सुकू से बांसुरी अब पहले जैसी नहीं बजती। नदी किनारे का शांत इलाका टूटे धुनों को पकड़ने की कोशिश करने लगा।
हमें सुकू की खबर उसके पुराने दिनों के साथी सिधो से मिली थी। उन दिनों जब वे साथ में ‘परोगराम’ देने जाते थे। सुकू माइंस में तब इंस्टालेशन डिपार्टमेंट में निजी ठेकेदार के अंदर काम करता था।
‘हम तो सुरु से ठेका मजदूरी किया। परमामेंट कभी हो नहीं सका।’ सुकू को कहने का समय हो और नशा नहीं हो तो अपने बढ़िया से लीपे-पुते आंगन, जिस पर हाइवे चढ़ा हुआ है, के किनारे बिठाकर बताता था। फाइबर की दो-तीन टूटी कुर्सियां कहीं कोने में होंगी, उठा लाएगा।
‘बैठिए!’ उसका आग्रह टालने की शक्ति किसको होगी!
‘लेकिन हमारा मालिक बहुत बड़े मन वाला था। उसके साथ हम बहुत काम किया। मद्रास, बंगाल, बहुत जगह गया। ये… बड़ा-बड़ा मशीन! हम संभालता था। एक बार जब एक बीस से अधिक टन का भारी टैंक गिरने वाला था। बड़ा-बड़ा इंजीनिर फेल। चालीस फीट चढ़ा हुआ इतना भारी टैंक! लटक रहा और कोई समझ नहीं सक रहा कि क्या करें। तब हम दिमाग लगाया। टैंक को इतना आयडिया से पार करवा दिया। बहुत बड़ा नुकसान से बचाया था, समझा! मालिक बोला, सुकू, तुम कर सकता है। कमाल किया, साबास। उस दिन से मालिक हमको बहुत पूछता। दोस्त हो गया मालूम! हमको बहुत मानता था।’
‘मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया…’ उसने बांसुरी पर इसकी धुन को बजाने की कोशिश की। फिर पूछा, ‘यह गाना आता है? आप गाईए, हम बजाते हैं।’
मैंने संकोच से यह गाया.. कुछ ही… सुकू मुंडा की बांसुरी ने संगत करने का प्रयास किया। ऐसे लगा, टेढ़े-मेढ़े रास्ते पर हम दोनों ने कुछ कदम चलने की कोशिश की, फिर लड़खड़ाकर थम गए।
ऐसी शामें थीं, जब सुकू से एक आंदोलन की तैयारियों के दौरान मैं मिली। हम नारे और पोस्टरों के अलावा गीत भी गाना चाहते थे। हमने अभ्यास शुरू किया था। हमें एक बांसुरी वादक की जरूरत लगी। आज देशज बांसुरी बजाने वाले नहीं मिलते। नए लड़कों में इसका रुझान भी नहीं दिखता। प्रोफेशनल वादक खर्चीले हैं, हमारी जरूरत की धुन-तान पर बजा भी नहीं पाते। कीबोर्ड से बांसुरी की आवाज मशीनी लगती है। तब सिधो ने सुकू के बारे में बताया। हम उत्साहित थे कि वह कहीं दूर नहीं, हमारे आसपास ही रहने वाला था। हम उसे आते जाते कई बार देखे होंगे। लेकिन उसके बारे में कुछ नहीं जानते थे!
सुकू मुंडा बुलावे पर पहले ही दिन आ गया। और बेहद उत्साहित। उसके धूसरित गंदले रूप रंग को देखकर कोई नाक-भौं सिकोड़ सकता था। उसे किसी किस्म का कलाकार मानना तो कठिन और दूर की बात थी! लेकिन हमने विश्वास कर लिया था।
‘बहुत दिन से बजाया नहीं है। हमारे पास बांसुरी भी नहीं है। सी स्केल और बी स्केल की चाहिए।’ उसे इतनी समझ थी।
यह समझ उसे उन दिनों मिली थी, जब वह कार्यक्रम देने जाया करता था, साजिंदों की संगत में।
फूलडूंगरी पहाड़ पास में था। लाल पहाड़ी। शाल के लंबे छरहरे पेड़ों से भरा, जिनकी छाया में घुमावदार कच्चा रास्ता इसके शीर्ष तक ले जाता है। पहाड़ी के गिर्द टुसू का मेला लगता था। ‘टुसूमुनी’ की सजीली प्रतिमाएं। रिबन-सिंदूर-टिकुली-चूड़ी-पौडर-स्नो के ठेले, बिछी हुई दुकानें।
मतवाले गांव वाले, औरत-मर्द-बच्चे-बच्चियां, बूढ़े-बूढ़ियां, मेले में एक तरफ बड़े-से गोल घेरे में ‘मुर्गा-लड़ाई’ चल रही है, एक तरफ ताश की बाजी लगी हुई है, एक तरफ हंड़िया के ठिये। मूलवासिनें बाटी (कटोरी) भर-भर के ग्राहकों को दे रही हैं। मदमस्त लोग बैठे पी रहे हैं। हंड़िया और देशी मद्य की महक हवा में हर तरफ है। सुकू एक शाल के नीचे खड़ा मेले की हलचल में शामिल है। पी लिया है उसने। अब उसे नाच के लिए लोग बुला रहे हैं। सुकू हँसकर उनके साथ चला जाता है।
पोरब टुसू गो
राशी हांडिया
घुराछी सोंगे
कोथाकेर माया
टुसुर गान
सोंगे तोर बांसिर तान
पोरब टुसू गो
सुकू को बचपन की याद पड़ती है तो बताने लगता है, कि किस तरह मकर में घर की स्त्री… आयो या दादी उन्हें पीठा खाने से पहले नहाकर आने को कहती, जब घर के दालान में चूल्हे पर गर्म गुड़ की महक छोड़ता, कड़ाही में छौं- छौं तलता गुड़पीठा बनता देख वह सामने मंडराने लगता था। उस वक्त तो कड़ाके की सर्दी पड़ती थी, आज की तरह नहीं। तब वह जंगल के बीच आहार (तालाब) की ओर दौड़ता था। जो पहाड़ के नीचे, घर के पास ही था। तालाब के किनारे जामुन के पेड़ थे। ‘जामुन की जड़ें ठंडा होती हैं। जहां जामुन का पेड़ होगा, किनारे का पानी ठंडा होगा।’ सुकू विशेषज्ञ की तरह बताता। तो वह पेड़ की डाल पर चढ़कर पानी में छलांग लगाता था। और हँसते हुए कहता कि, ‘फिर नहाकर लौटते और पीठा खाते।’
सुकू मुंडा अपने घर में घुस आई सड़क के किनारे बैठा देख रहा है। सड़क के किनारे बरसों-बरसों से खाली पड़ी जमीन पर सीमेंट के खूंटे गाड़े जा चुके हैं। सीमेंट स्लैब की अस्थाई चाहरदीवारी दी जा चुकी है। बड़े-बड़े घेरावों में दाखिले के लिए ऊंचे सिंहद्वार बने हैं जिसपर लिखा वह नहीं पढ़ सकता लेकिन किमिनिन (पुत्रवधू) ने बताया था- ‘वृंदावन गार्डन अपार्टमेंट’, ‘कुंज विहार हाउसिंग’ यह सब बनने वाले हैं। रिहाइश के लिए डुप्लेक्स, फ्लैट्स, कॉलोनियां इन जमीनों पर बनने वाले हैं।’
सुकू देख रहा है, धान के खेतों में अब घास हैं। मेड़ मिट गए हैं। वह समय नहीं रहा, जब यहां हल-बैल चलते थे। लहराती हुई हरियाली फसल झूमती थी। पलाश, ताड़, खजूर, आम, जामुन और इमली के बुजुर्ग पेड़ इस वीराने में कहीं कहीं बचे, खड़े रह गए हैं। ये जमीनें कैसे बिकीं? हीरा बानरा, बाहा सुंडी, सुकलाल हांसदा, पवन तिर्की, पावड़ा मुंडा.. इन लोग की जमीनें थीं। कैसे बिकीं?
बोहु (बहु) कहती है, ‘बाबा, बिकी नहीं तो भी निकल गई समझो। खरीद-बेच नहीं सकते तो लीज बनाकर दखल कर लिया गया है। मालिक रहो तुम, लेकिन निन्यानबे साल तो दूर की बात है।’
सुकू सोचता है और कांपता रहता है, धान के खेतों पर घर-बिल्डिंग, बड़े ऊंचे शो रूम, भंडार-गृह, महंगे घास लगाकर बचाई गई थोड़ी-सी हरियाली के किनारे उगाए गए थोड़े से पेड़ों की आभिजात्य कतारें। ईंट-सीमेंट के कृतिम कुंड से जबरन पाटे गए विशाल ताल-तलैयाओं का क्या मुकाबला? बरगद, आम की डाल पर पड़े दोल (झूले) और लोहे के खांचे पर फिट किए गये बेंत के झूले में जो फर्क है, उसको कौन लोग समझ सकेगा?
सुकू देख रहा है, जैसे उसका घर, उसकी जमीन उसके पैरों के नीचे गायब हो रहे हैं! जैसे महुलिया की हाइवे के पास वाली पहाड़ी कट-कट कर खत्म हो गई। डबलाती सड़क को रास्ता देने के लिए हजारों-लाखों पेड़ किधर चले गए! नरसिंगगढ़ में सड़क के दोनों किनारे शृंखलावार शाल गाछों की छाया कुछ कम हो गई। घनत्व घट गया, जैसे एकबारगी अनेक पुरखे नहीं रहे। लेकिन स्वाभाविक अंत से नहीं।
विभाग अब सड़क के किनारे, कहीं लंबा-लंबा बाड़ा लगाकर, कहीं घेरा देकर पेड़ लगा रहा है। सेमल, छातिम। गुलमोहर। और क्या क्या गाछ! सुना था, शायद बोहु से, कि रास्ता बढ़ाने वाले डिपाट (डिपार्टमेंट) का जंगल विभाग से शर्त हुआ था कि पेड़ काटो, तो उतना लगाना पड़ेगा। सुकू हँसता है, बरगद, पीपल लगा सकोगे? सदियों से जमीन पकड़े हुए बाड़ेदारे (वट वृक्ष) को उखाड़ दिया। अब मीलों तक जाती सड़क पर छाया करने को कोई नहीं हैं। कोई तकनीक दौ सौ साल के पेड़ों की जगह पर साल दो साल में वैसा छतनार पेड़ खड़ा कर सकती है!
सुकू आले पर से बांसुरी निकालकर नदी की तरफ चला जाता है।
उसकी बांसुरी में अब वैसी तान नहीं है, जैसी पहले थी। लेकिन पहले के दिनों से ज्यादा पीड़ा मन के भीतर भर गई है। किससे बोले, बोल सकता है, नदी से, हवा से, इकलौते बबूल से।
नदी पार वन विभाग ने वानिकी योजना में कांटेदार बाड़ लगाकर पेड़ लगाए हैं। उसे बहुत खुशी हुई जब यह काम चल रहा था। वह उन मजदूरों से पूछने चला गया था कि, कौन लगवा रहा है ये पेड़? सुकू को पेड़ पौधों से आसक्ति है। वह भी चाहता है कि उसके आसपास, हर खाली जगह पर पेड़ फूलें फलें। वह जंगलों में जाकर पलाश, महुआ के बीज, यहां वहां घूमकर कचनार, गुलमोहर, अमलतास के बीज चुनता है और इधर उधर छीटता है, कि आने वाले सालों में ये पेड़ उग आएंगे। धरती, आसपास की धरती कुछ और सुंदर हो जाएगी, सज जाएगी।
उसने याद करते हुए उस दिन दोपहर मुझसे सहसा हो गई भेंट पर अचानक कहा था, ‘आप जो गाछ लगाते हैं, बहुत बड़ा काम करते हैं। पेड़ बड़ा होगा, हम नहीं देखेंगे। और नाम किसका होगा?’ हँसता है। भावुक हो जाता है कि वह नहीं देख सकेगा। उसके कहने में इस भाव का मुझे अहसास होता है। सुकू ने मेरे साथ नदी के किनारे कुछ पेड़ लगाए हैं। कितने जतन से बाड़ दिया है। इस तरह के काम में वह बहुत होशियार है। एक हल्के से वक्फे से अपनी बात पूरी करता है, ‘आपका!’
सुकू की बांसुरी ठीक से नहीं बज रही है। वह परेशान होकर इसको देखता है और फिर नदी के उस पार कटाई के बाद पसरे निर्जन खेतों की ओर ताकता रहता है। अभी ढलान पर फिसल गया और कूल्हा जमीन पर पटका गया था, पीछे खोंसी बांसुरी को भी आघात लगा और वह फट गई। टूटी हुई बांसुरी को हाथ में पकड़े सुकू बहुत उदास हो गया। अब किससे कहे कि बांसुरी ला दो। बेटा कहेगा, फालतू बात मत करो। उसे लगता रहा कि फिर वह नए दोस्तों से कहेगा कि एक ‘सीध बंसी’ ला दो। ‘आड़ बंसी’ वह बजा नहीं पाता।
बेटा आया था तो चिढ़ कर चिल्ला-चिल्लाकर दोष देने, तमकने लगा, ‘जमीन गई। तुमको समझ में नहीं आ रहा कि इसका कुछ पैसा नहीं मिलेगा। कभी नहीं मिलेगा। उधर होटल वाला को करोड़ रुपया मिल गया, वो एल आई सी वाला का भी करोड़ रुपया आया है, दास का दुकान था, उसको भी नब्बे लाख मिला है। तुमको क्या मिला? एक ठो बेकार का कागज। रोड घर में घुसा दिया है, कल को ट्रक-डंफर घुसा देगा। बहरा तो तुम हो। पिस देगा।’
सुकू को कुछ ज्यादा सुनाई नहीं दिया। उसने सहज अंदाजा किया कि लड़का गाली ही दे रहा है। वह क्या कर सकता है? सरकार का काम है। उसमें बाधा देने की उसकी हैसियत-कूबत नहीं है। तरक्की के लिए रोड, बिल्डिंग सब बनेगा ही। उसके रास्ते में आने से क्या तरक्की का काम रोक दिया जाएगा? लड़का मुआवजे के पैसे के लिए उसको ताने देता है, लेकिन खुद कभी कोशिश नहीं करता। कभी कोई दफ्तर, ऑफिस जाने बोलो तो साथ नहीं जाएगा। बहू को बुलाकर कितनी बार चक्कर लगाया जा सकता है। इस तरफ टोले वाले कुछ लोग बोल रहे हैं कि खाली मांग-मांग के कुछ नहीं होगा। मांगने से मुआवजा नहीं मिलता। कुछ करना होगा।
बाप दादाओं को जंगली, गैर आबाद जमीन मिल गई। बस गए। खेती की, मवेशी पाले, कुआं तालाब खोदे। पीढ़ियां गुजर गईं। कभी कागज बनाने का सोचा नहीं। और न किसी ने मांगा। अब पक्का कागज कहां? और बिना कागज मुआवजा नहीं मिलेगा। वह सोचता है, जानता है, लड़के को कहता है। मगर उसके प्रत्युत्तर के सामने सुकू निरुत्तर हो जाता है, ‘तो इसमें हमारे गलती है?’
वह फिसलन से गिर गया, बांसुरी टूट गई… क्या उसकी गलती है?
जहां वह बाप-दादा की विरासत को लेकर रहता आया, वहां कंक्रीट की कठोर, चौड़ी, फैली हुई सड़क घुसा दी गई, क्या उसकी गलती है?
माइंस में ब्लास्टिंग करते हुए साथी मजदूर से ट्रिगर दब गया और बिलकुल नजदीक ही डायनामाइट का धमाका हुआ था। जान बच गई थी कि ओट में था, लेकिन कान चले गए। तब से सामने वाला लगभग चिल्लाकर न बोले तो सुनाई नहीं देता। यह अर्ध-बहरापन। क्या उसकी गलती है?
सुकू न बेटा से लड़ सकता है, न साहबों से लड़ पा रहा है। अकेले-अकेले तो देश में कहां नहीं घूम आया! बंगाल, केरल, महाराष्ट्र, राजस्थान… कितनी फैक्ट्रियों में, खदानों में पसीना गिरा आया है। अनस्किल्ड लेबर से स्किल्ड लेबर बन गया। जहां ठेकेदार बाबू ने भेजा, उनके भरोसे को कम नहीं होने दिया। लेकिन कान से सुनाई नहीं देने वाले आदमी को काम पर रखने से रिस्क है। मजबूरी में मालिक ने जोर से बोल दिया, ‘सुकू, क्या करेगा बोल? अब बैठ जाओ। माईन-फैक्ट्री का काम तुमरे लिए रिस्क है। कहीं कुछ हो गया तो हम फंस जाएगा। अनफिट लेबर से काम कैसे लेगा?’
और उसी दोस्ताने अंदाज में उसने पूरे महीने का पगार लेकर जाने को कहा था।
बंसी ठीक से बजती नहीं।
वह बजा नहीं पाता। सुख दुख में, थकान में, उल्लास में सुकू की बंसी बजती थी। क्या बजती थी! परब में, नाटकों में, मेला में।
बंसी बजती थी।
अब यही बंसी उससे बज नहीं रही। इस बीच के कितने साल उसने बंसी को नहीं छुआ था। लोग आते, लड़के आते, ‘दादा’ बोलकर, ‘काका’ बोलकर या सिर्फ ‘सुकू’ बोलकर, ‘अपना बंसी दो न।’ मांगकर ले जाते। हाथ से खुद बांस चुनकर, तराशकर बनाई हुई उसकी बंसियां लेकर जाते और फिर कोई लौटाने नहीं आता। एक-एक करके एक-से-एक बढ़िया बांसुरी चली गई। दिहाड़ी मजदूरी, कभी किसी के घर काम, कभी फुटकर रोजगार। ज्यादातर तो बेकारी और फालतू दिन। तब अकेला घर बैठकर मन नहीं लगता तो पहाड़ पर चला जाता। शाल के नीचे बैठकर पुराने दिनों को सोचता। नदी चला जाता और तैरता, धीवरों को काम करते देखता। सुकू मुंडा ने अपनी कहानी किसी को नहीं बताई। एक दिन मुझ पर उसका विश्वास मजबूत हुआ, ‘बिटी, तुम हमको अपना ग्रुप में बुलाया। मेरा लिए बंसी लेकर आया। इतना पूछताछ करता है…’
अपने बारे में सुकू मुंडा ने उतावला होकर नहीं बताया। धीरे-धीरे से बातचीत में थोड़ा-सा परिचय मुकम्मल वास्ते में बदला। पसंद की बांसुरी पाकर सुकू खुश हुआ था और ‘थेंक्यु, थेंक्यु’ बोल गया था! उसके इतने दिन और कितनी मुलाकातों के बाद उसने अपने बारे में कुछ बताया, जैसे इमारत बनाने के लिए ईंटें जोड़ रहा हो।
सर्दियां आ रही थीं। उसकी बहू अब यहीं रहने लगी थी। बेटा उसको पहुंचा गया। शुरू से उसकी औरत उसके साथ उसके काम की जगह पर ही रह रही थी, जैसा उसने चाहा था। घर में स्त्री आई तो घर भर गया। ऐसे ही एक दिन मैं गुजरते हुए उसके घर के पास रुकी तो एक चौबीस–पच्चीस साला लड़की चौखट पर टिक कर खड़ी सड़क की ओर देख रही थी।
मैंने अंदाजा किया। ‘सुकू मुंडा की बहु हो?’
उसके चेहरे पर अपरिचय की संकुचन के बजाय मुस्कुराहट आई, ‘हां।’
‘बाबा कहां हैं?’
बहू थोड़ा हिचकिचाई। उसने नजरें फेरीं और घर से थोड़ी दूर एक परित्यक्त सरकारी प्राइमरी स्कूल की ओर देखकर कहा, ‘वहां हैं।’
‘वहां! इस समय? कोई काम कर रहे हैं क्या?’
‘वहीं रहते हैं।’
मुझे अचरज हुआ।
‘मतलब?’ मेरे घूमकर पूछने तक वह और भी चकित करते हुए चौखट के अंदर चली गई थी।
सुकू दो दिन बाद घर के पास मिल गया था। लेकिन घर के बाहर खड़े उसने बात की।
‘दो दिन पहले आई थी, आप मिले नहीं।’
‘हम तो यहां नहीं रह रहा।’ वह हांफते हुए बोला। कहीं से काम करके आ रहा था।
‘तो?’
‘उधर’, उसने इशारा किया, ‘इस्कूल में।’
उसके बदन पर चूने के छींटे थे, बालों, हाथ- पैरों पर चूने की सफेदी थी। हाथ में चूना पुताई की जूट बीनी डंडी थी। हँसते-हँसते वह बता रहा था, ‘वहीं सो जाता है हम।’
‘क्यों, घर में नहीं सोते?’ पहली बार में उसे सुनाई नहीं दिया तो मैंने फिर जोर से कहा।
‘घर में नहीं। लड़का मारा।’ आहिस्ता से कहकर वह अजीब नजर से मेरी ओर देखता है। अजीब इसलिए कि उसमें मेरी सहानुभूति की चाह या अपनी निरीहता का बयान या शर्मिंदगी… क्या थी, यह भांपना मुश्किल था।
‘लड़के ने मारा!’
‘हां। बोला, घर में घुसा तो और मारेगा।’
सुकू को कुछ दिन पहले उसके लड़के ने पीटा था। शराब पीने के लिए और मुआवजा हासिल करने में असफलता के गुस्से से।
‘मेरा होपोन हमको मारेगा, कैसा लगेगा बोलिए। बोलता, दारू पीकर मर रहा है तुम। जमीन खा गया लोग और तुम दारू पी के नदी, पहाड़ भटकता है। सबको पैसा मिला, हमलोग को क्यों नहीं मिला? तुम्हारा आदत और चाल-चलन के कारण नहीं मिल रहा। लोग ठीक कहते हैं, ‘ओड़ो’ आदमी है तुम। ये ओड़ो लोग कुछ नहीं समझते। भकुआ बनाकर कोई आदमी कुछ भी बुझा देता है, ठग देता है। बिटी, मेरा दोष गिना के मारा।’
सुकू मुंडा ने एक बार और बांसुरी के लिए थेंक्यु बोला। शायद उसे याद नहीं रहता कि वह पहले ही कितनी बार आभार जता चुका है, या वह बार-बार ही कृतज्ञता बताना चाहता है, और अफसोस कि वही बांसुरी नदी पर उसके फिसल कर गिरने से टूट गई है।
‘एक और बांसुरी मंगा दूंगी। उसकी चिंता करने की जरूरत नहीं।’ मैंने फिर आश्वस्त किया। मुझे लगा भी, वह पहले ही कुछ बार कह चुका है। लेकिन मेरा दोस्त जिसके हाथों उसकी बांसुरी मंगवानी है, वह इन दिनों बहुत मशरूफ रहा है।
सुकू अपने घर के पास से होकर स्कूल की छोटी-सी फीकी गुलाबी इमारत की तरफ चला गया। मैंने देखा था, उसके गेट पर एक पुराना ताला पड़ा है। दीवारों पर वनस्पतियां उग आई हैं। एक तरफ की दीवार पर ही बड़ा-सा पेड़ निकल आया है।
‘अंदर कैसे…’ मैंने पास में आकर खड़ी हुई उसकी बहू से पूछा।
‘आप देखिए। बाबा को रास्ता पता है।’
फूलडूंगरी पहाड़ पर ढल चुकी शाम के बाद रौशनी है। चोटी पर कुछ ही साल पहले जाहेरथान बन गया था। सिधो ने बताया था, दरअसल पारंपरिक रूप से जाहेरगढ़ तब बनता है, जब किसी पर बोंगा आते हैं, माने झुंपार आता है। तो जिसपे आता है वह जाके चिन्हित करता है कि यहां बनेगा। लेकिन फूलडूंगरी पर जब बना, वह प्रतिक्रिया से बना। वहां एक साधू आकर इसकी चोटी पर पूजा पाठ करता था। आदिवासी भी यहां साल में एकबार ‘बाहा परब’ के वक्त आते थे। लेकिन हाल में साधू के पूजा वाले स्थान पर मंदिर बनने की संभावना बनते देख, देश परगना ने पास के जाहेरथान, जो कुछ दूरी पर था, यहां पहाड़ पर लाने का फैसला किया।
नहीं, तो यह तो घूमने-फिरने के लिए मशहूर शाल गाछ से लदी पहाड़ी थी।
यहीं फूलडूंगरी जाहेरथान में घेरा बनाके वे लोग, जिनकी जमीन फोरलेन हाइवे प्रोजक्ट के तहत ले ली गई थी, लेकिन लिखत-पढ़त या घोषणा-वायदे को दिखावटी कवायद साबित करते हुए आज तक एक आना पैसा ही नहीं दिया गया है, और गांव के मुख्तार लोग सब बैठे हैं।
माझी बोलता है, ‘देखो, तुमलोग जानता है कि नहीं जानता है, हमलोग को फिफ्थ शेडुल में बहुत अधिकार मिला है। जल-जंगल-जमीन का देखभाल हमलोग करता है, उस पर हमारा अधिकार है। हमलोग का जमीन ऐसे कोई नहीं ले सकता। ग्रामसभा का परमिशन चाहिए। हमलोग का जमीन पर कुछ भी प्रोजेक्ट लगाया जाएगा तो ग्रामसभा का क्लीयरेंस के बिना नहीं होगा।’
‘ऐसा हुआ? नहीं हुआ।’ गोडैत कहता है।
‘मूलवासियों को जल-जंगल-जमीन का अधिकार होता है। संविधान में दिया गया है। अपना गांव में ये सब पर ग्रामसभा का अधिकार होता है। विकास कार्यों के लिए लेते समय भी ग्रामसभा की अनुमति चाहिए होती है। ठीक है कि रोड पहले से था, जिसका लिए जमीन हमलोग के दादा, पुरखा से लिया था। जो उतने सयाना होड़ नहीं थे। अब उसी रोड का चौड़ीकरण किया गया, जिसके लिए और जमीन उसमें घुसा दिया। एक तो तुमलोग फिफ्थ शेडुल संविधान में हमलोग को दिया शक्ति के बारे में जानता नहीं है, तो मूर्ख बन जाता है और जिसको पता है, वह इसके पीछे इसलिए नहीं जोर लगाता कि कौन इसके पीछे माथा खराब करेगा!’ माझी ठीक वैसे ही बोल रहा है, जैसे नेता को बोलना-बताना चाहिए।
‘रोड के लिए हमलोग का जमीन तो ऐसे ही ले लिया कि डेवलपमेंट का काम है।’ एक नौजवान बोलता है।
‘गलत हुआ। हमलोग का भी दोष है।’ माझी की आत्मस्वीकृति है।
‘अरे, बात तो यह हुआ कि लोग का अपना जमीन ले रहा है, पैसा दे रहा है तो ग्रामसभा क्या करेगा? लेकिन करना चाहिए था। आज जो झंझट हुआ है, उसको कौन ठीक करेगा?’ उम्रदार आदमी ने घुटने पर हाथ देकर उठते हुए कहा। उसकी बेचैनी उसकी देह की हरकतों से जाहिर थी।
‘पैसा का लोभ में हम भी तो कुछ सोच विचार करते नहीं।’ किसी ने कहा।
‘खाली पैसा का बात नहीं है। हमलोग का सीधापन भी है। फट से विश्वास कर लेते हैं।’ अन्य किसी ने इस बात को भी नजर से ओझल न होने दिया।
सुकू को इन लोगों की बातें साफ-साफ सुनाई नहीं दे रही हैं। वह सबके साथ बैठा है, सोच रहा है कि लोग कोई फैसला करेंगे और उसे जोर से बोलकर कोई बता देगा।
लेकिन अचानक माझी ने उसकी ओर देखकर कुछ पूछा। बगल में बैठा मंगल उसके कान के पास जोर से कहता है, ‘दादा, आपका कितना जमीन गया? मुआवजा कितना बताया था?’
सुकू उसका मुंह देखता है, फिर माझी का। खड़ा हो जाता है, ‘गोमके, मुआवजा ठीक-ठीक से मालूम नहीं। जमीन-घर का आधा जगह रोड बना दिया है। मालूम नहीं होता कि रोड में घर है कि घर में रोड है। आप लोग तो देखे हैं।’
माझी, ‘हां, हां देख रहे हैं। किसी को मिला, किसी को आधा मिला और किसी को कोई पैसा नहीं मिला।’
सुकू की बगल का लड़का इतना जोर से बोला कि सुकू को यह ठीक से सुनाई दिया, ‘यह तो अन्याय है।’
सुकू जोर से आवाज मिलाता है, ‘जबरदस्ती किया है!’
‘कल से बलोक (ब्लॉक) घेरो।’ कुछ लोग खड़े हो जाते हैं।
‘हाइवे को जाम कर दो।’ कुछ लड़के हवा में हाथ झटकते हैं।
माझी, गोडैत और ग्रामीणों के बीच ग्रामसभा में फैसला हो गया कि आने वाले कल से उग्र आंदोलन किया जाएगा। यह ‘उग्र आंदोलन’ अखबारी शब्द है, जिसको यहां सबने मुंह पर चढ़ा लिया है। फूलडूंगरी से सारे लोग उतरने लगे। शाल खड़े रहे। अलाव दिपदिपाकर खत्म होता रहा।
सुकू को कभी बाबा की सुनाई हुई कथा का ख्याल आ रहा है। एक कथा है इस पहाड़ के साथ कि एक समय इधर बुरगी (डाकू) लूटपाट मचाते थे, औरतों-लड़कियों को अपहृत कर ले जाते थे। ये बुरगी यहां अरब से आने वाले पठान थे। खेतिहर लोगों को लूटते थे। उनके घोड़े की टापों की आवाज से गांवों में दहशत हो जाती थी, कि बुरगी बिरज आ गए! नदी के उस पार। तो एक बार उनसे बचने-छिपने के लिए इस पहाड़ पर ग्रामीण भागे आए थे। उन दिनों हर तरफ धुर जंगल थे, कुछ पगडंडियां ही थीं यहां वहां जाने को। यहीं पर यह फूलडूंगरी पहाड़ और फूलडूंगरी के देवता ने उन पर आई आफत टाल दी थी। बाबा बताते थे कि जब बुरगी बिरज लोग आए तो फूलडूंगरी पहाड़ के चारों तरफ घनी धुंध फैल गई। कुछ दिखाई नहीं पड़ता था। डाकू नाकामयाब हुए।
घेरेदार पगडंडी से नीचे आते हुए सुकू सोचता है, क्या यह फूलडूंगरी पहाड़ अब हमारी मदद करेगा? हम भी तो लूट का शिकार हुए हैं। आज के बुरगियों की लूट से हमें बचाना होगा फूलडूंगरी बोंगा!
सुकू को याद आया, कितने साल पहले, जवानी में जब दौड़कर इस पहाड़ी पर चढ़ आता था, सांस नहीं फूलती थी। इसकी चोटी के लाल तल पर बैठकर बांसुरी बजाया करता था। पहाड़ पर घूमने आने वाले लोग उसकी तरफ मुस्कुराकर देखते। कुछ देर ठहर कर इस ऊंचाई पर उसकी बांसुरी की तान को हवा के साथ बहकर शाल की डालियों से होकर क्षितिज में फैलते महसूस करते। आमुख पर झूलते लंबे लंबे बाल, स्याह नंगी देह, ‘फूटा धानी धोती’ पहने बंसी बजाती एक आदिम छाया। वह कमर में खोंसी टूटी बांसुरी निकालता है। देखता है, यह बांसुरी बज नहीं सकती। बजाई भी तो अजीब-सी आवाज निकलेगी। लेकिन उससे बजती भी कहां है!
‘नहीं बूढ़ी (बेटी को स्नेहपूर्वक संबोधन), बजा नहीं पाता हम। खाली ऐसे ही, मन नहीं मानता। बांसुरी फूंके इतना दिन हो गया! अभी तो सकता भी नहीं।’ परिचय के पहले पहल के दिनों में मेरे बांसुरी सुनाने के आग्रह पर सुकू ने कहा था।
‘बजाइए न। जो भी धुन याद हो।’ मेरी जिद थी।
सुकू ने होंठों के बीच बांसुरी दबाई। बांसुरी की कोशिश थी, ‘मेरा जूता है जापानी, ये पतलून इंग्लिसतानी, सिर पर लाल टोपी रूसी, फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ साफ और ठीक ठीक नहीं बजी।
‘मेरा होंठ फटा है ना।’ उसने दिखाया, ‘इसलिए बोला न, हमको आड़ बांसुरी नहीं सीध बांसुरी चाहिए। आड़ बांसुरी हमसे नहीं बजेगा।’
‘अच्छा तो बजाया।’ मैं मानो हौसला बढ़ाने को कहती हूँ। वह सुन नहीं पाता तो और जोर से।
सुकू को खुशी होती है। वह एक और धुन सुनाने के लिए फिर बांसुरी को ओठ से लगाता है। फिर किसी गीत की फंसी हुई, टूटी हुई अबूझ तान। विदीर्ण ओठों से बांसुरी में फूंकी गई हवा ठीक-ठीक नहीं जा पा रही।
‘अच्छा है। बस कुछ समझ नहीं आया।’ मैं सच उसे बताती हूँ। लेकिन ऊंचा बोलकर नहीं।
‘माई, ब्लास्ट के टाइम जब मेरा कान खराब हुआ न, उसी अक्सिडेंट में पत्थर एक टुकड़ा आके मुंह में लगा था। नीचे का होंठ थोड़ा फट गया न।’ वह मेरे चेहरे की भंगिमा से समझ गया शायद।
फूलडूंगरी पहाड़ पर चोटी को घेरती जाहेरथान की छोटी चाहरदीवारी के बीच, सुकू मुड़कर देखता है, रौशनी और ताप के लिए जलाई गई आग धीमी पड़ गई है। रौशनी और आंच कम होता जाता है, अगर ईंधन कम होता जाए। जीवन की अंगीठी भी ठंडी पड़ जाएगी, अगर अलाव के लिए लकड़ी और हवा न मिले। पीछे रात का अंधेरा था, सामने मन के क्षितिज में एक उजास उठ रहा था। आखिरी शब्द क्या थे? आंदोलन यानी उलगुलान। धरती आबा ने अपनी जमीन के लिए यही किया था। कभी स्कूल नहीं जा पाया लेकिन, सुकू की नौवीं कक्षा तक पढ़ सकी मई (बेटी) ने कभी पाठ याद करते-करते जो बार-बार दोहराया था, यही तो… यही तो याद आ गया। ठीक समय पर मन ने चेताया है!
एक सुबह फिर निकली। हवा में स्फूर्ति और शीत के साथ, हल्की धूमिल धूप के साथ। पेड़ों के सूखे पत्तों से चूते ओस और घास पर नमी के साथ। लाल सूरज पूरब के क्षितिज पर आहिस्ता से उभर आया था। भोर होने से पहले सुकू ने किसी जमाने में बनाए गए तीर और लगभग गल गए बान को बहुत खोज कर निकाल लिया था। अच्छा हुआ कि लड़का कल रात घर लौटा नहीं था। नहीं, वह होता तो भी सुकू घर में घुसता, चाहे लड़के की मार सह लेता। उसने ठान लिया था।
गोमके गोडैत ने सिखाया था कि सिर्फ दिखाने के लिए जो हथियार मिले ले चलना है। किसी को मारना थोड़ी है! खाली उठा उठा के दिखाना है। इससे असर पड़ता है। पेपर में फोटो उटो भी आता है। सुकू को आंदोलन का रोमांच हो रहा था। इस उपाय से उसका अधिकार उसको मिलेगा! वाजिब मुआवजा। उसने कल रात से कोशिश करके दारू को खुद से परे रखा हुआ है। बहू ने रोटी ला दी तो जल्दी से लाल चाय के साथ खा लिया।
सुकू वापस स्कूल के अहाते में लौटकर आदिम औजार-से हो गए तीर-बान देखता है। नई बांसुरी उस बिटी ने ला दी है। वह उसको कमर में आदतन खोंसता है। आज उसका मन जैसे ‘पाइका’ नाच रहा है! इतने दिनों बाद लगता है, कुछ करने वाला है। निराशा, नाकामी, दुत्कार की बहुत दिनों से छाई रही बोसीदा बदली से फूटकर फूलडूंगरी पहाड़ पर शालों के ऊपर सूरज उठ गया है।
इतना हल्ला हुआ कि उसने कमजोर कानों से भी आराम से सुना, ‘चलो, चलो… निकलो होड़ होपोन लोग!’
गांव के इस हिस्से से एक छोटी-सी भीड़ निकलकर हाइवे की ओर बढ़ रही है। सुकू मुंडा जल्दी से उधर भागा। आंदोलनकारी सुकू के घर के पास से होकर फोरलेन राजमार्ग पर आ गए थे। सुकू ने देखा था, एक लाठी पकड़े उसकी नौजवान बहू आकर उनके बीच चलने लगी थी। वह कुछ सोच कर खुशी से माथा नचा दिया…।
संपर्क : हिंदी विभाग, बी.डी.एस.एल. महिला महाविद्यालय, घाटशिला, पूर्वी सिंहभूम – 832303। झारखंड मो. 9852715924



शानदार ।
कहानी पढ़ते हुए कई तरह के भाव एक साथ मन में आ रहे हैं। कहानी का उद्देश्य बहुत हीं महत्वपूर्ण है । सशक्त कथानक के साथ प्रस्तुत किया गया है। कथाकार का उद्देश्य बहुत ही उदात्त है क्योंकि इसमें हक़ की बात और उसे पाने के संघर्ष की बात हुई है। कथा का नायक सुकू मुण्डा खदान में काम करने वाला संघर्ष शील इंसान है।जिसकी जमीन हाइवे सड़क के चौड़ीकरण में चली जाती है। मुख्य रूप से इस समस्या को बड़े मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।पढ़ा लिखा नहीं होने के कारण सुकू हर कानूनी दाव पेंच दस्तावेज की समझ के अभाव में वाजिब पैसा पाने का दावा तक भी नहीं कर पाता है।इसी के साथ साथ कहानी में सुकू का दूसरा रूप एक बांसुरी वादक के रूप में भी किया गया है। चाहे जितना भी मुश्किल समय में हो पर वह बांसुरी बजाने की इच्छा जाहिर करता है। कथा के सूत्रधार के साथ वह हर मौके पर बांसुरी के साथ रहता है।
सुकू को दर्शाया गया है सिर्फ स्किल्ड मजदूर के रूप में मुश्किल से मुश्किल काम हीं नहीं करता है वो एक बेहतरीन कलाकार भी है। दिल से उदार होने के कारण उसने मेहनत से बनाई बांसुरी भी एक एक कर बांट देता है। ख़ुद के बजाने के लिए भी नहीं बचा पाता है।उसका एक बेटा है जो जमशेदपुर में मजदूरी करता है। उसकी मजबूरी को भी दिखाया गया है कि मुआवजा ले पाने में वो भी असमर्थ होता है।इसी को लेकर घर में सुकू और उसके बेटे में बहस भी होती है।सुकू अपनी जमीन पर हाइवे देखकर वहीं निराश बैठा रहता है। खुद को शराब के नशे में डुबोता है।
कहानी पढ़ते हुए फूलडुंगरी पहाड़ के आसपास प्रकृति का सौन्दर्य का वर्णन स्थानीय मेला और उसके साथ वहां के लोगों का उत्साह उमंग सब कुछ बड़े ही रोचक तरीके से जीवंत चित्रण किया गया है।इन सबमें सुकू का बांसुरी के साथ भाग लेना नाचना गाना। अपनी सांस्कृतिक संस्कृति के दृश्य को बहुत बढ़िया चित्रित किया है।
इन सबके साथ कथा के अंत में यह भी दर्शाया गया है कि संगठित होकर सभी हाइवे सड़क में गई जमीन का मुआवजा पाने का उपाय है संगठित होकर आन्दोलन की शुरुआत हुई।सुकू प्रसन्न हैं रोमांचित हो रहा है। अपनी बांसुरी भी खोंस रखा है।
कथाकार आशान्वित हैं कि “फूलडुंगरी पहाड़ पर वालों के ऊपर सूरज उठ गया है”….”*चलो चलो… निकालो होड़ होपोन लोग*”